Blog

  • Swarna Nagari Express के पहियों से निकला धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

    Swarna Nagari Express के पहियों से निकला धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

    जैसलमेरः दिल्ली से जैसलमेर आ रही स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस (12468) में रविवार सुबह करीब 9 बजे पहियों में धुआं उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया और रेलवे स्टाफ ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया। घटना के चलते ट्रेन करीब 20 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही। यात्री लगेज लेकर नीचे उतर गए।

    जानकारी मुताबिक, ट्रेन अपने निर्धारित समय पर लाठी स्टेशन से जैसलमेर के लिए रवाना हुई थी। कोच से धुआं निकलने की सूचना पर लोको पायलट ने जेठा और चांधन रेलवे स्टेशनों के बीच इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को जंगल क्षेत्र में ही रोक दिया। ट्रेन के अचानक रुकने और पहियों के पास से धुआं उठता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्री एहतियातन कोच से नीचे उतरने लगे।

    ट्रेन रुकते ही रेलवे का तकनीकी स्टाफ और गार्ड तुरंत प्रभावित कोच के पास पहुंचे। अग्निशमन यंत्रों की मदद से कड़ी मशक्कत से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्राथमिक जांच पूरी कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ट्रेन को करीब 20 मिनट की देरी से जैसलमेर के लिए रवाना किया गया। हालांकि रेलवे प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है, लेकिन रेलवे से जुड़े जानकारों का कहना है कि यह घटना ‘ब्रेक बाइंडिंग’ की वजह से हो सकती है।

     

  • Punjab News: 7 साल के मासूम से कुकर्म, पड़ोस के दुकानदार ने की दरिंदगी

    Punjab News: 7 साल के मासूम से कुकर्म, पड़ोस के दुकानदार ने की दरिंदगी

    लुधियानाः मिलरगंज इलाके से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 27 वर्षीय पड़ोसी दुकानदार द्वारा 7 साल के मासूम बच्चे को अपनी हवस का शिकार बनाया गया। आरोपी मासूम को डरा-धमका कर बैंक के ऊपर बने एक कमरे में ले गया और उसके साथ गलत काम किया। घटना के बाद पीड़ित ने परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज लिया है।

    जानकारी देते पीड़ित बच्चे की माता काजल ने बताया कि वे रोजाना काम पर चले जाते हैं और घर पर कोई न होने के कारण उनका 7 साल का बेटा स्कूल के बाद अपनी नानी पूनम की चाय की दुकान पर चला जाता था। यहीं पास में आरोपी सुनील कुमार भी अपनी दुकान लगाता था। परिजनों के अनुसार 5 फरवरी को जब वह कम से दुकान पर बच्चे को घर ले गया तो वह काफी गुमसुम और डरा हुआ था। जब मां ने प्यार से मासूम को पूछा तो जो उसने बताया उसे सुनकर पैरों तले जमीन खिसक गई।

    बच्चे ने बताया कि सुनील उससे गलत काम करता है। वह अक्सर बच्चों के बीच आता और मासूम को कहता तू बहुत शरारत करता है चल तुझे ऊपर कमरे में बंद करके आता हूं। वह बच्चे को जबरन पास ही स्थित यैस बैंक के ऊपर बने एक कमरे में ले जाता था। वहां ले जाकर आरोपी बच्चे के कपड़े उतारकर उसके साथ कुकर्म करता था। मासूम को डराया जाता था कि अगर किसी को बताया तो उसे जान से मार देगा या छत से नीचे फेंक देगा।

    मामले की जांच कर रहे ASI बलबीर सिंह ने बताया कि पीड़िता की माता के बयानों पर आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है ताकि आरोपी को कड़ी सजा मिल सके।

     

  • Punjab News: पुरानी रंजिश के चलते युवक की बेरहमी से हत्या, दो महीने बाद थी शादी

