Blog

  • Punjab News: तेज रफ्तार कार का कहर, मां-बेटी को कुचला, दोनों की मौत

    Punjab News: तेज रफ्तार कार का कहर, मां-बेटी को कुचला, दोनों की मौत

    फरीदकोटः जिले के गांव लंभवाली के पास भीषण सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार हादसा अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर हुआ है। जहां तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से पैदल जा रही मां-बेटी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान माणी और उसकी 13 वर्षीय बेटी मरजीना निवासी बाजाखाना रोड जैतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, माणी अपने परिवार के साथ गांव-गांव जाकर गुब्बारे और अन्य सामान बेचने का काम करती थी। वीरवार को वह अपनी बेटी के साथ सामान बेचने के लिए बस से गांव लंभवाली उतरी थी।

    इस दौरान जैसे ही दोनों हाईवे पार कर गांव की ओर बढ़ रही थीं, तभी फरीदकोट की तरफ से आ रही सफेद रंग की एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने घायल दोनों मां-बेटी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने माणी को मृत घोषित कर दिया।

    वहीं गंभीर रूप से घायल मरजीना को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फरीदकोट रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते थाना बाजाखाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। मामले की जानकारी देते हुए एएसआई स्वर्ण सिंह ने बताया कि मृतक महिला के पति सत्तू के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

    पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शवों को परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा। आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • Punjab News: गरमाया 328 पावन स्वरूपों का मामला, SGPC दफ्तर के बाहर चूड़ियां लेकर पहुंची महिलाएं, देखें वीडियो

    Punjab News: गरमाया 328 पावन स्वरूपों का मामला, SGPC दफ्तर के बाहर चूड़ियां लेकर पहुंची महिलाएं, देखें वीडियो

    अमृतसरः श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूपों को लेकर मामला गरमा गया है। वहीं आज शिरोमणि अकाली दल अमृतसर की ओर से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के प्रमुख नेता ईमान सिंह मान अपने सहयोगियों के साथ आज शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) कार्यालय पहुंचकर मांग पत्र दिया। इस मौके पर उन्होंने एसजीपीसी प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। क्रोध के रूप में ईमान सिंह मान अपने साथ चूड़ियां लेकर आए, जो राजनीतिक और धार्मिक हलकों में चर्चा का केंद्र बन गई।

    शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के कार्यकारी प्रधान ईमान सिंह मान ने बताया कि 328 पावन स्वरूपों का मामला बेहद संवेदनशील है और यह सीधे तौर पर सिख संगत की आस्था से जुड़ा हुआ है। ईमान सिंह मान ने कहा कि पिछले दिनों एसजीपीसी के सचिव प्रताप सिंह द्वारा बयान दिया गया था कि 328 पावन स्वरुपों के मामले में एसजीपीसी पंजाब सरकार और पुलिस का सहयोग नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यह बयान बहुत ही निंदनीय है और इससे सच्चाई को सामने आने से रोका जा रहा है। मान ने कहा कि उसी क्रोध के रूप में हम चूड़ियां देने आए हैं, ताकि एसजीपीसी प्रबंधन को यह एहसास कराया जा सके कि वह अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते।

    पार्टी का आरोप है कि अब तक ना तो मामले में पूरी सच्चाई सामने आई है और ना ही जिम्मेदारी तय की गई है। इसी कथित लापरवाही के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि इतने गंभीर मामले में भी जवाबदेही तय नहीं होती, तो यह सिख संस्थाओं की साख पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। इस दौरान ईमान सिंह मान ने अपना मांग पत्र एसजीपीसी के सचिव विजय सिंह को सौंपा। मांग पत्र में 328 पावन स्वरूप मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की गई। मान ने कहा कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी, उनकी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के कार्यकारी प्रधान भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे और संगत को संबोधित करेंगे।

