Blog
-

एफ.आई.आई द्वारा वैश्विक स्तर पर भारत के उद्यमियों को मिला मंच, थाईलैंड दौरे से खुले व्यापार के नए मार्ग – डॉ दीपक जैन
एफ.आई.आई द्वारा वैश्विक स्तर पर भारत के उद्यमियों को मिला मंचविदेशी कार्यप्रणाली को समझने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ-राजेंद्र खिमेसरा बद्दी/सचिन बैंसल: भारत के अग्रणी उद्योग संगठन, फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (एफआईआई) ने देश के उद्यमियों के लिए वैश्विक व्यापार और निवेश के नए द्वार खोल दिए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ उद्यमी डॉ. दीपक जैन के नेतृत्व में आयोजित थाईलैंड के सुनियोजित औद्योगिक दौरे ने उत्तर भारत और विशेषकर हिमाचल के उद्यमियों की सोच को एक नई दिशा दी है। अब तक स्थानीय स्तर पर सीमित रहे उद्यमियों को इस अंतरराष्ट्रीय भ्रमण के माध्यम से अपनी व्यापारिक सीमाओं को विस्तार देने और विदेशी कार्यप्रणाली को समझने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी डा रणेश राणा ने बताया कि इस औद्योगिक अध्ययन दौरे का सफल समन्वय एफआईआई थाईलैंड के अध्यक्ष राजेंद्र खिमेसरा द्वारा किया गया। दौरे की शुरुआत भारतीय उच्चायोग में भव्य स्वागत के साथ हुई, जहां थाईलैंड में भारत के राजदूत नागेश सिंह ने उद्यमियों को थाईलैंड की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। इस संवाद ने उद्यमियों को थाईलैंड में निवेश की संभावनाओं और वहां की औद्योगिक नीतियों को समझने का एक ठोस आधार प्रदान किया। आयात निर्यात पर हुई व्यापक चर्चा- भ्रमण के दौरान आयात-निर्यात और द्विपक्षीय व्यापार पर गहन चर्चा हुई। एफआईआई के राष्ट्रीय महासचिव उदितेन्दु वर्मा ने बताया कि संगठन, जो विश्व के 62 देशों में सक्रिय है, ने दूसरी बार सूक्ष्म और मध्यम उद्यमियों को एक ऐसा सशक्त मंच दिया है जहाँ वे सीधे विदेशी संस्थाओं से संवाद कर सकें। इस दौरान, थाईलैंड बोर्ड ऑफ इन्वेस्टमेंट, फेडरेशन ऑफ थाई इंडस्ट्रीज, इंडिया थाई चैम्बर ऑफ कॉमर्स और फार्मा एसोसिएशन थाईलैंड के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें हुईं, जिसमें दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग और तकनीक साझा करने पर सहमति बनी। थाईलैंड की औद्योगिक उत्कृष्टता, विशेषकर गुणवत्ता नियंत्रण और 100 फीसदी पर्यावरण संरक्षण मानकों (कांपलॉयेंस) के पालन ने भारतीय दल को खासा प्रभावित किया। उद्यमियों ने सीखा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण क्या है और वहां नए उद्योग स्थापित करने की क्या औपचारिकताएं हैं। सांस्कृतिक सेतू भी बना- व्यापारिक विमर्श के साथ-साथ यह दौरा सांस्कृतिक सेतु भी बना। थाईलैंड के हिंदू मंदिर समितियों द्वारा एफआईआई दल का भव्य स्वागत किया गया, वहीं डॉ. दीपक जैन ने थाई हस्तियों को हिमाचली टोपी और अंग वस्त्र भेंट कर भारतीय संस्कृति से रूबरू करवाया। इस दो दर्जन सदस्यीय दल में महिला उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी ने महिला सशक्तिकरण का भी संदेश दिया। -