    Punjab News: पुरानी रंजिश के चलते युवक की बेरहमी से हत्या, दो महीने बाद थी शादी

    मोहाली: पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। भाई के जन्मदिन पर हुए पुराने विवाद का बदला लेने के लिए तीन-चार युवकों ने चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा से एक युवक का अपहरण करके उसको बेरहमी से मार डाला। आरोपी पहले उसको जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर जीरकपुर में ले गया। इस दौरान रास्ते में उसके साथ मारपीट की। इसके बाद डेराबस्सी में ले जाकर लोहे की सरियों से उस पर ताबड़तोड़ हमला करके उसे मौत के घाट पर उतार दिया। मृतक की पहचान सेक्टर-20 के रहने वाले सुशील उर्फ साहिल के तौर पर हुई है। शुक्रवार दोपहर उसका शव डेराबस्सी के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में लावारिस हालात में पाया गया। जैसे ही सूचना मिली पुलिस ने तुरंत शव को सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच की मोर्चरी में शिफ्ट कर दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। थाना सेक्टर-31 पुलिस को दिए बयान में हल्लोमाजरा के दीप कॉम्पलेक्स के रहने वाले विजय कुमार ने बताया कि वह रैपिडो बाइक कैब चलाता है। 5 फरवरी को वह अपने रिश्तेदार सुशील के साथ किसी निजी काम से अंबाला और पेहोवा गया था। शाम को दोनों ही हल्लोमाजरा लौटे। करीब साढ़े चार बजे सुशील ने विजय को रविदार मंदिर के पास में छोड़ा और खुद आगे चला गया। इस दौरान 3-4 युवक वहां पर पहुंचे और उन्होंने अचानक से सुशील के साथ मारपीट शुरु कर दी। विजय ने जब बीच-बचाव करके बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसको धमकाया और सुशील को जबरदस्ती बाइक पर बिठाकर फरार हो गए। इसके बाद में उसका कोई भी पता नहीं चला। परिवार वालों के अनुसार, नवंबर 2025 में जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी में आरोपी अनिल के भाई का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस दौरान पार्टी में नशे में कुछ युवकों ने सुशील से उसकी नई गाड़ी चलाने की जिद की। विवाद बढ़ने पर सुशील वहां से जाने लगा तभी जन्मदिन मना रहा युवक अचानक गाड़ी के नीचे आ गया और हादसे में उसकी मौत हो गई। इस मामले में जीरकपुर थाने में सुशील के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज था हालांकि परिजनों का यह कहना है कि यह मामला जांच में था परंतु आरोपियों ने कानून पर भरोसा करने की जगह खुद ही बदला लेने का फैसला कर लिया। इस रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से उसका अपहरण करके हत्या कर दी।

    घर में था शादी का माहौल

    सुशील की सगाई हो गई थी और करीबन दो महीनों के बाद उसकी शादी भी तय थी। उसके घर में शादी की तैयारियां भी चल रही थी परंतु अब हत्या की खबर के बाद सारा परिवार गहरे सदमे में चला गया है। सुशील के माता-पिता और बहन का पहले ही निधन हो गया है। वह सेक्टर-20 में स्थित सरकारी मकान में अपने भाई और भाभी के साथ रहता था और टेक्सी चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था।

    जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे आरोपी

    शुरुआत में सेक्टर-31 थाना पुलिस ने विजय कुमार के बयान पर जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी के रहने वाले अनिल और उसके तीन साथियों के खिलाफ अपहरण का मामला भी दर्ज किया गया था। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने एफआईआर में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी हैं फिलहाल पुलिस की टीम के द्वारा जीरकपुर और आस-पास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।    
  • Punjab News: जेल रोड के बाहर शाही इमाम समेत 3 लोगों पर हुआ हमला, केस दर्ज ,देखें वीडियो

    Punjab News: जेल रोड के बाहर शाही इमाम समेत 3 लोगों पर हुआ हमला, केस दर्ज ,देखें वीडियो