    वे इस मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखते हुए आगे की रणनीति के बारे में भी जानकारी देंगे। प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। बता दें कि इस मामले को लेकर पंजाब सरकार की ओर से एसआईटी भी गठित की गई है जो मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस मामले में अब तक 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है, जिनमें से 2 की गिरफ्तारी हो चुकी है। सतिंदर सिंह कोहली को पहले मोहाली से गिरफ्तार किया गया था।

  • Punjab News: दोस्ती से मना करने पर नौजवान ने लड़की से की मारपीट, घर पर ईंट-पत्थरों से किया हमला, देखें वीडियो

    Punjab News: दोस्ती से मना करने पर नौजवान ने लड़की से की मारपीट, घर पर ईंट-पत्थरों से किया हमला, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के एकम नगर में काफी हंगामा हो गया। दरअसल, लड़के द्वारा सोशल मीडिया के जरिए लड़की को दोस्ती के मैसेज किया जाता है। जिसके बाद लड़की द्वारा उसे कोई जवाब नहीं दिया गया। आरोप है कि लड़के ने नौजवानों को बुलाकर लड़की के घर पर अटैक कर दिया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बाइकों पर सवार होकर आए युवकों द्वारा घर पर हमला किया गया। इस दौरान घर के गेट पर जमकर तोड़फोड़ की गई। परिजनों द्वारा घर में युवकों द्वारा ईटें गिराई हुई दिखाई गई।

    मामले की जानकारी देते हुए रूबि देवी ने कहा कि नौजवान 4 से 5 लड़के लेकर आ गया और उसकी बेटी को दोस्ती करने के लिए कहने लगा। पीड़िता ने कहा कि उसकी लड़की नाबालिग है और उसकी आयु 14 वर्ष है। जबकि लड़के की आयु 23 वर्ष है। पीड़िता ने कहा कि लड़के ने साथियों के साथ मिलकर पहले बेटी को बाहर बुलाया और उसे दोस्ती करने के लिए कहने लगा। जब उसकी बेटी ने मना कर दिया तो लड़कों ने उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद उनके घर पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया और घटना को अंजाम देकर नौजवान मौके से फरार हो गए।

    वहीं दूसरी ओर लड़की ने कहा कि एक लड़का उसे काफी दिनों से परेशान कर रहा था और उसे मैसेज कर रहा था। जिसके बाद उसने घटना की सूचना उसके घर पर की। इस मामले को लेकर लड़का दोबारा घर पर आया और उससे घर पर बताने को लेकर गुस्सा करने लगा। लड़की ने कहा कि उक्त लड़का शादी शुदा है और अब उसने पत्नी व अपने साथियों से साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है और हमलावारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

     

  • पूर्व विधायक प्रत्याशी ने भू-माफिया के खिलाफ PM Modi को किया ट्वीट, लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    पूर्व विधायक प्रत्याशी ने भू-माफिया के खिलाफ PM Modi को किया ट्वीट, लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः अंबाला से विधायक प्रत्याशी रह चुकीं लतिका महंत ने अंबाला के कथित भू-माफिया के खिलाफ प्रेस कांफ्रेंस कर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके साथ जबरन घर में घुसकर मारपीट, चोरी, अवैध कब्जा और जान से मारने की धमकियां दी गईं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है।

    लतिका महंत ने बताया कि वह इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक, अंबाला को लिखित शिकायत दे चुकी हैं। शिकायत में उन्होंने गुरमीत, उसकी पत्नी, बेटे संदीप सहित प्रीतपाल, मुकेश, संदीप डिप्पो वाला, करनैल हलवाई, भूपिंद्र, कुलदीप, ओम प्रकाश, बलवीर (पूर्व सरपंच), शिव कुमार और अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

    उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6:15 बजे जब वह अपने गांव काठगढ़ स्थित घर में अपने चेले के साथ मौजूद थीं, तभी 40–50 लोगों ने जबरन उनके घर में घुसकर मारपीट की, गाली-गलौज की और उन्हें घर से बाहर निकालने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान घर से सोना, चांदी, नकदी, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। उन्होंने बताया कि उन्होंने उक्त मकान का 4 लाख रुपये में सौदा व 50 हजार बयाना किया था, जोकि ऑनलाइन गुरमीत के बेटे संदीप के खाते में भेजे गए थे। इसके बावजूद दबंगों द्वारा अवैध रूप से मकान पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

