Blog

  • आज का राशिफल 15 अगस्त, 2025

    आज का राशिफल 15 अगस्त, 2025

    आज भाद्रपद कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि गुरुवार का दिन है। षष्ठी तिथि आज देर रात 2 बजकर 8 मिनट तक रहेगी। आज सुबह 9 बजकर 6 मिनट तक रवि योग रहेगा। साथ ही आज सुबह 9 बजकर 6 मिनट तक रेवती नक्षत्र रहेगा, उसके बाद अश्विन नक्षत्र लग  जायेगा। इसके आलावा आज हल षष्ठी का व्रत किया जायेगा।

    मेष राशि:आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। आज आपका मन धार्मिक कार्यों की तरफ रहेगा, जिससे मन प्रसन्न होगा। आज आर्थिक लाभ पाने के लिए आपको कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी और आपको मेहनत का फल जरूर मिलेगा। आज आप अपने बच्चों को मनोरंजन के लिए बाहर घूमाने ले जा सकते हैं। इस राशि की महिलाएं आज घर से ही किसी काम की शुरुआत कर सकती हैं, जिससे वे अपने साथ – साथ अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनायेंगी।

    वृष राशि:आज का दिन आपके लिए सुनहरा रहेगा। आज किसी काम के लिये की गई आपकी मेहनत रंग लायेगी जिससे आपको प्रसन्नता होगी। आज कार्यस्थल पर हर व्यक्ति आपकी बातों को ध्यान से सुनेगा और आपको काम में सीनियर्स का पूरा-पूरा साथ मिलेगा। आज आपको व्यापार में अचानक धन लाभ का अवसर प्राप्त होगा। आज आप सेहत के मामलों में खुद को ताजगी से भरा हुआ महसूस करेंगे। आज आपको कई तरह के नए और अच्छे अनुभव प्राप्त होंगे, जो आपकी उन्नति में सहायक होंगे।

    मिथुन राशि:आज का दिन आपके लिए मिला – जुला रहने वाला है। आज आप किसी ऐसे व्यक्ति से मिलेंगे जिसकी बातों से आपके जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ेगा। मुमकिन है कि आपके अतीत से जुड़ा कोई शख़्स कल आपसे संपर्क करेगा और इस दिन को यादगार बना देगा। आज ऑफिस में आपका अच्छा काम देखकर कलीग आपसे कुछ नया सीखेंगे। आज आप दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे इससे आपको गर्व महसूस होगा। आज किसी गरीब की सहायता करने से मन को सुकून मिलेगा।

    कर्क राशि:आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आज व्यापार में बड़ा धन लाभ होने से आप अपनी नयी ब्रांच ओपन करने का विचार घरवालों के साथ साझा करेंगे। आज आप ऑफिस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए जीवनसाथी का सहयोग ले सकते हैं। आज प्रैक्टिकल सोच और आपके संतुलित रवैये से आपको फायदा होगा । आज आपकी रुचि संगीत के क्षेत्र में रहेगी और आपको किसी फिल्म में गाने का ऑफर भी मिलेगा। आज आप अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखें , बेवजह किसी से बात न करें।

    सिंह राशि:आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। आज ऑफिस में आपके ड्रेसिंग सेंस के बारे में तारीफ होगी, जिससे आपको ख़ुशी मिलेगी। आज समाज में आपके अच्छे कामों की वजह से आपका सम्मान बढ़ेगा। आज आपको व्यापार में अच्छा धन लाभ होगा और आपके व्यावसायिक रिश्ते भी मजबूत बनेंगे। आज आप अपनी आय और व्यय के लिए एक बजट बनाकर चलें, तो आप आगे की योजनाओं को सफल बना पायेंगे। आज आप तली – भुनी चीजों को खाना अवॉयड करें , जिससे आपका स्वास्थ्य ठीक रहे।

