Blog

  • पंजाबः आतंकी हरविंदर रिंडा और कनाडा बैठे लखबीर लांडा के दो सदस्य गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

    पंजाबः आतंकी हरविंदर रिंडा और कनाडा बैठे लखबीर लांडा के दो सदस्य गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

    चंडीगढ़ः पंजाब पुलिस ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक बड़े माड्यूल का भंडाफोड़ किया है। गिरोह से बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह कनाडा स्थित लखबीर लांडा और पाक स्थित हरविंदर रिंडा द्वारा नियंत्रित आइएसआइ समर्थित आतंकी माड्यूल है। इस माड्यूल के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

    इनसे एक एके-56 राइफल, 2 मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बता दें, पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। आए दिन आतंकी माड्यूल पकड़े जा रहे हैं। नापाक पड़ोसी पंजाब का माहौल बिगाड़ने के लिए धार्मिक व राजनीतिक दलों के लोगों पर हमले की योजना बना रहा है। गत सप्ताह ही पुलिस ने पांच आतंकियों को आई 20 कार पर जाते हुए पंजाब में पकड़ा था। गत सप्ताह पकड़े गए आतंकियों से भी बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए थे।

  • जालंधरः नकोदर बेअदबी मामले में पंजाब सरकार को हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस 

    जालंधरः नकोदर बेअदबी मामले में पंजाब सरकार को हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस 

    जालंधर/वरुणः पंजाब सरकार को हाईकोर्ट ने 1986 में नकोदर में हुई बेअदबी के मामले में नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दरअसल, इस दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस फायरिंग में चार युवकों की मौत हो गई थी। इस मामले में रिटायर्ड जस्टिस गुरनाम सिंह आयोग की जांच रिपोर्ट का दूसरा भाग गायब होने का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। याचिका में दूसरे भाग की तलाश के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की गई है। याचिका पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब तलब कर लिया है। 

    32 साल पुराने मामले की बलदेव सिंह ने की SBI या SIT से जांच की मांग

    जालंधर के बलदेव सिंह ने एडवोकेट एचसी अरोड़ा के माध्यम से 32 साल पुराने इस मामले की सीबीआई या एसआईटी से जांच की मांग और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। तत्कालीन डीएम दरबारा सिंह गुरु, एसएसपी मोहम्मद इजहार आलम और एसपी ऑपरेशंस अश्वनी कुमार शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की मांग की गई थी।

    हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का दिया आदेश 

    हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई के दौरान रिटायर जस्टिस गुरनाम सिंह की जांच रिपोर्ट सौंपने का पंजाब सरकार को आदेश दिया था। पंजाब सरकार ने तब बताया था कि रिपोर्ट का दूसरा भाग गायब है। हाईकोर्ट ने पूछा था कि जो रिपोर्ट विधानसभा में पेश की गई है, वह कैसे गायब हो सकती है। अब इस मामले में एक और याचिका दाखिल करते हुए गायब रिपोर्ट के दूसरे हिस्से के मामले में एसआईटी गठित करने की मांग की गई है। याचिका पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।

    यह था मामला

    नकोदर में गुरुद्वारे में 2 फरवरी 1986 को श्री गुरुग्रंथ साहिब के 4 पावन स्वरूप जलाने की घटना सामने आने के बाद 4 फरवरी को रोष मार्च निकाला गया था। पुलिस ने लोगों को काबू करने के लिए गोली चला दी और इसमें 4 लोगों की मौत हो गई। इस मामले में बिना मृतकों के परिजनों को जानकारी दिए चारों का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार करवा दिया गया और अस्थियां परिजनों को सौंपने का प्रयास किया गया। इस मामले में जस्टिस गुरनाम सिंह की अध्यक्षता में जांच आयोग गठित किया गया, जिसकी रिपोर्ट 2001 में विधानसभा में पेश की गई। इसी रिपोर्ट का भाग दो गायब है, जिसकी खोज के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की गई है।

  • पंजाबः ISI से जुड़े आतंकी काबू, धार्मिक और सियासी नेताओं को टारगेट करने की बड़ी साजिश नाकाम

    पंजाबः ISI से जुड़े आतंकी काबू, धार्मिक और सियासी नेताओं को टारगेट करने की बड़ी साजिश नाकाम

    भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और दस्तावेज बरामद 

    तरनतारनः पंजाब का माहौल खराब करने के लिए पाकिस्तान अपनी गंदे कारनामों से बाज नहीं आ रहा। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) पंजाब का माहौल खराब करने की फिराक में लगी हुई है। आईएसआई ने पंजाब का माहौल बिगाड़ने लिए धार्मिक और सियासी नेताओं को टारगेट बनाने की साजिश रची है। 

    इसके लिए ड्रोन के माध्यम से पंजाब में आईईडी, असलाह और मादक पदार्थों की खेपें भेजी हैं। साथ ही धमाके करने के लिए आधा दर्जन आतंकियों को तैयार किया है। सीआईए स्टाफ तरनतारन की टीम ने आईएसआई से जुड़े 2 आतंकियों को आई 20 कार पर जाते शुक्रवार को दबोच लिया। इनसे बारीकी से पूछताछ की जा रही है। इन आतंकियों में दमनजीत सिंह काहलों निवासी तलवंडी खुम्मन (जेंतीपुर) बटाला, परमिंदर सिंह पिंकी निवासी गांव हरशिया ( बटाला) गुरदासपुर और मुकेश कुमार मेशी निवासी गांव जांबा खेड़ी (थाना नीलखेड़ी) जिला करनाल हरियाणा शामिल हैं।

    सूत्रों की माने तो एसएसपी रणजीत सिंह ढिल्लों ने खूफिया सूचना के आधार पर इन आतंकियों को काबू करके भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। इनके खिलाफ थाना सदर तरनतारन में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनकी गिरफ्तारी से पंजाब के धार्मिक और सियासी नेताओं को टारगेट करने की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है।

    प्रारंभिक जांच में सामने आया हैं कि गैंगस्टर रह चुके ये आरोपी कुछ समय से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में थे। इनको पंजाब को दहलाने लिए विभिन्न शहरों में धमाके करने के लिए विदेशों से बकायदा फंडिंग भी करवाईं गई है। खालिस्तानी विचारधारा वाले युवाओं को अपने साथ जोड़ने लिए यह आरोपी कुछ दिनों से यह सरगर्म थे। एसपी इन्वेस्टिगेशन विशालजीत सिंह ने कहा कि उक्त मामले बाबत उच्च सत्र पर जांच जारी है। जल्द ही मीडिया से जानकारी सांझी की जाएगी।

  • पंजाब में ED ने रियल एस्टेट कारोबारियों पर की कार्रवाई: 148 करोड़ की संपत्ति की अटैच, बैंक खाते भी सीज

    पंजाब में ED ने रियल एस्टेट कारोबारियों पर की कार्रवाई: 148 करोड़ की संपत्ति की अटैच, बैंक खाते भी सीज

    चंडीगढ़ः पंजाब से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) लगातार एक्शन के मोड में दिखाई दे रहा है। वहीं ईडी की टीम ने पंजाब में अलग-अलग स्थानों में रियल एस्टेट कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई की और करोड़ों रुपये की संपत्ति अटैच की है। साथ की कारोबारियों के बैंक खाते भी सीज किए हैं। ईडी ने निवेशकों से ठगी करने के आरोप में रियल एस्टेट फर्मों की 147.81 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ अंचल कार्यालय ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। ईडी ने मनी लॉंड्रिंग एक्ट के तहत यह कार्रवाई की है।

    इसमें गुप्ता बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड (जीबीपीपीएल) के निदेशक सतीश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता और उनके सहयोगी अनुपम गुप्ता और नवराज मित्तल के बैंक खाते सीज किए गए हैं। अटैच की गई संपत्तियों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में वाणिज्यिक स्थान, आवासीय घर, कृषि भूमि और बैंक खाते शामिल हैं। ईडी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एजेंसी ने चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस की ओर से रियल एस्टेट कंपनी जीबीपीपीएल के निदेशकों और अन्य के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मनी लॉंड्रिंग की जांच शुरू की थी। जांच में पता चला कि कंपनी ने खरीदारों से कुल 478 करोड़ रुपये वसूले। उन्होंने फ्लैट, प्लॉट, कामर्शियल स्पेस देने का वादा कर खरीदारों को ठगा। फर्म ने न तो निवेशकों को संपत्तियों का कब्जा दिया और न ही उनका पैसा वापस किया।

