Blog

  • पंजाबः स्कूल से लौटते समय ASI​​​​​​​ के बेटे पर हमलावारों ने किया हमला, दी जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

    लुधियानाः खन्ना में लक्की मेडिकोज रत्नेड़ी रोड के पास स्कूल से पेपर देकर लौटते समय हमलावारों ने एएसआई सुखदेव सिंह के बेटे पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने एएसआई के बेटे समरदीप सिंह को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिसमें एक हमलावर की पहचान परगट सिंह पग्गी निवासी बूथगढ़ के तौर पर हुई। तीन हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। सिटी थाना में चार के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है।

    सुखदेव सिंह का बेटा समरदीप सिंह चीमा सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल रत्नहेड़ी रोड खन्ना में 9वीं कक्षा का छात्र है। वह पेपर देने के बाद घर को वापस जाने लगा तो लक्की मेडिकोज रत्नेड़ी रोड के पास परगट सिंह समेत तीन अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया। उससे मारपीट की गई। मुंह पर थप्पड़ मारे गए। टांगों से पेट पर हमला किया। सिर में घूंसे मारे गए। हमलावर उसे धमकी दे रहे थे कि अगर बूथगढ़ गांव में या इस रास्ते में दिखाई दिया तो जान से मार दिया जाएगा।

    शिकायतकर्ता के अनुसार वह शहर के मध्य गुरु हरिकृष्ण नगर में रहता है। शहर में ट्रैफिक ज्यादा होने के चलते वह स्कूल के साथ लगते गांव बूथगढ़ वाली सड़क पर स्कूटी सीखता है। इसी रंजिश में उस पर हमला किया गया। कुछ समय पहले नशा तस्करों को पकड़ते समय स्पेशल ब्रांच के एएसआई एवं समरदीप के पिता सुखदेव सिंह पर नशा तस्करों ने हमला कर दिया था तो एएसआई ने बहादुरी से सामना किया था। जान की परवाह न करते हुए नशा तस्करों को दबोचने की पूरी कोशिश की थी और इसके बाद वहां मौजूद पुलिस टीम ने पीछा कर नशा तस्करों को पकड़ लिया था। इस बहादुरी के चलते एएसआई सुखदेव सिंह को डीजीपी डिस्क से सम्मानित भी किया गया था।

  • उपायुक्त जतिन लाल ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक

    ऊना/ सुशील पंडित : जिला मुख्यालय ऊना में ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज विभाग द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों व योजनाओं की त्रैमासिक समीक्षा बैठक उपायुक्त जतिन लाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, सांसद आदर्श ग्राम योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0, जिला प्रशासन की पहल के तहत किए जाने वाले कार्यों तथा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ऊना ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विकास कार्यों को न्यूनतम समय सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।


    उन्होंने कहा कि अधिकारी जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा समूचे जिला ऊना में ठोस कचरा प्रबंधन के लिए एक विस्तृत योजना तैयार करें ताकि पूरे जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर से कूड़ा एकत्रित करने की व्यवस्था को कायम किया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं से नशे व मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल की लत छुड़वाने के लिए उन्हें खेल गतिविधियों के अवसर प्रदान करने की आवश्यकता है। इसलिए सभी अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदानों तथा खेल गतिविधियों के विकास पर विशेष बल दें ताकि युवा पीढ़ी को खेल गतिविधियों से जोड़ा जा सके। उपायुक्त ने जानकारी दी कि मनरेगा के अंतर्गत जिला ऊना में फरवरी 2024 तक 1142009 कार्य दिवस उत्पन्न किए गए हैं जो कि दिए गए निर्धारित लक्ष्य का 110 प्रतिशत है।


    प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस (ग्रामीण) के तहत वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान जिला में 113 आवासों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया था जिसमें से 111 पूर्ण कर लिए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस (ग्रामीण) के तहत वित्त वर्ष 2023 24 के दौरान प्राकृतिक आपदा के कारण लोगों के घरों को हुए नुकसान के लिए 517 आवास आवंटन का लक्ष्य रखा गया था तथा सभी 517 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत विकासखंड ऊना की ग्राम पंचायत चताड़ा के लिए 26 कार्य स्वीकृत किए गए हैं जिनमें से 12 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं जबकि 11 कार्य प्रगति पर है।


     राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिला ऊना के 1440 स्वयं सहायता समूह को 19 करोड़ रुपए की राशि आवंटित करने का लक्ष्य रखा गया था जिसमें से 656 स्वयं सहायता समूहों को 14 करोड़ 98 लाख रुपए आवंटित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वित्त वर्ष 2022-23 में सभी 75 आवास तथा वित्त वर्ष 2023 24 में सभी 23 आवास सवीकृत किया जा चुके हैं। मुख्यमंत्री लोक भवन योजना के तहत जिला में 9 लोक भवन स्वीकृत हुए हैं जिनमें से 8 का कार्य आरंभ कर दिया गया है।


    बैठक में जिला योजना के तहत किए जा रहे कार्यों के अलावा जिला में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तहत आयोजित की जा रही गतिविधियों वारे भी विस्तृत चर्चा की गई तथा इस विषय में उपायुक्त ऊना संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर, जिला पंचायत अधिकारी नीलम कटोच, खंड विकास अधिकारी बंगाना सुभाष अतरी, खंड विकास अधिकारी ऊना केएल वर्मा, खंड विकास अधिकारी हरोली वीरेंद्र कौशल, खंड विकास अधिकारी अंब ओमपाल डोगरा, खंड विकास अधिकारी गगरेट तविंदर चिनौरिया, एलडीएम ऊना जीसी भट्टी सहित सहित ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारियों में उपस्थित थे।

  • कैबिनेट विस्तार: 4 नए मंत्री योगी सरकार में होंगे शामिल

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कैबिनेट विस्तार हुआ। जहां आज 4 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्रियों की संख्या बढ़कर अब 22 हो गई है। मंगलवार को राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर, राष्ट्रीय लोकदल के नेता अनिल कुमार, भारतीय जनता पार्टी के नेता दारा सिंह चौहान और सुनील कुमार शर्मा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौजूद थे। 

    कैबिनेट विस्तार से पहले SBSP के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा, ‘ये बड़ी ज़िम्मेदारी है। प्रदेश में गरीब, दलित, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार कटिबद्ध है।’ आरएलडी विधायक अनिल कुमार  ने कहा, ‘मैं पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी, पीएम मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देता हूं। मुझे जो भी जिम्मेदारियां दी जाएंगी, मैं उसे निभाऊंगा।’

    वहीं  डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, ‘आज कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। जो लोग आज मंत्री बनने जा रहे हैं उन्हें मेरी शुभकामनाएं.’ स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि नए मंत्रियों को मेरी शुभकामनाएं। जब भी सपा-बसपा सत्ता में आई, उन्होंने लोगों को लूटा है। बीजेपी सत्ता में आने पर गरीबों की सेवा करती है। कानून का राज है, सुरक्षा है, निवेशक और बेहतर सड़कें, हवाई संपर्क है।

  • पंजाबः मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई खूनी झड़प, चलें ईंट-पत्थर, देखें वीडियो

    तरनतारनः विधानसभा क्षेत्र के गांव खेमकरण में मामूली विवाद के चलते 2 पक्षों में खूनी झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। बताया जा रहा है कि एक घर में भी तोड़फोड़ की गई। मामले की जानकारी देते हुए तारा सिंह के परिवार ने बताया कि हीरा सिंह पक्ष के लोगों ने आकर उनके घर पर हमला कर दिया। उनका कहना था कि उनके लड़के उनके घर के बाहर खड़े रहते हैं और दूसरा पक्ष इसका विरोध करता है। इस मौके पर लवप्रीत सिंह ने कहा कि दूसरा पक्ष उनसे बार-बार बिना बात के झगड़ा करता था और इससे पहले भी वे दो बार राजीनामा कर चुके हैं। उन्होंने अपने घर पर हुए हमले की वीडियो मीडिया के समक्ष रखकर हमलावारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

    इस मामले में दूसरे पक्ष के हीरा सिंह ने बताया कि उक्त दूसरे पक्ष का गोपी नाम का लड़का अक्सर उनके खेत में काम करने के दौरान गलत इशारे करता है और गलत टिप्पणी करता है। जिसके कारण जब हमने उसे रोका तो उसने हम पर हमला कर दिया। आरोप है कि इन्हीं व्यक्तियों ने उनकी जमीन से सटी सरकारी जमीन पर कब्जा किया हुआ है। इस मौके पर लखविंदर सिंह फौजी ने कहा कि इससे पहले हमारा दो बार आपसी राजीनामा हो चुका था, लेकिन दूसरा पक्ष बार-बार उनसे झगड़ा करता था। इस संबंध में थाना मुखी भिखीविंड के प्रभारी मोहित कुमार ने कहा कि उन्हें दोनों पक्षों से शिकायत मिली है, मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

