Blog

  • जालंधरः 2 कालोनियों पर चला नगर निगम का पीला पंजा

    जालंधर, ENS: नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच की टीम ने मिट्ठापुर में अवैध निर्माण के खिलाफ आज कार्रवाई की। नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने आज मिट्ठापुर में 2 अवैध कालोनियों पर कार्रवाई की है। इस दौरान बिल्डिंग ब्रांच के ATP सुखदेव शर्मा की अगुवाई में टीम ने मिट्ठापुर की एक अवैध कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन घरों को गिरा दिया। वहीं मामले की जानकारी देते हुए ATP सुखदेव शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई नगर निगम के कमिश्नर गौतम जैन के आदेश पर की गई है। उन्होंने बताया कि मिट्ठापुर में गुरु नानक मिशन अस्पताल की बैकसाइड पर करीब डेढ़ एकड़ रकबे में कालोनी काटी गई है। जिसमें 3 मकानों की उसारी का काम चल रहा था, जिसे गिराया गया है। 

    वहीं दूसरी कार्रवाई बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों ने नशा छुड़ाओ केंद्र के पास 3 एकड़ में बनी कॉलोनी में भी की है। जहां निगम की टीम ने मशीन चलाकर यहां की सारी सड़कें उखाड़ दीं। इसके अलावा कॉलोनी में जो सीवरेज सिस्टम डाला गया था और वॉटर सप्लाई के लिए पाइपें डाली गई थीं उन्हें भी उखाड़ दिया है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि अवैध कालोनी में हो रहे निर्माण को लेकर पहले नोटिस जारी किए गए थे। लेकिन नोटिस के बावजूद अवैध निर्माण जारी था। 

  • किसानों के दिल्ली कूच को लेकर CM खट्टर का आया बड़ा बयान, देखें वीडियो

    अंबालाः किसानों ने 13 फरवरी को दिल्ली की ओर कूच करने का ऐलान किया है, उनकी सारी मांगें हरियाणा से नहीं बल्कि केंद्र सरकार से हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का कहना है कि हरियाणा सरकार ने किसानों के हित में कई अहम फैसले लिए हैं। हरियाणा में किसानों के हित में कई योजनाएं चल रही हैं। हरियाणा सरकार 14 फसलों की खरीद कर रही है, वहीं पंजाब की बात करें तो धान और गेहूं की फसल की भी खरीद केंद्र सरकार कर रही है। पंजाब के किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के राम मंदिर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान के मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि इससे साफ है कि राजनीति की जा रही है।

    हरियाणा सरकार का काम कानून व्यवस्था बनाए रखना है। पिछले किसान आंदोलन के दौरान लाल किले पर जो हुआ वह सबने देखा। मौजूदा किसान आंदोलन पर सियासत जारी है। उन्होंने आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी चाहती तो किसानों को रोक सकती थी। किसान ट्रैक्टर के साथ कई अन्य सामान भी लेकर जा रहे हैं। बातचीत से मसले सुलझाये जा सकते हैं। लोकतांत्रिक तरीके से सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है। पिछली बार भी यह आंदोलन एक साल तक चला था जिससे हरियाणा के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। 

  • बड़े होटल और कारोबारियों के ठिकानों पर पहुंची ED की टीमें

    जयपुर : बजरी और होटल कारोबारी मेघराज सिंह के ठिकानों पर ED ने छापेमारी के मामले में आधी से ज्यादा जगह से टीमें वापस बुला ली गई हैं। देर रात करीब 3 बजे ज्यादातर सर्च पूरी हो गई है। अब भी 50 में से 20 जगहों पर टीम मौजूद हैं। देर रात तक मेघराज सिंह ईडी की टीम को नहीं मिला। मेघराज ग्रुप के सभी बैंक खाते ईडी ने सीज कर दिए गए हैं।

    वहीं उदयपुर स्थित खान विभाग के ऑफिस से ईडी की टीम ने कुछ कागज सीज लिए गए हैं। इनमें लीज से संबंधित दस्तावेज जयपुर ईडी ऑफिस लाने के लिए कहा गया है। साथ ही मेघराज ग्रुप से जुड़े लोगों को मोबाइल भी सीज किए गए हैं। अब जयपुर ऑफिस में खान विभाग से मिले इन दस्तावेज और मोबाइल का डाटा निकालकर आगे की जांच की जाएगी।