    सूत्रों ने खुलासा किया है कि जीबीपीपीएल ने अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर इस ठगी को अंजाम दिया। जालसाजी के माध्यम से यह पैसा विभिन्न चल और अचल संपत्तियों में निवेश किया गया, जो अपराध की आय है। बहरहाल ईडी ने संबंधित संपत्तियों को अटैच कर लिया है। इससे पहले ईडी ने मामले में शामिल व्यक्तियों के विभिन्न परिसरों में तीन जून 2022 को ली गई तलाशी के दौरान विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज और चल संपत्तियां जब्त की थीं। इसमें 85 लाख नकद और एक लग्जरी कार भी शामिल थी।

  • पंजाबः दविंदर बंबीहा ग्रुप ने सोशल मीडिया पर निकाली गैंगस्टरों की ऑनलाइन भर्ती, शेयर किया नंबर

    पंजाबः दविंदर बंबीहा ग्रुप ने सोशल मीडिया पर निकाली गैंगस्टरों की ऑनलाइन भर्ती, शेयर किया नंबर

    चंडीगढ़ः पंजाब में अब गैंगस्टरों की ऑनलाइन भर्ती हो रही है। युवाओं को अपने गैंग के साथ जोड़ने के लिए बंबीहा गैंग ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर एक व्हाट्सऐप नंबर जारी किया है। सुल्तान दविंदर बंबीहा ग्रुप के अकाउंट से एक पोस्ट डाली गई है, जिसमें लिखा गया है कि जो भाई गैंग के साथ जुड़ना चाहते हैं, वह व्हाट्सऐप करें। 77400-13056 यह नंबर गैंगस्टरों द्वारा फेसबुक पर जारी किया गया है।

    इस तरह गैंगस्टर सरेआम फेसबुक आदि पर नंबर जारी कर रहे हैं और पंजाब पुलिस गैंगस्टरवाद खत्म करने के दावे कर रही है, जो अब हवाहवाई दिख रहे हैं। गैंगस्टर अपने शोहरत का दिखावा अकसर फेसबुक आदि पर पोस्ट करके करते रहते है और वीडियो आदि बनाकर खुद को एक रोल मॉडल हीरो की तरह पेश करते हैं, ताकि नौजवान उन्हें देख कर आकर्षित हों और उनके साथ अपराध की दुनिया में जुड़ें। 

  • अहम ख़बरः क्या खत्म हो जाएगी WhatsApp की फ्री कॉलिंग?, सरकार ने तैयार किया Indian Telecommunication Bill का ड्राफ्ट

    अहम ख़बरः क्या खत्म हो जाएगी WhatsApp की फ्री कॉलिंग?, सरकार ने तैयार किया Indian Telecommunication Bill का ड्राफ्ट

    नई दिल्लीः इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp का इस्तेमाल बड़ी संख्या में लोग करते हैं। भारत में ही इसके एक्टिव यूजर्स की संख्या 40 करोड़ से ज्यादा है। क्या हो अगर कल से आपको वॉट्सऐप यूज करने के लिए पैसे देने पड़े। इस बात के कयास नए टेलीकॉम बिल के ड्रॉफ्ट के बाद से लगाए जा रहे हैं। सरकार ने Indian Telecommunication Bill, 2022 का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। बिल का ड्राफ्ट सभी के लिए दूरसंचार विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके साथ ही विभाग ने बिल पर इंडस्ट्री के सुझाव भी मांगे हैं। अगर बिल पास होता है तो दूरसंचार विभाग इसके हिसाब से चलेगा। Indian Telecommunication Bill, 2022 के ड्राफ्ट में कई नई चीजें शामिल की गई हैं।

    लेना होगा टेलीकॉम लाइसेंस

    इसके मुताबिक WhatsApp, Skype, Zoom, Telegram और Google Duo जैसे कॉलिंग और मैसेजिंग सर्विस ऐप्स को अब लाइसेंस लेना होगा। इन्हें भारत में ऑपरेट करने के लिए टेलीकॉम कंपनियों की तरह ही लाइसेंस की जरूरत होगी। वहीं OTT प्लेटफॉर्म्स को भी नए टेलीकम्युनिकेशन बिल में शामिल किया गया है। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे हैं कि WhatsApp Calling और दूसरे ऐप्स के लिए लोगों को फीस देनी होगी। क्योंकि इन ऐप्स को ऑपरेशन के लिए अब लाइसेंस की जरूरत है। हालांकि, यह लाइसेंस कैसे मिलेगा और वॉट्सऐप समेत दूसरे ऐप्स के लिए कितने पैसे खर्च करने होंगे इस पर कोई जानकारी नहीं है।

    क्या हैं लाइसेंस को लेकर प्रावधान? 