    लुधियाना: जामा मस्जिद जेल रोड के बाहर शाही इमाम समेत 3 लोगों पर 3 हमलावरों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमलावरों ने शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उसमान रहमानी लुधियानवी, मस्जिद कार्यालय प्रबंधक और एक अन्य व्यक्ति पर ईंटें उड़ाकर हमला किया। घटना के पीछे मस्जिद परिसर में बनी दुकानों को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान उबेद-उर-रहमान, उसके बेटे अतिक-उर-रहमान और मोहम्मद अहमद के रूप में की गई है।

     

    मामले की शिकायत मस्जिद कार्यालय इंचार्ज मोहम्मद मुजाहिद ने दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि जामा मस्जिद का नवीनीकरण चल रहा है, जिसकी निगरानी खुद शाहि इमाम कर रहे हैं। 1 फरवरी को जब शाही इमाम मस्जिद पहुंचे तो आरोपियों वहां आए और गाली‑गलौज करने लगे। इसके बाद उन लोगों ने ईंट से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने और शाह नवाज ने बीच बचाव किया तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई की। जब घटना स्थल पर आसपास के लोग इकट्ठे हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि मस्जिद परिसर में कुछ व्यावसायिक दुकानें हैं, जिन पर आरोपी अपना मालिकाना हक जता रहे थे। पूरे परिसर के नवीनीकरण के चलते दुकानों को लेकर विवाद बढ़ गया। पहले दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश की गई, लेकिन सहमति न बनने पर पुलिस ने केस दर्ज किया।

    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराएं 115 (2) (जान बूझकर चोट पहुंचाना), 126 (2) (गलत तरीके से रोकना), 332-सी (घर में घुसपैठ), 3(5) (सामूहिक मंशा) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

  • मलेशिया से PM Modi की पाकिस्तान को सीधी चेतावनी, बोले – ‘आंतकवाद से लड़ने पर ध्यान देंगे’

    मलेशिया से PM Modi की पाकिस्तान को सीधी चेतावनी, बोले – ‘आंतकवाद से लड़ने पर ध्यान देंगे’

    नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों मलेशिया के दौरे पर हैं। इस दौरान पीएम ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ संयुक्त प्रेस बयान में कहा कि भारत और मलेशिया अपने रिश्तों को और मजबूत करने के लिए कई जरुरी क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे। उन्होंने साफ कहा है कि दोनों देशों के बीच भरोसे और साझेदारी के आधार पर आगे बढ़ने की योजना है। पीएम मोदी ने बताया कि सुरक्षा के क्षेत्र में भारत और मलेशिया मिलकर आतंकवाद से लड़ने खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देश रक्षा सहयोग को और भी व्यापक बनाएंगे ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे।

    तकनीक निभा रही खास भूमिका

    पीएम ने आगे कहा कि आज के समय में तकनीक बहुत ही अहम भूमिका निभा रही है। इसी को देखते हुए भारत और मलेशिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक के साथ-साथ सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में भी अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे जरुरी क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच में सहयोग बढ़ाया जाएगा। पीएम ने बताया कि आज आयोजित सीईओ फोरम ने व्यापार और निवेश के नए रास्ते खोल दिए हैं। इससे दोनों देशों की कंपनियों को एक-दूसरे के यहां निवेश करने और व्यापार को बढ़ाने के अच्छे मौके मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

    दोनों देशों में गहरे होंगे रिश्ते

    पीएम मोदी ने भरोसे पर जोर देते हुए आगे कहा कि रणनीतिक विश्वास के जरिए भारत और मलेशिया आर्थिक बदलाव की दिशा में एक मजबूत रास्ता बनाएंगे। उन्होंने कहा कि साझेदारी सिर्फ सरकारों तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि इसका फायदा आम लोगों को भी मिलेगा। पींएम ने यह साफ कहा है कि भारत अपने मित्र देशों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की ओर बढ़ना चाहता है। मलेशिया का साथ भी इसी सोच का हिस्सा है। आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्ते और भी गहरे होंगे और एशिया क्षेत्र में स्थिरता और विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
  • Punjab News: पब्लिक मीटिंग में MLA Anmol Gagan Mann के दिखे तीखे तेवर, पुलिस को दिए कार्रवाई के निर्देश, देखें वीडियो

