Blog

  • जालंधरः ग्राहक बनकर आई औरतों ने दुकान में किया हाथ साफ, देखें CCTV

    जालंधरः ग्राहक बनकर आई औरतों ने दुकान में किया हाथ साफ, देखें CCTV

    जालंधर, ENS: महानगर में रामामंडी में एक कपड़े की दुकान में ग्राहक बनकर आई शातिर औरतों ने बड़ी ही सफाई से कपड़े चुरा लिए। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दरअसल, 4 औरतें कपड़े की दुकान में ग्राहक बनकर आई थी। इस दौरान वह कपड़ें पसंद कर रही थी, लेकिन कब औरतों ने दुकान से कपड़े चुरा लिए इस बात का दुकानदार को भी पता नहीं चला।

    दुकानदार ने औरतों के जाने के बाद जब सीसीटीवी फुटेज चैक की तो पता चला वहीं औरतें दुकान से कपड़े चुराकर फरार हो गई है। वीडियों में देखा जा सकता है कि औरतें कपड़े और दिखाने का बहाना लगाकर दुकानदार को उलझन में डाल रही है। जिसके बाद वह दुकान से महंगे कपड़े चुराकर फरार हो जाती है। 

  • पंजाबः इस गैंगस्टर की जान को खतरा, जेल में हो सकता है कत्ल

    पंजाबः इस गैंगस्टर की जान को खतरा, जेल में हो सकता है कत्ल

    चंडीगढ़: पंजाब की बठिंडा जेल में बंद गैंगस्टर जगदीप उर्फ जग्गू भगवानपुरिया को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक बठिंडा जेल में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की जान को खतरा है। दरअसल, जग्गू का कहना है कि उसका किसी भी समय कत्ल किया जा सकता है इसलिए उसे बठिंडा से किसी अन्य जेल में शिफ्ट किया जाए। भगवानपुरिया की याचिका पर सुनवाई करते हुए पंजाब एवं  हरियाणा हाईकोर्ट ने बीते दिन पंजाब के ए.डी.जी. (जेल) को गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया की बठिंडा जेल के अलावा पंजाब की किसी भी केंद्रीय जेल में स्थानांतरित करने की मांग पर 10 दिनों में निर्णय लेने के आदेश दिए हैं। भगवानपुरिया ने लारैंस बिश्नोई, दिलप्रीत बाबा, नीटा देओल, गुरप्रीत सेखों और कई अन्य गैंगस्टरों से अपनी जान को खतरा होने का दावा किया है।

    भगवानपुरिया के अनुसार खतरा केवल गिरोह के नेताओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उनके समर्थकों से भी है, क्योंकि वे किसी न किसी तरीके का सहारा लेकर उसे खत्म करने की साजिश रच रहे हैं। हाईकोर्ट के जस्टिस विकास सूरी ने भगवानपुरिया की ओर से दायर याचिका का निपटारा करते हुए यह आदेश पारित किए हैं। वर्तमान में भगवानपुरिया मोहाली पुलिस की हिरासत में है। उसका कहना है कि  अगर उसे पुन: बठिंडा जेल में भेजा गया तो वहां उसकी हत्या कर दी जाएगी क्योंकि वहां कई अन्य गैंग के सदस्य बंद हैं। वह उनके निशाने पर है। उसने इस संबंध में 21 सितम्बर को राज्य के जेल अधिकारियों को मांगपत्र भी सौंपा था। भगवानपुरिया के वकील आर. कार्तिकेय ने बैंच को बताया कि यह पहली बार नहीं है कि उन्होंने इस तरह के खतरे की ओर इशारा किया है बल्कि ऐसे कई उदाहरण हैं, जिन्होंने उसकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। वह पहले पटियाला जेल में बंद था और दिलप्रीत बाबा गैंग से जुड़े कुछ गैंगस्टरों के निशाने पर था।

  • पंजाबः रिश्वत लेते SHO को विजिलेंस ने किया काबू

    पंजाबः रिश्वत लेते SHO को विजिलेंस ने किया काबू

    मोगाः पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रही मुहिम के दौरान थाना धर्मकोट, ज़िला मोगा में तैनात ऐसऐचओ गुरविन्दर सिंह भुल्लर को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू किया है। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुये राज्य विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त पुलिस इंस्पेक्टर को सुखविन्दर सिंह निवासी गाँव नूरपुर हकीम ( ढाणी मलूक सिंह), तहसील धर्मकोट द्वारा दर्ज करवाई शिकायत पर काबू किया गया है। 

