Blog

  • Punjab News: लापता युवक का शव बरामद, अलग हुआ सिर, दोस्त ने दिया घटना को अंजाम, देखें वीडियो

    Punjab News: लापता युवक का शव बरामद, अलग हुआ सिर, दोस्त ने दिया घटना को अंजाम, देखें वीडियो

    मोहालीः गांव के नौजवान ने अपने दोस्त को नशे का इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 26 वर्षीय युवक हरविंदर सिंह काका के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी ने शव झाड़ियों में फेंक दिया। उसे पेट्रोल डालकर जला देने की भी कोशिश की गई। दरअसल, एक जून से लापता युवक की शव बीती रात श्री चमकौर साहिब के नहर किनारे बने जंगल में मिली। श्री चमकौर साहिब के अधीन आते गांव ढेहर का 26 वर्षीय युवक हरविंदर सिंह काका 1 जून से लापता था। परिवार के सदस्यों ने बताया। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार पता चला कि गांव का ही लड़का इंद्रजीत सिंह उसे अपने साथ ले गया था।

    जब पुलिस ने उस युवक का पता लगाकर 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपिये से पूछताछ में पता चला कि दोस्त द्वारा घटना को अंजाम दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार गांव के ही नौजवान ने शव को जंगल में पेट्रोल डालकर कई बार फूंका ताकि उसका कोई निशान न बचे। परंतु मृतक के पिता ने अपने बेटे की देह की पहचान कर ली। प्रशासन से मांग की गई है कि तीनों दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि किसी और परिवार के बच्चे की जान न जा सके।

    बताया जा रहा है कि श्री चमकौर साहिब के पास स्थित भोजे माजरा सरहंद के नहर किनारे बने जंगल में दोषियों ने शव फेंका था। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने स्वीकार किया कि हमने काका की लाश जंगल में फेंक दी थी, जहां आज परिजन लेकर जाकर शिनाख्त की गई। शव की हालत इतनी भयानक थी कि आवारा कुत्तों ने शव को नोचा-नोच कर खा लिया था और धड़ व सिर दोनों अलग-अलग पड़े थे।

  • खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 8 की मौत, 16 घायल

    खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 8 की मौत, 16 घायल

    काठमांडूः नेपाल के सेंट्रल कवरेपालनचोक जिले के बुच्चाकोट इलाके में बीपी हाईवे के पास सड़क दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई। बीपी हाईवे के पास एक पैसेंजर बस सड़क किनारे खाई में गिर गई। जिला प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलने पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। कवरेपालनचोक के जिला प्रमुख गोपाल कुमार अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि बस में सवार कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 घायल यात्रियों का जिले के धुलीखेल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। अधिकारी ने कहा, घायलों में से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    घटना के बाद, पुलिसवालों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायलों को बचाया और हॉस्पिटल पहुंचाया। बस कावरेपालनचोक के बनेपा से सुंगुरे जा रही थी। इसी दौरान नमोबुद्धा म्युनिसिपैलिटी के बुच्चाकोट में एक खाई में गिर गई। अधिकारी ने बताया कि बस हाईवे से करीब 300 मीटर नीचे गिर गई। दुर्घटना का कारण अभी तक पता नहीं चला है। हाल के सालों में नेपाल में सड़क हादसों में बढ़ोतरी देखी गई है, साथ ही सड़कों पर गाडिय़ों की संख्या भी बढ़ी है।

    एक दशक पहले, नेपाल ट्रैफिक पुलिस ने 4,999 सड़क हादसों की रिपोर्ट दी थी। आधिकारिक डेटा के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024-25 में देश में 7,669 सड़क हादसे और 1,900 मौतें दर्ज की गईं। कुल हादसों में से 278 को गंभीर श्रेणी में रखा गया। बड़ी संख्या में लोगों की मौत के अलावा, सड़क सुरक्षा के मामलों का बड़ा आर्थिक प्रभाव भी पड़ता है। नेपाल में वर्ल्ड बैंक के एक अध्ययन में पाया गया कि सड़क हादसों के कारण आर्थिक लागत 2007 से तीन गुना बढ़ गई है। अब यह देश के सकल राष्ट्रीय उत्पाद का 1.5 फीसदी है।

