Blog

  • ठेले और कार की टक्कर से हुआ विवाद, युवक की मौत

    ठेले और कार की टक्कर से हुआ विवाद, युवक की मौत

    भीलवाड़ाः ठेले से कार की टक्कर होने पर भीड़ द्वारा युवक के साथ बुरी तरह मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस दौरान युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जहाजपुर में शुक्रवार शाम को हुई घटना के विरोध में आज कस्बा बंद रहा। वहीं, शुक्रवार रात को युवक की मौत से नाराज लोगों ने सरकारी हॉस्पिटल के बाहर प्रदर्शन किया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिवार धरने पर बैठ गया। विधायक गोपीचंद मीणा भी धरने में शामिल हुए। उन्होंने विरोध कर रहे लोगों से बात भी की। पुलिस ने 16 नामजद व 20 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

    पुलिस के अनुसार टोंक के छावणी के रहने वाले वाले 4 युवक सीताराम, सिकंदर, दिलखुश और दीपक कार से जहाजपुर आए थे। ड्राइविंग करने वाले सिकंदर कीर ने बताया कि वे सभी उसकी बहन के यहां एक कार्यक्रम में आए थे। मुख्य बाजार से निकलने के दौरान उनकी कार एक ठेले से टकरा गई। इसके बाद ठेले वाले के साथ उनका विवाद हो गया। इसी दौरान वहां करीब 20 लोग जमा हो गए और मारपीट करने लगे। उन्होंने सीताराम को बाहर खींचकर सड़क पर गिरा दिया और बुरी तरह पीटा। हमले में सीताराम कीर (25) की मौत हो गई।

    सिकंदर के जीजा खाना कीर ने बताया कि विवाद के बाद सीताराम ने ठेले वाले के सामने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी। उसने कहा था कि हम नुकसान की भरपाई कर देंगे, लेकिन फिर भी मारपीट की गई। इस दौरान हमारी कार का तार भी काट दिया। इस कारण घायल सीताराम को हम बाइक से ही हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस कार सवार अन्य 3 युवकों को थाने ले गई। यहां उन्हें डेढ़ घंटे तक बैठाकर रखा। पुलिस अधीक्षक के पहुंचने के बाद युवकों को छोड़ा गया।

    डिप्टी नरेंद्र कुमार पारीक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। करीब 16 लोगों के खिलाफ नामजद व 20 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी शरीफ पुत्र चांद मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है।मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।

  • 20 साल बाद मंच पर साथ दिखे Raj और Uddhav Thackeray

    20 साल बाद मंच पर साथ दिखे Raj और Uddhav Thackeray

    मुंबई: महाराष्ट्र की सियासत में आज अहम दिन है। लंबे समय से जिस तस्वीर को लेकर कयासबाजी चल रही थी वो आज देखने को मिली जब उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एकसाथ एक मंच पर दिखे। दरअसल, 20 साल से एक-दूसरे से दूरी बनाकर रखने वाले उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे आज एक मंच पर साथ नजर आए। दोनों भाइयों ने पहले राज्य सरकार की थ्री लैंग्वेज पॉलिसी के विरोध में आज एक रैली का ऐलान किया था लेकिन विवाद बढ़ने पर महाराष्ट्र सरकार ने थ्री लैंग्वेज पॉलिसी को फिलहाल स्थगित कर दिया। इसको उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना UBT और राज ठाकरे की पार्टी MNS अब ‘मराठी विजय दिन’ के नाम से सेलीब्रेट कर रही है।

