Blog
-
ऊनाः साल 2023 में 1419 आपराधिक मामले दर्ज हुए
पुलिस का दावा अवैध खनन करने वालों से एक करोड़ रूपए जुर्माना वसूलाऊना पुलिस ने पेश किया रिपोर्ट कार्डऊना/सुशील पंडित: ऊना पुलिस ने शुक्रवार को साल 2023 का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। पुलिस ने दावा किया है कि उसने जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर किया है। हालांकि इस रिपोर्ट को उन्होंने वार्षिक गितिविधियों की एक झलक नाम दिया है। इसमें पुलिस का दावा है कि जिले में इस वर्ष केवल 6 हत्याएं ही हुई हैं। जहां तक कुल आपराधिक मामलों की बात है तो सभी जिलों के थानों में कुल 1419 मामले दर्ज हुए हैं। ऊना पुलिस ने गुंडा एक्ट का एक बिंदू भी पेश किया है कि उन्होंने जिले में गुंडा एक्ट का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है और उसे मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा है। पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने जिले में कुल 347 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं जिससे अपराधियों और कानून व्यवस्था पर नजर रखने में सुविधा हो रही है। साथ ही अपराधिक मामलों की जांच में वैज्ञानिक तकनीकों के प्रयोग की बात भी रिपोर्ट में कही गई है। नशे के विरुद्ध कार्रवाई पर ऊना पुलिस का कहना है कि उन्होंने इस वर्ष 172 मामले केवल नशे के तस्करों के विरुद्ध दर्ज किए हैं जिनमें कुल 278 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 993 ग्राम हेरोईन, 5 किलोग्राम चरस, 3 किलोग्राम अफीम, 3 किलोग्राम गांजा, 2.80 क्विंटल चूरा पोस्त, 28180 नशीली गोलियां और 29024 नशीले कैप्स्यूल बरामद किए।अवैध शराब पर भी ऊना पुलिस ने अपनी पीठ थपथपाई है। पुलिस का दावा है कि 133 मामले अकेले अवैध शराब बेचने वालों के विरुद्ध किए गए है। इन मामलों में 8643 लीटर व्हिस्की, रम व जिन और 1174 लीटर बियर पकड़ी है। अकेले मैहतपुर औद्योगिक क्षेत्र 420 पेटी शराब और 20 क्विंटल ईथेनॉल स्पिरिट जब्त की गई है।अवैध खनन से त्रस्त ऊना जिले में इस वर्ष 942 वाहनों के चालान किए गए लेकिन उनसे महज 1.17 करोड़ का जुर्माना वसूल किया गया। जबकि एक अनुमान के मुताबिक अकेले ऊना से ही राजस्व को 50 करोड़ रूपए से भी अधिक का घाटा हो रहा है। वहीं पुलिस का दावा है कि उनके प्रयासों से वन काटुओं के विरुद्ध 16 मामले दर्ज किए गए हैं और 95.85 टन लकड़ी व विरोजे के 480 टिन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने 175 लोगों पर सट्टेबाजी के पर्चे भी दर्ज किए हैं। हालांकि अब बड़ा सवाल यही बनता है कि पुलिस की कार्रवाई से आम जनता अभी तक संतुष्ट नहीं है। हिमाचल पुलिस में राजनेताओं का दखल भी बढ़ता जा रहा है और ऐसी रिपोर्टों में उन घटनाओं या फोन कॉल का जिक्र नहीं होता जिसमें नेताओं द्वारा जांच को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। -

हमीरपुर के युवक चिट्टे सहित गिरफ्तार
क्या चिट्टे की गिरफ्त में है सीएम और केंद्रीय मंत्री का गृह जिलाऊना/सुशील पंडित: चिट्टे पर पुलिस की कार्रवाई में फिर से हमीरपुर के तस्कर गिरफ्तार हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को चिंतपूर्णी थाने की टीम गश्त पर थी। तभी थनिकपुरा, मुक्तसर धर्मशाला के पास एक संदिग्ध की तालाशी लेने पर उससे 11.07 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नादौन के तरकेड़ी गांव के एक युवक के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।वहीं दूसरे मामले में भी ऐसा ही मामला गगरेट थाने में दर्ज हुआ है। गगरेट थाने की एक टीम ने शिवबाड़ी चौक के पास से हमीरपुर की कांगू तहसील के थाई गांव के एक युवक को 4.19 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी हमीरपुर के असंख्य युवक नशे की खेप के साथ पकड़े गए हैं। लेकिन हैरानी की बात यही है कि हिमाचल के सबसे अधिक साक्षरता दर वाले जिले में आखिर चिट्टे जैसा नशा अपनी जगह कैसे बनाता जा रहा है। जबकि यह जिला सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का गृह जिला भी है। इसके अलावा केंद्र की कैबिनेट में शामिल अनुराग ठाकुर भी इसी जिले और इसी संसदीय सीट से लगातार सांसद बनते रहे हैं। -
जालंधरः वकील के घर को चोरों ने बनाया निशाना, 2 लाख की नगदी लेकर चोर फरार, देखें वीडियो
