Blog
-

बरनोहः सास पर लगा आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
ऊना/सुशील पंडित:बरनोह में आत्महत्या करने वाली 20 वर्षीय युवती की बहन ने मृतका की सास पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उड़ीसा की रहने वाली सुहाना पत्नी राजकुमार निवासी ठठल ने सदर थाना ऊना में दी शिकायत में कहा है कि उसकी बहन फराना बेगम उर्फ महक की शादी डेढ़ साल पहले बरनोह निवासी सलमान खान के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही फराना की सास आशा पत्नी राजिंद्र कुमार उसके साथ मारपीट करते थे। कुछ समय पहले ही मृतका ने अपने ऊपर हो रहे अत्याचार की बात अपनी बहन सुहाना को बताई भी थी। तब उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की थी। अब सास द्वारा प्रताड़ित किए जाने से परेशान फराना उर्फ महक फांसी के फंदे पर झूल गई। सुहाना की शिकायत पर ऊना थाने में आरोपी सास के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 498-ए और 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। -
कंवर बने भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी
ऊना/सुशील पंडित:कुटलैहड़ से पूर्व विधायक विरेंद्र कंवर को अब भाजपा के किसान मोर्चा की कमान सौंपी गई है। पूर्व कृषि मंत्री कंवर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। उन्होंने नई जिम्मेदारी मिलने पर कहा कि वे केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जन जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने के एक साल के भीतर ही कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व हांफ गया है। पूरे राज्य में विकास कार्य ठप पड़े हैं। जनता त्राहि त्राहि कर रही है। प्रदेश भर में अपराध की घटनाएं भी बढ़ी हैं। उन्होंने किसान मोर्चे का प्रधान बनाए जाने के बाद कहा कि वे प्रदेश के हर मंडल स्तर पर भाजपा के संगठन को मजबूत करने का कार्य भी करेंगे। इस समय सुखविंदर सुक्खू सरकार अपनी ही गारंटियों में फंसती हुई नजर आ रही है। कांग्रेस पार्टी ने 2022 के चुनाव में जो जो वादे किए थे उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ है। पूरा तो दूर जो पहले से विकास कार्य चल रहे थे वे भी रुक चुके हैं। कांग्रेस के नेता जगह जगह जाकर पुराने विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटनों में ही व्यवस्त हैं। एक भी नया कार्य यह सरकार अभी तक कर नहीं पाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसी साल होने वाले लोकसभा चुनावों में चारों सीटें जीतने की स्थिति में आ चुकी है। कांग्रेस के एक साल के कार्यकाल से दुखी जनता ने भी इन चुनावों में सुक्खू सरकार को सबक सिखाने का मन बना लिया है। देश भर में कांग्रेस सरकार प्रभु श्री राम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का जिस प्रकार से बहिष्कार कर रही है उससे भी समस्त भारतीय कांग्रेस का असली चेहरा देख चुके हैं। -
भारतीय रिजर्व बैंक ने एमएसएमई उद्यमियों के साथ की बैठक
ऊना/सुशील पंडित :भारतीय रिजर्व बैंक शिमला के वित्तीय समावेशन और विकास विभाग (वि.स.वि.वि.) ने शुक्रवार को गगरेट में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम इकाइयों हेतु टाउन हॉल में वित्तीय साक्षरता के प्रसार, एमएसएमई के त्वरित विकास को सुगम बनाने व एम.एस.एम.ई. से संबन्धित मुद्दों के समाधान के उद्देश्य सेएम.एस.एम.ई. उद्यमियों के लिए गगरेट में बैठक का आयोजन किया।बैठक मे भारतीय रिज़र्व बैंक, शिमला के सहायक महाप्रबंधक आशीष कुमार शर्मा ने बताया कि टाउन हॉल बैठक का उद्देश्य एम.एस.एम.