    उन्होंने आगे बताया कि उक्त शिकायतकर्ता ने फ़िरोज़पुर स्थित विजीलैंस ब्यूरो रेंज के दफ़्तर में पहुँच कर बयान दर्ज करवाए और दोष लगाया है कि उसके चोरी हुए ट्रक-ट्राले का पता लगाने के लिए वह पहले थाना कोट इसे खान, मोगा ज़िला में गया और उपरोक्त एस. एच. ओ को मिला जिसने इस सम्बन्ध में मदद करने के लिए एक लाख रुपए की माँग की परन्तु आखि़रकार सौदा 80,000 रुपए में तय हो गया। इसके बाद उक्त थानेदार ने शिकायतकर्ता से पेशगी किश्त के तौर पर 50, 000 रुपए ले लिए परन्तु शिकायतकर्ता ने उसे कहा कि वह ट्रक- ट्रेलर का सुराग पता लगने के बाद ही बाकी रहती रकम देगा। 

    शिकायतकर्ता ने आगे दोष लगाया कि वह अपने ट्राले के बारे पता लगाने के लिए दोबारा थाना कोट इसे खान पहुँचा तो पता लगा कि उक्त थानेदार का तबादला बतौर ऐसऐचओ धर्मकोट हो गया है। फिर वह उसे नयी तैनाती वाले थाने में मिला जहाँ उक्त थानेदार ने रिश्वत की बकाया रकम देने के बाद ही गुजरात से उसकी गाड़ी बरामद करने की बात की। इसके बाद थाने में ही एस. एच. ओ. ने शिकायतकर्ता से दूसरी किश्त के तौर पर 20,000 रुपए ले लिए और बकाया रकम तुरंत अदा करने की हिदायत की। 

    इस भ्रष्टाचार के आगे न झुकने के कारण शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो रेंज के दफ़्तर के पास जाने का फ़ैसला किया। इसके बाद जब उक्त एस. एच. ओ. 10,000 रुपए की बकाया रकम की माँग रहा था तो शिकायतकर्ता ने बातचीत रिकार्ड कर ली और सबूत के तौर पर विजीलैंस ब्यूरो दफ़्तर को सौंप दी। प्रवक्ता ने आगे बताया कि प्राथमिक जांच के बाद विजीलैंस ब्यूरो ने इस मामले में ऐसऐचओ को दोषी पाये जाने के बाद भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर लिया है।

    इसके बाद विजीलैंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसके नतीजे के तौर पर थानेदार गुरविन्दर सिंह भुल्लर को दो सरकारी गवाहों की हाज़िरी में शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू कर लिया। इस सम्बन्धी उक्त पुलिस मुलाज़िम के खि़लाफ़ थाना विजीलैंस ब्यूरो रेंज फ़िरोज़पुर में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की धारा 7 अधीन एफ. आई. आर. नम्बर 26 तारीख़ 5 अक्तूबर 2023 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पकड़े गए मुलजिमों को अदालत में पेश किया जायेगा और इस केस के बारे आगे कार्यवाही जारी है।

  • पंजाबः धार्मिक स्थल से वापस आई वैन पर नशेड़ियों ने किया हमला, तोड़े शीशे, देखें वीडियो

    पंजाबः धार्मिक स्थल से वापस आई वैन पर नशेड़ियों ने किया हमला, तोड़े शीशे, देखें वीडियो

    लुधियानाः देर रात माडल टाउन एक्सटेंशन से बड़ी खबर सामने आई है। जहां धार्मिक स्थल से वापस आई वैन पर 2 नशेड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब के बाहर धार्मिक स्थान से वापस लौटी एक वैन पर हमला कर दिया। वैन को घेर कर उस पर पत्थर और डंडे बरसाए। यही नहीं ड्राइवर को युवकों ने गालियां भी दी। इस घटना की घरों की छतों से लोगों ने वीडियो बना ली। युवकों ने आधा घंटा जमकर सरेआम सड़क पर गुंडागर्दी की।

