Blog

  • प्रदेश का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुकेश अग्निहोत्री

    प्रदेश का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुकेश अग्निहोत्री

    ऊना/सुशील पंडित : उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांगड़ में आयोजित आभार उत्सव में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने अपार समर्थन के लिए हरोली विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से उन्हें क्षेत्र की जनता का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है, जिसके लिए वह सदैव ऋणी रहेंगे।

    उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल तथा हर खेत के लिए सिंचाई सुविधा प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बीत क्षेत्र के लिए 75 करोड़ रुपये की लागत से बीत-2 सिंचाई योजना तैयार की जा रही है।

    उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का संतुलित व समान विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र का चंहुमुखी विकास बिना किसी राजनीतिक भेदभाव से सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने  कहा कि क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हरोली उत्सव तथा ऊना उत्सव पुनः शुरू किए जाएंगे।

    समारोह में प्रमुख कलाकार मशहूर सूफी पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल, हिमकैपस नर्सिंग महाविद्यालय बढेड़ा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगड़ के विद्यार्थियों, भाषा कला एवं संस्कृति विभाग और नटराज सांस्कृतिक दल बिलासपुर के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी डॉक्टर सिम्मी अग्निहोत्री व सुपुत्री आस्था अग्निहोत्री, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रमोद कुमार, हरोली कांग्रेस मंडल के अध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि तथा भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

  • SHO को  मारने की नीयत के आरोप में 3 के खिलाफ मामला दर्ज

    SHO को मारने की नीयत के आरोप में 3 के खिलाफ मामला दर्ज

    बेगोवाल : थानाध्यक्ष बेगोवाल को ड्यूटी के दौरान जान से मारने की नीयत से गाड़ी से टक्कर मारने के आरोप में 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार 28 जनवरी की देर रात एसएचओ दीपक शर्मा ने पुलिस पार्टी के साथ भदास चौक पर नाका लगाया हुआ था।

    इसी दौरान फिटनेस जिम के बाहर एक आई20 कार रुकी, जिसमें 4 लोग सवार थे। एसएचओ के अनुसार जब गाड़ी रुकी तो उन्होंने पास जाकर देखा तो कार के आगे और पीछे के शीशे टूटे हुए थे। इसी बीच कार चालक बिक्रमजीत सिंह को कार के कागजात दिखाने को कहा और वह कार में बैठ गया, लेकिन उसने कार के पीछे खड़े एसएचओ दीपक शर्मा को मारने की नीयत से उस पर कार चढ़ा दी।

    इससे दीपक शर्मा बुरी तरह जख्मी हो गए, जिनका इलाज जालंधर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बेगोवाल थाना पुलिस ने एसएचओ दीपक शर्मा को जान से मारने की कोशिश के आरोप में बिक्रमजीत सिंह निवासी डेरा बाबा नानक, सीता रानी पत्नी गुरविंदर सिंह निवासी बेगोवाल, हरप्रीत कौर पत्नी बलजीत सिंह निवासी अमृतसर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • रिहायशी इलाके में घुसा बारहासिंगा, इलाके में दहशत का माहौल

    रिहायशी इलाके में घुसा बारहासिंगा, इलाके में दहशत का माहौल

    नकोदर : मोहल्ला भल्लयां में जंगली जानवर बारहासिंगा के आने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि इलाके में बारहासिंगा को घूमता देख लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग और नगर परिषद को दे दी। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सुबह के समय आवारा कुत्ते भौंक रहे थे, तभी उन्होंने एक खाली प्लाट में एक जंगली जानवर को बैठा देखा। इस संबंध उन्होंने वार्ड के पार्षद विजय कुमार पोपली को सूचित किया। जिसके बाद विजय कुमार नगर परिषद अध्यक्ष नवनीत ऐरी नीता के साथ पोपली नगर परिषद की टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

