Blog

  • Punjab News: पेट्रोल पंपों पर लगी भारी भीड़, लोग घंटों तक कतारों में रहे खड़े, देखें वीडियो

    Punjab News: पेट्रोल पंपों पर लगी भारी भीड़, लोग घंटों तक कतारों में रहे खड़े, देखें वीडियो

    पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, लोगों को घबराने की ज़रूरत नहींः पंप मालिक

    अमृतसरः जिले में पेट्रोल पंपों पर बड़ी संख्या में लोग देखे गए। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहन चालक पेट्रोल और डीज़ल भरवाने के लिए लंबी कतारों में खड़े नज़र आए। कई लोगों ने बताया कि उन्हें अपनी बारी के लिए घंटों इंतज़ार करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें पेट्रोल या डीज़ल मिल पाया। पेट्रोल भरवाने आए शहर के निवासियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीज़ल की कमी को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इन अफवाहों के चलते लोग घबराहट में अपने वाहनों के लिए पेट्रोल भरवाने पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ रहे हैं।

    इस वजह से कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया है और लोगों को काफी देर तक इंतज़ार करना पड़ रहा है। हालांकि, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि पेट्रोल आसानी से उपलब्ध है और किसी भी तरह की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में पेट्रोल भरवाने के लिए जल्दबाजी न करें। इस मामले में पेट्रोल पंप मालिकों ने भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल पेट्रोल या डीज़ल की कोई कमी नहीं है।

    उनका कहना है कि पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति हो रही है और लोगों को आसानी से पेट्रोल मिल रहा है। लेकिन सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण लोग पेट्रोल भरवाने के लिए दौड़ रहे हैं, जिससे भीड़ बढ़ती जा रही है। पेट्रोल पंप मालिकों ने कहा कि अगर लोग घबराहट में पेट्रोल भरवाने के लिए इसी तरह एक साथ आते रहे, तो भविष्य में कमी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। इसलिए, लोगों से शांत रहने और अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की गई है।

  • Punjab News: कार और बाइक में जोरदार टक्कर, एक की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: कार और बाइक में जोरदार टक्कर, एक की मौत, देखें वीडियो

    अमृतसरः अजनाला के सेंसरा गांव के टी-पॉइंट पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। जहां, एक मोटरसाइकिल और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें मोटरसाइकिल चला रहे युवक की मौत की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार युवक लवप्रीत सिंह अमृतसर से अपने घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रही एक कार ने उसे बुरी तरह टक्कर मार दी, जिससे लवप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज का इंतजार करते समय उसकी मौत हो गई। इस बीच पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक लवप्रीत सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए अजनाला के सिविल अस्पताल में रखा दिया है।

    SHO का आया बयान
    इस मौके झंडर पुलिस स्टेशन के SHO सतनाम सिंह ने बताया कि एक वाहन और मोटरसाइकिल के बीच भीषण टक्कर हुई, जिसमें मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, वाहन को हिरासत में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अजनाला के सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है।

  • PM मोदी कल सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से करेंगे बात, West Asia के हालात पर होगी चर्चा

    PM मोदी कल सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से करेंगे बात, West Asia के हालात पर होगी चर्चा

    नई दिल्लीः मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक करेंगे। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी, जिसमें वर्तमान हालात और उनसे निपटने की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में खासतौर पर देश की एकता और हर चुनौती का मिलकर सामना करने पर जोर दिया जाएगा। ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण बनाए रखने और इससे ऊर्जा सप्लाई प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए, राज्यों के साथ तालमेल बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

    चुनावी राज्यों के सीएम नहीं होंगे शामिल
    इस बैठक में उन राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल नहीं होंगे जहां चुनाव चल रहे हैं। इसकी वजह वहां लागू आचार संहिता है। हालांकि, उन राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ अलग से बैठक कैबिनेट सचिवालय के माध्यम से की जाएगी, ताकि जरूरी तैयारियां सुनिश्चित की जा सकें।

    युद्ध के असर पर पहले भी जताई चिंता
    इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक भी हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में अपने संबोधन के दौरान कहा था कि युद्ध के प्रभाव लंबे समय तक रह सकते हैं, इसलिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने राज्यों से अपील की थी कि देश की विकास गति को बनाए रखने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करें। साथ ही, कोविड-19 महामारी के दौरान केंद्र और राज्यों के बीच हुए बेहतर तालमेल को भी याद किया और कहा कि वैसी ही “टीम इंडिया” भावना फिर से दिखाने की जरूरत है।