  • पंजाब: फिर से SAD-संयुक्त का हुआ विलय 

    अमृतसर: लोकसभा चुनाव से पहले सुखदेव सिंह ढींडसा के नेतृत्व वाले अकाली दल का शिरोमणि अकाली दल में विलय हो गया है। इस मौके पर सुखदेव सिंह ढींडसा चंडीगढ़ स्थित निवास पर शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल पहुंचे। सुखबीर बादल ने सुखदेव सिंह ढींढसा को प्रकाश सिंह बादल का पद देते हुए पार्टी सरपरस्त घोषित कर दिया है। सुखबीर बादल ने कहा कि पहले पार्टी प्रकाश सिंह बादल की छत्र-छाया में आगे बढ़ रही थी। अब वे नहीं हैं। इसलिए आप (सुखदेव ढींडसा) सरपरस्त की सेवा संभाल पार्टी को आगे बढ़ाओ।

    सुखबीर बादल ने कहा कि हमारा एक्सपीरिएंस इतना नहीं है, जितना हमारे बुजुर्गों का है। वहीं सुखदेव ढींढसा ने कहा कि अभी चुनाव आने वाले हैं, इसलिए वे अभी पार्टी में अपने नेताओं के लिए पद नहीं चाहते हैं। चुनावों के बाद बैठ कर अकाली दल संयुक्त के नेताओं को उचित पद दिए जाएंगे। सुखदेव सिंह ढीडसा ने कहा कि बीते साल दिसंबर में सुखबीर बादल ने श्री अकाल तख्त साहिब के सनमुख होकर माफी मांगी थी। ये माफी उन्होंने दिल से मांगी थी। इसके बाद ही उन्होंने पार्टी का अकाली दल से विलय का मन बनाया था।

    इसके लिए पांच सदस्य टीम गठित की गई, जिसने पूरे प्रदेश में घूम इस पर राय ली। सभी यही चाहते हैं कि पार्टी एक होकर आगे चले। सुखदेव सिंह ढींडसा ने कहा कि उनकी पार्टी की जिला इकाई के नेताओं ने उनकी बात को माना, इसलिए वे उनका धन्यवाद करते हैं। सुखबीर बादल ने उनकी उन बातों को मान लिया है, जिसके चलते दूरियां पैदा हुई थी। अब दोनों पार्टियां एक हैं और इंटरनल बैठ कर अगली रणनीति तैयार होगी।

    संगरूर से परमिंदर ढींडसा लड़ सकते हैं चुनाव सुखदेव सिंह ढींडसा के बेटे परिमदर सिंह 2012-2017 में पिछली अकाली दल-भाजपा सरकार में वित्त मंत्री थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, परमिंदर ढींडसा को जल्द ही संगरूर लोकसभा सीट से अकाली दल अपना उम्मीदवार घोषित कर सकता है। हालांकि, आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पर कोई बातचीत नहीं की गर्ठ। पार्टी की सीनियर लीडरशिप इस पर विचार भी कर रही है और विलय के बाद भाजपा से गठजोड़ का रुख साफ होने पर इसकी घोषणा भी कर सकती है।

  • माउथ फ्रेशनर मामले में रेस्टोरेंट का मैनेजर गिरफ़्तार

    गुरुग्रामः माउथ फ्रेशनर मामले में पहली गिरफ्तारी हुई है। माउथ फ्रेशनर के तौर पर ड्राई आइस देने वाले रेस्तरां मैनेजर को गिरफ़्तार कर लिया गया है। दरअसल  कैफे में खाना खाने के बाद कुछ लोगों का माउथ फ्रेशनर खाया था। उसके बाद उन्‍हें खून की उल्‍टी होने लगी। साथ ही इन लोगों ने मुंह में जलन की शिकायत भी की। इन सभी पांचों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में पीड़ितों की शिकायत के आधार पर कैफे मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब रेस्तरां मैनेजर को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है।

    गुरुग्राम की पुलिस टीम ने इस मामले में एक्शन लेते हुए सफायर 90 लॉ फोरस्ता रेस्टोरेंट के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मैनेजर का नाम गगनदीप सिंह है, वह दिल्ली के कीर्ति नगर का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रेस्तरां के स्टाफ द्वारा ऑफर की गई ड्राई आईस की वजह से ही 5 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। वहीं पुलिस ने बताया कि अस्पताल में भर्ती 5 लोगों में से तीन को डिस्चार्ज कर दिया गया है और 2 लोगों का इलाज अब भी चल रहा है। आरोपी मैनेजर को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