    वार्ड के अध्यक्ष व पार्षद ने मौके पर वन विभाग को सूचना दी। जिसके बाद वन विभाग ने तुरंत अपनी जालंधर की टीम को सूचना दी। जालंधर विभाग के प्रभारी प्रदीप शर्मा टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और नगर परिषद कर्मचारियों व शहरवासियों के सहयोग से बारहासिंगा को काफी मशक्कत के बाद काबू में किया। प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि इलाके में सांभर घूम रहा है, लेकिन जब हमने आकर देखा तो वह बारहासिंगा था। उन्होंने बताया कि वह काबू किए गए बारहसिंगा को होशियारपुर के पास चहल के जंगलों में सुरक्षित छोड़ देंगे।

    बारहासिंगा के कब्जे में आने से गांव व शहर के लोगों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग के अधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि अक्सर ठंड के मौसम में ये जंगली जानवर आबादी वाले इलाकों में आ जाते हैं और रास्ता भटक जाते हैं।  बरहासिंहों के कब्जे में आने से गांव व शहर के लोगों ने राहत की सांस ली है। बता दें कि इससे पहले जालंधर में रिहायशी इलाकों में बारहासिंगा के घूमने का मामला सामने आ चुका है।

  • रिश्तों का कत्ल! मां-बाप की गला घोंटकर हत्या के मामले में साइको किलर को उम्रकैद

    रिश्तों का कत्ल! मां-बाप की गला घोंटकर हत्या के मामले में साइको किलर को उम्रकैद

    रायपुरः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की अदालत ने एक साइको किलर को उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोप है कि साइको किलर ने पहले मां-बाप की गला घोंटकर हत्या की और फिर रायपुर के घर में सेप्टिक टैंक में दफना दिया। उसके ऊपर एक फूल का पौधा लगा दिया। इसके बाद सब कुछ बेचकर पौने 2 करोड़ रुपए लेकर भोपाल चला गया। इस दौरान ऑनलाइन चैटिंग ऐप ऑरकुट पर पश्चिम बंगाल की युवती से साइको की दोस्ती हुई। 

    प्रेमिका की भी गला घोंटकर कर दी थी हत्या

    मीडिया रिपोट्स के मुताबिक, प्रेमिका की भी गला घोंटकर हत्या कर दी। प्रेमिका की लाश को पुराने संदूक में रखकर सीमेंट का घोल भरकर एक चबूतरा बना दिया। रायपुर जिला कोर्ट के विशेष न्यायाधीश एचएस टेकाम ने आखिरकार हत्यारे उदय दास को उसके करतूतों की सजा दे दी है। दरअसल, हत्यारा उदयन दास रायपुर स्थित मकान में पिता बीके दास और मां इंद्राणी के साथ रहता था। पिता भोपाल की भारत हैवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (भेल) में फोरमैन थे, जबकि मां विध्यांचल भवन में एनालिस्ट की पोस्ट से रिटायर हुई थीं। आए दिन उदयन दास का मां-बाप से पैसों को लेकर झगड़ा होता था। इसी बीच साल 2007 में ऑनलाइन चैटिंग ऐप पर पश्चिम बंगाल के बांकुरा निवासी आकांक्षा उर्फ श्वेता (28) से उदयन दास की दोस्ती हुई।

    मां-बाप की हत्या कर दफनाया, फिर किए शौक पूरे

    साल 2010 में उदयन दास की पैसों की डिमांड बढ़ गई। पैसों की झिक-झिक में उदयन दास आपे से बाहर हो गया और माता-पिता की हत्या कर दी। इसके बाद रायपुर स्थित मकान के आंगन में सेप्टिक टैंक बनवाकर उसमें माता-पिता को दफना दिया। इसके बाद उसी के ऊपर एक फूल का पौधा लगाया, जिससे किसी को शक न हो। मां-बाप के रिटायरमेंट और मकान बेचकर करीब पौने 2 करोड़ रुपए की रकम हासिल की। इन पैसों से उसने पहले अपने शौक पूरे किए। पहले एक ऑडी फिर दूसरी होंडा सिटी सिविक का टॉप मॉडल खरीदा। उसके बाद भोपाल चला गया।