    तेल और ईंधन को लेकर सरकार का आश्वासन
    सरकार ने साफ किया है कि देश में तेल और ईंधन की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, भारत के पास लगभग दो महीने का पर्याप्त तेल भंडार मौजूद है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि अगले 60 दिनों के लिए कच्चे तेल की सप्लाई पहले ही सुनिश्चित कर ली गई है। तेल कंपनियों ने भी पहले से आयात की व्यवस्था कर ली है, जिससे किसी तरह की कमी नहीं होगी।

    अफवाहों से बचने की अपील
    सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे तेल की कमी को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी रहेगी।

  • 26वीं अखिल भारतीय पुलिस शूटिंग कॉम्पिटीशन में विजय कुमार ने जीता पदक

    26वीं अखिल भारतीय पुलिस शूटिंग कॉम्पिटीशन में विजय कुमार ने जीता पदक

    शिमला: ऑल इंडिया पुलिस डयूटी मीट शूटिंग कॉम्पिटीशन (एआईपीडीएम) 2025-2026 में हिमाचल प्रदेश पुलिस के उप-पुलिस अधीक्षक विजय कुमार ने व्यक्तिगत श्रेणी में कांस्य पदक हासिल कर राज्य और पुलिस विभाग के लिए सम्मान अर्जित किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 30 मार्च 2026 तक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के ग्रुप सेंटर, गुरुग्राम में किया जा रहा है, जिसमें देशभर की विभिन्न पुलिस बलों के निशानेबाज भाग ले रहे हैं।

    इस प्रतियोगिता में विजय कुमार ने पिस्टल/रिवॉल्वर इवेंट-50 यार्ड प्रोन (एसएनएपी), बिना सहारे (अनर्स्पोटिड ऑन एल्बो विद् डबल हेंड ग्रिप श्रेणी) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह पदक हासिल किया। उन्होंने विभिन्न राज्य और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के शीर्ष प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ते हुए बेहतरीन निशानेबाजी और निरंतरता का प्रदर्शन किया। इससे पहले, पिछले माह भी विजय कुमार ने इंदौर में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग (स्पोर्ट्स) प्रतियोगिता में दो व्यक्तिगत कांस्य पदक जीते थे। उनकी इस उपलब्धि से राष्ट्रीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिताओं में उनका रिकॉर्ड और अधिक बेहतर हुआ है।

    विजय कुमार प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पिस्टल निशानेबाज हैं। उन्होंनेे राष्ट्रमंडल, एशियाई और ओलंपिक जैसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने पिस्टल शूटिंग में ओलंपिक पदक भी जीता है। उनकी निरंतर सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है और हिमाचल प्रदेश पुलिस तथा पूरे देश के लिए गर्व की बात है।

  • CM ने प्रदेशवासियों के साथ मनाया 62वां जन्मदिवस, चिनार का पौधा रोपित कर हरित पहल को दिया बढ़ावा

    CM ने प्रदेशवासियों के साथ मनाया 62वां जन्मदिवस, चिनार का पौधा रोपित कर हरित पहल को दिया बढ़ावा

    शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का 62वां जन्मदिवस आज यहां हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों से आए लोगों, नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं, अधिकारियों व कर्मचारियों ने सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ पहुंचकर उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने मुख्यमंत्री की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

    मुख्यमंत्री ने चिनार का पौधा भी रोपित किया। उनकी धर्मपत्नी और देहरा से विधायक कमलेश ठाकुर सहित परिवार के अन्य सदस्य भी इस अवसर पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने आज सुबह हिमाचल प्रदेश सचिवालय के कर्मचारियों द्वारा आयोजित एक मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन सचिवालय से शुरू होकर मालरोड़ स्थित चर्च के समीप संपन्न हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट जन कल्याण पर केंद्रित है।

    मुख्यमंत्री ने प्रदेश और प्रदेशवासियों की समृद्धि की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि राज्य का सर्वांगीण विकास और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए आगामी वर्षों में और बेहतर निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सेवा परमो धर्मः के भाव से कार्य कर रही है ताकि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने वर्ष 1952 से मिल रही आरडीजी को बंद किए जाने पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आरडीजी प्रदेश की जनता का अधिकार है।

