Blog

  • 4 जून को केंद्र में भाजपा के साथ प्रदेश में भी खिलेगा कमल का फूल

    ढेला में आयोजित नुक्कड सभा में  बोले सांसद

    बद्दीसचिन बैंसल: सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने 15 माह के दौरान 15 पैसे का काम नहीं किया और केंद्र से 15 हजार करोड़ का ऋण ले लिया। यह सरकार चंद दिनों के मेहमान है। 4 जून को केंद्र में भाजपा की सरकार के साथ साथ हिमाचल में भाजपा सरकार बनेगी। वह रविवार को दून विस क्षेत्र के ढेला में एक नुक्कड़ सभा में बोल रहे थे।

    उन्होंने कहा कि झूठी गारंटियों के दम प्रदेश में सरकार बनी थी वह उसी तर्ज पर उनके ही विधायको ने अपनी सरकार के खिलाफ मोरचा खोल दिया। प्रदेश की महिलाओं को पंद्रह सौ रुपये का लालच देकर वोट ले लिए लेकिन अब पंद्रह माह बीत जाने के बाद भी इसे देना शुरू नहीं किया। जब सरकार के पास पैसा नहीं था तो यह गांरटियां देने की जरूरत क्या थी। केंद्र में मोदी ने कोई गांरटी नहीं थी लेकिन उन्होंने जो भी दस सालो में देश वासियों को दिया वह किसी से छिपा नहीं। वह पहले प्रधानमंत्री है जिन्होंने दस सालो में एक दिन भी अवकाश नहीं किया और लगातार काम करते आ  रहे है।  दुनिया में भारत को पहली पक्ति में खड़ा कर दिया और दुनिया से सबसे सफल प्रधानमंत्री में अपना नाम लिखवाया है।

    उन्होंने लोगों की अपील की है कि देश को सुरक्षित हाथो में  रखने के लिए नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाए। इस मौके पर दून के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, विनोद चंदेल, डॉ. श्रीकांत, डीआर चंदेल, मंडल अध्यक्ष मान सिंह मेहता,  अशोक शर्मा, कृष्ण कौशल,  संजीव ठाकुर, ललित ठाकुर, संदीप चौधरी, डीएस राफ्टा, गुरमैल चौधरी, विधि चंद राणा, अमर चंद ठाकुर, देवराज  चौधरी, प्रेमचंद ढेला, कश्मीरी लाल, युवा मोरचा के सुरेंद्र ठाकुर, किसान मोरचा के मान सिंह ठाकुर, साई के प्रधान मेहर चंद, राम गोपाल, जिप सदस्य अमर संधू, नरायण दास समेत गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    भाजपा में शामिल हुए डेढ दर्जन कांग्रेसी कार्यकर्ता 

    ढेला में डेढ दर्जन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर लज्जा राम, बगा राम, बालक राम, मोहन लाल, संदीप, किशन, सोमनाथ, बलदेव, कुलविंद्र, परमजीत सिंह पम्मी, पोलू, भूपेंद्र समेत डेढ दर्जन लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सांसद सुरेश कश्यप ने उन्हें भाजपा के पटका व माला पहना कर स्वागत किया।

  • ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों से 55800 रूपए वसूले

    ऊना-सुशील पंडित: ऊना पुलिस ने शनिवार को ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से मौके पर ही 55800 रूपए जुर्माना वसूला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस ने जिला के अलग अलग स्थानों पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले कुल 178 वाहनों के चालान किए। शुक्रवार को पुलिस ने 200 से अधिक चालान किए थे।

    इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम बीड़ी सिगरेट पीने वाले 11 लोगों के विरुद्ध धुम्रपान निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1100 रू जुर्माना वसूला है। एक ट्रैक्टर पर भी कार्रवाई हुई है जो अवैध खनन में लिप्त पाया गया था। पुलिस ने उक्त ट्रैक्टर चालक पर 5000 रूपए जुर्माना ठोका है।

  • टीहराः 15 साल की किशोरी घर से गायब

    ऊना-सुशील पंडित: बंगाणा तहसील के टीहरा गांव की रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी लापता हो गई है। परिजनों ने बंगाणा पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनकी बेटी शनिवार को बिना बताए घर से कहीं चली गई और वापस लौटकर नहीं आई है। उन्हें डर है कि कहीं उनकी बेटा का किसी ने अपहरण न कर लिया हो। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 363 के तहत मामला दर्ज कर लड़की की तालाश शुरू कर दी है। 
  • गगरेटः पुलिस ने अफीम के 70 बरामद किए

    ऊना-सुशील पंडित: ऊना में अफीम के पौधों की खेती अब आम बात हो चली है। अलग अलग जगहों पर अफीम पौधे खेतों में लहलहा रहे हैं। पहले अंबोटा, चुरड़ी और दुलैहड़ के बाद अब गगरेट के कलोह और पांबड़ा गांव के दो लोगों के खेतों में अफीम के पौधे पाए गए हैं। पुलिस ने दो अलग अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अफीम के 69 पौधे उखाड़कर जब्त कर लिए हैं।

    पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार पहला मामला कलोह गांव के अवतार सिंह पुत्र संता सिंह से जुड़ा है। अवतार सिंह ने अपने घर के नजदीक एक खेत में अफीम के पौधे लगा रखे थे। यहां पुलिस को कुल 12 पौधे बरामद हुए हैं। जबकि पांबड़ा गांव के निर्मल सिंह पुत्र महिंद्र सिंह के खेत में अफीम के 57 पौधे पाए गए हैं।