    कन्या राशि:आज का दिन आपके लिए उत्तम रहेगा। आप जिस काम को काफी दिनों से करने की सोच रहे थे उस काम की शुरुआत आज से कर सकते हैं। जल्द ही आपको काम के अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। आज विरोधी आपसे दोस्ती का हाथ बढ़ाएंगे, ये देखकर आपको ख़ुशी होगी। स्टूडेंट आज अपनी पढ़ाई में कुछ बदलाव कर सकते हैं आप अपनी मेहनत जारी रखें आपको जल्द ही सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। आज आप सभी उलझनों से मुक्त हो जायेंगे।

    तुला राशि:आज व्यवसाय में आपको फायदा होगा। आज ऑफिस में किसी जरूरी काम को पूरा करने के लिए किसी सहकर्मी की मदद मिलेगी। आज कोर्ट- कचहरी के मामलों से दूर रहना आपके लिए बेहतर रहेगा। आज आपका स्वास्थ्य एकदम ठीक रहेगा, लेकिन फिर भी आप खाने – पीने का ध्यान रखें। आज आप शाम को परिवार के सदस्यों के साथ किसी महत्वपूर्ण विषय पर बातचीत कर सकते हैं। आज आर्थिक स्थिति में कुछ बड़े बदलाव होने की संभावना है, जिससे आपके घर में सुख – सम्पन्नता आएगी।

    वृश्चिक राशि:आज काम पूरा होने से आपको ख़ुशी मिलेगी। आज शाम तक आपको शुभ समाचार प्राप्त होगा, जिससे घर का माहौल खुशियों से भर जायेगा। आज आसपास के लोग आपके व्यक्तित्व से प्रसन्न होंगे। आज सोचे हुए कार्यों की गति मजबूत होगी और आज आपको धन लाभ के कई मौके मिलेंगे। आज बिजनेस में कुछ बदलाव होने के योग बन रहे हैं , ये बदलाव आपके फेवर में रहेंगे। आज आपको जीवनसाथी से महंगा उपहार प्राप्त हो सकता है, जिससे आपको ख़ुशी मिलेगी।


    धनु राशि:
    आज का दिन आपके लिए लाभदायक रहेगा। आज बड़ों की सलाह आपके लिए फायदेमंद साबित होगी। आज आपका मन पूजा-पाठ में अधिक लगा रहेगा और आप परिवार के साथ किसी मंदिर में दर्शन करने जायेंगे। इस राशि के सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स के लिए आज का दिन फेवरेबल है, किसी मल्टीनेशनल कंपनी से जॉब के लिए कॉल आयेगी| आज आप किसी काम को पूरा करने के लिए अपने दोस्त की मदद ले सकते हैं| होटल मैनेजमेंट से जुड़े व्यक्तियों को आज किसी अच्छे रेस्टोरेंट से ऑफर मिल सकता है।


    मकर राशि:
    आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहने वाला है। आज आप जिस भी काम को पूरा करना चाहेंगे, वो काम पूरा हो जायेगा। आज आप किसी दोस्त से मिलने उसके घर जा सकते हैं, जिससे उसे बहुत ख़ुशी मिलेगी। आज आप नए व्यक्तियों के संपर्क में आने की कोशिश करेंगे, इससे आपको फायदा होगा। आज आप घर पर बच्चों के लिये पार्टी का आयोजन कर सकते हैं। इस राशि के छात्रों को शिक्षक की तरफ से मार्गदर्शन मिलेगा, आप जीवन में खूब आगे बढ़ेंगे।

    कुम्भ राशि:आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। आज आपको काम में पेरेंट्स की हेल्प मिलने से वह जल्दी ही पूरा होगा। आज आप सबके साथ बैठकर खुलकर बात करेंगे, इससे रिश्तों में अपनापन बना रहेगा। आज आप खुद को सेहतमंद महसूस करेंगे, जिससे काम में भी मन लगा रहेगा। इस राशि के स्टूडेंट्स का दिन आज अच्छा रहेगा, आपके सरकारी नौकरी में चयनित होने के योग बन रहे हैं। आप समाज सेवा से जुड़कर अच्छे कामों को गति देंगे।