    यदि कोई व्यक्ति उन्हें हुल्लड़बाजी करने से रोकने गया तो उन्होंने उस पर भी हमला कर दिया। लोगों ने बताया कि जिस वैन पर पत्थरबाजी, वह किसी धार्मिक स्थल से जत्थे को वापस लेकर आई थी। गनीमत रही कि वैन में कोई यात्री सवार नहीं था। इस बीच ड्राइवर ने बचाव करते हुए वैन भगाई, लेकिन हमलावरों ने बीच बाजार पत्थरबाजी कर वैन सहित कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। पत्थरबाजी के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

    थाना माडल टाउन की एसएचओ गुरशिंदर कौर ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने नशीला पदार्थ का सेवन किया हुआ था। फिलहाल अभी उनसे बातचीत हो नहीं पाई। उनकी हालत स्थिर होने के बाद हमले के कारणों का पता चलेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • जालंधर GST विभाग के ड्राइवर से iphone छीनकर भागे लुटेरे, लोगों ने किए काबू, देखें वीडियो

    जालंधर GST विभाग के ड्राइवर से iphone छीनकर भागे लुटेरे, लोगों ने किए काबू, देखें वीडियो

    जालंधर,ENS: महानगर में लूटपाट और चोरी की वारदातों का ग्राफ काफी बढ़ गया है। हालात यह हो गए है कि दिन हो रात चोर सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे है। वहीं ताजा मामला देर रात बस स्टैंड के पास से सामने आया है। जहां जीएसटी विभाग के ड्राइवर का आईफोन छीनकर लुटेरे फरार हो गए। जिसके बाद लोगों ने खुद ही लुटेरों को ढूंढ कर पुलिस के हवाले कर दिया। दरअसल, देर रात असिस्टेंट कमिश्नर को घर छोड़ कर लौट रहे GST विभाग में तैनात ड्राइवर अंशुमंत निवासी गढ़ा को बस अड्डे की पार्किंग के पास लुटेरों ने घेर लिया और उससे आईफोन, पर्स, कड़ा और पैसे लूट लिए।

    जब लुटेरों ने अंशुमंत को घेरा उस वक्त वह अपने फोन से भाई से बात करता हुआ जा रहा था। अंशुमंत ने कहा कि वह भाई को फोन पर कह रहा था कि उसे बस के पास से ले जाए। इतने में एक लुटेरे ने उसे गाली निकाली। वह इग्नोर करके आगे निकल गया, लेकिन फिर से उसने गाली निकाली तो वह रुक गया। इसी दौरान एक लुटेरे ने उसकी बाजू मरोड़ दी और और दूसरे ने हाथ से फोन, जेब से पर्स, एक हजार कैश और कड़ा छीन लिया। अंशुमंत के भाई ने कहा कि उसने लुटेरों से हो रही बहस सुन ली थी। इसके बाद वह अपने दोस्तों को लेकर बस अड्डे के पास पहुंचा। उन्होंने वहां पर मौजूद पुलिस वालों को भी लूट के बारे में बताया, लेकिन मुलाजिमों ने कोई एक्शन नहीं लिया।

    इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर लुटेरों की तलाश शुरू की तो वारदात स्थल के पास ही दोनों को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। नशे के आदी पकड़े गए दोनों लुटेरे हालांकि अपने पांवों पर पानी नहीं पड़ने दे रहे थे और अलग-अलग बयान दे रहे थे, लेकिन अंशुमन ने कहा कि एक लुटेरे ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था, दूसरे नंगे मुंह था। उसने दोनों को पहचान लिया। जिस लुटेरे ने उसकी बाजू मरोड़ी और चांटे मारे उसने कान में बालियां डाली हुई थीं। बहरहाल पुलिस ने दोनों को कस्टडी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों नकोदर के बताए जा रहे हैं।

  • पंजाब: घर में घुसकर बदमाशों में व्यक्ति पर चलाई गोलियां, एक घायल, देखें वीडियो

    पंजाब: घर में घुसकर बदमाशों में व्यक्ति पर चलाई गोलियां, एक घायल, देखें वीडियो

    गुरदासपुर: बटाला के गांव शाहबाद से बड़ी खबर सामने आई है। जहां देर रात बदमाशों की दबंगई सरेआम नजर आई। मिली जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने घर में घुसकर व्यक्ति पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि गांव शाहबाद में कुछ दिन पहले 2 गुटों में हुए मामूली झगड़े को लेकर ईवर देर रात एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट के एक व्यक्ति के घर में घुसकर फायरिंग कर दी।