     

  • अभेद्य हुआ भारत का सुरक्षा कवचः दुश्मन की इंटरमीडिएट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइलों को सेना हवा में ही करेगी नष्ट

    अभेद्य हुआ भारत का सुरक्षा कवचः दुश्मन की इंटरमीडिएट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइलों को सेना हवा में ही करेगी नष्ट

    नई दिल्लीः भारत ने 24 घंटे के भीतर बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस और एंटी-शिप मिसाइलों का सफल परीक्षण कर इतिहास रच दिया है। अब 5,000 किमी तक की रेंज वाली दुश्मन की मिसाइलें हवा में ही नष्ट हो जाएंगी।

    भारतीय रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने रक्षा क्षेत्र में एक बहुत बड़ा मील का पत्थर हासिल किया है। भारत अब दुनिया के उन चुनिंदा देशों के ‘एलीट क्लब’ में शामिल हो गया है, जिनके पास लंबी दूरी के बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से बचाव करने की अचूक क्षमता है। भारत ने 10 और 11 जून को लगातार तीन मिसाइलों के सफल उड़ान परीक्षण किए, जिनमें बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस (BMD) के साथ-साथ एंटी-शिप मिसाइल टेक्नोलॉजी भी शामिल है। ये मिसाइलों का भारत ने सफल परीक्षण किया है।
    आपका बता दें कि अब 5000 किमी तक की रेंज वाली दुश्मन की मिसाइलें हवा में ही नष्ट हो जाएंगी।

    सूत्रों ने बताया कि DRDO ने बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस को इतनी उच्च प्राथमिकता इसलिए दी है, क्योंकि पड़ोसी देश पाकिस्तान मल्टीपल वॉरहेड वाली लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें विकसित कर रहा है। इसमें फतेह-I, फतेह-II और चीन मूल की P282 मिसाइलें शामिल हैं। भारत की यह नई तैयारी पाकिस्तान के इन्हीं मंसूबों का करारा जवाब है।

    परीक्षण के दौरान मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने अपने तय किए लक्ष्यों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट किया और उन्हें हवा में ही नष्ट कर दिया। यह सफलता भविष्य के उन्नत मिसाइल खतरों से निपटने के लिए देश की रक्षा प्रणाली को अभेद्य बनाती है।

    शीर्ष सरकारी सूत्रों के मुताबिक, DRDO ने दो ऐसे इंटरसेप्टर मिसाइलों का परीक्षण किया है, जो 2,000 किमी से 5,000 किमी के बीच मार करने वाली दुश्मन की इंटरमीडिएट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइलों (IRBMs) को निष्क्रिय करने में पूरी तरह सक्षम हैं। ये इंटरसेप्टर ‘एक्सो-एटमॉस्फेरिक’ (वायुमंडल के बाहर) और ‘एंडो-एटमॉस्फेरिक’ (वायुमंडल के भीतर) दोनों ही तरह के हैं। केंद्र सरकार ने फिलहाल इन इंटरसेप्टर्स के नाम उजागर नहीं किए हैं। परीक्षण पूरे होने के बाद अब इन्हें जल्द ही सेना द्वारा ‘यूजर ट्रायल्स’ के लिए भेजा जाएगा।

    रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और DRDO के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने इन मिशनों की बारीकी से निगरानी की। उन्होंने 24 घंटे के भीतर इतने जटिल परीक्षणों को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए DRDO के वैज्ञानिकों, उद्योग भागीदारों और सशस्त्र बलों के शानदार तालमेल की तारीफ की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस ऐतिहासिक कामयाबी पर DRDO को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हवाई और समुद्री खतरों का मुकाबला करने में देश की रक्षा तैयारियों को बेहद मजबूत करेगी।

  • आज Jalandhar पहुंचे गायक हंसराज रघुवंशी, CM मान और केजरीवाल कार्यक्रम में होंगे शामिल

    आज Jalandhar पहुंचे गायक हंसराज रघुवंशी, CM मान और केजरीवाल कार्यक्रम में होंगे शामिल