    मीन राशि:आज आपका दिन रोज की अपेक्षा लाभ देने वाला रहेगा। आज आपकी मुलाकात आपके बचपन के मित्र से होंगी, जिससे बचपन की यादें ताज़ा हो जाएगी। आज आपका पेंडिंग वर्क पूरा हो जायेगा, जिससे आपको सुकून मिलेगा। इस राशि के जो युवा खेल कूद में इंटरेस्ट रखते है, उनका दिन आज अच्छा रहेगा। आज आपको शुभ समाचार मिलने से घर में उत्सव जैसा माहौल रहेगा। आज परिवार में सुख शान्ति बनी रहेगी, सब एक – दूसरे के साथ प्रेम – पूर्वक व्यवहार करेंगे।

  • Jalandhar News: विवादों में घिरे R-Nait और Gurlej Akhtar, पुलिस कमिश्नर दफ्तर होंगे पेश

    Jalandhar News: विवादों में घिरे R-Nait और Gurlej Akhtar, पुलिस कमिश्नर दफ्तर होंगे पेश

    जालंधर, ENS : पंजाबी गायकों द्वारा विवादित गानों को एक बार फिर से मुद्दा गरमाना शुरू हो गया है। हाल ही में यो यो हनी सिंह और करण औजला के गानों को लेकर मामला महिला आयोग के पास पहुंचा था। इसके बाद दोनों गायको ने विदेश में होने का हवाला देखकर फोन के जरिए महिला आयोग चेयरपर्सन राज लाली से माफी मांगी थी।

    वहीं अब गायक आर नेत और गायिका गुरलेज अख्तर के गाने “315” को लेकर विवाद बढ़ गया है। इस गाने पर पहले पुलिस में शिकायत हुई थी। मिली जानकारी अनुसार दोनों को 16 अगस्त को दोपहर 12 बजे जालंधर पुलिस कमिश्नर के दफ्तर में पेश होने के लिए बुलाया गया है। इसे लेकर शिकायत जालंधर के भाजपा पंजाब ट्रेड सेल के डिप्टी कनवीनर अरविंद सिंह ने की थी।

    शिकायत में कहा गया है कि ऐसे गाने जो हिंसा, अवैध हथियारों और अपराध को बढ़ावा देते हैं, उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही, “315” जैसे गाने पंजाब सरकार की आचार संहिता का उल्लंघन करते हैं और युवाओं को गलत दिशा में ले जा सकते हैं, जिससे समाज में डर और हिंसा का माहौल बनता है।

    करीब 3 मिनट 7 सेकेंड लंबे इस गाने में पंजाबी मॉडल भाना सिद्धू को हथियारों के साथ एक्टिंग करते दिखाया गया है। गाने के बोल में 1980 में बनी 315 बोर गन का जिक्र है। इसे यूट्यूब पर अब तक 3.9 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

  • Jalandhar News:  गुरु नानक नगर के Murder Case में 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो  

    Jalandhar News:  गुरु नानक नगर के Murder Case में 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो  

    वारदात में इस्तेमाल हथियार और कार बरामद

    जालंधर (ens): पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस ने न्यू गुरु नानक नगर के पास नागरा फाटक में 12 अगस्त की रात हत्या के मामले को सुलझा लिया है। थाना डिविजन नंबर 1 की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिए है।

    इस मामले में जानकारी देते हुए ADCP आकर्षी जैन ने बताया कि यह मुकदमा शिकायतकर्ता जागीरी पुत्र प्यारा लाल, निवासी अशोक नगर, जालंधर के बयान पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार 12 अगस्त की रात उसका पुत्र गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निकट नागरा फाटक अपने रिश्तेदार के घर गया था, लेकिन वह वापिस घर नहीं आया।

    चिंतित होकर शिकायतकर्ता छोटे पुत्र सागर के साथ उसे खोजने गया और वहां पास खड़े कुछ व्यक्तियों को देखा। उनमें से एक ने दातार (तेज धार वाला हथियार) से गुरप्रीत सिंह के सिर पर वार किया, जबकि अन्य ने भी हथियारों से हमला किया। जिसका विरोध करने पर हमलावरों ने एक राइफल से 4-5 गोलियां चला दी। इस दौरान अन्य लोग भी घायल हो गए। गुरप्रीत सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

    पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सहायता और गुप्त स्रोतों का उपयोग कर आरोपियों की पहचान करते हुए कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान इंदरजीत सिंह उर्फ काका पुत्र कुलवंत सिंह वासी महाराजा गार्डन जालंधर उम्र लगभग 19 वर्ष, मक्को उर्फ सौरव और सैमसन उर्फ बॉबी दोनों पुत्र डैनियल निवासी विवेकानंद पार्क,  इंदरजीत सिंह निहंग पुत्र मखन सिंह निवासी गली नंबर 4 रविदास नगर, जिन्दा रोड जालंधर, उम्र लगभग 35 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से एक राइफल और तीन खाली कारतूस जब्त किये है। इस वारदात में शामिल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए खोज जारी है।

  • Janmashtami 2025: इस वजह से श्रीकृष्ण को जन्माष्टमी पर लगता है ‘छप्पन भोग’

    Janmashtami 2025: इस वजह से श्रीकृष्ण को जन्माष्टमी पर लगता है ‘छप्पन भोग’

    धर्म: हिंदू धर्म में कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार बहुत ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह दिवस भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के तौर पर मनाया जाता है। इस दौरान मंदिरों और घरों में विशेष सजावट, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना होती है। जन्माष्टमी की पूजा का सबसे खास हिस्सा छप्पन भोग माना जाता है। यह न सिर्फ प्रसाद होता है बल्कि प्रेम और भक्ति का प्रतीक भी माना जाता है। तो चलिए आज आपको बताते हैं कि श्रीकृष्ण को 56 भोग क्यों लगाया जाता है और इसके पीछे क्या पौराणिक कथा है।

    क्यों श्रीकृष्ण को लगता है छप्पन भोग?

    ‘छप्पन भोग’ का अर्थ होता है 56 तरह के सात्विक व्यंजन। इसमें कई तरह की मिठाई तरह-तरह की नमकीन, फल, अनाज और दूध से बनी हुई चीजें शामिल होती हैं। मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग बहुत ही प्रिय है। पौराणिक मान्यातओं के अनुसार, ब्रजवासी हर साल देवराज इंद्र को खुश करने के लिए एक आयोजन करते थे ताकि हर साल अच्छी बारिश हो सके। एक बार बाल्यावस्था में श्रीकृष्ण ने नंद बाबा से इसका कारण पूछा। नंद बाबा ने कहा कि पूजा इंद्रदेव के लिए की जाती है। उस समय श्रीकृष्ण ने प्रश्न किया कि बारिश के लिए सिर्फ इंद्र की ही पूजा क्यों की जाती है हमें तो गोवर्धन पर्वत की पूजा भी करनी चाहिए जो हमें अन्न, फल, सब्जियां और पशुओं को लिए चारा देती है। श्रीकृष्ण की यह सब बातें सुनकर इंद्र देव गुस्सा हो गए और ब्रज में भारी बारिश शुरु हो गई और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। ऐसे में लोगों की रक्षा के लिए श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी वाली उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी को नीचे शरण दी। लोगों की रक्षा के लिए श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी को उसके नीचे शरण दी। कहते हैं कि सात दिन तक पर्वत को उठाए रखने के कारण श्रीकृष्ण ने कुछ भी नहीं खाया था। बारिश रुकने के बाद ब्रजवासियों ने भगवान के आभार के स्वरुप सात दिन के व्रत की भरपाई के लिए 56 प्रकार के व्यंजन बनाकर अर्पित किए। तभी से यह परंपरा बन गई है कि जन्माष्टमी के कृष्ण को 56 भोग चढ़ाए जाते हैं।