  • पंजाब : किसानों ने रेलवे ट्रैक किया जाम, कई ट्रेनें हुई प्रभावित, देखें वीडियो

    अमृतसर : पंजाब में 13 फरवरी से शुरू हुआ किसान आंदोलन बड़ा रूप धारण कर लिया है। किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े जाने और रबर व प्लास्टिक की गोलियां चलाए जाने से पंजाब के अन्य किसान संगठन भी आक्रोशित हो गए है। इसके चलते संयुक्त किसान मोर्चा ने पंजाब के सभी टोल प्लाजा को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद कर दिया है। इसके साथ ही बीकेयू संग्रहकर्ताओं ने दोपहर 12 बजे से 6 जिलों में ट्रेनें भी रोक दी है। उगराहां में धरना शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। यूनियन फ्रंट के किसानों ने कहा कि आज पंजाब भर के टोल प्लाजा को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक फ्री कर दिया गया है।

    वाहनों के लिए टोल प्लाजा के गेट खोल दिए गए है। उन्होंने कहा कि कल भी पूरे देश में बंद का आह्वान किया गया है। इस दौरान किसी भी गतिविधि की इजाजत नहीं होगी। बता दें कि आज शाम एक बार फिर किसानों की केंद्र के साथ तीसरे दौर की और आंदोलन शुरू होने के बाद पहली बैठक होने जा रही है। इसमें किसानों के मुद्दों पर चर्चा होगी। लेकिन 13-14 फरवरी को पंजाब के शंभू, खानूरी और डबवाली बॉर्डर पर किसानों पर आंसू गैस के गोले, रबर और प्लास्टिक की गोलियां आदि फायरिंग से पंजाब के अन्य संगठन नाखुश है। मोगा के गांव घल कलां के स्टेशन पर किसान यूनियन एकता उग्राहा दिल्ली पर धरने पर गए किसानों के साथ बदसलूकी के कारण किसानों के हक में, पंजाब भर में रेल रुको अभियान चलाया गया।

  • चलती स्कूटी में लगी आग, जाने मामला

    इंदौर : महू में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार स्कूटी पर बैठे युवक और बच्चों ने कूदकर जान बचाई। कुछ ही सेकंड में स्कूटी जलकर खाक हो गई। घटना मलेंदी गांव की है। यहां गुरुवार सुबह मिथुन बनारसी अपने 2 बच्चों को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रहे थे।

    इसी दौरान पंचायत के सामने करीब 10:30 बजे स्कूटी से टायर फटने जैसी आवाज आई। समय रहते मिथुन बच्चों के साथ गाड़ी से कूद गए। जिसके बाद लोगों ने आग बुझाई।

  • महाभारत के ‘श्रीकृष्ण’ का किरदार निभाने वाले नीतीश ने IAS पत्नी पर लगाया बड़ा आरोप

    भोपाल: मध्य प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी स्मिता गाटे एक बार फिर से चर्चा में हैं। उनके पति नीतीश भारद्वाज ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने भोपाल पुलिस कमिश्नर के पास शिकायत की है। नीतीश भारद्वाज महाभारत सीरियल में श्रीकृष्ण का रोल निभा चुके हैं। भोपाल पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में उन्होंने कहा है कि हमारी पत्नी बेटियों से नहीं मिलने दे रही है। साथ ही हमारे नंबर भी ब्लॉक कर दिए हैं। पुलिस से एक्टर नीतीश भारद्वाज ने कहा है कि मुंबई कोर्ट के आदेश के बावजूद भी स्मिता हमें बेटियों से मिलने नहीं दे रही है।

    इसके साथ ही कोई जवाब नहीं देती है। नीतीश भारद्वाज ने भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र से मुलाकात भी की है। उन्होंने आईएएस स्मित गटे पर आरोप लगाया है कि एक तरीके से यह मेरी बेटियों का अपहरण है। पत्नी हमारी बेटियों को भड़का रही है। हमारी बेटियां कहां और किस हाल में मुझे कोई जानकारी नहीं है। मैं उन तक नहीं पहुंच सकूं, इसके लिए वह उनका स्कूल भी चेंज करवा रही हैं।

    वहीं, एक्टर की शिकायत पर भोपाल पुलिस कमिश्नर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि शिकायत मिली है। यह फैमिली विवाद है। मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि बेटियों से मिलने को लेकर पूर्व में भी वह भोपाल पुलिस के अधिकारियों से मिल चुके हैं। दरअसल, एक्टर नीतीश भारद्वाज और आईएएस स्मिता गाटे की शादी 14 मार्च 2009 को हुई थी। दोनों की मुलाकात के एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी। बाताया जाता है कि दो-चार मुलाकात के बाद ही दोनों ने शादी का फैसला कर लिया था। शादी के बाद दोनों की जुड़वा बेटियां हुई थीं।