    Punjab News: पब्लिक मीटिंग में MLA Anmol Gagan Mann के दिखे तीखे तेवर, पुलिस को दिए कार्रवाई के निर्देश, देखें वीडियो

    मोहालीः खरड़ से MLA अनमोल गगन मान ने लोगों की समस्याएं सुनने के लिए पब्लिक मीटिंग की। इस दौरान पानी के मुद्दे को लेकर वह भड़क गई और उनके तीखे बोल सामने आए। मीटिंग को संबोधित करते हुए उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जिसने भी ट्यूबेल पर ताला लगाया है या ट्यूबेल से पानी रोकने की कोशिश की है, उसे पुलिस स्टेशन ले जाओ और पानी को चालू करवाएं। उन्होंने कहा कि किसी को भी किसी का पानी रोकने का अधिकार नहीं है।

    जानकारी मुताबिक, आप विधायक अनमोल गगन मान खरड़ में लोगों की समस्याएं सुन रही थी। इस दौरान इलाका निवासियों ने सबसे बड़ी समस्या पानी की बताई। लोगों ने आरोप लगाए कि एक व्यक्ति ने ट्यूबवेल पर कब्जा किया हुआ है जिससे उन्हें पानी की काफी दिक्कत आती है। इस बात से विधायक अनमोल गगन मान भड़क गई और उन्होंने वहां मौजूद पुलिस टीम को उक्त व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर समस्या हल करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह तक कह दिया कि उसे पुलिस स्टेशन ले जाओ और समझाओं कि ऐसे वह ट्यूबवेल पर कब्जा नहीं कर सकता। वहीं लोगों ने उन्हें अन्य मूलभूत समस्याएं भी बताईं जिसके बाद उन्होंने कहा कि वह हर समस्या का हल करवाएंगे और इस ओर खास ध्यान दिया जाएगा।

     

     

  • Punjab News: MLA की बहू के खिलाफ मामला दर्ज

    Punjab News: MLA की बहू के खिलाफ मामला दर्ज

    लुधियाना: दक्षिणी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक रंजिदरपाल कौर छीना के पति हरप्रीत सिंह की शिकायत पर ढाबा थाने में बहू सहित 8 अन्य लोगों के खिलाफ चोरी और इमीग्रेशन धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उनकी बहू ने ऑस्ट्रेलिया में अपने पति का भविष्य बर्बाद करने के साथ-साथ अपने परिवार के सदस्यों की मदद से अपने ससुराल से लाखों रुपये की सोने और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली।

    इस मामले में शिकायत के लगभग 24 दिन बाद, एसीपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। इस दौरान विधायक रंजिदरपाल कौर छीना और उनके पति हरप्रीत सिंह ने पुष्टि की कि यह उनका पारिवारिक मामला है, इसलिए वे मीडिया से ज्यादा बात नहीं करना चाहते। ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में, यदि पत्नी मुख्य बिनैकार है और पति निर्भर है, तो पत्नी इमीग्रेशन विभाग को सूचना दे सकती है कि “हमारा रिश्ता अब खत्म हो गया है और हम अलग हो गए हैं। इसलिए, वह ऑनलाइन इमीग्रेशन पोर्टल के माध्यम से या लिखित आवेदन देकर अपने पति का नाम हटा सकती है। इसके कारणों में टूटे संबंध, पति का एक साथ न रहना, या घरेलू लड़ाइयां शामिल हैं।