    सरकार ने इस बिल में लाइसेंस फीस को लेकर भी कुछ प्रावधान जोड़े हैं। इसके तहत सरकार के पास अधिकार है कि वह लाइसेंस फीस को आंशिक या पूरी तरह से माफ कर सकती है। इसके साथ ही रिफंड का भी प्रावधान जोड़ा गया है। अगर कोई टेलीकॉम या इंटरनेट प्रोवाइडर अपना लाइसेंस सरेंडर करता है, तो उसे रिफंड मिल सकता है।

    क्या खत्म हो जाएगी WhatsApp की फ्री सर्विस?

    WhatsApp या दूसरे ऐप्स पर कॉलिंग के लिए वैसे भी हमें चार्ज देना होता है। ये चार्ज हम डेटा कॉस्ट के रूप में देते हैं, लेकिन लाइसेस फीस के बाद स्थिति क्या होगी इस पर कुछ नहीं कहा जा सकता है।

    संभव है कि कंपनियां अपने प्लेटफॉर्म पर कोई फीस चार्ज करने लगें या फिर कुछ सर्विसेस को यूज करने के लिए आपको मेंबरशिप लेनी पड़े। इसके अलावा कंपनियां ऐड्स के जरिए भी आपको फ्री सर्विस दे सकती हैं। फिलहाल सरकार ने ड्रॉफ्ट बिल पर लोगों के सुझाव 20 अक्टूबर तक मांगे हैं। इसके बाद ही इस पर कोई स्थिति साफ हो पाएगी।

    जोड़े गए कई नए प्रावधान 

    नए बिल के तहत सभी टेलीकम्युनिकेशन सर्विस प्रोवाइड्स को लाइसेंस लेना होगा और उन्हें टेलीकॉम ऑपरेटर वाले नियमों का पालन करना होगा। पिछले कई साल से टेलीकॉम ऑपेरटर्स इसकी मांग कर रहे थे। इसके अलावा अगर कोई टेलीकॉम कंपनी दिवालिया होती है, तो उसके दिए गए स्पेक्ट्रम का कंट्रोल सरकार के पास होगा।

  • पंजाबः इस मामले में पहले पंजाबी गायक बनें सिद्धू मूसेवाला

    पंजाबः इस मामले में पहले पंजाबी गायक बनें सिद्धू मूसेवाला

    चंडीगढ़ः सिद्धू मूसेवाला को मिला यूट्यूब डायमंड प्ले बटन, सिद्धू यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले पंजाबी सिंगर बने सिद्धू मूस वाला की मौत को 4 महीने हो चुके हैं। उनका नाम आज भी सुर्खियों में है। उनकी मृत्यु के बाद कई महीनों तक मूसेवाला के कई गाने ट्रेंड में रहे। अब एक और रिकॉर्ड मूसेवाला के नाम जुड़ गया है। जी हां, श्रद्धांजलि के तौर पर यूट्यूब ने मूसेवाला को डायमंड प्ले बटन दिया है। यह उपलब्धि उन्हें दी जाती है, जिन्हें YouTube पर 1 करोड़ सब्सक्राइबर मिलते हैं।

    बता दें कि सिद्धू मूसेवाला के यूट्यूब पर 1 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। उन्हें यह सम्मान हाल ही में दिया गया है। इसके साथ ही सिद्धू यह सम्मान पाने वाले पहले पंजाबी गायक बन गए हैं। किसी अन्य पंजाबी गायक को एक करोड़ सब्सक्राइबर नहीं मिले हैं और यह उपलब्धि भी हासिल की है। बता दें कि सिद्धू मूसेवाला ने अपने 5 साल के म्यूजिक करियर में इंडस्ट्री को दमदार गाने दिए। लोग उनके मरने के बाद भी उनके गाने सुन रहे हैं. उनके सबसे अधिक बजाए जाने वाले गीतों में द लास्ट राइड, 295, लेवल्स, ईस्ट साइड फ्लो और कई अन्य हैं।