    इस दौरान एक व्यक्ति को गोली लगने से घायल हो गया। घायल को अमृतसर इलाज के लिए भेज गया है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बटाला के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए आये सुमनप्रीत वासी शाहबाद ने बताया कि बुधवार को उसका कुछ लोगों के साथ मामूली तकरार हुई थी। जिसके बाद देर रात रंजिश के कारण वह लोग व्यक्ति के घर में आए और उस पर 2 गोलियां चला दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी जाते-जाते धमकी देकर चले गए है।

    पीड़ित ने कहा आरोपी कहकर गए है कि अगर पुलिस को शिकायत दी तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। बटाला के सिविल अस्पताल में डॉक्टर ने कहा कि हमारे यहां एक व्यक्ति को गोली लगने के कारण भर्ती कराया गया था। लेकिन घायल की हालत देख उसे अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में रेफेर किया गया है। वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही थाना रंगड़ नंगल पुलिस अमृतसर के लिए घायल का बयान लेने के लिए रवाना हो गई।

  • पंजाबः दवा फैक्टरी में आग से केमिकल ड्रमों में हुआ धमाका, 2 की मौत, कई कर्मचारी लापता, देखें वीडियो

    पंजाबः दवा फैक्टरी में आग से केमिकल ड्रमों में हुआ धमाका, 2 की मौत, कई कर्मचारी लापता, देखें वीडियो

    अमृतसर : मजीठा रोड स्थित नागकलां दवा फैक्टरी क्वालिटी फार्मास्यूटिक्ल लिमिटेड में वीरवार दोपहर साढ़े तीन बजे भीषण आग लग गई। आग लगने से फैक्टरी में पड़े 500 के करीब केमिकल ड्रम एक के बाद एक धमाके के साथ फट गए। प्रशासन ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त फैक्टरी में 1600 कर्मचारी काम कर रहे थे। आग लगने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी बाहर की ओर भागने लगे। एयरफोर्स की गाड़ियों सहित 80 फायर टेंडरों ने रात साढ़े नौ बजे 80 प्रतिशत आग पर काबू पाया।

    आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फैक्टरी के मालिक के अनुसार फैक्टरी में करीब 1,600 कर्मचारी काम करते हैं। आग लगने की जैसे ही जानकारी मिली तो सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। फैक्टरी के अंदर लगे सीसीटीवी देखने के बाद ही पता चल पाएगा कि आग कैसे लगी। उनके मुताबिक फैक्टरी के अंदर 500 के करीब केमिकल के ड्रम पड़े हुए थे, जिसमें से ज्यादातर तबाह हो गए। उन्होंने बताया कि आग से लाखों का नुकसान हुआ है।

    डिस्ट्रिक्ट फायर अफसर दिलबाग सिंह ने कहा कि आग की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची गई थी, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। धुएं के कारण आग बुझाने में आई परेशानी दवा फैक्टरी में आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग के कारण पहले शुरुआत के समय में सिर्फ धुआं ही धुआं था।

    धुएं के कारण फैक्टरी में दमकल विभाग के कर्मचारी जा नहीं पा रहे थे। जैसे ही धुआं कम हुआ तो कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।  बेटे का मोटरसाइकिल मिला पर उसका नहीं चल रहा पता बटाला के नजदीक रहने वाली महिला तृप्ता ने बताया कि उसका बेटा फैक्टरी में काम करता है। बेटा शाम छह बजे तक घर पर पहुंच जाता है, लेकिन उसका अभी तक कुछ पता नहीं चल पा रहा है। मोटरसाइकिल भी फैक्टरी के बाहर लगा हुआ है। फैक्टरी के मालिक कह रहे है कि सभी को घर भेज दिया गया है। वहीं महिला राज कौर ने बताया कि उसका बेटा पलविंदर सिंह फैक्टरी में सफाई कर्मचारी है। बेटा रोजाना ही शाम को छह बजे पहुंच जाता था, लेकिन आज घर नहीं पहुंचा था। आग लगने का पता चलते ही वह फैक्टरी में पहुंची।