    लेकिन ठाकरे बंधुओं के मंच साझा करने पर ये अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि क्या दोनों अब राजनीतिक गठजोड़ भी कर सकते हैं। इसलिए दोनों के भाषण पर भी आज नजर होगी कि दोनों भविष्य में साथ आने के संकेत देते हैं या नहीं? हालांकि कांग्रेस के नेता इस रैली में शामिल नहीं होंगे। उधर रैली को लेकर बीजेपी नेताओं ने तंज कसा है कि BMC चुनाव को देखते हुए दोनों भाई साथ आ रहे हैं। उद्धव ठाकरे का कहना है कि वे हिंदी के खिलाफ नहीं हैं लेकिन इसे थोपना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि हम तीन भाषा नीति का विरोध करते हैं। वहीं राज ठाकरे का कहना है कि ये निरंकुश शासन लाने का छुपा हुआ एजेंडा है। मराठी के महत्व को कम करने की साजिश है।

    बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने इस साल 16 और 17 अप्रैल को हिंदी अनिवार्य करने से जुड़े दो आदेश दिए थे। इसके विरोध में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने 5 जुलाई को संयुक्त रैली का ऐलान किया था। बाद में 29 जून को सरकार ने दोनों आदेश रद्द कर दिए। इस पर उद्धव ने दावा किया कि विपक्षी पार्टियों के विरोध की वजह से सरकार को फैसला वापस लेना पड़ा। आज इस फैसले को लेकर विजय रैली के लिए दोनों भाई एक साथ नजर आए। राज ठाकरे ने 2006 में शिवसेना छोड़कर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नाम से नई पार्टी बनाई थी। शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राउत इस मौके को उत्सव बता रहे हैं।

    हालांकि दोनों भाई एक साथ जरूर आए हैं, लेकिन राज ठाकरे का पॉलिटिकल ग्राफ लगातार गिरते जा रहा है। साल 2009 के विधानसभा चुनाव में राज ठाकरे की पार्टी मनसे को 13 सीट मिली थीं। 2014 में राज की पार्टी की परफॉर्मेंस बहुत ही डाउन हो गई और मनसे को सिर्फ एक सीट मिली। यही नतीजे 2019 के विधानसभा चुनाव में देखने को मिले। 2019 में भी उनकी पार्टी एक सीट ही अपने नाम कर पाई। वहीं 2024 में भी मनसे का विधानसभा चुनाव में खाता भी नहीं खुल पाया। हालांकि अब दोनों ही पार्टी के नेता उम्मीद जता रहे हैं कि ठाकरे ब्रदर्स के साथ आने से महाराष्ट्र की राजनीति में नई पॉलिटिकल फोर्स का जन्म होगा।

  • Vishal Mega Mart में लगी भीषण आग, एक की मौत, देखें वीडियो

    Vishal Mega Mart में लगी भीषण आग, एक की मौत, देखें वीडियो

    नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग स्थित विशाल मेगा मार्ट के शोरूम में भीषण आग लग गई। इस घटना में एक युवक का शव लिफ्ट के अंदर से मिला। पुलिस ने शनिवार यानी की आज 5 जुलाई को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय कुमार धीरेंद्र प्रताप के रूप में हुई है। पुलिस, दमकल और आपदा मोचन बल के कर्मियों के संयुक्त तलाश और बचाव अभियान के दौरान शव लिफ्ट के अंदर मिला। करोल बाग थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    दिल्ली पुलिस ने एक बयान में बताया कि शुक्रवार 4 जुलाई की रात पदम सिंह रोड स्थित चार मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी। बयान में कहा गया, यह विशाल मेगा मार्ट का आउटलेट है। आग इमारत की दूसरी मंजिल तक ही सीमित रही। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कुल 13 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

    पुलिस, अग्निशमन और आपदा प्रतिक्रिया टीमों द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए खोज अभियान के दौरान युवक का शव लिफ्ट में मिला। दमकलकर्मी अभी कूलिंग का काम कर रहे है। करोलबाग थाना पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया, शुक्रवार रात दमकल विभाग को आग लगने की जानकारी मिली। दमकल अधिकारी एम के चट्टोपाध्याय ने बताया कि आग इमारत की दूसरी मंजिल से शुरू हुई थी।