ई. ग्राहकों को ऋण संबंधी योजनाओं के बारे में जागरूकता पैदा करना एवं बैंकरों और उद्यमियों को एक साथ लाकर उनके बीच मुद्दों को हल करना है।उन्होंने बैंक से आए प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि एम.एस.एम.ई. ऋण लेने वालों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण रखें और इन इकाइयों को समय पर और पर्याप्त वित्त उपलब्ध करवाएँ। उन्होंने बैंकरों से उद्यमियों को विभिन्न एम.एस.एम.ई. ऋण उत्पादों के बारे में जानकारी का प्रसार करने की भी सलाह दी।कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई उद्यमियों के लिए सरकार, भारतीय रिज़र्व बैंक व वाणिज्यिक बैंकों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं व नवीनतम दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान करने के लिए विभिन्न सत्र भी आयोजित किए गए। इस दौरान उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न सुविधाओं के बारे में अवगत करने के साथ-साथ उद्यमियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का जवाब भी दिया। इसके उपरांत उपस्थित बैंकों की तरफ से कई नये उद्यमियों को ऋृण मंजूरी पत्र वितरित किए गए ।बैठक के अंत में प्रतिभागियों द्वारा एम.एस.एम.ई. से संबन्धित मुद्दों के समाधान के लिए सभी हितधारकों को एक मंच पर लाने के लिए भारतीय रिज़र्व बैंक के प्रयासों की सराहना की गई।बैठक में कार्यालय प्रमुख एके गौतम, एमएस.एम.ई. डीएफओ अरविन्द कुमार सरोच, उप महाप्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक, कमल शर्मा, उप महाप्रबंधक, यूको बैंक संजु बंगा, अंब उप प्रभाग इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, सिडबी एवं विभिन्न बैंकों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। -
सलोह के शिव मंदिर मे चोरी का आरोपी काबू
हरोली पुलिस ने 3 महीने लगातार तलाश कर पहुंचाया सलाखों के पीछे
पहले भी चोरी के केस में रह चुका है अन्दर
ऊना/सुशील पंडित :हरोली थाना के अंतर्गत आते गांव सलोह निवासी विपन कुमार पुत्र विक्रमजीत ने वर्ष 2023 को पुलिस में उनके शिव मंदिर में चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने शिकायत पत्र में बताया था कि मन्दिर में गांव के लोग सार्वजनिक तौर पर कई लोग पूजा पाठ के लिए आते है । रोजाना की तरह मैं 8/10/23 को सुबह करीब 8.00 बजे मन्दिर गया तो मैने देखा की मन्दिर के बरामदे में रखे दान पात्र में लगे दोनों ताले टूटे हुए थे ,जिस पर मैंने दान पात्र खोल कर देखा तो गल्ले में नकदी गायब थी। टूटे हुए गल्ले के दोनों ताले मन्दिर के पीछे रखे कुडेदान में मिले और साथ में ही सरिया राड भी मिला । मन्दिर का गल्ला तकरीबन -03 महिने से नहीं खोला गया था और इस अवधि में तकरीबन 04 से 05 हजार रुपए तक इक्टठा हो जाता था, जो नामालूम व्यक्ति चोरी करके ले गया । जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की।
पुलिस ने मौके पर जांच में मंदिर मे लगे कैमरे से एक संदिग्ध की पहचान की परंतु उक्त घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था जिसके पीछे कई दिनों से पुलिस हाथ पैर मार रही थी परंतु उक्त शातिर चोर पुलिस को बार बार चकमा दे रहा था । बीते कल एक गुप्त सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल सुनील कुमार के नेतृत्व मे एक टीम ने दौलतपुर में उक्त चोर को काबू कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया । हरोली थाना के प्रभारी सुनील संख्यान ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी प्रदीप कुमार(23) पुत्र मेहर सिंह निवासी लोअर वढ़ेड़ा तह0 व थाना हरोली जिला ऊना को अदालत मे पेश कर पुलिस रिमांड लेने मे जुटी है । आरोपी ने पूछताछ मे चोरी करना कबूल कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया किआरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एक मुकदमा पुलिस थाना सदर ऊना में भी दर्ज है आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टी उप-पुलिस अधीक्षक मोहन रावत ने की है । -