  • कॉमेडियन कपिल शर्मा, एक्ट्रेस हुमा कुरैशी और हिना खान को ED ने जारी किया समन 

    कॉमेडियन कपिल शर्मा, एक्ट्रेस हुमा कुरैशी और हिना खान को ED ने जारी किया समन 

    नई दिल्ली : ऑनलाइन बेटिंग ऐप केस में कॉमेडियन कपिल शर्मा, एक्ट्रेस हुमा कुरैशी और हिना खान को ED ने समन भेजा है। PTI ने इसकी जानकारी दी है। दोनों को कब बुलाया गया है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वहीं, एक्टर रणबीर कपूर ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को ईमेल भेजकर पेश होने के लिए एक हफ्ते का वक्त मांगा है। रणबीर को 6 अक्टूबर शुक्रवार को रायपुर के ED दफ्तर में पेश होना था।इधर, ED रायपुर के वकील सौरभ पांडेय ने बताया कि रणबीर को 6 नहीं 5 अक्टूबर को पेश होना था, लेकिन वे नहीं आए। शाम 5 बजे तक अफसरों ने उनका इंतजार किया। उनका ईमेल मिलने के बाद अब शुक्रवार को तय किया जाएगा कि उन्हें दूसरा समन किस तारीख को भेजा जाए। रणबीर पर सौरभ चंद्राकर के बेटिंग ऐप के प्रमोशन का आरोप है। ED का कहना है कि इसके लिए रणबीर को हवाला के जरिए कैश पेमेंट किया गया। एक्टर से ED जानना चाहती है कि वह इसका प्रमोशन कब से कर रहे हैं? इसके लिए किसने संपर्क किया और पेमेंट किस मोड में मिला।कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रणबीर इस केस में आरोपी नहीं है। ED सिर्फ उनके जरिए लेने-देने को समझना चाहती है। इस केस का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर है जिसकी शादी में टाइगर श्रॉफ, नुसरत भरूचा, सुखविंदर सिंह, नेहा कक्कड़ और सनी लियोनी समेत 14-15 सेलेब्स ने शिरकत की थी। इन सभी को ED समन भेज सकती है।


    बेटिंग ऐप केस में जांच कर रहे अफसरों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय की ओर से एक्टर रणबीर कपूर को फिर से समन भेजा जाएगा। अगर दो बार समन जारी करने के बाद भी वो पूछताछ में शामिल नहीं होंगे तो ED की टीम रणबीर कपूर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले सकती है। ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े लोगों के खिलाफ ED लगातार कार्रवाई कर रही है। 15 सितंबर को ED ने रायपुर, भोपाल, मुंबई और कोलकाता में 39 स्थानों पर छापेमारी कर सटोरियों के ठिकानों से 417 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति जब्त की थी। इसमें बड़ी तादाद में सोने-चांदी के जेवर और कैश बरामद किया गया था।

    फरवरी 2023 में बेटिंग ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर ने दुबई में शादी की थी। इस शादी समारोह में करीब 200 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। परिवार को लाने और ले जाने के लिए निजी जेट किराए पर लिए गए। इसके अलावा शादी में परफॉर्म करने के लिए मशहूर सेलिब्रिटीज को बुलाया गया था।वेडिंग प्लानर, डांसर, डेकोरेटर मुंबई से हायर किए गए। हवाला चैनलों का इस्तेमाल कर इन्हें पैसे दिए गए थे। योगेश पोपट नाम के व्यक्ति की कंपनी आर-1 इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को हवाला के जरिए 112 करोड़ रुपए पहुंचाए गए और 42 करोड़ रुपए में होटल की बुकिंग करवाई गई थी।

  • आज का राशिफल, 6 अक्टूबर 2023

    आज का राशिफल, 6 अक्टूबर 2023

    आज 6 अक्टूबर का शुक्रवार को शनि और शुक्र के बीच सप्तम दृष्टि का संबंध बना हुआ है। शनि और शुक्र दोनों ही आपस में मित्र भाव रखते हैं। ऐसे में दोनों ग्रहों के बीच दृष्टि संबंध से शुक्र की दोनों राशियों वृषभ और तुला राशि के जातकों को लाभ मिल रहा है। इसकी वजह यह भी है कि आज चंद्रमा का संचार मिथुन राशि से हो रहा है जो तुला राशि के लिए भाग्यवर्धक बना हुआ है। देखें ग्रहों की शुभ स्थिति से आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा, जानें आज का राशिफल।