    बता दें कि अंकित कुमार अपनी पत्नी और दोस्तों के साथ गुरुग्राम के सेक्टर 90 स्थित लाफोरेस्टा कैफे में खाना खाने गए थे। अंकित कुमार ने कैफे के अंदर की एक वीडियो रिकॉर्डिंग की है, जिसमें उनकी पत्‍नी और सभी दोस्‍त दर्द और परेशानी के कारण रोते और चिल्‍लाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक शख्‍स ने कैफे के फर्श पर उल्टी कर देता है और एक महिला उसके मुंह में बर्फ डालती है और बार-बार कहती है, “यह जल रहा है।”

  • महाशिवरात्रि पर इस बार बन रहा है अद्भुत संयोग

    नई दिल्ली : हिंदू धर्म में हर साल फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि मनाई जाती है। इसदिन देवों के देव महादेव की पूजा-आराधना का बड़ा महत्व है। महाशिवरात्रि का पर्व इस बार 8 मार्च दिन शुक्रवार को मनाया जाएगा। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार महाशिवरात्रि तिथि के दिन भगवान शिव और जगत जननी माता पार्वती का विवाह हुआ था। आध्यात्मिक पथ पर चलने वाले भक्तों के लिए यह व्रत बहुत महत्व रखता है। इस बार महाशिवरात्रि पर त्रयोदशी वृद्धा चतुर्दशी तिथि का संयोग है। इसमें त्रयोदशी तिथि या प्रदोष व्रत का आरंभ करना बहुत शुभ रहता है। अगर आप पहली बार महाशिवरात्रि का व्रत करने जा रहे हैं तो यह संयोग बेहद कल्याणाकारी रहेगा।

    भगवान शिव की असीम कृपा प्राप्त होती है और धन धान्य, सुख समृद्धि में वृद्धि रहती है। महाशिवरात्रि पर बन रहे इस दुर्लभ संयोग के बारे में जानते है। महाशिवरात्रि पर शिव योग का शुभ संयोग बन रहा है। अगर आप प्रदोष तिथि या चतुर्दशी तिथि का व्रत का आरंभ करना चाहते हैं तो शिव योग का उत्तम फल मिलेगा। शिव योग तंत्र या वामयोग भी कहा जाता है। शिव का अर्थ है अनंत और योग का मतलब है जुड़ना अर्थात उन अनंत से जुड़ने को शिव योग कहते हैं। इसलिए इस योग में प्रदोष तिथि या चतुर्दशी तिथि का व्रत का आरंभ करने से सभी परेशानियां दूर होती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

    शिव योग को शिवकृपा के लिए उत्तम योग माना गया है। महाशिवरात्रि पर इस बार सर्वार्थ सिद्धि योग भी बन रहा है। अगर प्रदोष तिथि या चतुर्दशी तिथि का व्रत का आरंभ करना चाहते हैं सर्वार्थ सिद्धि योग शुभ फल प्राप्त होता है। मान्यता है कि इस योग में किया गया कोई भी कार्य निश्चित रूप से सफल होता है। इस योग में भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है और सभी कार्य सिद्ध हो जाते हैं। इसलिए अगर आप प्रदोष तिथि या चतुर्दशी तिथि का व्रत का आरंभ करना चाहते हैं तो यह योग आपके हर कष्ट को हर लेगा। साथ ही आप जिस उद्देश्य से व्रत रखते हैं उसमें सफलता पाएंगे।

  • पंजाबः किसानों ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करने का किया ऐलान, देखें वीडियो

    अमृतसरः किसानों ने अब विधानसभा के बाहर काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यह ऐलान किसान नेता बलदेव सिंह ने किया है। दरअसल, ब्यास नदी का प्रवाह बदलने वाले डेरा मुखी गुरिंदर सिंह ढिल्लो के खिलाफ बलदेव सिंह ने एक बार फिर से बड़ा मोर्चा खोलने का ऐलान किया हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायक करने के बावजूद ढिल्लो के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिसके चलते अब वे विधानसभा सत्र के दौरान काले कपड़े पहनकर पंजाब सरकार के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे। बलदेव सिंह सरसा ने कहा कि उन्होंने काफी समय से माननीय अदालत का सहारा लेकर ब्यास के मुखी के खिलाफ उनका अभियान शुरू किया है और जब तक ब्यास नदी पर उनका जबरन कब्जा रहेगा तब तक हम ब्यास के मुखी के खिलाफ मोर्चा नहीं छोड़ेंगे। 

