Blog

  • शौचालय से भारी मात्रा में शराब बरामद, कारोबारी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    शौचालय से भारी मात्रा में शराब बरामद, कारोबारी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    नवादाः बिहार के नवादा जिले में शराब माफिया के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एक आरोपी ने अपने घर के बाथरूम में शौचालय के बगल में गुप्त तहखाना बनाकर 29 बोतल अंग्रेजी शराब छिपा रखी थी। पुलिस की छापेमारी में इस ‘बाथरूम टेक्नोलॉजी’ का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने तेली टोला से आरोपी विक्की कुमार को गिरफ्तार कर उसकी स्कूटी भी जब्त कर ली है।

    बुंदेलखंड थाना प्रभारी धर्मवीर कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि तेली टोला निवासी शिवराम बाबू का बेटा विक्की कुमार अवैध शराब का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विक्की के घर पर अचानक दबिश दी। शुरुआती पूछताछ में विक्की ने शराब होने से इनकार किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने सच्चाई बता दी।

    आरोपी ने बताया कि शराब बाथरूम के शौचालय में बने एक गुप्त तहखाने में छिपाई गई है। पुलिस ने जब तहखाने का दरवाजा खोला, तो वहां 29 बोतल अंग्रेजी शराब व्यवस्थित तरीके से रखी मिलीं। यह तहखाना इतनी सफाई और चालाकी से बनाया गया था कि सामान्य तलाशी में इसका पता लगाना मुश्किल था।

    थाना प्रभारी धर्मवीर कुमार ने बताया कि शराब माफिया द्वारा अपनाई गई यह अनोखी तकनीक देखकर पुलिस भी हैरान है। उन्होंने कहा कि ऐसी चालाकी से बचने के लिए अब और अधिक सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

  • थानाकलां-खुरवाईं रोड़ वाया त्यार एक माह के लिए बंद, यातायात वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट

    थानाकलां-खुरवाईं रोड़ वाया त्यार एक माह के लिए बंद, यातायात वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट

    ऊना/सुशील पंडित: थानाकलां-खुरवाईं रोड़ वाया त्यार (किलोमीटर 3/300 से 6/600) 17 अक्तूबर से 17 नवम्बर (एक माह) तक बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान यातायात को ककराणा, घुंगन, हरोट और थानाकलां से क्यारियां रोड़ पर मोड़ा गया है।

    उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने इस संबंध में मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 और 116 के तहत आदेश जारी किए हैं ताकि सड़क अपग्रडेशन सहित अन्य निर्माण कार्यों को सुचारू और त्वरित किया जा सके।

    उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि लोगों को पहले से सूचित करने के लिए सड़क पर संकेतक बोर्ड लगाए जाएं और सूचना प्रसार के सभी माध्यमों का उपयोग किया जाए। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि इस अवधि में यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।

  • आर्य पब्लिक स्कूल में 19वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह

    आर्य पब्लिक स्कूल में 19वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह

    विधायक विवेक शर्मा रहे मुख्य अतिथि, मेधावी छात्रों को मिला सम्मान

    ऊना/सुशील पंडित: आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा में बुधवार को 19वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षौल्लास और गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। समारोह में स्थानीय विधायक  विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की जबकि उपमंडल अधिकारी  सोनू गोयल एवं तहसीलदार  अमित शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ, जिसके उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

    उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण देते हुए बताया कि छात्रों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से विद्यालय का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, लोक नृत्यों और लघु नाटिकाओं से सजे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों की गूंज से बच्चों का उत्साह बढ़ाया। मुख्य अतिथि विधायक  विवेक शर्मा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने आर्य पब्लिक स्कूल द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया और साथ ही विधायक विवेक शर्मा ने बच्चों के जलपान के लिए 5100 रूपए देने की घोषणा की।  इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव देशराज मोदगिल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा, जिला परिषद् सदस्य सत्या देवी ,पूर्व सैनिक केवल  कृष्ण, के सी शर्मा,कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता,विद्यालय के शिक्षक, स्थानीय उपप्रधान अजय कुमार अनेक विभागों से आए अधिकारी, कर्मचारियों सहित बच्चों के अभिभावकों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

  • जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की नई जिला कार्यकारिणी घोषित

    जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की नई जिला कार्यकारिणी घोषित

    जिला ऊना के दस मंडलों के अध्यक्ष नियुक्त, राम किशन को कुटलैहड़ अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष पद की कमान