    मेष राशि: आज का दिन सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत लोगों के लिए अच्छा रहने वाला है। आपको अपनी मेहनत का पूरा फल मिलेगा। नव विवाहित जातकों के जीवन में किसी नए मेहमान की दस्तक हो सकती है और किसी भी लाभ के सौदे को आप हाथ से ना जाने दें,नहीं तो समस्या होगी। आपकी आय बढ़ने से आपको खुशी होगी और संतान पक्ष की ओर से आपको कोई बड़ी खुशखबरी मिल सकती है, जिसकी आप लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे थे। आपको कार्यक्षेत्र में विरोधियों के षड्यंत्रों में आने से बचना होगा।

    वृष राशिः आज का दिन आपके लिए अनुकूल परिणाम लेकर रहेगा। आप कहीं बाहर घूमने जाने की प्लानिंग कर सकते हैं। यदि आप किसी यात्रा पर जा रहे थे, तो आपको उसे प्लान को कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ सकता है, जो लोग नौकरी की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं, उन्हें अभी कुछ समय और परेशान होना होगा, उसके बाद ही कोई राहत मिलती दिख रही है। वैवाहिक जीवन में चल रही समस्याओं के कारण आपका मन भटका भटक सकता है। पिताजी की सेहत के प्रति सचेत रहे, नहीं तो उन्हें कोई आंखों से संबंधित समस्या हो सकती है।

    मिथुन राशि : आज का दिन आपके लिए बाकी दिनों की तुलना में बेहतर रहने वाला है। आपको वाहन चलाते समय सावधानी बरतनी होगी, नहीं तो किसी दुर्घटना के होने का भय सता रहा है। आप कुछ नया काम करने की प्लानिंग करेंगे, लेकिन उसमें आपको जीवनसाथी की सलाह से आगे बढ़ाना बेहतर रहेगा। यदि आपने किसी से कोई वादा या वचन भरा है, तो आपको उसे समय रहते पूरा करना होगा। छोटे बच्चे आपसे किसी चीज की फरमाइश कर सकते हैं, जिसे आप पूरी अवश्य करेंगे। विद्यार्थियों को अपने पढ़ाई लिखाई में आ रही समस्याओं के लिए अपने सीनियर से मदद लेनी पड़ सकती है।

    कर्क राशि: आज का दिन आपके लिए उत्तम संपत्ति के संकेत दे रहा है। आपका किसी नए मकान, वाहन, दुकान अधिक को खरीदने का सपना पूरा होगा, लेकिन उसमें परिवार का ही कोई सदस्य आपके लिए विरोध उत्पन्न कर सकता है। दांपत्य जीवन जी रहे लोगों के लिए दिन खुशनुमा रहेगा, क्योंकि आप अपने साथी के रंग में रंग में नजर आएंगे और दोनों एक दूसरे की परवाह करेंगे। आप अपने व्यवहार में यदि किसी बात को लेकर बदलाव लेकर आए, तो आप पहले जैसे हो जाए, नहीं तो लोगों को आपका रवैया समझ नहीं आएगा। किसी कोर्ट कचहरी से संबंधित मामले में आपको सावधान रहना होगा।

    सिंह राशि: आज का दिन आपके लिए प्रसन्नता दिलाने वाला रहेगा। छोटे बच्चे आपसे किसी चीज की फरमाइश कर सकते हैं, जिसे आप पूरी अवश्य करेंगे। आपको आपकी निर्णय लेने की क्षमता का लाभ मिलेगा, लेकिन फिर भी आप कोई निर्णय वरिष्ठ सदस्यों से पूछ कर ही ले, तो बेहतर रहेगा। संतान को आपसे किसी मदद की उम्मीद हो सकती है, जो आप उनके लिए उनकी मदद अवश्य करें। आप अपने साथी के साथ अपनी किसी मनपसंद जगह पर घूमने जा सकते हैं।