पंजाब : ड्रग इंस्पेक्टर ने बिना बिल की दवाईयां की जब्त, देखें वीडियो
मोगा : पंजाब में नशे को लगाम लगाने और नशे को पंजाब में समाप्त करने के लिए पूरी सख्ती की जा रही है। वही मोगा के जिला ड्रग विभाग की ओर से नशे की पूर्ति करने के लिए बेची जाने वाली दवाइयां की धर पकड़ जारी की गई है। ताकि जिले को नशा मुक्त किया जाए। इसी कड़ी के तहत मोगा के ड्रग इंस्पेक्टर नवदीप संधू ने गुप्त सूचना के आधार पर मोगा के एक मेडिकल स्टोर पर छापे मारी कर एक लाख 65 हजार के प्रिगेबलिन नामक कैप्सूल पकड़े है। जिनका दुकानदार कोई खरीद और बेच का बिल नही दिखा पाया। विभाग द्वारा इनको सीज कर अदालत में पेश किया जा रहा है।
ड्रग एक्ट के मुताबिक अगली करवाई की जा रही है कि इतनी भारी मात्रा में कैप्सूल दुकान पर रखे हुए थे। ड्रग इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने बताया की यह मेडिसन नशे की पूर्ति के लिए खाई जाती है। वही उन्होंने बताया की उन्हें सूचना मिली थी और जांच में पाया गया कि दुकान के अंदर करीब 6369 कैप्सूल प्रिगेबलीन 300 मिलीग्राम पाए गए है। दुकानदार इनके खरीद और बेचने के बिल भी पेश नही कर पाया। सारी मेडिसन सीज कर कोर्ट में पेश की गई है और अगली करवाई शुरू कर दी है।
-

3 ट्रैक्टरों से 20 हजार जुर्माना वसूला
ऊना/सुशील पंडित :ऊना जिला पुलिस ने वीरवार को कार्रवाई करते हुए अवैध खनन करने वाले तीन ट्रैक्टरों से 20 हजार रूपए जुर्माना वसूला है। इसके अलावा यातायात के नियम तोड़ने पर 197 वाहनों के चालान भी काटे गए हैं। उन में से 12 ने मौके पर ही चालान का भुगतान कर दिया जिससे पुलिस को 6000 रूपए प्राप्त हुए हैं। साथ ही 11 लोगों से भी 1050 रूपए वसूले गए हैं। इन 11 पर आरोप है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर धुम्रपान करते हुए पाए गए थे। -

अम्बः महिला ने ससुराल पक्ष के विरुद्ध केस दर्ज कराया
ऊना/सुशील पंडित: अम्ब की एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। शिकायत में महिला ने कहा है कि तीन साल पहले उसकी शादी पंचकुला के रहने वाले सुमित कुमार पुत्र सुरिंदर कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति और देवर सचिन कुमार उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। इस उत्पीड़न के बारे में उसने अपने माइके और ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों को भी बताया लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न जारी रहा। उसने आरोप लगाया है कि उसका पति और देवर लगातार दहेज की मांग करते रहते थे।अब विवश होकर उसे पुलिस को शिकायत देनी पड़ रही है। अम्ब पुलिस ने आरोपी सुमित और उसके भाई सचिन के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए के तहत मामला दर्ज करा जांच शुरू कर दी है। -

टटेहड़ाः फैक्ट्री में ट्रक की टक्कर से कर्मचारी की मौत
ऊना/सुशील पंडित: टटेहड़ा की शंकर ट्रेडिंग कंपनी में वीरवार देर रात एक कर्मचारी की हादसे में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गन्ने से लदा एक अनियंत्रित ट्रक फैक्ट्री में घुस गया और वहां काम कर रहे एक कर्मचारी को टक्कर मार दी। टक्कर से घायल कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। अम्ब थाने में दी शिकायत में कंपनी के इंजीनियर कुशल सिंह पुत्र संसार चंद ने बताया है कि हादसा रात 12 बजे के करीब हुआ। ट्रक संख्या (एचपी-38जी-8722) की टक्कर से फैक्ट्री में काम कर रहे राकेश कुमार पुत्र रतन चंद निवासी बढेड़ा राजपूतां की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। यह हादसा ट्रक चालक द्वारा लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है। अम्ब थाने में आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 304ए के तहत मामला दर्ज कर उसकी तालाश शुरू कर दी है। -