    कपड़े और प्लास्टिक के सामान होने के कारण आग पूरी इमारत में तेजी से फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल अधिकारी ने बताया कि इमारत के बेसमेंट में काफी मात्रा में कपड़े व अन्य सामान भरे थे, इसकी वजह से आग पर काबू करने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। बार बार आग भड़क रही थी। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने बताया, मेगा मार्ट के शोरूम में कपड़े और किराने का सामान बेचा जाता है।

  • Punjab News: दुकान को लेकर विवाद, मकान मालिक ने किराएदार को किया लहूलुहान, देखें वीडियो

    Punjab News: दुकान को लेकर विवाद, मकान मालिक ने किराएदार को किया लहूलुहान, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में लड़ाई-झगड़े के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला मोती नगर थाने के अंतर्गत आती टेक्सटाइल कॉलोनी से सामने आया है। जहां, देर शाम मकान मालिक और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि यह विवाद दुकान खाली कराने को लेकर हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। इसके बाद किराएदार इलाज के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचा।

    जानकारी देते हुए दीप नारायण गुप्ता ने बताया कि वह पिछले एक साल से ढोलेवाल चौक के पास टैक्सटाइल कॉलोनी में किराए की दुकान कर रहा है, जहां वह चाय बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। अब मकान मालिक अचानक उसे दुकान खाली करने के लिए धमका रहा है, जिसको लेकर पहले सुबह मालिक से थोड़ी बहस हुई थी। बाद में रात करीब 9 बजे मकान मालिक वरुण अपने 4 साथियों के साथ शराब पीकर दुकान पर आया और दुकान का सारा सामान फैंक दिया।

    फिर गाली-गलौज करते हुए उससे मारपीट की गई और दुकान में रखी तेजधार सामान के साथ उसे मारा गया जिससे वह बेहोश हो गया और छाती से भी खून आने लगा। बाद में लोगों ने पीड़ित को अस्पताल दाखिल करवाया। पीड़ित ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी है और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • बड़ी राहतः Toll Tax की कीमतों में भारी कटौती, सरकार ने जारी की अधिसूचना

    बड़ी राहतः Toll Tax की कीमतों में भारी कटौती, सरकार ने जारी की अधिसूचना

    नई दिल्लीः सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों के उन हिस्सों पर टोल शुल्क में 50 फीसदी तक की कमी की है, जहां पुल, सुरंग, फ्लाईओवर या ऊंचे रास्ते जैसी संरचनाएं हैं। इस कदम से गाड़ी चालकों के लिए यात्रा का खर्च कम हो जाएगा। ये कदम वाहन चालकों के लिए यात्रा लागत को कम करेगा। राष्ट्रीय राजमार्गों पर मौजूद टोल प्लाजा पर यूजर चार्ज का कलेक्शन राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियम, 2008 के अनुरूप इकट्ठा किया जाता है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 2008 के नियमों में संशोधन किया है और टोल की कीमतों की गणना के लिए एक नए मेथड या फॉर्मूले को नोटिफाई किया है।

    जारी किए गए इस नोटिफिकेशन के मुताबिक, “नेशनल हाईवे के स्ट्रक्चर या स्ट्रक्चर वाले स्ट्रेच के इस्तेमाल के लिए टोल रेट का कैलकुलेशन, स्ट्रक्चर की लंबाई को छोड़कर नेशनल हाईवे के सेक्शन की लंबाई में स्ट्रक्चर या स्ट्रक्चर की लंबाई का दस गुना जोड़कर, या नेशनल हाईवे के सेक्शन की कुल लंबाई का पांच गुना, जो भी कम हो, की जाएगी।” इसमें ‘स्ट्रक्चर’ का मतलब एक स्वतंत्र पुल, सुरंग, फ्लाईओवर या एलिवेटेड हाईवे से है।