    कन्या राशि: आज का दिन आपके लिए तरक्की दिलाने वाला है। ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति से कोई वाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। यदि आपका धन कहीं फंसा हुआ था, तो वह भी आपको प्राप्त हो सकता है। आपको घूमने फिरने के दौरान कोई महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सकती है, जो छात्र विदेश जाकर शिक्षा ग्रहण करना चाहते हैं, उन्हें आज कोई अच्छा अवसर हाथ लग सकता है, लेकिन आप किसी काम में बिना सोचे समझे ना पड़े, नहीं तो वह आपकी बहुत बड़ी गलती होगी। आपको किसी अपनी पुरानी गलती से सबक लेना होगा, नहीं तो आप बार-बार वही गलती करते रहेंगे।

    तुला राशिः आज का दिन आपके लिए किसी जरूरी काम को लेकर अक्समात यात्रा पर जाने के लिए रहेगा, जो लोग बिजनेस में किसी को साझेदारी बनाने के लिए विचार विमर्श कर रहे हैं, तो उन्हें अभी कुछ समय रुकना बेहतर रहेगा। आपकी कोई डील फाइनल होते-होते रुक सकती है, जो आपको थोड़ा समस्या देगी। संतान पक्ष की ओर से आपको कोई निराशाजनक सूचना सुनने को मिल सकती है। अविवाहित जातकों के जीवन में किसी नए मेहमान की दस्तक हो सकती है। बच्चों का मन आज कुछ नई-नई चीजों को खरीदने का करेगा।

    वृश्चिक राशिः आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है। आपको घूमने फिरने के दौरान कोई महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हो सकती है। संतान से आपने जितनी उम्मीदें लगाई थी, वह उन पर खरी नहीं उतारेगी, जिससे आपका मन थोड़ा परेशान तो रहेगा। विद्यार्थी अपनी पढ़ाई में व्यस्त रहेंगे। जीवनसाथी के साथ मिलकर आप अपने घर की कुछ वस्तुओं की खरीदारी भी कर सकते हैं और आप किसी बाहरी व्यक्ति को अपने घर में ना लाएं। व्यवसाय में आप किसी बड़े लाभ के चक्कर में कम लाभ के अवसरों को हाथ से जाने ना दें।

    धनु राशिः आज का दिन आपके लिए ऊर्जावान रहने वाला है। आपके अंदर कुछ एक्स्ट्रा एनर्जी रहने के कारण आप प्रत्येक कार्य को करने के लिए तत्पर रहेंगे, लेकिन आप अपनी ऊर्जा को सही कामों में लगाये, तभी आप उसका लाभ उठा सकते हैं। यदि आपका किसी विरोधी से कोई वाद विवाद पनते, तो आप उसमें सावधानी बरतें। लेनदेन से संबंधित मामलों में आपको ढील देने से बचना होगा। आपको अकस्मात लाभ मिलने के पूरे योग बनते दिख रहे हैं। प्रेम जीवन जी रहे लोगों के लिए दिन अच्छा रहेगा। विद्यार्थी अपनी पढ़ाई लिखाई के प्रति सतर्क रहे, तभी वह परीक्षा में अच्छी सफलता हासिल कर सकेंगे।

    मकर राशिः आज का दिन बिजनेस कर रहे लोगों के लिए अच्छा रहने वाला है। आपको एक से अधिक स्त्रोतों से आय प्राप्त होगी और आप अपने बिजनेस में कुछ नई तकनीकों को भी अपना सकते हैं। आप कुछ पुराने कर्जा को भी काफी हद तक उतरने में सफल रहेंगे। ऑफिस में यदि किसी को कोई काम सौपा जाएं, तो उसे समय रहते पूरा करें, नहीं तो अधिकारी आपसे नाराज हो सकते हैं। आप दान पुण्य के कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे, जिससे आपकी छवि और निखरेगी। आपको किसी जरूरी काम के लिए आज अपने भाइयों से बातचीत करनी होगी, तभी वह पूरा हो सकता है।

    कुंभ राशिः आज का दिन आपके लिए कोई खुशखबरी लेकर आने वाला है। प्रेम जीवन जी रहे लोग साथी के साथ लॉन्ग ड्राइव पर जा सकते हैं और नौकरी में कार्यरत लोगों को प्रमोशन मिल सकता है या वह किसी नयी नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। आपको किसी जरूरी काम में दिल देने से बचना होगा, नहीं तो समस्या हो सकती है। आपके कुछ विरोधी आपके कामों में रोड़ा अटकाने की कोशिश करेंगे, जिनसे आपको बचना होगा। विद्यार्थियों को बौद्धिक व मानसिक बोझ से छुटकारा मिलता दिख रहा है। आपका कोई मित्र आपके घर दावत पर आ सकता है।