    जालंधर, ENS: साईं दास स्कूल ग्राउंड में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पहुंचेंगे। कार्यक्रम का आयोजन आप नेता दीपक बाली की ओर से किया जा रहा है। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने बताया कि 13 जून की शाम जालंधर में भगवान शिव को समर्पित एक धार्मिक समागम आयोजित किया जा रहा है।

    यह विशाल धार्मिक समागम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ विषय पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रसिद्ध धार्मिक गायक हंसराज रघुवंशी भजनों के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता से जोड़ेंगे। मेयर विनीत धीर, पंजाब सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रमणीक सिंह रंधावा, सनातन सेवा समिति के प्रधान विजय शर्मा, राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर कार्यक्रम करवाया जा रहा है। साईं दास स्कूल के ग्राउंड में शाम 6.30 बजे यह कार्यक्रम होगा।

  • दर्दनाक हादसाः ट्रक से टकराई कार, 3 महिला समेत 4 की मौत, देखें वीडियो

    दर्दनाक हादसाः ट्रक से टकराई कार, 3 महिला समेत 4 की मौत, देखें वीडियो

    नूंहः दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जिसमें ट्रक और कार के बीच एक टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार गाड़ी खड़े ट्रक से टकराई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी में सवार तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि कार चालक और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। कार चालक और बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

    मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सदर फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है।

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई थी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की विस्तृत जांच के बाद ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी।

  • Jalandhar News: मणिकर्ण में हुआ हादसा, खाई में गिरी कार गिरने से 2 की मौत, देखें वीडियो

    Jalandhar News: मणिकर्ण में हुआ हादसा, खाई में गिरी कार गिरने से 2 की मौत, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: कुल्लू के मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी में गाड़ी के खाई में गिरने से जालंधर के बाबा बुड्ढा जी नगर 2 लोगों की मौत हो हुई थी। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय परमिंदर और 19 वर्षीय निधी निवासी रामामंडी के रूप में हुई है। परिवार के दो लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने से इलाके में मातम पसरा हुआ है। पड़ोसियों ने कहां कि बहुत अच्छा परिवार था लेकिन उन्हें नहीं पता था। परिवार के साथ इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। आस पास के लोगों ने कहां कि परमिंदर सिंह प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनी में काम करते थे और उनकी पत्नी घर में ब्यूटी पार्लर का काम करते थे।

    उनकी बेटी पढ़ाई के साथ मां के काम ब्यूटी पार्लर में हाथ बंटाती थी। बता दें कि एक दिन पहले परमिंदर अपने परिवार के साथ हिमाचल घूमने के लिए कार में गए थे और कुल्लू के मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी में गाड़ी उनकी खाई में गिर गई। गाड़ी खाई में गिरने के कारण दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गौर हो कि घटना के बाद रेस्क्यू की बेहद की मार्मिक वीडियो सामने आई है। कार काफी दूरी से नीचे पार्वती नदी के किनारे पर जा पहुंची थी और इसमें सवार लोग बुरी तरह से अंदर फंस गए।

    हादसे में कार में सवार 5 लोगों में 2 की मौत हो गई। जबकि 3 घायल हैं। इसमें एक 8 साल की बच्ची भी शामिल है। एक ही परिवार के ये लोग हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को रेस्क्यू किया। वीडियो में कुछ लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ते नजर आ रहे हैं। इस दौरान कार के अंदर कुछ लोग फंसे हुए दिखे, जिसमें से 2 लोगों की सांसें चल रही थी और एक बच्चे को तुरंत लोगों ने मौके से रेस्क्यू किया। वहीं, अन्य को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि कार बुरी तरह से पिचक गई थी और खिड़की खुल नहीं रही थी। किसी तरह लोगों ने क्षतिग्रस्त कार में तोड़फोड़ कर उन्हें बचाया।