    छप्पन भोग में शामिल होती है ये चीजें

    छप्पन भोग में माखन, मिश्री, पेड़ा, लड्डू, रबड़ी, पूरी कचौड़ी, हलवा, खिचड़ी, मौसमी फल, दही-पकवान, ठंडे पेय और कई तरह की मिठाईयां, नमकीन और फल शामिल होते हैं। ये सभी व्यंजन सात्विक और भगवान को प्रिय होते हैं।
  • भारत विभाजन मानवता के इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी : जयराम ठाकुर

    भारत विभाजन मानवता के इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी : जयराम ठाकुर

    परवाणू में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोले पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष

    स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दी प्रदेश वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं, कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया इस दिवस को मनाने का साहसिक निर्णय

    ऊना/परवाणू/सुशील पंडित: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर परवाणू में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि देश की आज़ादी के लिए हमें एक बड़ी कीमत विभाजन के रूप में चुकानी पड़ी है। इसके लिए कोई कसूरवार है तो वो कांग्रेस पार्टी और एक इसके  नेता है जिन्होंने धर्म के आधार पर पाकिस्तान का जन्म होने दिया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उन्होंने प्रदेश वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिवस को मनाने का साहसिक निर्णय लिया है। हमें अपने अस्तित्व और इतिहास को नहीं भुलाना चाहिए लेकिन कांग्रेस ने हमेशा देश से इस दर्द को छुपाया ताकि अपनी नाकामियां छुपाई जा सके। उन्होंने कहा कि हमारी आज़ादी के सैकड़ों साल लड़ाई के बदले हमें ये विभाजन का दर्द मिला। जिस रूप में हम हिंदुस्तानी आज़ादी चाहते थे वैसा हुआ नहीं और अंग्रेज हमें टुकड़ों में बांट कर ये दंश दे गए कि अखंड भारत का सांस्कृतिक तानाबाना बिगड़ गया। हमारे हुक्मरानों की नाकामी की वजह से ही हमें आज़ादी के तोहफ़े की बजाय में डेढ़ करोड़ से ज़्यादा लोगों का विस्थापन और 15 से 20 लाख लोगों की लाशें मिली। यह त्रासदी मानवता के इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी थी, जहाँ करोड़ों लोगों को सरकार ने उन्हें अपनी क़िस्मत और हिंसक भीड़ के भरोसे छोड़ दिया।

    एक पल में अपनी जन्मभूमि छोड़कर जाने के लिए मजबूर होने वालों पर क्या बीती हुई होगी, आज हम उसकी कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। हैरत इस बात की है कि मानवता के इतने बड़े अपराध पर किसी ने माफ़ी नहीं माँगी। किसी ने ज़िम्मेदारी नहीं की। तत्कालीन हुक्मरानों ने इतने बड़े ज़ख्म पर अपने शब्दों के मरहम लगाना भी ज़रूरी नहीं समझा। उस पाप को धोने और अपने अतीत से सबक लेने के लिए वर्ष 2021 में आदरणीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अगस्त को विभाजन स्मृति दिवस मनाने की घोषणा की जिसके लिए हम सभी उनके आभारी हैं।इतिहास गड़े मुर्दे उखाड़ने का उद्यम नहीं बल्कि अपने तारीख़ की ग़लतियों को समझने, उससे सीख लेने और वैसा कभी ना दुहराने का प्रक्रम है।यह विभाजन सिर्फ ज़मीन पर खींची कोई रेखा नहीं बल्कि मानवता के सीने पर चलाया गया वह नश्तर है जिसके जख्म कभी नहीं भर सकते। कांग्रेस सरकार की नाकामी की वजह से यह हुए भारत के विभाजन ने न सिर्फ सरहदें बांटी बल्कि हमारे तहज़ीब की भी तकसीम कर दी।