    गर्लफ्रेंड को बुलाया भोपाल, फिर दफनाया

    साल 2016 में उदयन दास ने प्रेमिका आकांक्षा को भोपाल बुलाया। उसपर भरोसा करके आकांक्षा ने घरवालों से अमेरिका में नौकरी करने का झूठ बोलकर भोपाल पहुंच गई। लिव-इन में रहते हुए उदयन दास का प्रेमिका से झगड़ा हो गया। इस बीच उदयन दास ने प्रेमिका को भी मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद दो दिन तक लाश के साथ रहा। उसके बाद एक संदूक में लाश को ठूंसकर दफना दिया।

  • पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप 

    पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप 

    होशियारपुरः गढ़शंकर-नवांशहर मार्ग पर नहर के पास एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। नहर से सटे गन्ने के खेतों में काम करने आए दिलावर सिंह ने बताया कि उसने पेड़ से लटकी लाश देखते ही घटना संबंधी सूचना पुलिस को फोन करके दे दी। थाना गढ़शंकर से एएसआई सुखविंदर सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

    मृतक की पहचान मनजीत कुमार पुत्र सतपाल निवासी गांव बोड़ा के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। इस मौके पर एएसआई सुखविंदर सिंह ने कहा कि शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि मरने के कारणों के बारे में पता नहीं चल पाया है। 

  • सरकार ने 12 IPS अधिकारियों को किया प्रमोट, देखें लिस्ट 

    सरकार ने 12 IPS अधिकारियों को किया प्रमोट, देखें लिस्ट 

    चंडीगढ़ः पंजाब सरकार द्वारा लगातार अधिकारियों की ट्रांसफर और प्रमोशन की जा रही है। वहीं आज सरकार द्वारा 12 आईपीएस अधिकारियों को प्रमोट किया गया है। जारी आदेशों के मुताबिक 8 अधिकारियों को एडीजीपी, 2 को आईजी और अन्य 2 डीआईजी प्रमोट किया गया है। देखें लिस्ट 

  • स्कूलों को लेकर शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने की बड़ी घोषणा

    स्कूलों को लेकर शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने की बड़ी घोषणा

    चंडीगढ़: पंजाब सरकार के स्कूल शिक्षा व्यवस्था को समय के साथी बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों के मूलभूत ढांचे को और मज़बूत करने के लिए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बड़ी घोषणा की है। शिक्षा मंत्री ने राज्य 1294 स्कूलों में 1741 नए क्लासरूम बनाने के लिए 130.75 करोड़ रुपए की रकम मंज़ूर कर दी है। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने आज बताया कि मंज़ूर हुई अनुदान राशि की पहली किस्त के तौर पर 52.23 करोड़ रुपए की राशि ई-ट्रांसफर के द्वारा जि़लों में भेज दी गई है। बैंस ने कहा कि मान सरकार ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा को प्राथमिक क्षेत्र घोषित किया है, जिसके अंतर्गत स्कूलों की इमारतों को शानदार बनाना और हरेक कक्षा के लिए अलग-अलग कमरा मुहैया करवाने के लिए राज्य सरकार द्वारा कार्य किए जा रहे हैं।  

    हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि जि़ला अमृतसर के 191 स्कूलों के लिए 251 क्लासरूम, जि़ला बरनाला के 27 स्कूलों के लिए 35 क्लासरूम, जि़ला बठिंडा के 48 स्कूलों के लिए 73 क्लासरूम, जि़ला फरीदकोट के 37 स्कूलों के लिए 51 क्लासरूम, जि़ला फतेहगढ़ साहिब के 5 स्कूलों के लिए 6 क्लासरूम, जि़ला फाजि़ल्का के 152 स्कूलों के लिए 221 क्लासरूम, जि़ला फिऱोज़पुर के 72 स्कूलों के लिए 93 क्लासरूम, जि़ला गुरदासपुर के 61 स्कूलों के लिए 75 क्लासरूम, जि़ला होशियारपुर के 81 स्कूलों के लिए 96 क्लासरूम, जि़ला जालंधर के 21 स्कूलों के लिए 25 क्लासरूम, जि़ला कपूरथला के 23 स्कूलों के लिए 28 क्लासरूम, जि़ला लुधियाना के 74 स्कूलों के लिए 126 क्लासरूम, जि़ला मलेरकोटला के 14 स्कूलों के लिए 19 क्लासरूम, जि़ला मानसा के 28 स्कूलों के लिए 37 क्लासरूम, जि़ला मोगा के 17 स्कूलों के लिए 24 क्लासरूम, जि़ला श्री मुक्तसर साहिब के 69 स्कूलों के लिए 96 क्लासरूम, जि़ला पठानकोट के 11 स्कूलों के लिए 11 क्लासरूम, जि़ला पटियाला के 89 स्कूलों के लिए 108 क्लासरूम, जि़ला रूपनगर के 38 स्कूलों के लिए 41 क्लासरूम, जि़ला संगरूर के 46 स्कूलों के लिए 66 क्लासरूम, जि़ला मोहाली के 44 स्कूलों के लिए 68 क्लासरूम, जि़ला शहीद भगत सिंह नगर के 62 स्कूलों के लिए 78 क्लासरूम और जि़ला तरनतारन के 84 स्कूलों के लिए 113 क्लासरूम बनाने के लिए यह राशि स्वीकृत की गई है।  

    बैंस ने कहा कि उनका सपना पंजाब की स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करके इसको विश्व स्तरीय बनाने का है, जिसके पहले पड़ाव के दौरान स्कूलों की इमारतों को शानदार रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय के दौरान सभी स्कूलों में स्वच्छता व्यवस्था के सुधार की ओर भी ध्यान दिया जाएगा।

  • राहुल की पद यात्रा ने पुरी सच्चाई बताकर देश की दशा और दिशा की जानकारी दी: कामरेड जगत राम 

    राहुल की पद यात्रा ने पुरी सच्चाई बताकर देश की दशा और दिशा की जानकारी दी: कामरेड जगत राम 

    ऊना/ सुशील पंडित : राहुल गांधी की पद यात्रा ने पुरी सच्चाई बताकर देश की दशा और दिशा की जानकारी दी।यह बात राष्ट्रीय इंटक के संगठन सचिव कामरेड जगत राम शर्मा ने प्रैस नोट में कही और विस्तार से बताया कि 3570 कि. मी. लम्बी यात्रा के मार्ग में हजारों गांवों शहरों कस्बों और लाखों लोगों से मिलकर 145 दिन में शेरे कश्मीर स्टेडियम में 30 जनवरी को समापन किया। उस समय बेहद खराब मौसम बर्फबारी व बरसात में हजारों लोग राहुल गांधी के साथ खडे़ रहे जिन में नौजवान, बच्चे, बुढ़े और महिलाओं की भारी गिनती थी।

    देश और जम्मू कश्मीर में सभी धर्मों के लोग हिन्दु मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई मिलकर पद यात्रा और राहुल गांधी का पग- पग पर स्वागत किया। 30 जनवरी को जब राहुल गांधी समापन के अवसर पर भाषण दे रहे थे तो हजारों लोग टैलीविजन पर यह दृश्य देखकर भावुक हो गए। मौसम की खराब परिस्थिति के कारण भी लोग डटे रहे टस से मस नहीं हुए। हिमाचल से कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षा रानी प्रतिभा सिंह, प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्दर सुक्खू व प्रदेश के कई नेता भी मौजूद रहे। जगत राम ने बताया कि इतिहास में यात्राओं के बारे में और भी कई उदाहरणें हैं। जिन में शंकराचार्य कि (विवादित धार्मिक) यात्रा, माओत्सतुंग,महात्मा गांधी का (सविनय अवज्ञा आंदोलन) मार्टिन लूथर आदि हैं।