नक़्शे के लिए ऑफिस जाने की ज़रूरत नहीं, आर्किटेक्ट ही दे पायेंगे अनुमति : आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर
मकान बनाने वालों को बड़ी सुविधा
ऊना/सुशील पंडित: 500 वर्ग मीटर तक के आवासीय भवनों की योजना अनुमति के लिए अब नगर निगम कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। यह अनुमति पंजीकृत प्राइवेट आर्किटेक्ट्स द्वारा दी जा सकती है। नगर निगम ऊना के आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि लोगों की सुविधा और समय की बचत के लिए राज्य सरकार ने यह व्यवस्था पहले ही लागू कर रखी है।
आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार के नगर एवं ग्राम योजना विभाग की 15 सितम्बर, 2022 की अधिसूचना के तहत हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम योजना अधिनियम, 1977 की धारा 77 के अंतर्गत निदेशक, नगर एवं ग्राम योजना की शक्तियां पंजीकृत प्राइवेट प्रोफेशनल्स को हस्तांतरित की गई हैं। इसके अनुसार राज्य के सभी अधिसूचित योजना क्षेत्रों, विशेष क्षेत्रों, शहरी स्थानीय निकायों और हिमाचल प्रदेश शहरी विकास प्राधिकरण की कॉलोनियों में आवासीय उपयोग के लिए 500 वर्ग मीटर तक के प्लॉट पर भवन योजना का अनुमोदन पंजीकृत प्राइवेट आर्किटेक्ट्स कर सकते हैं। यह अधिसूचना राज्य राजपत्र में प्रकाशित है।
उन्होंने बताया कि आवेदनकर्ता को नगर एवं ग्राम योजना विभाग में पंजीकृत प्राइवेट आर्किटेक्ट या अभियंता के माध्यम से निर्धारित ऑनलाइन व्यवस्था के तहत ही योजना अनुमति लेनी होगी। ऐसे मामलों में नगर निगम कार्यालय से अलग से कोई अनुमति जारी नहीं की जाती।
महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए निगरानी व्यवस्था भी लागू है। नियमानुसार स्वीकृत मामलों का निरीक्षण नगर एवं ग्राम योजना विभाग और संबंधित शहरी स्थानीय निकायों द्वारा किया जाता है। यदि कहीं भी स्वीकृत योजना से हटकर निर्माण या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में योजना अनुमति निरस्त की जा सकती है और संबंधित पंजीकृत प्राइवेट प्रोफेशनल का पंजीकरण भी रद्द किया जा सकता है। निर्माण स्थल पर स्वीकृत योजना से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित करना और निर्माण कार्य को पूरी तरह अनुमोदित मानचित्र के अनुसार करना अनिवार्य होगा।
आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि 500 वर्ग मीटर तक के आवासीय भवनों की योजना अनुमति के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर न लगाएं और पंजीकृत प्राइवेट आर्किटेक्ट्स के माध्यम से ही आवेदन करें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आम लोगों को समयबद्ध और सरल सेवाएं देने की दिशा में उठाया गया कदम है।
-

Jalandhar News: 20 हजार रुपए रिश्वत लेते वन विभाग के गार्ड सहित दर्शन सिंह गिरफ्तार
जालंधर, ENS: विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत वन विभाग के गार्ड कुलदीप सिंह और दिहाड़ीदार दर्शन सिंह मेठ को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वन रेंज कार्यालय नकोदर, जिला जालंधर में तैनात थे।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपियों को गांव संघोवाल, सब-तहसील महितपुर, जिला जालंधर के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता मजदूर के रूप में काम करता है और जब उसका घरेलू गैस सिलेंडर खत्म हो गया, तो वह घरेलू उपयोग के लिए महितपुर–जगराओं सड़क के किनारे लगे पेड़ों से लकड़ी के छोटे टुकड़े एकत्र कर रहा था। इसी दौरान वन विभाग के गार्ड कुलदीप सिंह और दिहाड़ीदार दर्शन सिंह मेठ मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता को धमकाया कि उसके खिलाफ सरकारी लकड़ी चोरी का मामला दर्ज किया जाएगा तथा उसका मोटरसाइकिल जब्त कर लिया गया।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि इसके बाद शिकायतकर्ता ने दर्शन सिंह मेठ से संपर्क किया, जिसने उसे बताया कि कुलदीप सिंह मोटरसाइकिल छोड़ने के बदले 20,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता द्वारा बार-बार अनुरोध करने के बावजूद दर्शन सिंह और कुलदीप सिंह के लिए रिश्वत की राशि की मांग करता रहा। शिकायतकर्ता ने 20,000 रुपये की रिश्वत मांग से संबंधित बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान दोनों आरोपियों को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
-