  • इस मामले में Elon Musk ने तोड़ें सारे रिकार्ड, बनें दुनिया के पहले व्यक्ति

    इस मामले में Elon Musk ने तोड़ें सारे रिकार्ड, बनें दुनिया के पहले व्यक्ति

    नई दिल्लीः दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क अब सिर्फ एक अरबपति नहीं रहे, बल्कि उन्होंने संपत्ति के मामले में एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है जो अब तक किसी भी व्यक्ति ने नहीं किया था। रॉकेट और सैटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स के रिकॉर्ड 75 अरब डॉलर के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग के बाद मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए हैं। शुक्रवार को स्पेसएक्स की अध्यक्ष ग्विन शॉटवेल और मुख्य वित्तीय अधिकारी ब्रेट जॉनसन ने नास्डैक पर शेयर सूचीबद्ध होते ही बेल बजाई। ट्रिलियनियर उस शख्स को कहते हैं, जिसके पास 1 लाख करोड़ डॉलर से अधिक की निजी संपत्ति हो और एलन मस्क ने ये मुकाम हासिल कर लिया है।

    मस्क इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले शख्स बन गए हैं और उनकी नेटवर्थ 1.11 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई है। एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के आईपीओ को लेकर निवेशकों में इस कदर दीवानगी थी कि संस्थागत और खुदरा निवेशकों ने 135 डॉलर प्रति शेयर के बेस प्राइस पर 55.56 करोड़ शेयर खरीदने के लिए बोलियां लगा दीं। इसके जरिए कंपनी ने बाजार से सीधे 75 अरब डॉलर जुटा लिए हैं। लिस्टिंग के दिन स्पेसएक्स के शेयर $135 के मुकाबले $150 पर खुले और कुछ ही देर में $166.90 के ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंच गए, जिससे कंपनी का कुल मार्केट कैप 2.18 लाख करोड़ डॉलर आंका गया।

    आपने कभी सोचा है कि अगर दुनिया का सबसे अमीर शख्स अपनी पूरी दौलत दुनिया के हर शख्स को बांटने लगे, तो आपके हिस्से में कितनी रकम आएगी। अगर नहीं, तो चलिए कैलकुलेट करते हैं। इस समय दुनिया की कुल आबादी लगभग 820 करोड़ है। फोर्ब्स के मुताबिक एलन मस्क की कुल संपत्ति अब बढ़कर 1.1 लाख करोड़ डॉलर हो चुकी है। अगर मस्क अपनी पूरी संपत्ति दुनिया के हर छोटे-बड़े इंसान, बच्चे और बुजुर्ग में बराबर बांट देते हैं, तो दुनिया के हर एक व्यक्ति को लगभग 134 डॉलर मिलेंगे। अगर इसे भारतीय रुपयों में बदले, तो ये रकम करीब 11,200 रुपये प्रति व्यक्ति आती है।

     

     

  • Jalandhar News: 12 घंटों में फिर चली गोलियां, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल, देखें वीडियो

    Jalandhar News: 12 घंटों में फिर चली गोलियां, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: न्यू दशमेश नगर में दो पक्षों में हुई लड़ाई के दौरान चली गोलियों के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अमन नगर के रहने वाले सिमरनजीत सिंह और घायल की पहचान सौरभ के रूप में हुई है। गोलियाँ चलने की घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला शुरू कर दिया है।

    कोट सद्दीक के रहने वाले राजवीर सिंह ने बताया कि बीते दिन उसके दोस्त सिमरनजीत सिंह पर दूसरे पक्ष के सौरभ ने साथियों सहित हमला कर दिया था। हमले के दौरान सिमरनजीत सिंह के चोटें आई थीं, जिसका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा था। वह शुक्रवार देर रात सिमरनजीत सिंह की दवाई लेने के लिए चार बाइक पर सवार होकर जलंधर सिविल अस्पताल में आ रहे थे कि उसी दौरान न्यू दशमेश नगर में सौरभ अकेला खड़ा हुआ दिखाई दिया तो सिमरन के साथी गुल्लू बाइक से नीचे उतर गया और उसने सौरभ पर गोली चला दी तो गोली सौरभ के पेट के बगल में लगी। उसके बाद दूसरी गोली उसने चलाई तो दूसरी गोली सिमरनजीत सिंह की गर्दन के नीचे लगी।