    पुलिस ने सभी पौधों को उखाड़कर जांच के लिए भेज दिया है। इन दोनों मामलों में अवतार और निर्मल के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

  • अंबेहड़ाः बैंक कर्मचारी से धोखाधड़ी

    ऊना/ सुशील पंडित: पंजाब नैशनल बैंक के एक कर्मचारी के साथ ही सवा दो लाख रूपए की धोखाधड़ी हो गई। बंगाणा पुलिस को शिकायत देने वाले अक्षय कुमार पुत्र संतोष कुमार ने बताया कि वह अम्बेहड़ा का स्थायी निवासी है और पंजाब नैशनल बैंक में काम करता है। उसका आरोप है कि किसी अनजान व्यक्ति ने उसके साथ 2,26,000 रूपये की धोखाधड़ी की है। बंगाणा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तालाश शुरू कर दी है।
  • चिंतपूर्णी में अवैध शराब बरामद

    ऊना/सुशील पंडित: चिंतपूर्णी पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति के कब्जे से अवैध शराब बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिंगा वाला पीपल के पास एक व्यक्ति अवैध शराब बेचने का काम करता है। पुलिस ने तालाशी ली तो उसके कब्जे से संतरा ब्रांड की 10 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने बिहार निवासी प्रदीप सिंह पुत्र चन्द्र देव सिंह के विरुद्ध आवकारी अधिनियम के अधीन मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
  • स्कूटी चालक की हादसे में मौत

    ऊना/सुशील पंडित: संतोषगढ़ रोड पर स्थित एचपी पैट्रोल पंप के सामने एक स्कूटी स्किट होने से उसे चलाने वाले व्यक्ति की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर के रहने वाले परमजीत सिंह सहोता ने पुलिस को आंखो देखी बताते हुए शिकायत में लिखा है कि बात शुक्रवार रात की है। वह पैट्रोल पंप के पास खड़ा था कि अचानक एक स्कूटी सड़क पर स्किट हो गई जिससे स्कूटी चालक और एक अन्य व्यक्ति को चोट लग गई और बाद में पता चला कि चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • सेवादल एकजुट, कुछ लोग कर रहे भ्रामक प्रचार: दौलत राम 

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ कांग्रेस सेवादल के वरिष्ठ नेता दौलत राम ने कहा कि जिले में कांग्रेस सेवादल एकजुट है। कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने के लिए भ्रामक प्रचार पर उतर आए हैं। उन्होंने कुटलैहड़ क्षेत्र से किसी सेवादल पदाधिकारी के इस्तीफे की अफवाह करार दिया है।

    रविवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मीडिया में जिस व्यक्ति को कांग्रेस सेवादल पदाधिकारी बताया गया है वह कभी संगठन में शामिल नहीं था। ऐसे किसी व्यक्ति को सेवादल के न किसी प्रशिक्षण शिविर में देखा गया और न ही उसका कोई रिकॉर्ड संगठन के पास है। स्वयंभू नेता किसी व्यक्ति विशेष के लिए कार्य कर रहा था।

    उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इस तरह की भ्रामक प्रचार बंद नहीं किया गया तो संगठन को किसी उचित कार्रवाई के लिए मजबूत होना पड़ेगा। सेवादल में जो समर्पित सिपाही हैं वे एकजुट हैं और कांग्रेस पार्टी के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं।

  • लोकसभा चुनाव मे BJP ने हरियाणवी मॉडल को प्रदेश प्रवक्ता बनाया 

    22 जिलों में 22 प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों समेत 98 नियुक्तियां

    हरियाणा: लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच BJP ने संगठन विस्तार करते हुए बड़े स्तर पर नियुक्तियां की हैं। जिसमे विकास आर्य, राकेश बंसल और प्रदीप चौहान को प्रदेश सह-संयोजक बनाया है। इसके साथ ही हरियाणवी मॉडल निधि शर्मा को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।

    पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला संगठन विस्तार किया है। संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, संगठन के तीनों महामंत्री के साथ लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया से विचार-विमर्श के बाद यह संगठन विस्तार किया गया है। 

    कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक रेनू बाला गुप्ता ने 22 स्टेट लेवल के नियुक्ति पत्र जारी किए हैं। जिसके तहत सूबे के सभी 22 जिलों में जिला संयोजकों और सह-संयोजकों की नियुक्तियां की गई हैं। वहीं, 22 प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भी नियुक्त किए गए हैं। जिसे मिलाकर प्रदेश में कुल 98 नियुक्तियां की गई हैं। यह  नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएंगी।

  • जमीनी विवाद के चलते पिता को उतारा मौ’त के घाट 

    हरियाणा: महेंद्रगढ़ में एक कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से काटकर पिता की हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि जमीनी विवाद में बेटे ने यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए दो टीमों को गठन किया है।

    मृतक के पुत्र रामपाल की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव दौंगड़ा अहीर निवासी रामपाल ने बताया कि हम तीन भाई अलग-अलग रहते हैं। हमारी जमीन नेशनल हाइवे 152डी के अंतर्गत आ गई थी तो मेरे पिता ने हम तीनों भाइयों को चार-चार लाख रुपये बराबर बांट दिए थे. लेकिन भाई धर्मपाल इस बात से नाराज था। वो पिता से कई बार मारपीट भी कर चुका था।

    इस बार उसने पिता की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया। पुलिस को मौके से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी मिल गई है। लेकिन आरोपी फरार है, पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।