    ऊना/ सुशील पंडित: भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा जिला ऊना के अध्यक्ष सूरम सिंह ने आज बंगाणा में मीडिया के समक्ष जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। उन्होंने बताया कि संगठन को मज़बूती देने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी के साथ-साथ जिले के दस मंडलों के अध्यक्षों की नियुक्ति भी की गई है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को पहुंचाना है, ताकि अनुसूचित जाति वर्ग का समग्र विकास हो सके।

    सूरम सिंह ने बताया कि नवगठित जिला कार्यकारिणी में महामंत्री के रूप में जगदीश राम तथा सुमन कुमार को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त रामपाल, गुरचरण और नरेंद्र को उपाध्यक्ष बनाया गया है। तरसेम, बृजलाल, नमता, सुरेन्द्र और चमनलाल सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि सुभाष कुमार को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

    जिला कार्यकारिणी सदस्यों में सोमनाथ, राजेश कुमार, रमेश, विजय, राधे श्याम, पवन कुमार, अनिल भाटिया, मेहर चंद, गौरव कुमार, प्रवीण कुमार, संदीप, दलजीत, विजय कुमार, प्रीतम चंद, रूप चंद, श्याम लाल और बक्शीस को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला ऊना के दसों मंडलों के लिए अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है।

    कुटलैहड़ मंडल से राम किशन सुमन मझियानी, डेरा बाबा रूद्रानंद से नरेंद्र कुमार, ऊना विधानसभा क्षेत्र से बलबिंदर सिंह और दूसरे मंडल से बुद्धि सिंह, चिंतपूर्णी से श्याम रत्न, चिंतपूर्णी लोहर से ब्रह्मदास, गगरेट से कमलजीर, दौलतपुर से नानकचंद, हरौली खास से बलदेव सिंह, और हरौली बीट से कुलबीर सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है। सूरम सिंह ने कहा कि सभी नव नियुक्त मंडल अध्यक्षों को 19 अक्तूबर से पहले अपने-अपने मंडल की कार्यकारिणी घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यकारिणी पार्टी के अनुशासन और संगठन की मजबूती के लिए काम करेगी।

    उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व राज्य भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, विधायक सतपाल सत्ती, पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो, डॉ. राम कुमार, बलबीर चौधरी, राजेश ठाकुर, चैतन्य शर्मा और श्याम मिन्हास का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी सलाह व मार्गदर्शन से ही यह कार्यकारिणी घोषित की गई है। जिलाध्यक्ष सूरम सिंह ने कहा कि मोर्चा का मुख्य उद्देश्य 2027 के विधानसभा चुनावों में जिला ऊना की पांचों सीटों पर भाजपा की विजय सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करेंगे, ताकि जनता तक केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं पहुंचे और समाज के हर वर्ग का विकास सुनिश्चित हो सके। इस मौके पर कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,कार्यालय सचिव राजेंद्र ठाकुर मौजूद रहे।

  • 2 गुटों की लड़ाई में 24 किन्नरों ने पी लिया फिनायल, देखें वीडियो

    2 गुटों की लड़ाई में 24 किन्नरों ने पी लिया फिनायल, देखें वीडियो

    4 किन्नरों ने की खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश

    इंदौरः शहर के नंदलालपुरा इलाके में किन्नर समाज में बड़ा हंगामा मच गया। यहां 24 किन्नरों ने एक साथ फिनायल पी लिया। वहीं एमवाय अस्पताल के बाहर 4 किन्नरों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह उन्हें काबू में किया और बोतलें छीन लीं। फिलहाल सभी फिनायल पीने वाले किन्नरों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फिनायल पीने की बात सामने आई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन्नरों ने ऐसा कदम क्यों उठाया। सीएमएचओ को सभी मरीजों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं। https://youtube.com/shorts/Lkk6C_gdceA?feature=share एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने भी रात में एमवाय अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जहर पीने वालों में से दो किन्नरों को आईसीयू में भर्ती किया गया है, बाकी को सामान्य वार्ड में रखा गया है। एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि किन्नर समाज के डेरे में झगड़े और हंगामे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को संभाला गया। स्थिति सामान्य होने के बाद सभी के बयान लिए जाएंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, किन्नरों के दो गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह विवाद गद्दी और संपत्ति को लेकर है। एक पक्ष सीमा गुरु से जुड़ा है, जबकि दूसरा पायल गुरु का समर्थक बताया जाता है। इस विवाद को सुलझाने के लिए कुछ महीने पहले पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने एसआईटी गठित की थी, लेकिन 3 महीने गुजर जाने के बाद भी टीम किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई। पहले इस जांच की जिम्मेदारी डीसीपी ऋषिकेश मीणा के पास थी, पर उनके ट्रांसफर के बाद जांच ठंडी पड़ गई।
  • महाविद्यालय ऊना के 6 रोवर्स ने निपुण टेस्टिंग कैंप में भाग लिया 