    ब्यास नदी पर कब्जे को लेकर अब किसान नेता बलदेव सिंह सारसा ने कहा कि प्रशासन व पुलिस प्रशासन को बार-बार पत्र लिखने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि इस मामले में सबसे बड़ा कारण यह है कि गुरिंदर सिंह ढिल्लो राजनीतिक शह हैं। उन्होंने कहा कि डेरा मुखिया द्वारा पंजाब के लोगों के साथ धक्का दिया जा रहा है और उसी तरह का धक्का आम लोगों को गुरमीत राम रहीम द्वारा किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि हमने पंजाब सरकार को कई बार पत्र लिखा है और उन पत्रों का हमें कोई जवाब नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो हम विधानसभा के बाहर काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। किसान नेता ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो हम किसानों के साथ मिलकर गुरिंदर सिंह ढिल्लो के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। 

    यहां उल्लेखनीय है कि ब्यास नदी के प्रवाह को ब्यास नदी के प्रधान गुरिंदर सिंह ढिलो द्वारा बदलने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके संबंध में बलदेव सिंह सरसा ने कुछ दिन पहले ब्यास दरवाजा का दौरा कर उसका निरीक्षण किया था। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचित किया गया था। उनका आरोप है कि लेकिन आज एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा गुरिंदर सिंह ढिल्लो के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद किसानों द्वारा विधानसभा के बाहर काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन करने की बात सामने आ रही है, अब देखना होगा कि सरसा के आह्वान पर या राजनीतिक दबाव में कितने किसान विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हैं।

  • पंजाबः सासंद बिट्टू, पूर्व मंत्री आशु सहित कई लोगों को भेजा जेल, कल दोबारा होगी कोर्ट में पेशी, देखें वीडियो

    लुधियानाः नगर निगम को ताला लगाने के मामले में थाना कोतवाली में एफआईआर 353 186, के तहत लोकसभा सासंद रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु, पूर्व नेता संजय तलवार, शाम सुंदर मल्होत्रा ​​को को 14 दिन के जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक दिन के लिए बेल नोटिस पर भेजा है। इस दौरान कल दोबारा सभी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी सभी को मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने सांसद बिट्‌टू, आशू, श्याम सुंदर और तलवाड़ को हिरासत में ले लिया। उन्हें ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास तानिश गोयल की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है, जबकि उनकी जमानत पर कल यानी 6 मार्च को फैसला होगा।

    पुलिस ने बताया कि इन नेताओं ने कुछ दिन पहले नगर निगम के ऑफिस को ताला लगाया था। इस पर उनके खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की गई थी। इसके बाद नेताओं ने इस केस में गिरफ्तारी देने का ऐलान किया था। मंगलवार को सांसद बिट्‌टू, श्याम सुंदर, संजय तलवाड़ और भारत भूषण आशू समेत भारी संख्या में समर्थक डीसी ऑफिस के बाहर पहुंचे। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस समर्थकों के बीच जमकर हंगामा हुआ। बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई। जिसमें पुलिसकर्मियों की पगड़ियां तक उतर गईं।

  • बाइक सवार हमलावर ने नेता को मारी गोली, मौके पर मौत

    नई दिल्ली : छतरपुर शहर में 2023 विधानसभा चुनाव में असफल रहने वाले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता महेंद्र गुप्ता की सोमवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि महेंद्र गुप्ता को सागर रोड पर एक मैरिज गार्डन के पास सिर में गोली मारी गई। एसपी सांघी ने कहा- गोली लगने से गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई।

    वहीं आरोपी अपराध स्थल से भाग गया। उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे है। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।  जानकारी के मुताबिक ईशानगर कस्बे के निवासी महेंद्र गुप्ता ने 2023 का विधानसभा चुनाव बिजावर सीट से बसपा के टिकट पर लड़ा था और 10,400 वोट हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया था। गुप्ता के निजी सुरक्षा गार्ड अब्दुल मंसूरी ने कहा कि उन्हें मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति ने गोली मार दी।

    बकौल मंसूरी ने कहा कि जब तक वह जवाबी कार्रवाई करने के लिए अपनी राइफल लोड कर पाता, तब तक हमलावर भाग गया।  मंसूरी ने कहा कि मैंने हमलावर को देखा है और उसे पहचान सकता हूं। घटना के वक्त बसपा नेता महेंद्र गुप्ता एक शादी समारोह में शामिल होने छतरपुर आए थे।