    उसने बताया कि गोलियां चलाने के बाद गुल्लू मौके से भाग गया, जिसके बाद वह सिमरनजीत सिंह को घायल हालत में सिविल अस्पताल में लेकर पहुँचे, जहाँ उसकी ईलाज दौरान मौत हो गई। वहीं गोली चलने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एडीसीपी राकेश यादव ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि न्यू दशमेश नगर में गोलियां चली है और गोली सिमरनजीत सिंह व सौरभ को लगी दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाले जा रहा है और पीड़ित परिवार के बयानों पर बनती कार्रवाई करेंगे।

  • आज का राशिफल, 13 जून 2026

    आज का राशिफल, 13 जून 2026

    आज कृत्तिका नक्षत्र की ऊर्जा हर राशि में स्पष्टता और तीखापन लेकर आई है। जो चीज बेकार हो चुकी है या जो आदत खराब है यो जो बातें अब काम की नहीं हैं, उसे आज छोड़ने का सही समय है। सूर्यदेव की राशि बदलने की तैयारी चल रही है। लिहाजा, थोड़ी बेचैनी महसूस हो सकती है, उस वक्त बड़े फैसलों से बचें। बातों में तीखापन आज स्वाभाविक है, लेकिन इसे संभालकर इस्तेमाल करें। आज मेष और वृष राशि के जातकों को पुरानी बातों और गलत आदतों को छोड़ने का साहस मिलेगा। कुंभ राशि वाले बेझिझक कह सकेंगे अपने दिल की बात। आइए जानते हैं आज का विस्तृत राशिफल।

    मेष राशि: आप साहसिक फैसला ले पाएंगे। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन बाहर की नहीं, बल्कि जिंदगी की साफ-सफाई का दिन है। चंद्रदेव और मंगलदेव दोनों आज आपकी अपनी राशि में हैं। चंद्रदेव कृत्तिका नक्षत्र में हैं, जो काटने और निखारने का नक्षत्र है। आज जो रिश्ता, आदत या बात आपको अंदर से परेशान कर रही हो, उसे लेकर साफ फैसला ले सकते हैं या उसे छोड़ सकते हैं। दिमाग आज तेज है, बातों में एक तीखापन रहेगा, जो शायद कुछ लोगों को चुभे। मगर, यही तीखापन सच्चाई भी है। चौथे घर में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ है, तो माहौल अच्छा रहेगा। हालांकि, शाम के बाद एक बात का ध्यान रखें, मन में कोई पुरानी बेचैनी उठ सकती है। उस वक्त गुस्से में कुछ मत बोलें, थोड़ा रुकें।

    वृष राशि: आज एक नई उम्मीद की किरण दिख रही है। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन थोड़ा अलग और गहरा है। आज एक अध्याय बंद हो रहा है। एकांत में चंद्रदेव कृत्तिका नक्षत्र में हैं, जो बता रहे हैं कि आज कोई पुरानी बात साफ-साफ समझ आ जाएगी। उसे पकड़े रहने की जरूरत नहीं, छोड़ दें तो हल्का महसूस होगा। बुधदेव की वजह से बातचीत में आज एक नई उम्मीद की किरण दिख रही है। पैसों के मामले में आज सोच साफ है और कोई फैसला सही दिशा में जा सकता है। हालांकि, शाम के बाद मन में थोड़ी बेचैनी हो सकती है, खासकर पैसों या सुरक्षा को लेकर। उस वक्त घबराएं नहीं, यह बस एक बदलाव की आहट है। कल से चीजें साफ होंगी।

    मिथुन राशि: गुरु और शुक्र के संयोग से लाभ पाएंगे। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन एक बड़ी खबर लेकर आ रहा है। बुधदेव पहले से लग्न पर हैं, जो आपकी बुद्धि को दोगुना ताकतवर बना रहे हैं। चंद्रदेव और मंगलदेव ग्यारहवें घर में कृत्तिका नक्षत्र में हैं, जिसका मतलब है कि लाभ के मामले में आज कुछ साफ और तेज फैसले लेने का मौका है। जो रिश्ता या डील फायदेमंद नहीं लग रही उसे आज छोड़ दें, बेहतर चीज आने वाली हैं। बातचीत में आज तीखापन हो सकता है, लिहाजा थोड़ा संभालकर चलें। धन और परिवार के मामले में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ राहत देगा।