राजकीय महाविद्यालय ऊना में पांच दिवसीय प्रवेश टेस्टिंग कैंप का शुभारंभ
ऊना/सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना की रोवर-रेंजर इकाई द्वारा आयोजित पांच दिवसीय प्रवेश टेस्टिंग कैंप का शुभारंभ आज दिनांक 27 जनवरी 2026 को महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा द्वारा किया गया। यह शिविर 27 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि डॉ. मीता शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया। यह शिविर रोवर स्काउट लीडर डॉ. शाम सिंह बैंस के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर डॉ. शाम सिंह बैंस ने शिविर के दौरान आयोजित की जाने वाली पांच दिनों की गतिविधियों की रूपरेखा सभी के समक्ष प्रस्तुत की।
इस प्रवेश टेस्टिंग कैंप में कुल 45 रोवर-रेंजर्स भाग ले रहे हैं। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्काउटिंग की मूलभूत जानकारी, अनुशासन, सेवा भावना एवं नेतृत्व कौशल से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।इस अवसर पर डॉ. रंजू बनोता ने “स्काउटिंग क्यों आवश्यक है” विषय पर अपना प्रभावशाली व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने युवाओं के सर्वांगीण विकास में स्काउटिंग आंदोलन की भूमिका पर प्रकाश डाला। शाम के सत्र में डॉ शाम सिंह बैंस द्वारा हिस्ट्री ऑफ स्काउटिंग पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं रोवर-रेंजर्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
-

श्री सिद्ध चानों मंदिर बडोआ में 28 जनवरी को दहाजा कार्यक्रम एवं भंडारे का आयोजन
ऊना/सुशील पंडित: उप तहसील जोल की ग्राम पंचायत खरयालता तलमेहडा के गांव बडोआ स्थित श्री सिद्ध चानों मंदिर में 28 जनवरी वुधवार रात्रि 8:30 बजे परंपरागत दहाजा कार्यक्रम एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन को लेकर मंदिर समिति व ग्रामवासियों में उत्साह देखा जा रहा है।
मंदिर के संस्थापक मक्खन सिंह ने बताया कि दहाजा कार्यक्रम धार्मिक आस्था एवं लोक परंपरा का प्रतीक है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं पूजा-अर्चना भी की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों व श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
भंडारे में सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। मक्खन सिंह एंड पार्टी के मशहूर कलाकार करेंगे प्रस्तुति दहाजा कार्यक्रम के दौरान मक्खन सिंह एंड पार्टी के मशहूर कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन व धार्मिक गायन की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। कलाकारों की मधुर भजन संध्या से श्रद्धालु आध्यात्मिक माहौल का आनंद लेंगे।
-

Jalandhar News: PM Modi के दौरे को लेकर पूर्व BJP मंत्री कालिया का आया बयान, देखें वीडियो
जालंधर, ENS: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक फरवरी को पंजाब के दौरे पर आ रहे है। इस दौरान वह जालंधर के डेरा सचखंड बल्ला में नतमस्तक होंगे। दरअसल, 1 फरवरी को गुरु रविदास जी की जयंती है। ऐसे में पीएम मोदी पंजाब दौरे के दौरान 649वीं जयंती पर डेरे में नतमस्तक होंगे। इस दौरान पीएम मोदी के पंजाब दौरे को लेकर भाजपा के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया का बयान सामने आया है।
मीडिया से बात करते हुए कालिया ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री श्री गुरु रविदास जी के 649 में जयंती के अवसर पर जालंधर डेरा सचखंड बल्ला में नतमस्तक होने आ रहे है। उन्होंने कहा कि यह उनका धार्मिक दौरा है। पीएम मोदी धार्मिक स्थलों पर जाते हैं। हाल ही में श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए गए थे। इससे पहले वह कुंभ स्नान करने के लिए प्रयागराज गए थे। इसी तरह अब श्री गुरु रविदास जी के पावन अवसर पर डेरा सचखंड बल्ला में नतमस्तक होने आ रहे है।
देश के प्रधानमंत्री के जालंधर दौरे को लेकर कालिया ने कहा यह जालंधर वासियों के लिए एक मान की बात है। इस तरह कालिया ने पंजाब में आई बाढ़ को लेकर केंद्र के पास रुके फंड को लेकर कहा कि किसी कारणों से पैसे रुके हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र के पास पैसा रुकता है तो किसी बात से रूकता है।
-