    13 जनवरी को दर्ज हुई शिकायत के आधार पर एसीपी रमनदीप सिंह भुल्लर ने मामले की जांच की। रिपोर्ट में लिखा कि जांच के दौरान आरोपियों को कई बार बुलाया गया था, लेकिन कोई भी आरोपी अपना पक्ष प्रस्तुत करने नहीं आया। इसके बाद 5 फरवरी को उनकी बहू नवनीत कोर समेत 8 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी), 380 (रिहायशी घर में चोरी) और 120-बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। शिकायतकर्ता हरप्रीत सिंह ने 13 जनवरी को पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा था कि उसके बेटे नवकिरणजीत सिंह का विवाह 2013 में नवनीत कौर से इस शर्त पर हुआ था कि दोनों ऑस्ट्रेलिया में बस जाएंगे। नवनीत कौर ने पहले पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया जाने का वादा किया था और बाद में अपने पति को स्पाउस वीजा पर बुलाकर पीआर कराने का वादा किया था।

    इस भरोसे के आधार पर, परिवार ने उसके विदेश यात्रा और कॉलेज फीस पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए। विवाह के बाद, वे ऑस्ट्रेलिया चले गए और पीआर के लिए आवेदन दिया। आरोप है कि इसी दौरान, नवनीत कौर के माता-पिता और रिश्तेदार लुधियाना स्थित उनके घर आए और अलमारी से लगभग 20 तोले सोने के गहने और अन्य कीमती सामान चुरा कर ले गए। जब बेटा ने इस बारे में ऑस्ट्रेलिया में अपनी पत्नी से बात की, तो उनके बीच झगड़ा हो गया। शिकायत के अनुसार, नाराजगी के कारण, नवनीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया में पीआर फाइल से अपने पति का नाम हटा दिया।

    इसके बाद उनका बेटा नवकिरणजीत सिंह विदेश में फंस गया और आर्थिक तौर पर तबाह हो गया था। बाद में, जब आरोपियों से पैसे वापस करने को कहा गया, तो उन्होंने इंकार कर दिया।

  • Jalandhar News: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकराई, बुरी तरह क्षतिग्रस्त, देखें वीडियो

    Jalandhar News: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकराई, बुरी तरह क्षतिग्रस्त, देखें वीडियो

    जालंधरः शहर के कूल रोड स्थित न्यू जवाहर नगर इलाके में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ से जा टकराई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई राहगीर वहां मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई। हालांकि, कार चालक को हल्की चोटें आई हैं।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते वाहन सीधे फुटपाथ से टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क के बीचों-बीच खड़ी रह गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और राहगीरों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

    घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। इसी दौरान नाइट डोमिनेशन ड्यूटी पर निकले पुलिस अधिकारी मनमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि गाड़ी को देखने से प्रतीत होता है कि वह नियंत्रण से बाहर हो गई थी और इसी कारण फुटपाथ से टकराई।

    मनमोहन सिंह ने बताया कि उन्होंने कार चालक का मोबाइल नंबर ले लिया है और उससे पूछताछ की जाएगी कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई। फिलहाल क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है।

  • Punjab News: Tuition Centre पर छात्र के परिजनों का हमला, टीचर से की मारपीट, देखें CCTV

    Punjab News: Tuition Centre पर छात्र के परिजनों का हमला, टीचर से की मारपीट, देखें CCTV

    लुधियानाः एक ट्यूशन सेंटर संचालिका के साथ बदसलूकी, मारपीट और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सेंटर में पढ़ने वाली एक छात्र और उसके परिजनों ने मिलकर उस पर हमला किया। वहीं घटना की CCTV भी सामने आई है, जिसमें कई लोग टीचर के ऑफिस में घुसकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पीड़ितों की शिकायत पर थाना पीएयू पुलिस ने आरोपी छात्र और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

    जानकारी देते पीड़िता सोनिया ने बताया कि वह अपने पति सचिन अरोड़ा और बहन ज्योति प्रीत राय के साथ एबिस मार्केट की दूसरी मंजिल पर स्थित ‘विद्या विंग एसएसएफ’ नाम से ट्यूशन सेंटर चलाती हैं। छुट्टी के समय वह नीचे खड़ी होकर बच्चों को सुरक्षित घर भी भेजती हैं। 3 फरवरी को सेंटर से पढ़ चुका एक पुराना छात्र नीचे खड़ा होकर लड़कों को वीडियो दिखाकर हंस रहा था और लड़कियों की ओर गलत इशारे कर रहा था। सोनिया ने उसे घर जाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। इससे नाराज होकर वह चला गया और कुछ ही देर में अपने परिजनों के साथ वापस आया।