  • पंजाब : बाइक सवार लुटेरों ने ASI की पत्नी से लूट

    गुरदासपुर : पंजाब में चोरी व लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा मामले में घर से सामान लेने के लिए बाजार गई एएसआई की पत्नी से लुटेरे पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में 4 हज़ार रुपए की नकदी और एक मोबाइल फोन था। पीड़िता के अनुसार लुटेरे युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और नकाब पहन रखा था। लूट के बाद वह जहाज चौक की और भाग गए। पीड़ित महिला शुभलता ने बताया कि वह बुधवार की देर शाम को घर से सामान लेने के लिए बाजार गई थी। जब वह घर वापस लौट रही थी तो हनुमान चौक के पास बाइक सवार 2 नकाबपोश युवक उसका पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पर्स में 4 हज़ार रुपए की नकदी और एक मोबाइल फोन था।

    राहगीरों ने भी बताया कि उन्हें एक महिला के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी। जब हमने महिला से बात की तो उन्होंने बताया कि 2 लुटेरे उनका पर्स छीनकर भाग गए हैं। उन्होंने लुटेरों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन लुटेरे तब तक वहां से भाग चुके थे। वहीं पीड़ित महिला के पति विजय कुमार ने बताया कि वह पंजाब पुलिस में एएसआई है और कचहरी में तैनात है। उन्होंने कहा कि हालात इतने बुरे हो चुके हैं कि पुलिस कर्मचारियों का परिवार तक सेफ नहीं है। उन्होंने मांग की है कि इन लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

  • पंजाबः 16 फरवरी तक इंटरनेट हुआ बंद, आदेश जारी

    संगरूरः किसानों के दिल्ली कूच के चलते जहां हरियाणा के 7 जिलों में इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं बंद कर दी गई हैं, वहीं बताया जा रहा है कि सगंरूर, फतेहगढ़ साहिब जिले और कुछ अन्य इलाकों में भी मोबाइल और ब्रॉडबैंड कंपनियों द्वारा इंटरनेट सेवाएं 16 फरवरी तक बंद कर दी गई हैं। इसके आदेश भी जारी हुए है, जिसमें टैंपरेरी इंटनेट सेवा बंद करने का कहा गया है। आदेशों के मुताबिक हरियाणा से सटे इलाकों में इंटरनेट सेवाएं टैंपरेरी बंद की गई हैं। इसमें पटियाला जिले के शुतराणा, समाना, घनौर, खनूरी, मुनक, लेहरा, सुनाम में इंटरनेट बंद कर दिया गया है।

    इसके अलावा फतेहगढ़ साहिब में भी इंटरनेट बंद किया गया है। इन जिलों के शुतराणा, समाना, घनौर, देवीगढ़, बलवेरा, खनोरी, मूनक, लहरा, सुनाम, चंजली इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। दरअसल, पंजाब के संगरूर के सुनाम और फतेहगढ़ साहिब से किसानों का कारवां दिल्ली की ओर बढ़ रहा है। आंदोलन को देखते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की सीमाएं सील कर दी गई हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। 

  • पंजाबः किसानों ने रेलवे ट्रैक किया जाम, देखे वीडियो

    पटियालाः किसानों ने राजपुरा-पटियाला का रेलवे ट्रैक जाम कर दिया है। इस दौरान किसान रेलवे ट्रैक पर धरना लगाकर बैठ गए है। दरअसल, बीते दिन किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक रेलवे ट्रैक रोकने का ऐलान किया था। जिसके चलते आज किसान पंजाब में रेलवे ट्रैक पर धरना लगाने के लिए बैठ गए है। भाकियू उगराहां दोपहर 12 से 4 बजे तक पंजाब के 6 जिलों में ट्रेनें रोकी जा रही है। वहीं रेलवे स्टेशन बरनाला के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रोष धरना लगाकर रोष प्रदर्शन किया जा रहा हैं।  ‘रेल रोको’ आह्वान के चलते रेल मंत्रालय द्वारा बरनाला स्टेशन पर दोपहर पौने तीन बजे आने वाली पैसेंजर यात्री गाड़ी अप 04547 अंबाला बंठिडा व साढ़े चार बजे आने वाली डाउन 14735 गंगानगर अंबाला पैसेंजर यात्री गाड़ी को रद कर दिया गया है।