    देश के विकास में हिमाचल के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, देश को प्रतिवर्ष लगभग 90,000 करोड़ रुपये की पारिस्थितिक सेवाएं प्रदान करता है। प्रदेश सरकार विभिन्न मंचों पर प्रदेश के अधिकारों को पुरज़ोर तरीके से उठा रही है और सरकार इन प्रयासों में अवश्य सफल होगी। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं और इसके सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की है ताकि वे सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की 18 महिला लाभार्थियों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की। प्रत्येक लाभार्थी को 3 लाख रुपये की सहायता में से पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये प्रदान किए गए, जिससे उनके घर बनाने का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस और राज्य युवा इकाइयों द्वारा इंदिरा गांधी खेल परिसर में रक्तदान शिविर और बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंत्रीगण, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

  • HIV मरीजों को बड़ी राहत, पंचकूला में जल्द शुरू होगी नई टेस्टिंग लैब

    HIV मरीजों को बड़ी राहत, पंचकूला में जल्द शुरू होगी नई टेस्टिंग लैब

    चंडीगढ़ — हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने पंचकूला के सिविल अस्पताल में एचआईवी वायरल लोड टेस्टिंग लैब स्थापित करने की मंज़ूरी दे दी है। इसके साथ ही राज्य में यह दूसरी समर्पित सुविधा होगी, जबकि पहली लैब रोहतक में स्थित है। यह जानकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि इस लैब को सालाना 1.65 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया जाएगा, जो करीब 15,000 एचआईवी वायरल लोड टेस्ट प्रति वर्ष के अनुमान पर आधारित है।

    नई लैब को पंचकूला सिविल अस्पताल में पहले से मौजूद कोविड-19 मॉलिक्यूलर टेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग कर स्थापित किया जाएगा, साथ ही आवश्यक अतिरिक्त उपकरण भी खरीदे जाएंगे। इस कदम से बिना नया ढांचा तैयार किए लैब को जल्दी शुरू करना संभव होगा। यह प्रोजेक्ट हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी (HSACS) के सुझावों पर आधारित है, जबकि इसका तकनीकी मूल्यांकन राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) द्वारा किया गया है। राष्ट्रीय दिशानिर्देशों के अनुसार प्रति टेस्ट लागत 1,100 रुपये तय की गई है, और खास बात यह है कि इस पूरी परियोजना का खर्च NACO उठाएगा, जिससे राज्य सरकार पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।

    डॉ. मिश्रा ने बताया कि एचआईवी पॉजिटिव मरीजों के लिए नियमित वायरल लोड टेस्टिंग बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे इलाज की प्रभावशीलता का आकलन, समय रहते उपचार में बदलाव और दवा प्रतिरोध को रोकने में मदद मिलती है। फिलहाल राज्य के सभी जिलों से सैंपल पीजीआईएमएस रोहतक भेजे जाते हैं, जिससे देरी होती है, लेकिन नई लैब शुरू होने से जांच में तेजी आएगी और मरीजों की बेहतर निगरानी हो सकेगी। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं के विकेंद्रीकरण की दिशा में एक अहम कदम है, जिससे एचआईवी/एड्स के खिलाफ हरियाणा की लड़ाई को मजबूती मिलेगी और बड़ी संख्या में मरीजों को समय पर उपचार का लाभ मिल सकेगा।