    मीन राशिः मीन राशि के जातकों के लिए आज का दिन उत्तम रूप से फलदायक रहने वाला है। आप किसी मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते हैं, जहां आप अपने परिजनों से बहुत ही तोलमोल कर बोले, नहीं तो समस्या हो सकती है। आप किसी परिवार में चल रही समस्या को बाहरी व्यक्तियों के सामने उजागर न करें, नहीं तो वह उसमें आपको कोई गलत सलाह दे सकते हैं। कार्यक्षेत्र में काम अधिक रहने के कारण आपके ऊपर जिम्मेदारियां अधिक रहेगी, जिनसे आपको घबराना नहीं है उनका डटकर सामना करना होगा। गृहस्थ जीवन जी रहे लोगों के लिए दिन खुशनुमा रहेगा।

  • जालंधरः महीना न भरने पर बदमाशों ने एक परिवार के लोगों की पीटा, देखें वीडियो

    जालंधरः महीना न भरने पर बदमाशों ने एक परिवार के लोगों की पीटा, देखें वीडियो

    10 लाख फिरौती मांगने का आरोप मामला दर्ज, पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह?

    बुकी का आरोप लगने वाले आप नेता सेठी के थाना आने पर मामला गर्माया

    जालन्धर, ENS: थाना 5 में गुंडों की मारपीट का शिकार हुए एक परिवार की ओर से धरना प्रदर्शन किए जाने की खबर है। पीड़ित परिवार के चंदन कुमार माघा निवासी छोटी बारादरी ने संगीन आरोप लगाते हुए मीडिया के समक्ष कहा है कि बुधवार की शाम को उसके बेटे और भतीजे को मॉडल हाउस जाते समय 15 से 20 बदमाशों ने रोका और उसके बाद उसे फ़ोन करके 10 लाख रुपए की मांग की गई। पीड़ित चंदन कुमार ने बताया कि कुछ  समय पहले वह लॉटरी का काम करता था और वह इन बदमाशो को महीना भरता था।  वर्ष 2019 के बाद उसने लॉटरी का काम बंद कर दिया और इन्हें पैसे देने भी बंद कर दिए लेकिन राजा और स्वीटी नमक बदमाश उससे बार-बार   पैसे मांग रहे थे। बुधवार शाम को चंदन कुमार के परिवार के दो बेटों को स्वीटी ,राजा और मनी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर उनसे 10 लाख रुपए की मांग की, जब इस बारे में चंदन कुमार को पता चला तो वह तुरंत राजा स्वीटी से मिलने पहुंचा तो वहां पर उसके साथ मारपीट की गई, वह किसी तरह अपने आप को बचाकर वहां से भाग निकले।

    थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने चंदन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।  उधर, आरोपियों को थाना 5 में लाया गया है जोकि सबकी समझ के बाहर है। चंदन कुमार ने दावा किया कि राजा और स्वीटी गैंगस्टर है वह डबल मर्डर केस में जेल भी काट कर आए है, अब जमानत पर हैं । चंदन ने यह भी कहा कि उनकी ओर से कई बार चंदन कुमार को जान से मारने की धमकियां भी दी जाती रही हैं।

    चंदन कुमार ने मीडिया को बताया कि सेठी नामक एक व्यक्ति इन आरोपियों की मदद कर रहा है जो कि शहर का सबसे बड़ा बुकी है। चंदन कुमार ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन उन्हें बचाने के लिए मुकेश सेठी वहां खुद मौके पर आया। सेठी से जब इस मामले में मीडिया ने पूछा तो उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारा। फिर भी अगर सेठी अपना पक्ष रखना चाहते है तो उसे भी प्रकाशित किया जाएगा । सेठी के थाना में आने पर इस बात की चर्चा हुई कि यह बंदा तो आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव लडने की तैयारी भी कर रहा है ।

    इस मामले में थाना भार्गव कैंप के प्रभारी ने कहा कि चन्दन की शिकायत पर राजा ,स्वीटी , मनी और उनके साथियो के खिलाफ fir no. 94  के अंतर्गत ipc की धारा 323,341,427,148,149 के तहत मामला दर्ज हुआ है । आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है ।