जालंधर, ENS: पृथ्वी नगर नजदीक न्यू देयोल नगर में एडवोकेट के घर को चोरों ने निशाना बनाया। मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित एडवोकेट राजकुमार भगत ने बताया कि वह कचहरी में काम के चलते गए हुए थे। जहां उनका रेनोवेशन का काम चल रहा है। इस दौरान उन्हें दोपहर को फोन आया कि कोई व्यक्ति उनके घर में घुसे हुए है और उनके घर के ताले टूटे हुए है। जिसके बाद इलाका निवासियों ने शोर मचाया तो उक्त चोर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि जब वह घर पहुंचे तो देखा कि मेन गेट के ताले टूटे हुए थे। इस दौरान चोरों ने सब्बल से अलमारी को तोड़ा हुआ था। इस दौरान चोर लाखों की नगदी लेकर पैदल ही फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि 3 चोरों ने घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि उनकी 2 से ढाई लाख की नगदी लेकर चोर फरार हो गए। घटना की सूचना थाना भार्गव कैंप की पुलिस को दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है।
-

ट्रैक्टरों से 14 हजार जुर्माना वसूला
ऊना/सुशील पंडित: ऊऩा पुलिस ने शुक्रवार को अवैध खनन करने के आरोपी तीन ट्रैक्टर चालकों से 145000 रुपए जुर्माने के रूप में वसूले हैं। वहीं ट्रैफिक के नियम तोड़ने वाले 133 वाहन चालकों के भी चालान किए गए। उन में से पांच लोगों से मौके पर ही 2500 रूपए जुर्माना वसूल लिया गया। जबकि सार्वजनिक स्थलों पर धुम्रपान करने वाले 6 लोगों के भी चालान काटे गए और उन लोगों ने 600 रूपए जुर्माने के रूप में भरे हैं। -

गलुआ चौक से बहडाला का सट्टेबाज काबू
ऊना/सुशील पंडित: ऊना पुलिस ने एक सट्टेबाज को गलुआ चौक के पास दबोचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बहडाला गांव के रहने वाले एक व्यक्ति से पुलिस ने शक की बिनाह पर जब पूछताछ की तो उससे दड़ा सट्टा की पर्चियां और 900 रूपए बरामद हुए। सदर थाने में उक्त आरोपी के विरुद्ध जुआ अधिनियम की धारा 13-ए-3-67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -
पंजाबः संदिग्ध परिस्थितियों में मिला नौजवान का श’व, देखें वीडियो
मोगाः जिले के साथ लगते गांव धले के संदिग्ध परिस्थितियों में नौजवान का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय माहना सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि माहना सिंह मोगा में कपड़े की दुकान पर नौकरी करता था और 7 जनवरी को उसने रोजगार के लिए दुबई जाना था। परिजनों ने बताया कि माहना सिंह अक्सर रात को कई बार घर नहीं जाता था। उन्होंने कहा कि घर के हलात को देखते हुए वह विदेश में रोजगार के लिए जाने की तैयारी कर रहा था। गांव की मेंबर पंचायत कमलजीत कौर ने बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली कि नौजवान की लाश खून से लथपथ पड़ी हुई थी। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। शक जताया जा रहा है कि उसका कतल किया गया है।
वहीं जानकारी देते हुए पुलिस कर्मचारी रशपाल सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली थी की सड़क पर नौजवान की लाश पड़ी हुई। जिसकी पहचान माहना सिंह के नाम से गांव धले के रूप में हुई है। पुलिस ने कहाकि अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है कि मृतक का एक्सीडेंट हुआ है या कतल किया गया है।
-

चिंतपूर्णी में रेहड़ी वालों पर कार्रवाई जारी
ऊना/सुशील पंडित: चिंतपूर्णी में रेहड़ी फड़ी वालों पर प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को भी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय कुमार पुत्र मदन लाल, निवासी चिंतपूर्णी नारी, तहसील अम्ब ने अपनी रेहड़ी फड़ी सड़क के बीच में लगा रखी थी जिससे आम जनता को आने-जाने व यातायात में बाधा उतपन्न हो रही थी। पुलिस ने उक्त रेहड़ी वाले के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 283 के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। -

दो परिवारों में झगड़ा, दोनों पक्षों पर क्रॉस पर्चे