    विभाजन लोगों पर कितना भारी पड़ा, यह वही लोग बता सकते हैं जिन्हे वह भोगना पड़ा। मानवता के इतिहास में इससे बड़ी कोई त्रासदी नहीं हुई। इस तरह का बंटवारा और आबादी की अदला-बदली दुनियां के इतिहास में कभी नहीं हुआ था। भारत का विभाजन तात्कालिक हुक्मरानी के राजनैतिक महत्वाकांक्षा और रणनीतिक विफलता की एक कहानी है। जिसने लाखों भारतीयों की बलि ली और करोड़ों भारतीयों को बेघर कर दिया। विभाजन के दौरान हुई साम्प्रदायिक हिंसा और विभीषिका की अफरा-तफ़री में बीस लाख लोगों की जानें गई थीं और एक से दो करोड़ के बीच लोग विस्थापित हुए थे।

    उन्होंने कहा कि ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का तय होना विभाजन की त्रासदी झेलने वाले लोगों को हर भारतवासी की तरफ़ से आदरपूर्वक श्रद्धांजलि है जिसका स्मरण आजादी के बाद ही शुरू किया जाना चाहिए था लेकिन तत्कालीन सत्ताधीशों में अपनी नाकामी और लाखों लोगों की हत्याओं का अपराध स्वीकार करने का नैतिक साहस भी नहीं था लेकिन सच छुपाने से नहीं छुपता, लाखों लोगों की निर्मम हत्याओं के सच पर जितना पर्दा डाला गया वह उतने ही अधिक ताकत के साथ बाहर आता है। उन्होंने कहा कि ये भी एक कड़वा सच है कि ‘हम आज आज़ादी का जश्न मनाते हैं, लेकिन बंटवारे का दर्द आज भी हिंदुस्तान के सीने को छलनी करता है। यह मानवता के इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक है। हमारे अपने करोड़ों लोगों का भोगा हुआ यथार्थ हैं।

    यह दुनियां में मानवता की सबसे बड़ी त्रासदियों में एक हैं, जिसमें लाखों लोगों की निर्मम हत्याएं हुई। राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं ने एक निर्णय लिया और तहज़ीबों की तकसीम हो गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, सामाजिक विभाजन, वैमनस्यता के जहर को दूर करने और एकता, सामाजिक सद्भाव और मानव सशक्तीकरण की भावना को और मजबूत करने की जरूरत की याद दिलाए। यह दिन हमें भेदभाव, वैमनस्य और दुर्भावना के जहर को खत्म करने के लिए प्रेरित करेगा. साथ ही इससे एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदनाएं भी मजबूत होंगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ राजीव सहजल, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, लखविंदर राणा, परमजीत पम्मी, डेजी ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

  • Himachal News: वन परिक्षेत्र अम्ब में 76वां वन महोत्सव मनाया

    Himachal News: वन परिक्षेत्र अम्ब में 76वां वन महोत्सव मनाया

    ऊना/ सुशील पंडित:  वन परिक्षेत्र अम्ब में 76वां वन महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र सुधर्शन सिंह (बबलू) की उपस्थिति में राजीव गांधी वन संवर्धन योजना (RGVSY) का शुभारंभ किया गया। ऊना वन मण्डल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र अम्ब में RGVSY योजना के लिए 4 महिला मंडल और 1 युवक मंडल का चयन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्य अतिथि ने सभी महिला मंडलों एवं युवक मंडल का उत्साहवर्धन करते हुए पौधारोपण कार्य में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

    इस योजना के अंतर्गत कुल 2 हेक्टेयर क्षेत्र में 1600 ऊँचे पौधे लगाए जाएंगे — अर्थात् प्रति हेक्टेयर 800 पौधे। पौधारोपण का संपूर्ण कार्य महिला मंडलों द्वारा किया जाएगा, जबकि फेंसिंग एवं निगरानी का कार्य वन विभाग द्वारा संपन्न किया जाएगा। इस पौधारोपण कार्य के लिए महिला मंडलों को कुल ₹2,40,000 की राशि प्रदान की जाएगी।

    इसके अतिरिक्त, आगामी वित्तीय वर्ष में यदि लगाए गए पौधों की जीवित रहने की दर (Survival Percentage) 50% या उससे अधिक पाई जाती है, तो संबंधित महिला मंडल को ₹1,00,000 की प्रोत्साहन राशि भी पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। महिला मंडलों एवं युवक मंडल की इस सक्रिय भागीदारी से न केवल क्षेत्र का हरित आवरण बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय समुदाय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी सुदृढ़ होगी।