    कर्क राशि: करियर में आज बोल्ड फैसला लेना पड़ सकता है। कर्क राशि वालों के लिए आज करियर के मोर्चे पर एक निर्णायक दिन है। लग्नेश चंद्रदेव और मंगलदेव दसवें घर में कृत्तिका नक्षत्र में हैं, जो काटने और साफ करने का नक्षत्र है। आज ऑफिस में कोई ऐसी बात हो सकती है, जिसमें आपको सख्त लेकिन जरूरी फैसला लेना पड़े। डरें नहीं, यह फैसला आगे चलकर सही साबित होगा। लग्न में बृहस्पति और शुक्रदेव की युति आपको इस गहमा-गहमी के माहौल में भी संतुलन और समझदारी देंगे। आज जो भी कहें वो सोच-समझकर लेकिन साफ-साफ कहें, घुमा-फिराकर बात करने से बचें। हालांकि, शाम के बाद करियर से जुड़ा कोई बड़ा फैसला टाल दें, थोड़ा रुक जाएं।

    सिंह राशि: आज मानसिक चंचलता में वृद्धि होगी। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन भीतर से कुछ हिलता हुआ सा महसूस होगा और यह बुरा नहीं है। आपके लग्नेश सूर्यदेव मिथुन राशि की तरफ बढ़ने वाले हैं। जैसे कोई पुराना घर छोड़कर नए घर जाने से पहले की हलचल होती है, कुछ वैसा ही आज मन में चल सकता है। भाग्य के घर में चंद्रदेव और मंगलदेव साथ बैठे हैं और आज इनका असर साफ है, जो काम या रिश्ता बेकार हो चुका है, उसे आज छोड़ने की हिम्मत मिलेगी। मन में जो भी फैसला बार-बार आ रहा हो उसे टालें मत। एकांत में जो मेहनत आप करते आए हैं, उसका फल अब दिखने वाला है। बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ इसी तरफ इशारा कर रहा है। आज जुबान पर थोड़ा काबू रखें, गुस्सा जल्दी आ सकता है। शाम के बाद कोई बड़ा फैसला मत लें, मन थोड़ा डांवाडोल रहेगा। कल जब उठेंगे, तो सब कुछ साफ और हल्का लगेगा।

    कन्या राशि: जीवन में कुछ सकारात्मक बदलाव संभव है। कन्या राशि वालों के लिए आज काम की जगह पर हवा बदलने वाली है। आपके लग्नेश बुधदेव पहले से करियर के घर में बैठे हैं। आज जो सोचेंगे वो सामान्य से अलग और तेज होगा। दूसरी तरफ चंद्रदेव और मंगलदेव की जोड़ी किसी छुपे हुए मामले को आज सामने ला सकती है। हो सकता है कोई पुरानी उलझन से निपटने का रास्ता पता चले या कोई बात जो दबी हुई थी, वो खुल जाए। इससे घबराने की जरूरत नहीं, यह सब साफ होने का हिस्सा है और आगे चलकर राहत देगा। पैसों का पहलू आज अच्छा है। बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ इस तरफ भरोसा दिला रहा है। साझेदारी की बुनियाद आज मजबूत बनी हुई है। बस एक बात याद रखें, शाम के बाद कोई गहरी या जरूरी बात हो, तो उसमें जल्दबाजी न करें, थोड़ा वक्त लेकर सोचें।