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ के रायपुर मैदान के निकट परोईयां गांव में दो परिवारों में शुक्रवार को झगड़ा हो गया। मारपीट और गाली गलौच के बाद जब दोनों पक्ष बंगाणा थाना पहुंचे तो पुलिस ने दोनों के ऊपर एफआईआर कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार किसी पुराने विवाद के चलते शुक्रवार की सुबह परोइयां गांव में कविता देवी पत्नी सुरेंद्र कुमार, केशव कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार, इंद्रपाल कौर पत्नी केशव कुमार का झगड़ा निर्मला देवी पत्नी पुरुषोत्तम दास से हो गया।पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 323, 504, 34 के अधीन मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पा रहा है कि असल में पीड़ित पक्ष कौन सा है क्योंकि पुलिस आजकल हर दूसरे तीसरे मामले में पीटने वाले के साथ साथ पिटने वाले के विरुद्ध भी मामला दर्ज करती जा रही है। जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी कई प्रश्न चिन्ह लगते हैं। फिलहाल मामले की जांच चल रही है और जल्द मामला कोर्ट में पहुंच जाएगा। -
पंजाबः लड़की के परिजनों ने युवक पर तेजधार हथियार से किया हमला, हालत गंभीर, देखें वीडियो
अबोहरः युवती को भगाकर उससे शादी करने से गुस्साए लड़की के परिजनों ने आज कुछ युवकों संग मिलकर पंजपीर नगर रहने वाले लड़के पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में उसके कई अंग बुरी तरह से कट गए। जिसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक इलाज के बाद अमृतसर के अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। वहीं घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। जानकारी के अनुसार युवक विजय कुमार की मां व भाई ने बताया कि विजय ने करीब 10 दिन पहले ही जम्मू बस्ती निवासी एक लड़की से प्रेम प्रसंगों के चलते उसे भगाकर उसके साथ गुरूद्वारा साहिब में शादी की थी।
बताया जा रहा है कि लड़की के परिवार वाले इस शादी से खुश नहीं थे। इसके बाद लडकी वालों के दबाव में आकर गत दिनों पंचायत हुई तो पुलिस की मौजूदगी में उनकी बेटी को उसके मायके वालों के हवाले कर दिया गया, लेकिन परिवार वाले मन में रंजिश रखे हुए थे। परिजनों ने आरोप लगाए है कि आज जब उनका बेटा सीडफार्म में किसी काम से जा रहा था तो 15 से 20 लड़कों ने उसे घेर लिया और उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे अधमरा कर छोड़कर फरार हो गए। जिसे आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे अमृतसर में रैफर कर दिया गया।
-
शीघ्र आरंभ होगा 52 करोड़ से बनने वाले पंडोगा-तयूड़ी पुल का निर्माण कार्य: मुकेश अग्निहोत्री
ऊना/सुशील पंडित: हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 25 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कौशल विकास केंद्र पालकवाह का संचालन ट्रिपल आईटी सलोह द्वारा किया जाएगा तथा यहां पर विभिन्न व्यवसायों के विषय में पूरे प्रदेशवासियों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव अप्पर पंडोगा में आदर्श पब्लिक हाई स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में उपास्थित विद्यार्थियों, अभिवावकों तथा अध्यापकों को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार तथा ढांचागत विकास के लिए प्रदेश सरकार अनेक सार्थक कदम उठा रही है तथा गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा में समान अवसर प्रदान करने के लिए हर संभव मदद मुहैया करवा रही है।
उन्होंने कहा प्रदेश सरकार के प्रयासों से हरोली विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा हब के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा इस क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं को निरंतर स्तरोन्नत किया जा रहा है ताकि विकास के अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी जिला ऊना को विशेष पहचान प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि करीब दो दशक पूर्व विकास की दृष्टि से पिछड़ा कहे जाने वाला जिला ऊना का हरोली विधानसभा क्षेत्र आज विकास के हर मामले में न केवल हिमाचल प्रदेश में बल्कि देश के अग्रणी विधानसभा क्षेत्रों में शुमार है जिसका श्रेय इस क्षेत्र की जनता को भी जाता है जिनके निरंतर समर्थन व सहयोग से उन्हें लगातार पांचवीं बार हरोली विधानसभा क्षेत्र में जन सेवा करने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि एक ओर जहां दो दशक पूर्व हरोली विधानसभा क्षेत्र में केवल चार वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थे, वहीं आज हरोली विधानसभा क्षेत्र में 33 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दो औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, एक केंद्रीय विद्यालय तथा तीन महाविद्यालय क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव सलोह में 150 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) की बदौलत इस क्षेत्र को देश व दुनिया में विशेष पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की बदौलत आज हरोली विधानसभा क्षेत्र शिक्षा का हब बनने की और अग्रसर है तथा इसका सबसे अधिक फायदा क्षेत्र की बेटियों को मिला है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में स्थापित हिमकैप्स लॉ एंड नर्सिंग कॉलेज बढेड़ा का भी जिला ऊना के साथ-साथ प्रदेश भर में विशेष स्थान है जहां से कानून तथा नर्सिंग की पढ़ाई करने बाले बच्चे देश व दुनिया में इस क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में एक ओर जहां पिछली पीढ़ी के अधिकतर लोग अशिक्षित अथवा बहुत ही कम पढ़े लिखे थे, वहीं वर्तमान में इस क्षेत्र के युवक-युवतियां डॉक्टर, इंजीनियर, न्यायाधीश, वकील तथा नर्सिंग ऑफिसर बनकर इस क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पेशेवर, तकनीकी तथा व्यवसायिक शिक्षा में आज हरोली की विशेष पहचान है तथा यहां से उच्च शिक्षित लोग देश के हर कोने में अपनी योग्यता का लोहा मनवा रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि स्थाई सफलता व्यक्ति को केवल निरंतर परिश्रम व प्रयासों से ही हासिल हो सकती है। इसलिए विद्यार्थियों को अपने जीवन में कठिन परिश्रम के साथ-साथ निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए, तभी निर्धारित लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे जीवन में कभी भी नशा न करने का संकल्प लें तथा इसके बारे में अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन द्वारा नशा मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा जन सहयोग द्वारा इसके शत-प्रतिशत लक्ष्यों को हासिल किया जाएगा।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 52 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले पंडोगा- तयूड़ी पुल का निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा तथा इसे रिकॉर्ड अवधि में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग 12 करोड़ पर की लागत से क्षेत्र के नलकूपों का विद्युतीकरण संबंधी कार्य किया जा रहा है इसके अलावा 70 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली बीत सिंचाई योजना-2 के निर्माण कार्य को भी शीघ्र आरंभ किया जाएगा। पंडोगा से पंजाबर तक बनने वाली सड़क पर लगभग 13 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं तथा हरोली विधानसभा क्षेत्र के 10 महत्वपूर्ण स्थान पर आधुनिक चौंक निर्मित किया जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने विद्यालय के शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के आयोजन के लिए स्कूल प्रशासन को बधाई दी तथा स्कूल की निरंतर उन्नति व बेहतरी के लिए शुभकामनाएं दी।इससे पूर्व विद्यालय परिसर में पहुंचने पर विद्याालय प्रशासन, विद्यार्थियों तथा अध्यापकों द्वारा उपमुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इसके पश्चात आदर्श पब्लिक हाई स्कूल की प्रधानाचार्या रजनी शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा विद्यालय की सालाना रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्थानीय विद्यालय के चेयरमैन अशोक ठाकुर व प्रबंध निदेशक रविन्द्र ठाकुर ने भी समारोह में अपने विचार रखे तथा आदर्श पब्लिक हाई स्कूल के संबंध में अपने अनुभव सांझा किये। समारोह में स्थानीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उपमुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रोत्साहन के लिए विद्यालय को अपनी ऐच्छिक निधि से 31 हजार रुपए देने की घोषणा की।समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, हरोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अशोक ठाकुर, कांग्रेस पार्टी ओबीसी सेल के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, सुरेश धीमान क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम, स्थानीय विद्यालय के प्रबंध निदेशक रविन्द्र ठाकुर व प्रधानाचार्य रजनी शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।