  • भारी बारिश से उत्पन्न चुनौतियों को लेकर ऊना जिला प्रशासन चौकस

    भारी बारिश से उत्पन्न चुनौतियों को लेकर ऊना जिला प्रशासन चौकस

    जन सुरक्षा और व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन पर फोकस

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिले में लगातार हो रही वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ अनेक विकास परियोजनाएं भी बाधित हुई हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, किंतु फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान जनता की सुरक्षा और व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन पर केंद्रित है।

    उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूर्ण सतर्कता और तत्परता के साथ मैदान में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग, नगर परिषद, जलशक्ति, विद्युत, स्वास्थ्य सहित सभी विभागों की टीमें फील्ड में तैनात हैं। सड़कों को बहाल करने, जलभराव और मलबा हटाने तथा प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है। उपायुक्त ने आज लालसिंगी और समूरकलां समेत विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान और डीआरडीए के परियोजना अधिकारी के.एल. वर्मा भी उनके साथ रहे।

    जतिन लाल ने कहा कि जिला प्रशासन हर समय जनता के साथ खड़ा है और जन सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1077 पर तुरंत संपर्क करें, जहां से त्वरित सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, नदी-नालों से दूर रहें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

  • जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक विवेक शर्मा ने 39 किसानों को वितरित की 25.83 लाख की एमएसपी राशि

    जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक विवेक शर्मा ने 39 किसानों को वितरित की 25.83 लाख की एमएसपी राशि

    बोले…किसान रसायन-मुक्त खेती अपनाएं, सरकार हर कदम पर साथ

    ऊना/सुशील पंडित:कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक खेती समय की मांग है और इसे कृषि में क्रांति की तरह आगे बढ़ाना होगा। वे गुरुवार को आत्मा परियोजना के तत्वावधान में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में ऊना जिले के सभी पांच विकास खंडों के लाभार्थी 39 किसानों को प्राकृतिक गेहूं की सरकारी खरीद पर कुल 25.83 लाख रुपये की एमएसपी (न्यमतम समर्थन मूल्य) राशि वितरित की गई।

    विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू किसानों की पीड़ा को भलीभांति समझते हैं और उनके हित में ठोस कदम उठा रहे हैं। प्राकृतिक गेहूं के लिए 60 रुपये प्रति किलो और मक्की के लिए 40 रुपये प्रति किलो एमएसपी तय करना, साथ ही 2 रुपये प्रति किलो की दर से परिवहन भत्ता देना, इसका स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह फैसले  किसानों की आय बढ़ाने और लोगों को बड़े पैमाने पर प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करने में सहायक बने हैं।
    बता दें, बीते सीजन में जिले में 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल की एमएसपी की दर से 39 किसानों से 41.88 मीट्रिक टन प्राकृतिक गेहूं की सरकारी खरीद की गई। इस कार्यक्रम में तय एमएमसपी और साथ ही 200 रुपये प्रति क्विंटल परिवहन भत्ता जोड़कर कुल 25.83 लाख रुपये की राशि सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई और प्रतीकात्मक रूप से किसानों को डमी चेक प्रदान किए गए।

    विधायक ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी विषैली हो रही है, जिससे कैंसर जैसी घातक बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह मिट्टी की गुणवत्ता को भी बनाए रखती है। लागत लगभग शून्य होने के कारण किसानों की आय में स्वाभाविक वृद्धि होती है।
    उन्होंने प्राकृतिक खेती में आगे आने वाले किसानों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभी बस एक शुरुआत है और इसे बड़े पैमाने पर आगे ले जाने की आवश्यकता है। उन्होंने आह्वान किया कि किसान रसायन-मुक्त खेती अपनाएं, सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