  • गुरुद्वारा श्री नानकसर साहिब में CM सैनी का संबोधन, प्रेम-सेवा का दिया संदेश

    गुरुद्वारा श्री नानकसर साहिब में CM सैनी का संबोधन, प्रेम-सेवा का दिया संदेश

    चंडीगढ़— हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि असली दौलत गुरु के चरणों में और ‘नाम’ की कमाई में है, तथा आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सच्ची शांति केवल गुरु के सानिध्य में ही मिलती है। वह वीरवार को गुरुद्वारा श्री नानकसर साहिब में आयोजित समागम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर बाबा घाला सिंह जी सहित अनेक संत-महापुरुष और देश-विदेश से आई साध संगत उपस्थित रही। मुख्यमंत्री ने संगत को दुर्गाष्टमी और रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पावन स्थल की नींव बाबा नंद सिंह जी महाराज ने अपने तप से रखी थी, जबकि बाबा ईशर सिंह जी महाराज ने यहां सात वर्षों तक एकांतवास में सिमरन कर इस स्थान को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि इन महान संतों की तपस्या और कमाई का ही परिणाम है कि यहां पहुंचते ही मन को असीम शांति का अनुभव होता है। उन्होंने बाबा ईशर सिंह जी के प्रकाश उत्सव की बधाई देते हुए सभी से प्रेम, सेवा और सिमरन के मार्ग पर चलने की अपील की। साथ ही बाबा नारायण सिंह जी के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश देते हुए बताया कि उन्होंने गुरु के एक आदेश पर सात वर्षों तक 24 किलोमीटर दूर से जल सेवा की, जो सच्ची श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे का भव्य निर्माण बिना किसी लिखित नक्शे के केवल गुरु के आदेश और संगत की श्रद्धा से संभव हुआ, जो इस बात का प्रमाण है कि सच्ची नीयत और विश्वास से हर कार्य सफल होता है। यहां की लंगर व्यवस्था की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि संगत अपने घरों से भोजन लाकर सेवा करती है, जो सच्चे अर्थों में ‘सांझीवालता’ का उदाहरण है।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार संत-महापुरुषों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनमें ‘संत-महापुरुष सम्मान विचार प्रचार एवं प्रसार योजना’ प्रमुख है। उन्होंने बताया कि 1984 anti-Sikh riots से प्रभावित 121 परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए, नरेंद्र मोदी द्वारा ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय समागम में सिक्के, डाक टिकट और कॉफी टेबल बुक जारी की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि कलेसर में गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वन, यमुनानगर में मेडिकल कॉलेज, अंबाला में पॉलिटेक्निक कॉलेज का नामकरण, तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। साथ ही तीर्थ यात्रियों के लिए ‘स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना’ के तहत वित्तीय सहायता भी दी जा रही है, ताकि गुरु साहिबानों के सिद्धांतों और शिक्षाओं को व्यापक स्तर पर फैलाया जा सके।

  • रबी 2026-27 के लिए भंडारण तैयारियां तेज, 470 करोड़ रुपये से जूट व  अन्य बैगों की खरीद को दी मंजूरी

    रबी 2026-27 के लिए भंडारण तैयारियां तेज, 470 करोड़ रुपये से जूट व  अन्य बैगों की खरीद को दी मंजूरी

    मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड  परचेज कमेटी की बैठक

    चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज यहां हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में रबी 2026-2027 सीजन के लिए भंडारण व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में 550 करोड़ रुपये से जूट व अन्य बैगों की खरीद के दो एजेंडे थे, नेगोसिएशन करके 80 करोड़ रुपये बचाए गए। गेहूं के सुरक्षित भंडारण को सुनिश्चित करने के लिए जूट बैगों तथा अन्य  बैगों की खरीद को मंजूरी प्रदान की गई।

    इस निर्णय से राज्य में अनाज भंडारण की क्षमता को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा तथा किसानों से खरीदे गए गेहूं के सुरक्षित रख-रखाव में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। यह खरीद प्रक्रिया खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड  तथा हरियाणा राज्य भंडारण निगम की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।

    इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी सीजन की तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि मंडियों में आने वाली फसल के प्रबंधन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। बैठक में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

  • Punjab News: महिलाओं ने LPG सिलेंडरों की कमी व महंगाई के खिलाफ जताया विरोध, देखें वीडियो

    Punjab News: महिलाओं ने LPG सिलेंडरों की कमी व महंगाई के खिलाफ जताया विरोध, देखें वीडियो

    अमृतसरः रियाल्टो चौक पर महिलाओं ने महंगाई और LPG सिलेंडरों की कमी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में पोस्टर ले रखे थे, जिन पर लिखा था कि सब्जियां और LPG सिलेंडर महंगे हो गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और अपना विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला नेता शिवानी शर्मा ने कहा कि पिछले कई दिनों से LPG सिलेंडरों की भारी कमी चल रही है। उन्होंने कहा कि लोग सिलेंडर बुक तो करवा रहे हैं, लेकिन कई बार बुकिंग रद्द कर दी जाती है; और जब वे डिलीवरी लेने जाते हैं, तो वहां भी सिलेंडर उपलब्ध नहीं होते।