बालिका संरक्षण गृह से सिर पर कंबल ओढ़कर 5 लड़कियां हुईं फरार, मचा हड़कंप
मथुरा। उत्तर प्रदेश के वृंदावन में स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह से रात के अंधेरे में 5 लड़कियां फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस खबर की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में सभी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे जिसके बाद बालिका गृह में लगे सीसीटीवी चैक किया। जिसमें देखा जा रहा कि बीती रात एक से 1.30 बजे के बीच ये सभी लड़कियां सिर पर कंबल ओढ़कर फरार हो रही हैं।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताया कि फरार 5 लड़कियों में से 2 अपने घर पहुंची है। बाकी 3 की तलाश की जा रही है। ये सभी लड़कियां 14 से 17 साल आयु वर्ग की हैं, जिन्हें अलग-अलग कारणों से कोर्ट में चल रहे मामलों में बालिका संरक्षण गृह भेजा गया था।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
मामले संबंधी जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्लोक कुमार ने बताया कि बालिका संरक्षण गृह की अधीक्षक गायत्री वर्मा ने मामले के बारे सूचना दी। जिसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंच कर जानकारी हासिल कर छानबीन में जुट गई।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार हुईं शेष तीन लड़कियां आगरा व अलीगढ़ जिले की रहने वाली हैं। इसके लिए तीन अलग-अलग टीम बनाकर भेजी गई हैं और उन्हें भी जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा। इस मामले की जांच के बाद, जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-

पंचायत स्तोथर स्थित माँ मोक्षदाती प्राचीन मंदिर में भंडारे का आयोजन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया मां का आशीर्वाद
ऊना/ सुशील पंडित: उपमंडल अंब के अंतर्गत पंचायत स्तोथर में स्थित मां मोक्षदाती के प्राचीन मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा व आस्था के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माँ मोक्षदाती के दर्शन किए, आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः विधिवत हवन-यज्ञ से की गई, जिसमें स्थानीय पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके उपरांत मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ तथा माता की आरती का आयोजन किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन व पारंपरिक पकवान परोसे गए, जिनका सभी ने प्रसाद रूप में ग्रहण किया। आयोजन की विशेष बात यह रही कि यह भंडारा हर वर्ष की तरह इस बार भी सभी ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से संपन्न हुआ। ग्रामवासियों ने एकजुट होकर सेवा भाव से व्यवस्था संभाली, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफल रहा।
माँ मोक्षदाती का यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि माँ मोक्षदाती अपने भक्तों की सच्चे मन से की गई प्रार्थनाओं को पूर्ण करती हैं तथा कष्टों से मुक्ति प्रदान करती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार वर्षों से इस मंदिर में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था बनी हुई है और यहाँ आने से मन को शांति व सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है।
कार्यक्रम के अंत में मंदिर समिति एवं ग्रामवासियों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों को मिल-जुलकर आयोजित करने की बात कही।
-

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री से की मुलाकात, शिमला एयरपोर्ट का उठाया मुद्दा
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु से भेंट की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए केंद्रीय मंत्री से सहयोग और इस परियोजना के लिए विशेष केंद्रीय सहायता (अनुदान) प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने भूमि से जुड़े विभिन्न मामलों के शीघ्र निपटारे का अनुरोध करते हुए कहा कि कांगड़ा जिला में पर्यटन की दृष्टि से अपार संभावनाएं विद्यमान हैं और राज्य सरकार पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कई महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं को क्रियान्वित कर रही है।
कम दृष्यता की स्थिति में भी उड़ानों के संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष विजुअल फ्लाइट रूल्स लागू करने का आग्रह किया, ताकि न्यूनतम दृष्यता मापदंड को वर्तमान 5 किलोमीटर से 2.5 किलोमीटर किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कम उड़ान संचालन और यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए कुल्लू और शिमला हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था को सीआईएसएफ के स्थान पर राज्य पुलिस को सौंपने पर भी चर्चा की, इससे राज्य का वित्तीय बोझ कम किया जा सकेगा। शिमला हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन का समय बढ़ाकर दोपहर 4 बजे तक करने का भी अनुरोध किया, ताकि उड़ानों की संख्या में वृद्धि हो सके।
चंडीगढ़ शिमला और शिमला चंडीगढ़ के बीच उड़ानों की आवृति बढ़ाने तथा प्रस्तावित चार हेलीपोर्ट् को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का भी आग्रह किया। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने अधिकारियों को कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए संबंधित विभागों के साथ संयुक्त बैठक कर डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए और राज्य को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह भी उपस्थित थे।