    इसके साथ ही मूसेवाला सोशल मीडिया पर भी छाए रहते हैं। वह उन कुछ पंजाबी हस्तियों में से एक हैं जिनकी सोशल मीडिया पर फैन फॉलोइंग करोड़ों में है। मूसेवाला के इंस्टाग्राम पर 1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इसके साथ ही मूसेवाला के यूट्यूब पर 1 करोड़ सब्सक्राइबर हैं। मालूम हो कि 29 मई 2022 को मनसा के जवाहरके गांव में दिनदहाड़े मुसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

  • घूमने गए पर्यटकों की ब्यास में गिरी कार, पंजाब में रहने वाले दो युवकों की मौत

    घूमने गए पर्यटकों की ब्यास में गिरी कार, पंजाब में रहने वाले दो युवकों की मौत

    मंडीः हिमाचल के मंडी जिला में पर्यटकों का एक वाहन ब्यास नदी में जा गिरा। इस हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई। जबकि एक पर्यटक घायल हुआ है। हादसा पंडोह के छह मील में चंडीगढ़-मनाली एनएच-21 पर वीरवार देर शाम को हुआ है। जबकि हादसे का शिकार हुए पर्यटक पंजाब के अमृतसर, चंडीगढ़ और गुरदासपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह तीनों युवक  मनाली घूमने आए थे और वापस लौट रहे थे। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।

    मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़-मनाली एनएच पर पंजाब नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर ब्यास नदी में गिर गई। हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल को जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया है। मृतक युवकों की पहचान प्रतीक सबरबाल (29) निवासी चंडीगढ़, हर मोर सिंह संधू (28) पुत्र अमरजीत सिंह निवासी अनैतपुरा अमृतसर के रूप में हुई है।

    जबकि घायल युवक विधु शर्मा (27) पुत्र कुलदीप राज गांव बैमाइल डाकघर तहसील व जिला गुरदासपुर का रहने वाला है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि मंडी जिले के पंडोह में एक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उन्होंने कहा कि मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपें जाएंगे।

  • किसान मेले का मुख्यमंत्री आज उद्घाटन करेंगे, 3 साल बाद आयोजन : प्रदेशभर के कृषक जुटेंगे

    किसान मेले का मुख्यमंत्री आज उद्घाटन करेंगे, 3 साल बाद आयोजन : प्रदेशभर के कृषक जुटेंगे

    लुधियाना: मुख्यमंत्री के शहर में आने की सभी तैयारियां मुकम्मल हो गई हैं। बताया जा रहा है कि करीब 11 बजे किसान मेले का मुख्यमंत्री उद्घाटन होगा और फिर वे किसानों को संबोधित करेंगे। बता दें कि किसान मेले का आयोजन 3 साल बाद PAU में किया जा रहा है। पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी में सितंबर 2019 के बाद अब दो दिवसीय किसान मेले का 23-24 को फिजिकली आयोजन किया जा रहा। 2020 में कोविड के कारण मेला आयोजित नहीं किया गया। इस बार मेले में पंजाब के युवा,कृषि और प्राकृतिक स्त्रोतों को बचाने पर भी जोर दिया जाएगा। मेले में भारी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है। इस कारण अलग-अलग जगहों पर बड़ी LED स्क्रीन भी लगाई जा रही हैं। मेले की हर एक झलक लाइव ब्रॉडकास्ट होगी। मेले में किसानों के लिए विभिन्न तरह के बीजों व अन्य खाद्य पदार्थों के भी स्टाल लगाए जा रहे हैं।

  • जालंधरः डीसीपी नरेश डोगरा का तबादला..

    जालंधरः डीसीपी नरेश डोगरा का तबादला..

    जालंधर (वरुण)। आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा व जालंधर कमिश्नरेट पुलिस में तैनात डीसीपी नरेश डोगरा के बीच हुए विवाद के बाद दोनों में देर रात समझौता हो गया। वहीं अब नरेश डोगरा को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही हैं। दरअसल, अब पुलिस प्रशासन ने डीसीपी नरेश डोगरा का तबादला कर दिया गया है। देर रात पुलिस कमिश्नर गुरशरण सिंह संधू ने  कहा, डीसीपी डोगरा को पीएपी मुख्यालय जालंधर में स्थानांतरित कर दिया गया है।