    लतिका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लाइव ट्वीट कर पूरे मामले से अवगत कराया और न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उन्हें जल्द से जल्द उनका मकान, चोरी हुआ सामान और दस्तावेज वापस दिलाए जाएं तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपियों से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है और प्रशासन उन्हें सुरक्षा भी मुहैया करवाए।

  • तेज रफ्तार बाइक सवार ने व्यक्ति को मारी टक्कर, दर्दनाक मौत

    तेज रफ्तार बाइक सवार ने व्यक्ति को मारी टक्कर, दर्दनाक मौत

    रामगढ़ः जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के दुलमी में हुए सड़क हादसे में जामसिंघ निवासी रमेश चौधरी की मौत का मामला सामने आया है। उन्हें तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल रमेश चौधरी को सड़क पर पड़ा पाया। लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल दाखिल करवाया जहां, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

    जानकारी मुताबिक, मृतक रमेश चौधरी अपने पीछे पत्नी और 5 बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार बाइक सवार की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

  • Punjab News: बार एसोसिएशन ने किया कोर्ट में कामकाज बंद, जानें मामला

    Punjab News: बार एसोसिएशन ने किया कोर्ट में कामकाज बंद, जानें मामला

    संगरूरः सुनाम ऊधम सिंह वाला की बार एसोसिएशन ने एक महत्वपूर्ण बैठक की। एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता करनवीर वशिष्ट की अध्यक्षता में स्थानीय कोर्ट परिसर के बार रूम में यह बैठक हुई। जिसमें एसोसिएशन के सदस्यों ने अधिवक्ता तरलोक सिंह भंगू और उनके 2 भाइयों के विरुद्ध झूठा पुलिस मामला दर्ज किए जाने के विरोध में आज सिविल और माल अदालतों का कार्य ठप रखने का निर्णय लिया।

    बैठक को संबोधित करते हुए विभिन्न वकीलों ने लहिरा पुलिस द्वारा अधिवक्ता तरलोक सिंह भंगू और उनके भाइयों नैब सिंह व प्यारा सिंह के खिलाफ राजनीतिक दबाव में दर्ज किए गए झूठे पुलिस मामलों की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि अधिवक्ता तरलोक सिंह भंगू और उनके पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ पराली जलाने से जुड़े मामले में बी.एन.एस.एस. की धारा 223 के तहत बिना तथ्यों और जांच-पड़ताल के मुकदमा दर्ज किया गया है, जो पूरी तरह गलत है।

    उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ता तरलोक सिंह भंगू के एक भाई नैब सिंह की करीब साढ़े पांच साल पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने झूठे पुलिस मामले को तुरंत रद्द करने और जांच अधिकारी, क्लस्टर तथा संबंधित माल अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस रिपोर्ट रद्द नहीं की गई और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो राज्य स्तर पर तेज संघर्ष छेड़ा जाएगा।

  • Punjab News: बम की धमकी के बाद Court Complex को करवाया खाली, देखें वीडियो

    Punjab News: बम की धमकी के बाद Court Complex को करवाया खाली, देखें वीडियो

    लुधियानाः शहर में सुरक्षा व्यवस्था को परखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों के तहत कोर्ट कॉम्प्लेक्स को पूरी तरह खाली कराकर मॉक ड्रिल कराई गई। यह अभ्यास सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए किया गया, ताकि किसी संभावित बम विस्फोट या आतंकी घटना की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

    मॉक ड्रिल के दौरान वकीलों, न्यायाधीशों और कोर्ट स्टाफ को बम विस्फोट जैसी आपात परिस्थितियों में उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटने के तरीकों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि ऐसी स्थिति में किस तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचना है, घायलों की मदद कैसे करनी है और अफरा-तफरी से बचते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन कैसे करना है।