    मौजूदा नियमों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रत्येक किलोमीटर स्ट्रक्चर के लिए यात्रियों को नियमित टोल का दस गुना भुगतान करते हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि मौजूदा टोल कैलकुलेशन फॉर्मूला का उद्देश्य इस तरह के बुनियादी ढांचे से जुड़ी उच्च निर्माण लागत की भरपाई करना है। अधिकारी ने कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी संशोधित अधिसूचना में फ्लाईओवर, अंडरपास और सुरंगों जैसे हिस्सों के लिए टोल दर को 50 प्रतिशत तक कम कर दिया गया है।

    बताते चलें कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, राष्ट्रीय राजमार्गों से गुजरने वाले वाहनों के लिए फास्टैग एनुअल पास जारी कर रहा है। नितिन गडकरी ने कहा है कि फास्टैग एनुअल पास 15 अगस्त, 2025 से प्रभावी होगा। इस पास की कीमत 3000 रुपये होगी, जिससे आप एक साल में कम से कम 7000 रुपये की बचत कर सकेंगे। ये फास्टैग एनुअल पास सिर्फ नेशनल हाईवे के लिए ही मान्य होगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ये पास जारी होने वाली तारीख से एक साल या 200 ट्रिप के लिए (जो भी पहले हो) वैलिड होगा।

     

  • उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ‘Jai Gujarat’ वाले बयान से छिड़ा राजनीतिक विवाद

    उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ‘Jai Gujarat’ वाले बयान से छिड़ा राजनीतिक विवाद

    विपक्ष ने राज्य के गौरव के साथ विश्वासघात की निंदा की

    मुंबईः उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अपने भाषण के अंत में कहा, “जय महाराष्ट्र, जय गुजरात” जिसके बाद से भाषा विवाद को लेकर राज्य में चल रहे राजनीतिक घमासान में नया मोड़ आ गया है। शिवसेना यूबीटी ने तुरंत इस पर कटाक्ष किया और कांग्रेस तथा एनसीपी (सपा) ने भी तीखी आलोचना की। शिंदे की यह टिप्पणी शुक्रवार को पुणे में जयराज स्पोर्ट्स एंड कन्वेंशन सेंटर द्वारा आयोजित एक समारोह के दौरान आई। शिंदे ने सरकार गठन में गृह मंत्री शाह की भूमिका की भरपूर प्रशंसा करते हुए कहा, “वह (शाह) चुनौतियों को अवसर में बदल देते हैं। वह मेरे पीछे पहाड़ की तरह खड़े रहे।” भाषण के अंत में उपमुख्यमंत्री ने कहा, “जय महाराष्ट्र और जय गुजरात” जो राजनीतिक तूफान में बदल गया। इसके तुरंत बाद शिवसेना नेता सांसद संजय राउत, सुषमा अंधारे ने उन पर हमला बोला। शिंदे की टिप्पणियों का वीडियो क्लिप पोस्ट करते हुए राउत ने पूछा कि वह राज्य मंत्रिमंडल का हिस्सा कैसे हो सकते हैं। अंधरे ने कहा, “शिंदे ने महाराष्ट्र को धोखा दिया है। यह चाटुकारिता का उच्चतम स्तर था, ऐसे समय में जब वह एनसीपी नेता, उपमुख्यमंत्री अजित पवार को दिए जा रहे महत्व के कारण खुद को दरकिनार महसूस कर रहे थे।” एनसीपी (एसपी) नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा, “यह कयामत के समय की सबसे बड़ी गलती थी।” इस बीच, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को इस टिप्पणी को लेकर अपने कैबिनेट सहयोगी का बचाव किया। फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा कि शिंदे ने जय गुजरात कहा, इसका मतलब यह नहीं है कि शिंदे महाराष्ट्र से ज्यादा गुजरात को प्यार करते हैं। उन्होंने कहा, “ऐसी संकीर्ण सोच मराठी मानुस को शोभा नहीं देती।” अपना पक्ष रखते हुए शिंदे ने मीडियाकर्मियों से कहा कि वह दर्शकों के सामने बोल रहे थे, जिसमें ज्यादातर गुजराती समुदाय के लोग शामिल थे। “वे यहां पीढ़ियों से रह रहे हैं, और जिस परियोजना का उद्घाटन किया गया है, वह सभी समुदायों के लोगों के लिए है। मैंने उनके प्रयासों की प्रशंसा करने के लिए “जय गुजरात” का नारा लगाया, लेकिन, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल ने शिंदे के इस्तीफे की मांग की, इसे राजनीतिक गुलामी और राज्य के गौरव के साथ विश्वासघात करार दिया।
  • Punjab News: नहर में गिरी लोगों से भरी महिंद्रा पिकअप, नाबालिग की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: नहर में गिरी लोगों से भरी महिंद्रा पिकअप, नाबालिग की मौत, देखें वीडियो