    रेलवे स्टेशन बरनाला के स्टेशन मास्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि इसी के साथ बारह बजे से चार बजे तक आने वाली सात मालगाड़ी को भी अन्य रेलवे जंकशन वाले स्टेशन पर ही रोक दिया गया हैं। वहीं कहा जा रहा है कि आज दिल्ली से आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को व्यास रेलवे स्टेशन पर खाली कर दिया जाएगा। इसके बाद इस गाड़ी को वापस लुधियाना ले जाकर वहां पर सफाई करने के बाद नई दिल्ली के लिए रवाना किया जाना है ऐसे में जिन यात्रियों ने अमृतसर से टिकट बुक करवाई होगी वह किसी अन्य साधन से ब्यास रेलवे स्टेशन या फिर लुधियाना रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर शताब्दी एक्सप्रेस को पकड़ सकते हैं।

    इसी तरह गाड़ी संख्या 12497 शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस को भी व्यास रेलवे स्टेशन पर ही खाली करने के बाद वहीं से वापस रवाना किए जाने का शेड्यूल जारी किया गया है। इससे पहले सुबह के समय जाने वाली सभी गाड़ियां अपने निर्धारित समय पर रवाना हो गई। क्योंकि किसानों की ओर से 12:00 बजे से लेकर दोपहर 4:00 बजे तक का रेलवे ट्रैक जाम किया जाना है, ऐसे में सुबह के समय आने जाने वाली किसी भी गाड़ी को लेकर यात्रियों को परेशानी नहीं हुई।

    उन्होंने कहा कि कल भी पूरे देश में बंद का आह्वान किया गया है। इस दौरान कोई भी गतिविधि नहीं होने दी जाएगी। किसान संगठनों की तरफ से शुक्रवार देश बंद की घोषणा भी कर दी गई है। किसानों ने साफ कहा कि कल कोई बिना वजह बाहर ना निकले। इस प्रदर्शन में सिर्फ 4 लोगों को बाहर निकलने की छूट दी जाएगी। जिसमें पहला एम्बुलेंस या मेडिकल इमरजेंसी, परीक्षा देने जा रहे स्टूडेंट्स, दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे लोग और शादी समागम। अन्य किसी को भी हाईवे या जाम से निकलने नहीं दिया जाएगा।

    वहीं दूसरी ओर आज शाम को एक बार फिर केंद्र के साथ किसानों की तीसरे दौर की बैठक और आंदोलन शुरू होने के बाद पहली बैठक होने जा रही है। इसमें किसानों के मुद्दों पर बात होगी। लेकिन, 13-14 फरवरी को पंजाब के शंभू, खनौरी और डबवाली बॉर्डर पर किसानों पर आंसू गैस के गोले, रबड़ व प्लास्टिक की गोलियां, आदि दागने से पंजाब के अन्य संगठन खफा हैं।

  • चुनावी बॉन्ड पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, जानें मामला

    नई दिल्ली: चुनावी बॉन्ड योजना पर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को बहुत बड़ा झटका दिया है। देश की सर्वोच्च अदालत ने इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम को असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया है। इतना ही नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने पिछले पांच सालों के चंदे का हिसाब-किताब भी मांग लिया है। अब निर्वाचन को बताना होगा कि पिछले पांच साल में किस पार्टी को किसने कितना चंदा दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) से पूरी जानकारी जुटाकर इसे अपनी वेबसाइट पर साझा करे। शीर्ष अदालत के इस फैसले को उद्योग जगत के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है।

    सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम में गोपनीय का प्रावधान संविधान के अनुच्छेद 19(1) के तहत सूचना का अधिकार कानून का उल्लंघन करता है। अब शीर्ष अदालत के फैसले के बाद पब्लिक को भी पता होगा कि किसने, किस पार्टी की फंडिंग की है। चार लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका देकर चुनावी बॉन्ड स्कीम की वैधता को चुनौती दी थी। इन्हीं याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने ऐसा फैसला दिया है जिसका दूरगामी असर हो सकता है, खासकर लोकसभा चुनावों के मद्देनजर।

    सुप्रीम कोर्ट ने आशंका जताई कि राजनीतिक दलों की फंडिंग करने वालों की पहचान गुप्त रहेगी तो इसमें रिश्वतखोरी का मामला बन सकता है। पीठ में शामिल जज जस्टिस गवई ने कहा कि पिछले दरवाजे से रिश्वत को कानूनी जामा पहनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस स्कीम को सत्ताधारी दल को फंडिंग के बदले में अनुचित लाभ लेने का जरिया बनने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। उन्होंने मतदाताओं के अधिकार की भी बात की।