    महाविद्यालय ऊना के 6 रोवर्स ने निपुण टेस्टिंग कैंप में भाग लिया 

    ऊना/सुशील पंडित: राजकीय उत्कृष्ठ महाविद्यालय ऊना के 6 रोवर्स  निपुण टेस्टिंग कैंप में भाग लेकर लोटे। यह कैंप राज्य प्रशिक्षण केंद्र रिवालसर जिला मंडी में 09 अक्तूबर 2025 से 13 अक्तूबर  2025 तक करवाया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश के 41 महाविद्यालयों के रोवर्स ने भाग लिया जिसमे भिन्न प्रकार की गतिविधियां करवाई गई ।

    महाविद्यालय की प्राचार्य डॉक्टर मीता शर्मा ने इन रोवर्स को प्रशस्ति पत्र देकर बधाई दी। इस कार्यक्रम में डॉ शाम सिंह बैंस ने  पाठ्यक्रम के सदस्य के रूप में सेवा दी | यह जानकारी  रोवर स्काउट लीडर डॉ शाम सिंह बैंस ने दी।

  • CBI ने 10 लाख की रिश्वत लेते NHIDCL के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर किया गिरफ्तार, 2.62 करोड़ बरामद

    CBI ने 10 लाख की रिश्वत लेते NHIDCL के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर किया गिरफ्तार, 2.62 करोड़ बरामद

    असम: सीबीआई ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) के गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के कार्यकारी निदेशक और क्षेत्रीय अधिकारी मैसनम रितेन कुमार सिंह को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। तलाशी के दौरान 2.62 करोड़ रुपये नकद भी बरामद किए गए। सीबीआई ने इस मामले में कोलकाता स्थित कंपनी मोहन लाल जैन के प्रतिनिधि बिनोद कुमार जैन को भी गिरफ्तार किया है।

    सीबीआई ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर कार्रवाई की और उसी दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, जब रितेन कुमार सिंह रिश्वत की रकम स्वीकार कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने देशभर में आरोपी अधिकारी और उससे जुड़े लोगों के सात ठिकानों पर छापेमारी की। सीबीआई ने बयान जारी कर कहा कि तालाशी के दौरान 2 करोड़ 62 लाख रुपये नकद, 9 जमीनों के दस्तावेज, 20 फ्लैट्स और कई लग्जरी वाहनों के कागजात मिले।

    ये सभी संपत्तियां रितेन कुमार सिंह और उनके परिजनों के नाम पर दर्ज हैं। बयान में कहा गया है कि सिंह ने एक निजी कंपनी से अन्य ठेकों के अलावा, असम में डेमो से मोरन बाईपास के अंत तक राष्ट्रीय राजमार्ग-37 के चार लेन के निर्माण कार्य के लिए अनुकूल समय विस्तार (EOT) और पूर्णता प्रमाण पत्र देने के बदले में कथित तौर पर रिश्वत की मांग की थी।

    गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आज गुवाहाटी स्थित सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई प्रवक्ता ने कहा कि पूरे भारत में विभिन्न स्थानों पर आरोपियों के सात कार्यालय और आवासीय परिसरों की तलाशी ली गई। उन्होंने कहा कि आरोपी लोक सेवक की चल-अचल संपत्तियों का सत्यापन जारी है।

  • CM Sukhu का अहम ऐलान, चमियाणा और टांडा के बाद IJMC शिमला में शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी

    CM Sukhu का अहम ऐलान, चमियाणा और टांडा के बाद IJMC शिमला में शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी

    शिमला: एआइएमएसएस चमियाणा और टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की शुरूआत के बाद राज्य सरकार शीघ्र ही आईजीएमसी शिमला में यह सुविधा उपलब्ध करवाने जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यहां बुधवार सांय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आईजीएमसी शिमला में कमला नेहरू अस्पताल के मरीजों की रोबोटिक सर्जरी के लिए 40 बेड आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रदेश के अस्पतालों में अत्याधुनिक मशीनरी उपलब्ध करवा रही है।

    मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आईजीएमसी में गाइनी की रोबोटिक सर्जरी शुरू की जाए। बैठक में गाइनी की रोबोटिक सर्जरी से जुड़े अनेक अन्य निर्णय भी लिए गए। उन्होंने कहा कि केएनएच के स्त्री रोग विशेषज्ञ रोबोटिक सर्जरी के अलावा आईजीएमसी में इलेक्टिव सर्जरी भी करेंगे। उन्होंने कहा कि केएनएच प्रशासन रोबोटिक व इलेक्टिव सर्जरी के लिए आईजीएमसी में डॉक्टरों की टीम तैनात करेगा ताकि दोनों जगह महिला रोगियों को सुगम इलाज मिल सके। आईजीएमसी में रोबोटिक व इलेक्टिव सर्जरी का तीन महीने तक ट्रायल आधार पर प्रयोग किया जाएगा। इसके बाद समीक्षा कर आगे बदलाव किए जा सकते हैं।

    ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 25 करोड़ रुपये की लागत से आईजीएमसी में डायग्नोस्टिक लैब स्थापित की जा रही है। कॉलेज प्रशासन को इसके लिए राशि जारी कर दी गई है। इसमें टेस्ट शुरू होने के बाद केएनएच के स्त्री रोग विशेषज्ञों को भी महिला रोगियों के उपचार में काफी लाभ होगा। बैठक में सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा राकेश शर्मा तथा कमला नेहरू अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ भी उपस्थित थे।

  • Mini Hyva ने साइकिल सवार व्यक्ति को मारी टक्कर, मौके पर ही मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया Road जाम

    Mini Hyva ने साइकिल सवार व्यक्ति को मारी टक्कर, मौके पर ही मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया Road जाम

    साहिबगंजः जिले के गांधीनगर–मुरदारी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां, मिनी हाइवा की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मिर्जाचौकी–बुआरीजोर मुख्य सड़क को जाम कर दिया और मृतक को न्याय दिलाने की मांग की।

    जानकारी मुताबिक, मिनी हाइवा कीर्तनिया गिट्टी मंडी की ओर जा रहा था। रास्ते में निमगाक्षी चौक के पीछे साइकिल सवार अजीज अंसारी को वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद ड्राइवर के भागने की कोशिश में हाइवा बिजली के पोल से जा टकराया, लेकिन मौका पाकर वह फरार हो गया। घटना के बाद इलाकावासियों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने रोड जाम कर दिया।

    इधर, सूचना मिलते ही मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव, एसआई महेंद्र सिंह और एसआई विक्रम कुमार बाउरी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र भीड़ को शांत करने की अपील की। मृतक की पत्नी जुबेदा खातून ने बताया कि अजीज अंसारी तीन बच्चों पिता थे। वह ट्रकों में ग्रीसिंग का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वहीं, फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के बाद फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

  • ‘हरित दीपावली’ के संदेश पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आयोजित किया कार्यक्रम

    ‘हरित दीपावली’ के संदेश पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आयोजित किया कार्यक्रम

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए स्वच्छ और हरित दीपावली मनाने के संदेश के साथ राज्य के विभिन्न जिलों के सरकारी स्कूलों में बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान आयोजित किए। बोर्ड द्वारा बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला, चम्बा, ऊना, सिरमौर, सोलन और हमीरपुर जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

    बोर्ड की परवाणु स्थित केंद्रीय प्रयोगशाला ने बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पट्टा मसूलखाना और परवाणु में ‘हरित दीपावली’ पहल के तहत ‘स्वच्छ दीपावली, हरित दीपावली’ विषय पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए। इस आयोजन में पटाखे फोड़ने के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए विद्यार्थियों द्वारा जन जागरूकता रैली निकाली गई। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा थीम पर आधारित नारा लेखन और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

    इसी प्रकार, हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला, पांवटा साहिब ने भी सिरमौर जिला के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय बेचड़ का बाग में ‘स्वच्छ दीपावली, हरित दीपावली’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और समुदाय को प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान पोस्टर बनाने, नारा लेखन और भाषण जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को ग्रीन दीपावली के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान युवा प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और अपनी कलाकृतियों और भाषणों के माध्यम से प्रभावशाली संदेश दिए।

    प्रधान विज्ञानी डॉ. हितेंद्र कुमार शर्मा ने पटाखों के दुष्प्रभावों पर एक व्याख्यान दिया और सभी से स्वस्थ पर्यावरण के लिए दीपावली मनाने का एक पर्यावरण-अनुकूल तरीका चुनने का आग्रह किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उनके सराहनीय प्रयासों के लिए प्रमाणपत्र और पुरस्कार दिए गए। इस आयोजन ने युवाओं के मन में पर्यावरणीय जिम्मेदारी के बीज सफलतापूर्वक बोए।

    इसी प्रकार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, घनियारा में भी दीपावली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां विद्यार्थियों ने रैली के जरिए स्वच्छ एवं हरित दीपावली का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश को दर्शाती एक सुंदर रंगोली बनाई और उसे मिट्टी के दीयों से सजाया। क्षेत्रीय प्रयोगशाला दारी की विज्ञानी सतविंद्र कौर ने अपने सम्बोधन में पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रोत्साहित किया।