    इस बीच कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से जुड़ी अफवाहें भी फैल गईं, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एहतियाती कदम उठाए और किसी भी प्रकार के खतरे से बचने के लिए पूरे कोर्ट कॉम्प्लेक्स को खाली करवा लिया। सुरक्षा टीमों ने परिसर की गहन तलाशी ली और मॉक ड्रिल के जरिए यह सुनिश्चित किया कि किसी वास्तविक खतरे की स्थिति में सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम कर सकें।

    इस दौरान एक वकील ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई केवल सुरक्षा अभ्यास का हिस्सा थी और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। इस तरह की मॉक ड्रिल भविष्य में भी कराई जाएंगी, ताकि न्यायिक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

    दूसरी ओर एडवोकेट डा. गोरव अरोड़ा ने बताया कि उन्हें किसी से सूचना मिली थी कि कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। फिलहाल इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐहतियात के तौर पर सभी को कोर्ट परिसर से बाहर भेज दिया था। वहीं जांच जारी है।

  • 3 बच्चों की मां ने भाई से की Court Marriage, पति ने भी जताई सहमति, खुद बना गवाह

    3 बच्चों की मां ने भाई से की Court Marriage, पति ने भी जताई सहमति, खुद बना गवाह

    हाजीपुरः शहर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां, एक महिला ने अपने पहले पति को छोड़कर अपने रिश्ते में लगने वाले भाई से ही शादी कर ली। महिला की पहचान रानी कुमार के रूप में हुई है और उसके पति का नाम कुंदन कुमार है। महिला के नए पति का नाम गोविंद है। हैरानी की बात यह रही कि कुंदन खुद कोर्ट में गवाह बना और रानी की शादी गोविंद से करवा दी।

    जानकारी देते महिला ने कहा कि, 2011 में उसने कुंदन से कोर्ट में ही लव मैरिज की थी। उनके 3 बच्चे हैं, लेकिन वह अब गोविंद के साथ रहना चाहती है। उनकी बॉन्डिंग बहुत अच्छी है जिसके चलते उन्होंने शादी कर ली है। महिला का कहना है कि बच्चे उनके पुराने पति के पास ही रहेंगे। वह और गोविंद फिर से नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे।

    बता दें, कुंदन जंदाहा के अहिरपुर के रहने वाले हैं और ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। कुंदन ने बताया कि, रानी को अपने भाई से ही प्यार हो गया था। वो उसके सामने भी गोबिंद से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बात करती थी। पिछले 5 साल में उनके बीच बातचीत बढ़ गई और वो एक दूसरे के करीब आ गए। उसके बाद से रानी उनके साथ रहना नहीं चाह रही थी। रानी कई बाहर घर छोड़कर गोविंद के पास जम्मू जाती रही है। डेढ़ महीने पहले भी रानी कुंदन का पास जम्मू चली गई थी। गोविंद खुद रानी को लेकर उनके घर आया था। जब वो उनके लाख समझाने के बाद भी नहीं मानी तो उसकी खुशी के लिए कुंदन ने उसे तलाक दे दिया।

    कुंदन का कहना है कि रानी के इस रवैये से वो तंग आ चुका था। इसलिए उसने सोचा कि दोनों की शादी करा दी जाए। रानी ने भी उसे और बच्चों को छोड़कर गोविंद के साथ रहने की बात कही। कुंदन ने रानी की खुशी को देखते हुए गोबिंद से उसकी शादी करवा दी। शादी के बाद रानी के नए पति गोबिंद कुमार ने कहा कि वो अब हमेशा उसके साथ रहेगी।

    रानी के नए पति गोविंद ने बताया कि फोन पर बातचीत के दौरान हमलोग करीब आ गए। फिर बातचीत का सिलसिला बढ़ा तो प्यार हो गया। उसके बाद हमलोगों ने साथ रहने की प्लानिंग कर ली और कोर्ट में शादी कर ली है।