    जिले में बढ़ रहा प्राकृतिक खेती का दायरा
    कार्यक्रम में आत्मा परियोजना निदेशक वीरेंद्र बग्गा ने बताया कि ऊना जिले में 2,092 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती हो रही है और 16,858 किसान प्रशिक्षण लेकर इस पद्धति से जुड़े हैं। बीते सीजन में जिले में खरीदी गई 41.88 मीट्रिक टन गेहूं में अंब ब्लॉक से 4.91 मीट्रिक टन, बंगाणा से 2.35, गगरेट से 16, हरोली से 11.15 और ऊना से 7.24 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया।

    उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों को देसी गाय साहीवाल, गिर, थारपरकर, सिंधी, पहाड़न की खरीद पर अधिकतम 25,000 रुपये या 50 प्रतिशत सब्सिडी, 5,000 रुपये परिवहन भत्ता, प्लास्टिक ड्रम पर 75 प्रतिशत अनुदान, साइकिल हल पर 1,500 रुपये या 50 प्रतिशत, और गाय के लिए पक्का फर्श निर्माण पर अधिकतम 8,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। कार्यक्रम में बागवानी विभाग के उपनिदेशक डॉ. के.के. भारद्वाज ने किसानों को फलों की खेती के विभिन्न विकल्पों पर जानकारी दी।

    इस मौके पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मदन मोहन सैनी, डीआरडीए परियोजना अधिकारी के.एल. वर्मा, आत्मा परियोजना की उपनिदेशक शामली गुप्ता तथा तनुजा कपूर, कुटलैहड़ के युवा कांग्रेस पदाधिकारी गोल्डी, हर्ष, रिशु और दीपक सहित लाभार्थी किसान व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

  • ऊना में 14 अगस्त को बंद रहेंगे सभी शैक्षणिक संस्थान

    ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते 14 अगस्त को सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला दण्डाधिकारी जतिन लाल ने बताया कि पिछले 8 घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव और सड़कों के अवरुद्ध होने की स्थिति बन गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
    जारी आदेशों के अनुसार, जिले के सभी सरकारी एवं निजी शैक्षणिक संस्थान, कॉलेज, आईटीआई, वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर और आंगनवाड़ी केंद्र 14 अगस्त को बंद रहेंगे।जिला दण्डाधिकारी ने संबंधित संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों की अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
  • कुटलैहड़ के चताडा शहीद अरुण कुमार लक्की का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

    कुटलैहड़ के चताडा शहीद अरुण कुमार लक्की का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

    विधायक विवेक शर्मा ने दी श्रद्धांजलि

    मुख्यमंत्री ने शहीद अरुण की मृत्यु पर जताया दुख ,पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने का दिया आश्वासन

    ऊना/ सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के चताडा गांव का माहौल गुरुवार को गमगीन हो गया, जब गांव के वीर सपूत शहीद अरुण कुमार लक्की का पार्थिव शरीर उनके पैतृक घर पहुंचा। ड्यूटी के दौरान हुए आकस्मिक निधन के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शहीद का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, सेना के जवानों, जनप्रतिनिधियों, रिश्तेदारों और गांववासियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा में विधायक विवेक शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने शहीद अरुण कुमार लक्की के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और परिवार को ढांढस बंधाया। विधायक ने कहा कि अरुण कुमार लक्की ने ड्यूटी निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी, जो हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

    उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार और वह स्वयं हर संभव मदद के लिए हमेशा साथ खड़े रहेंगे। शहीद अरुण कुमार लक्की अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं। बच्चे अभी छोटी कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे हैं। पिता के इस असमय निधन से परिवार टूट चुका है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी शहीद अरुण कुमार लक्की के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने विधायक विवेक शर्मा से बात कर घटना की पूरी जानकारी ली और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।  अंतिम संस्कार के दौरान पूरे गांव में ‘अरुण कुमार अमर रहें’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।

    पुलिस बल की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि अरुण कुमार लक्की का यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्यनिष्ठा और सेवा का संदेश देगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।