    सोनिया का आरोप है कि छात्र के परिजनों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर हमला कर दिया। एक लड़की टेबल पर चढ़कर मारपीट करने तक उतारू हो गई। करीब 3 घंटे तक आरोपी लोगों को बुलाते रहे और सभी को इंस्टीट्यूट में बंधक बनाए रखा। वहीं घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं आरोपियों ने डीवीआर तक लूटने की कोशिश की।

    सोनिया के पति सचिन अरोड़ा ने बताया कि पत्नी की चीखें सुनकर वह उसके ऑफिस से दौड़कर पहुंचे तो देखा कि उसे जमीन पर गिराकर पीटा जा रहा था। उन्होंने पत्नी को अपने पीछे खड़ा कर बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार उस पर हाथ उठाने का प्रयास करते रहे। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकियां भी दीं। छात्र ने यहां तक कहा कि उसके चाचा ने 4 हत्याएं की हैं और वह भी आने वाले हैं। घटना के बाद डरे सहमें पीड़ितों ने पुलिस को मामले की शिकायत दी।

    थाना पीएयू पुलिस ने इस मामले में आरोपी छात्र अमन धीर, रीतिका धीर, अमित धीर, मुस्कान धीर, काहन की बड़ी बहन और गौरव जैन को नामजद किया है। हालांकि अभी तक गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार दहशत में है।

  • Punjab News: Road पर महिला की खतरनाक स्टंटबाजी, चलती स्कूटी पर खड़े होकर किया Dance, देखें वीडियो

    Punjab News: Road पर महिला की खतरनाक स्टंटबाजी, चलती स्कूटी पर खड़े होकर किया Dance, देखें वीडियो

    लुधियानाः शहर में ट्रैफिक नियमों की शरेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। ताजपुर रोड पर दयाल पब्लिक स्कूल के पास एक महिला भरी सड़क पर अपनी काली स्कूटी पर जानलेवा स्टंट करती नजर आ रही हैं। महिला की इस हरकत ने न सिर्फ उसकी अपनी जान जोखिम में डाली बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा कर दिया। वहीं घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला ने सफेद रंग का स्वेटर और ब्राउन रंग की पैंट पहनी हुई है और वह अपनी स्कूटी पर एक के बाद एक कई खतरनाक स्टंट करती है।

    पहले महिला चलती स्कूटी पर अचानक खड़ी हो जाती है। इसके बाद वह हैंडल से हाथ हटा लेती है और एक हाथ ऊपर उठाकर बेखौफ होकर डांस करने लगती है। स्टंट यहीं नहीं रुके महिला ने चलती स्कूटी पर अपनी एक टांग उठाकर सीट पर रख ली और काफी दूर तक इसी तरह स्टंटबाजी करती रही। वहीं इसी के साथ पुलिस की कारगुजारी पर भी तब सवाल खड़े हुए जब महिला यह स्टंट कर रही होती है और उसी दौरान वहां से पुलिस की एक PCR गाड़ी भी गुजरती है। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद महिला के चेहरे पर न तो कोई डर था और न ही उसने अपनी स्कूटी की रफ्तार कम की। वह लगातार नियमों की धज्जियां उड़ाती रही। वहीं पुलिस की पीसीआर गाड़ी का भी ध्यान उस महिला पर नहीं पड़ता है।

    वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी से बड़े हादसे हो सकते हैं। ताजपुर रोड जैसे व्यस्त इलाके में जहां स्कूल भी पास में है ऐसी लापरवाही किसी की जान ले सकती है। पुलिस अब इस वीडियो के आधार पर महिला की तलाश कर कबतक कार्रवाई करेगी यह देखने योग्य है।