    तुला राशि: विचारों में नई सोच और स्पष्टता आएगी। तुला राशि वालों के लिए आज रिश्तों के मामले में कुछ ऐसा होगा, जिसका इंतजार शायद लंबे समय से था। चंद्रदेव और मंगलदेव आज पार्टनरशिप के घर में बैठे हैं और इनका साथ साफ-साफ बोलने की हिम्मत देता है। हो सकता है आज कोई बात मुंह से निकल जाए जो थोड़ी कड़वी लगे, लेकिन घबराएं नहीं, यही बात रिश्ते को नया मोड़ देगी। चुप रहकर चीजों को टालने से अब फायदा नहीं। आज खुलकर बोलने का दिन है। दूसरी तरफ, करियर का पहलू चमकदार है। बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ है, तो आज जो भी हाथ में लेंगे उसमें मेहनत साफ नजर आएगी। भाग्य की बात करें तो बुधदेव वहां पहले से हैं और आज सूर्यदेव भी उसी तरफ बढ़ रहे हैं, सोच में एक नई चमक और स्पष्टता आएगी। बस एक बात का ध्यान रखें, शाम ढलने के बाद पार्टनर के साथ कोई बड़ी बात छेड़ने से बचें। सुबह का वक्त इसके लिए कहीं ज्यादा सही रहेगा।

    वृश्चिक राशि: आज मुकाबले में कोई आपके आगे नहीं टिकेगा। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन मुकाबले के मोर्चे पर शानदार है। लग्नेश मंगलदेव और चंद्रदेव दोनों छठे घर में अपनी राशि में हैं और चंद्रदेव कृत्तिका नक्षत्र में हैं, जो तीखापन और जीत का नक्षत्र है। आज जो भी सामने आए, चाहे कोई पुराना झगड़ा हो या कोई प्रतिस्पर्धी, आप उस पर भारी पड़ेंगे। दिमाग और जुबान दोनों आज तेज हैं, बस इसे सही जगह इस्तेमाल करें वर्ना रिश्तों में कड़वाहट आ सकती है। नौवें घर में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ भाग्य के लिए बेहद शुभ है। आठवें घर में बुधदेव हैं, जो किसी पुराने राज से जुड़ी सच्चाई सामने ला सकते हैं। शाम के बाद गुस्से पर काबू रखें।

    धनु राशि: आप विचारों के समंदर में गोते लगाएंगे। धनु राशि वालों के लिए आज दिमाग में चलने वाली हर बात पर ध्यान देना चाहिए। चंद्रदेव और मंगलदेव की जोड़ी आज रचनात्मकता के घर में है और इनका साथ बता रहा है कि आज जो भी ख्याल मन में कौंधे वो कोई मामूली बात नहीं, उसमें दम है। पुराने और बेकार के विचारों और बातों को आज भूल जाएं। आज जो नया विचार आएगा, वही काम का होगा। पर्दे के पीछे कुछ अच्छा घटित हो रहा है। बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ इसी तरफ इशारा कर रहा है। बस अभी सब्र रखना होगा। पार्टनर के साथ बातचीत का पहलू भी आज दिलचस्प है। मिथुन राशि में पहले से मौजूद बुधदेव बातों में एक नई सोच और ताजगी देंगे। हालांकि, एक बात का खयाल रखें, आज जुबान में थोड़ा तीखापन आ सकता है, खासकर शाम के बाद। कोई गंभीर बात कहनी हो तो सुबह का वक्त चुनें। घर की जिम्मेदारियां आज बोझ नहीं, अपनापन समझकर निभाएं।

    मकर राशि: साझेदारी के मोर्चे पर आज कुछ नया करने का दिन। मकर राशि वालों के लिए आज रिश्तों और साझेदारी के मोर्चे पर एक बेहतरीन दिन है। सातवें घर में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ है, जो पार्टनरशिप और विवाह के लिए बेहद शुभ है। कोई रिश्ता पक्का करना हो या कारोबारी गठजोड़ बनाना हो, आज उसके लिए कदम उठाएं। चौथे घर में चंद्रदेव और मंगलदेव कृत्तिका नक्षत्र में हैं। घर में आज कोई पुरानी बात को लेकर चर्चा हो सकती है, उसे सुलझाने से राहत मिलेगी। छठे घर में बुधदेव हैं, जो प्रतिस्पर्धा में दिमागी बढ़त देंगे। हालांकि, शाम के बाद घर में या पैसों को लेकर कोई बड़ा फैसला टाल दें, मन में थोड़ी बेचैनी हो सकती है। बातों में तीखापन रहेगा, लिहाजा आज सबके साथ संभालकर बोलें।