  • Jalandhar News: राजू ढाबे पर सेहत विभाग की दबिश, भरे सैंपल, देखें वीडियो

    Jalandhar News: राजू ढाबे पर सेहत विभाग की दबिश, भरे सैंपल, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: महानगर में लोगों की सेहत का ध्यान रखते हुए फूड सेफ्टी विभाग की ओर से बस स्टैंड के पास राजू के ढाबे सहित अन्य दुकानों पर दबिश दी गई। इस दौरान दुकानों में फूड के सैंपल लिए गए। सेहत विभाग की टीम द्वारा बस स्टैंड पर दी गई दबिश को लेकर अन्य फूड कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

    वहीं मामले की जानकारी देते हुए सेहत विभाग के अधिकारी डॉक्टर सुरिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि बस स्टैंड के पास बनी दुकानों से घटिया क्वालिटी का फूड सप्लाई हो रहा है। इस मामले को लेकर आज राजू ढाबे पर दबिश दी गई और ढाबे के सैंपल भरे गए है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद अगर कमी पाई जाती है तो बनती कार्रवाई की जाएगी। वहीं दुकान के लाइसेंस को लेकर कहा कि दुकानदार के पास लाइसेंस की जांच की गई, दुकानदार के पास लाइसेंस मौजूद है। उन्होंने कहा कि सैंपल को खरड़ भेजा जा रहा है।

    दूसरी ओर, ढाबा मालिक राजू का कहना है कि आज सेहत विभाग की ओर से उनके ढाबे पर टीम पहुंची है। जहां सेहत विभाग की टीम द्वारा ढाबे के सैंपल लिए गए है। उनका कहना है कि वह ग्राहकों को साफ-सुथरा खाना परोसते है। लेकिन सेहत विभाग की टीम का कहना है कि वह शिकायत मिलने के बाद उनके ढाबे पर सैंपल लेने पहुंची है। ढाबा मालिक का कहना हैकि उनके पास फूड लाइसेंस भी मौजूद है।

  • शिमला के CM सुक्खू ने स्वास्थ्य सेवाओं में ऑनलाइन सुविधाओं के विस्तार का किया ऐलान

    शिमला के CM सुक्खू ने स्वास्थ्य सेवाओं में ऑनलाइन सुविधाओं के विस्तार का किया ऐलान

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां स्वास्थ्य विभाग, नेशनल हेल्थ मिशन और निदेशालय चिकित्सा शिक्षा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं में अधिक से अधिक ऑनलाइन सुविधाओं का समावेश किया जाएगा, इसके लिए नवीनतम सूचना प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी जो दस दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑनलाइन सुविधाएं प्रदान करने से समय और साधनों की बचत होने के साथ ही सेवाओं में सुगमता और गुणवत्ता आएगी। उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और अस्पतालों में मरीजों के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन प्रणाली विकसित करने के भी निर्देश दिए। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमकेयर योजना के तहत मैपिंग का कार्य पंचायत स्तर तक सुनिश्चित किया जाए तथा इसमें मरीज के उपचार से सम्बन्धित डेटा भी शामिल किया जाए। उन्होंने आभा कार्ड का एकीकरण हिम परिवार पोर्टल से करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के डिजिटलीकरण से लोगों को और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित होंगी। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही में वृद्धि होगी, साथ ही सेवाओं की निगरानी और शिकायत निवारण तंत्र और प्रभावी बनेगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के ऑनलाइन रिकार्ड से बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी और निर्णय क्षमता भी प्रभावी होगी। इससे नवाचार को बढ़ावा मिलेगा तथा स्वस्थ नागरिक-सशक्त राज्य के लक्ष्य को हासिल करने में भी मदद मिलेगी। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जापान इन्टरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि स्वास्थ्य संस्थान आधुनिक उपकरणों से लैस हों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार लाया जा सके। बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, सचिव स्वास्थ्य प्रियंका बासु इंगटी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।