    होशियारपुरः गढ़शंकर से कोटफतूही जाने वाली बीसत दुआब नहर और रावलपिंडी मोड़ पर भीषण हादसा हो गया। जहां महिंद्रा पिकअप के नहर में पलट गई। इस हादसे में 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। बीते कुछ दिनों से गढ़शंकर से कोटफतूही जाने वाली बीसत द्वाबा नहर पर लगातार हादसे हो रहे हैं, एक और हादसा बीती रात रावलपिंडी मोड़ पर हुआ।

    जानकारी के अनुसार, प्रवासी मजदूरों से भरी महिंद्रा पिकअप यूपी के वदायूं जा रही थी, जब वह बीसत दुआब नहर और रावलपिंडी मोड़ पर पहुंची तो सड़क के बीच किसी मवेशी के आने के कारण गाड़ी नहर में गिर गई। महिंद्रा पिकअप में बच्चों समेत 30 से 35 मजदूर सवार थे, ये सभी मजदूर विभिन्न स्थानों पर काम करते थे और यूपी के वदायूं जा रहे थे।

    हादसे के बाद लोगों की मदद से मजदूरों को बाहर निकाला गया, जिसमें से एक 15 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाश पुत्र राकेश कुमार, यूपी के वदायूं के रूप में हुई है। इस मामले में थाना गढ़शंकर के महिंदरपाल एएसआई ने बताया कि हादसे के दौरान लोगों की मदद से मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया और एक लड़के की मौके पर मौत हो गई जबकि बाकी मजदूर सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि बयानों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

  • Punjab News: Civil Surgeon Office के बाहर नशे में झूमते युवक का Video Viral

    Punjab News: Civil Surgeon Office के बाहर नशे में झूमते युवक का Video Viral

    होशियारपुरः पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ शुरू की मुहिम के बावजूद रोजाना कोई न कोई वीडियो वायरल हो रही है। एक नई वीडियो होशियारपुर के सिविल अस्पताल से सामने आई है, जिसमें एक युवक नशे में झूलता हुआ नजर आ रहा है। https://x.com/Encounter_India/status/1941388304513106109

    यह वीडियो सिविल सर्जन ऑफिस के बाहर की है, जहां एक नशेड़ी इतना नशे में धुत था कि वह अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। सिविल अस्पताल होशियारपुर नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। रोजाना इस तरह की वीडियो अस्पताल के अंदर से वायरल होती रहती हैं।
  • Jalandhar News: सीवरेज समस्या को लेकर व्यक्ति ने निकाली गालियां, फिर पार्षद पति ने खोली पोल, ऑडियो वायरल

    Jalandhar News: सीवरेज समस्या को लेकर व्यक्ति ने निकाली गालियां, फिर पार्षद पति ने खोली पोल, ऑडियो वायरल