    कुंभ राशि: आज जो दिल में है, वो बेझिझक कह सकते हैं। कुंभ राशि वालों के लिए आज बातचीत के मामले में बेहद तेज और साफ दिन है। तीसरे घर में चंद्रदेव और मंगलदेव कृत्तिका नक्षत्र में हैं, जो बता रहे हैं कि आज जो बात लंबे समय से मन में दबी हो, उसे कह देने का सही वक्त है। डरें नहीं, आपकी सच्चाई आज असर करेगी। छठे घर में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ सेहत और मुकाबले के लिए बेहद शुभ है, पुरानी तकलीफ या बीमारी को दूर करने के लिए आज कदम उठाएं। पांचवें घर में बुधदेव हैं, जो रचनात्मक काम में एक नई चमक और सोच दे रहे हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि आज बातों में तीखापन इतना ज्यादा न हो जाए कि सामने वाला आहत हो जाए। शाम के बाद किसी से बहस से बचें।

    मीन राशि: वाणी और धन के मामले में संयम बरतें। मीन राशि वालों के लिए आज घर में पैसों से जुड़ा कोई विषय खुलकर सामने आ सकता है। चंद्रदेव और मंगलदेव की जोड़ी आज परिवार और धन के घर में बैठी है, और इनका मतलब साफ है, जो खर्चा बेवजह चल रहा था उसे आज रोकने का सही मौका है। परिवार में अगर कोई इस बारे में बात करे तो उसे टालें नहीं, सुनें और सुलझाएं। दूसरी तरफ प्रेम और रचनात्मकता का पहलू आज बेहद सुंदर है, बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ इस तरफ कुछ अच्छा होने का इशारा दे रहा है। घर में आज एक नई ताजगी सी महसूस होगी। बस एक बात का खयाल रखें, शाम ढलने के बाद पैसों को लेकर बातचीत में जुबान थोड़ी तीखी हो सकती है। उस वक्त गुस्से में कुछ कहने से पहले एक पल रुक जाएं, बात बिगड़ने से बच जाएगी।

  •  महाविद्यालय बंगाणा को बड़ी सौगात, विभिन्न विषयों में 7 अतिरिक्त प्रोफेसर पद स्वीकृत

     महाविद्यालय बंगाणा को बड़ी सौगात, विभिन्न विषयों में 7 अतिरिक्त प्रोफेसर पद स्वीकृत

    ऊना/ सुशील पंडित : अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा की प्राचार्य प्रोफेसर रेखा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम., बी.बी.ए. तथा बी.सी.ए. प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी। इच्छुक विद्यार्थी 01 जून से 19 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकेंगे। विद्यार्थियों के लिए प्री-एडमिशन काउंसलिंग 12 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी, ताकि उन्हें विषय चयन, प्रवेश प्रक्रिया तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जा सके। प्रथम मेरिट सूची 20 जून 2026 को सायं 5:00 बजे तक प्रदर्शित की जाएगी तथा चयनित विद्यार्थियों को 21 जून से 23 जून 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करवाना होगा। द्वितीय मेरिट सूची 24 जून 2026 को दोपहर 3:00 बजे तक जारी की जाएगी। इस सूची में चयनित विद्यार्थियों को 25 जून से 27 जून 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करवाना होगा। द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को भी इसी दौरान रोल-ऑन प्रक्रिया के माध्यम से प्रवेश लेना होगा। प्राचार्य प्रोफेसर रेखा शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही है कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने संस्थान को विभिन्न विषयों में 7 अतिरिक्त प्रोफेसर पद स्वीकृत हुए हैं। इनमें हिंदी विषय में 2 अतिरिक्त पद तथा रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान विषयों में अतिरिक्त एक- एक और फिलॉसफी के एक पद उपलब्ध हुए हैं। इन पदों के सृजन से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं शिक्षण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि इन नए पदों के साथ अब महाविद्यालय में उपलब्ध विषयों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है, जो न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे तथा उन्हें अपनी रुचि एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विषय चयन करने में सुविधा मिलेगी।