पंजाबः बेटे के स्वास्थ्य के लिए जगी श्रीराम में आस्था, साइकिल से करेगा 1115 किमी सफर तय, देखें वी़डियो
गुरदासपुरः उत्तर प्रदेश के अयोध्या में शताब्दियों का इंतजार अब खत्म होने को है। वहीं लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है। इसी के चलते बटाला का नितिन भाटिया अपने बेटे कृष्णा के स्वास्थ्य के लिए साइकिल पर अयोध्या के लिए निकला है। सिख परिवार में पले-बढ़े नितिन का 3 साल का बेटा बचपन से ही न बोल सकता है और न ही चल सकता है। बेटे के स्वस्थ होने को लेकर नितिन के दिल में श्रीराम के प्रति आस्था जगी और उसने अयोध्या जाने का निर्णय लिया।
नितिन ने बटाला से रवाना होने से पहले बताया कि उसका टारगेट 22 जनवरी प्राण-प्रतिष्ठा से पहले पहुंचने का है। काफी लंबे समय के बाद अब सभी भारत-वासियों के इंतजार की घड़ी खत्म हो गई है, क्योंकि करीब 500 साल बाद भगवान श्रीराम अपने महल में वापस आ रहे हैं। जिन राम भक्तों को भगवान ने आमंत्रित किया है, वे सभी राम भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। जिसके चलते वह भी साइकिल से अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। नितिन भाटिया ने बताया कि 6 दिन पहले ही उन्होंने साइकिल खरीदी और उसमें जरूरी बदलाव करवाए हैं। गूगल के अनुसार, ये सफर 1115 किलोमीटर का है। रोजाना वह तकरीबन 250-300 किमी का सफर करेंगे। खाने व जरूरी सामान को उन्होंने अपनी साइकिल पर रख लिया है।
मंदिर व गुरुद्वारों में वे रुकेंगे और वहीं लंगर भी ग्रहण करेंगे। नितिन की पत्नी शिल्पा भाटिया ने बताया कि सर्दी भी ज्यादा है और गहरी धुंध पड़ रही है। उन्होंने पति को एक महीने बाद जाने के लिए कहा था, लेकिन पति ने प्राण-प्रतिष्ठा पर पहुंचने की इच्छा जाहिर की। जिसके बाद सभी राजी हो गए। फिलहाल, पति हर पड़ाव पर रुककर घर फोन करते हैं। जब तक वे अयोध्या नहीं पहुंचते, परिवार को उनकी चिंता रहेगी। नितिन ने फोन पर जानकारी दी कि रात वे राजपुरा में रुके थे और अब उन्होंने आगे का सफर शुरू कर लिया है। हरियाणा में आज वे दाखिल हो गए हैं। कोशिश है अधिक से अधिक सफर आज पूरा कर लें, ताकि 21 जनवरी तक वे अयोध्या पहुंच सकें और 22 जनवरी की सुबह राम लला के दर्शन कर लें।
-

हरोलीः 22 लाख लूटकर दुबई भागा नौसरबाज
ऊना/सुशील पंडित: हरोली के पोलियां बीत इलाके का एक नौसरबाज दुलैहड़ के एक व्यक्ति को 22 लाख की चपत लगाकर दुबई भाग गया। नौसरबाज ने पीड़ित परिवार को जमीन बेचने का वादा करके 22 लाख रूपए बयाने के तौर पर ले लिए थे। लेकिन जमीन की रजिस्ट्री हो पाती उससे पहले ही वह दुबई फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुलैहड़ निवासी संजीव कुमार पुत्र ज्ञान चंद कौशल ने पोलियां बीत के रहने वाले संजीव कुमार पुत्र कृष्ण सिंह के खिलाफ शिकायत में कहा है कि संजीव ने 3 जुलाई 2023 को उसके साथ एक जमीन का सौदा किया था। बयाने के रूप में आरोपी ने शिकायतकर्ता से 22 लाख रूपए भी ले लिए। साथ ही पोलियां बीत गांव के ही सोहन सिंह पुत्र बंता सिंह ने जमीन की दलाली में शिकायतकर्ता से 50000 रूपए लिए थे। हरोली पुलिस ने आरोपी संजीव कुमार के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 406,120 बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।