    जालंधर, ENS: महानगर में इलाकों के अधूरे कामों को लेकर विवाद बढ़ने शुरू हो गए है। वहीं देर रात से एक ऑडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। जिसमें एक व्यक्ति द्वारा पार्षद के पति को गालियां निकाली गई है। वहीं इस मामले में पार्षद पति ने भी उक्त व्यक्ति की जमकर पोल खोली है। हालांकि हमारा चैनल इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता। कहा जा रहा है कि आप पार्टी के वर्कर ने सीवरेज की समस्या हल ना होने के कारण आप पार्षद के पति को गालियां निकाली हैं। वायरल ऑडियो में वह कह रहा है कि हमने जीताकर उसे गलती कर दी है।

    इस दौरान ऑडियो में वह गाली भी निकालत है। जिसके बाद पार्षद पति उसको जवाब देता है। वायरल ऑडियो में पार्षद पति कह रहा है कि आप वर्कर का रिश्तेदार सीवरेज की समस्या को लेकर उनके पास आया था। इस दौरान उसने उसी समय शिकायत को हल करने के लिए आगे फॉरवर्ड कर दिया था। ऑडियो में पार्षद पति ने कहा कि अब आप वर्कर किसी के साथ बैठकर बातें कर रहा है और मुझे गालियां दे रहा हैं। जिसके बाद उसने मुझे रिकॉर्डिंग भी भेजी।

    पार्षद पति ने ऑडियो में उसकी पोल खोलते हुए कह रहा है कि यह वही आदमी है जो चुनावों में साथ चलने के लिए पैसे मांगता था। जब लोगों ने इसे समझाया तो 40 हजार रुपए में सौदा हुआ, जो यह खुद को आम आदमी पार्टी का बड़ा मेंबर समझ रहा है। वह बताएं कि उसने पार्टी के लिए आजतक किया ही क्या है। पार्षद पति ने आरोप लगाए है कि शराब और पैसे लेकर भी इसने हमारा विरोध ही किया और दूसरे से पैसों की उम्मीद कर रहा था।

    रेहड़ी वालों से 200-200 रुपए लेने वाला यह चोर है, जो साधु के भेष में घूम रहा है। यह खुद को आप पार्टी का वर्कर समझता है और इसे वर्कर की वैल्यू नहीं पता है। पूरे इलाके को पता है कि इसने हमारे खिलाफ कौन-कौन सी हरकतें की हैं। सभी गवाह हैं कि 40 हजार कैश लेकर भी हमारे साथ नहीं चला।

     

     

  • ट्रेलर हादसाग्रस्त: Cabin तोड़ते हुए अंदर घुसे लोहे के पाइप, ड्राइवर सहित 2 की दर्दनाक मौत, देखें वीडियो

    ट्रेलर हादसाग्रस्त: Cabin तोड़ते हुए अंदर घुसे लोहे के पाइप, ड्राइवर सहित 2 की दर्दनाक मौत, देखें वीडियो

    बालेसरः भारतमाला एक्सप्रेस हाईवे पर लोहे के पाइप से भरा हुआ एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया जिससे ट्रेलर में पीछे रखे पाइप केबिन को तोड़ते हुए आगे आ गए। वहीं केबिन में बैठे ड्राइवर और खलासी की मौत हो गई। ट्रेलर ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हादसा हो गया। घटना जीया बेरी गांव के पास शनिवार सुबह 8.30 बजे की है। हेड कॉन्स्टेबल भरत सिंह चारण ने बताया लोहे के पाइप से भरा एक ट्रेलर हरियाणा से अहमदाबाद जा रहा था। इस दौरान जीया बेरी गांव के पास ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई जिससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर में पीछे भरे हुए लोहे के पाइप केबिन को तोड़ते हुए अंदर घुस गए जिससे केबिन में बैठे ड्राइवर प्रिंस (35) पुत्र पोल सिंह निवासी लिलोवाडा संगरूर पंजाब और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घटना की सूचना बालेसर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बालेसर पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल भरत सिंह चारण, राजेंद्र सिंह बरजासर सहित पुलिस टीम और नेशनल हाईवे की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए बालेसर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।