    उन्होंने कहा कि एक तरफ तो केंद्र सरकार कह रही है कि देश में LPG सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन ज़मीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। सिलेंडरों की अनुपलब्धता के कारण घर की महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शहरों में रहने वाली कई महिलाओं को चूल्हे पर खाना बनाने की आदत नहीं है, जिसके कारण गैस न मिलने की समस्या और भी बढ़ गई है। इस मौके पर एक अन्य महिला ने कहा कि LPG सिलेंडरों की कमी के चलते कई घरों को इंडक्शन स्टोव खरीदने पड़े हैं। लेकिन अगर इंडक्शन स्टोव का इस्तेमाल किया जाए, तो बिजली का बिल बहुत ज़्यादा आता है, जिसका भुगतान करना मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि ब्लैक में सिलेंडर खरीदना भी बहुत महंगा पड़ता है।

    प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मांग की कि सरकार जल्द से जल्द LPG सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि लोगों को हो रही समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि अगर इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में और भी बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए जाएंगे।

  • मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना बनी जीवनरक्षक, गंभीर मरीज का हुआ मुफ्त इलाज

    मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना बनी जीवनरक्षक, गंभीर मरीज का हुआ मुफ्त इलाज

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत अब तक के सबसे बड़े दावों में से एक के रूप में 4 लाख रुपये का जीवनरक्षक ऑपरेशन कैशलेस तरीके से किया गया, जो भगवंत मान सरकार की स्वास्थ्य प्रणाली के स्तर और जमीनी प्रभाव को दर्शाता है। लाभार्थी सुखपाल कौर (37), जो चंडीगढ़ की निवासी हैं, को ‘एओर्टिक डिसेक्शन’ नामक गंभीर हृदय और धमनियों की बीमारी के कारण पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था, जिसके लिए तुरंत सर्जरी की आवश्यकता थी। इस प्रक्रिया, अस्पताल में भर्ती और विशेष देखभाल का अनुमानित खर्च लगभग 4 लाख रुपये था, जिसे इतने कम समय में जुटाना परिवार के लिए बेहद कठिन था। अस्पताल में स्वास्थ्य कार्ड की पुष्टि होते ही इलाज बिना किसी देरी के शुरू कर दिया गया। इस योजना के तहत प्रति परिवार 10 लाख रुपये तक के बीमा कवर के अंतर्गत पूरी प्रक्रिया कैशलेस पूरी की गई। परिवार के एक सदस्य ने बताया, “सब कुछ बहुत तेजी से हुआ। हमें बताया गया था कि स्थिति गंभीर है और तुरंत सर्जरी की जरूरत है। इतनी बड़ी राशि का तुरंत प्रबंध करना संभव नहीं था। स्वास्थ्य कार्ड ने यह सुनिश्चित किया कि इलाज में कोई देरी न हो।”

    इस मामले के चिकित्सकीय पहलू पर प्रकाश डालते हुए पीजीआई, चंडीगढ़ के डॉ. सचिन महाजन ने कहा, “एओर्टिक डिसेक्शन एक अत्यंत नाजुक स्थिति है, जिसमें तुरंत सर्जरी की आवश्यकता होती है। ऐसे मामलों में थोड़ी सी देरी भी जोखिम बढ़ा सकती है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड की सत्यापन के बाद हम वित्तीय मंजूरी की प्रतीक्षा किए बिना आगे बढ़ सके। यह हृदय से जुड़े उच्च जोखिम वाले मामलों में समय पर और निर्बाध इलाज सुनिश्चित करता है।”

    सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा, “सुखपाल कौर जैसे नाजुक मोड़ पर एक अनमोल जीवन को बचा पाना अत्यंत संतोषजनक है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना जमीनी स्तर पर वास्तविक प्रभाव डाल रही है, जहां परिवार बिना धन की चिंता किए तुरंत इलाज प्राप्त कर पा रहे हैं।” लाखों परिवारों को कवर करते हुए और पूरे राज्य में महंगे उपचार उपलब्ध कराते हुए यह योजना पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और मजबूत बना रही है। पंजाब सरकार द्वारा लगातार निवासियों से अपील की जा रही है कि वे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत कैशलेस इलाज का लाभ उठाने के लिए निर्धारित केंद्रों पर अपना स्वास्थ्य कार्ड बनवाएं।