    लेकिन राहुल की पद यात्रा स्वतंत्रा भारत के इतिहास में पहली है। जिसने देश का असली आइना भाजपा, आर एस, एस, मोदी जी और अमित शाह को दिखा दिया। इस पद यात्रा में भारत के करोड़ों बेरोजगार मंहगाई से त्रस्त किसान और मजदूर, और कर्मचारियों ने 3570 कि. मी. में जगह जगह पर गर्मजोशी से स्वागत किया। जिस प्रकार किसानों ने संघर्ष करके किसानों के पुराने कानूनों को वापिस लाया गया उसी प्रकार पुराने श्रम कानूनों को वापिस लाने और पुरानी कांग्रेस की विचारधारा को लाने के लिए देश राहुल गांधी को ही प्रधनमंत्री के रूप में देखना चाहती है। इन सभी मुददों की चर्चा 22 और 23 फरवरी को तालकटोरा के इंडोर स्टेडियम में होगी। और इस अधिवेशन की अध्यक्षता डा जी संजीवा रैडडी करेंगे।

  • बस और ट्रैक्टर ट्राली की भीषण टक्कर

    बस और ट्रैक्टर ट्राली की भीषण टक्कर

    अमृतसरः यात्रियों की जान जोखिम में डालकर यात्रियों को अनफिट बसों में बिठाकर सड़कों पर उतारा जा रहा है और इनसे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसा ही एक मामला मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बीआरटीएस स्टेशन सदर चौक के पास से सामने आया है। जहां बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हालांकि टक्कर में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक बुलेट सवार चालक भी आया है।

    गनीमत यह रही कि उसका इस हादसे में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। ट्रैक्टर और बस की हालत देखकर लग रहा था कि ये 15 साल से ज्यादा पुराने हैं। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही एएसआई सुखदेव सिंह व पुलिस चौकी बी ब्लॉक के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बस को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

  • राधा कृष्ण मंदिर कोटलाकलां में 1 फरवरी से 13 फरवरी तक वार्षिक महोत्सव शुरू

    राधा कृष्ण मंदिर कोटलाकलां में 1 फरवरी से 13 फरवरी तक वार्षिक महोत्सव शुरू

    ऊना/सुशील पंडित : ऊना जिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल (बाबा बाल जी मंदिर कोटला कलां में) स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर  में 1 फरवरी से वार्षिक महोत्सव शुरू हो रहा है ।यह महोत्सव 13 फरवरी तक चलेगा। जिससे अगले 13 दिन तक यहां वृंदावन की झलक देखने को मिलेगी। इस महोत्सव में हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस वार्षिक महोत्सव के लिए परिसर को रंग बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाने का काम शुरू हो गया है ऊना शहर में सड़कों के किनारे ध्वज और होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इस महोत्सव में श्रीमद् भागवत कथा, रासलीला ,गीता प्रवचन और संकीर्तन के कार्यक्रमों से माहौल भक्तिमय रहेगा। 

    इस धार्मिक अनुष्ठान में 1 से 3 फरवरी तक ज्ञानानंद जी महाराज सुबह 11:00 बजे से गीता पर उपदेश देंगे। 4 फरवरी को राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके वार्षिक आयोजन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और शहर के गणमान्य व्यक्तियों को भी निमंत्रण दिया गया है। इस धार्मिक आयोजन पर शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां भी निकाली जाएगी। 5 और 6 फरवरी को वृंदावन से चित्र- विचित्र की जोड़ी कृष्ण भजनों से रंग जमाएगी। महोत्सव के दौरान 7 से 13 फरवरी तक विश्व विख्यात कथावाचक श्री कृष्ण चंद्र शास्त्री ठाकुर जी श्रीमद् भागवत कथा से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डूबाएंगे। श्रीमद् भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगी। इस दौरान बाबा बाल जी महाराज श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। इस दौरान रासलीला का  मंचन भी होगा।