जालंधर (वरुण)। देहात क्राईम ब्रांच की टीम ने सट्टेबाज को गिरफ्तार किया है। क्राईम ब्रांच के प्रभारी पुष्प बाली ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि संजय कुमार पुत्र केशर दास वासी भुलत्थ लोगों को दड़ा-सट्टा लगवाने का कारोबार करता है। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे दड़े सट्टे की पर्चियों और 3810/- रूपये की नकदी सहित काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के ऊपर गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
Blog
-

देहात पुलिस के अलग-अलग थानों ने पकड़े नशा तस्कर….
जालंधर (वरुण)। देहात पुलिस के थाना गोराया की टीम ने नशीले पदार्थ सहित 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विजय कुमार पुत्र जैला राम वासी लागड़िया मोहल्ला गोराया के तौर पर हुई है। थाना प्रभारी कनवरजीत सिंह बल ने बताया कि सूआ अट्टा की पुली पर नाकाबंदी के दौरान उक्त आरोपी को 15 ग्राम हेरोईन सहित काबू किया गया।

इसी तरह थाना फिल्लौर की पुलिस ने 1 महिला तस्कर को नशीले पदार्थ सहित गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान सुनीता पत्नी जसवंत राय के रुप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला से 7 ग्राम हेरोईन बरामद की।

इसी तरह थाना नूरमहल की पुलिस ने नशीली गोलियों सहित 1 तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी हरिन्दर सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने गांव बतूरा की नहर पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान 1 व्यक्ति को रोका गया। जिसने अपना नाम रमन कुमार पुत्र तरलोचन दास वासी पत्ति धूनी जंडियाला बताया। जिसकी तलाशी लेने पर 280 नशीली गोलियां बरामद हुई। पुलिस ने सभी आरोपियों के ऊपर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
-

शराब और बियर को लेकर आई बड़ी खबर….
नई दिल्ली। भारत ने फाइनेंशियल ईयर 2020-21 के दौरान 32.21 करोड़ डॉलर (लगभग 2,507 करोड़ रुपये) की 2.47 लाख टन शराब और बीयर समेत अल्कोहल-प्रोडेक्ट का एक्सपोर्ट किया है। मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार शराब एक्सपोर्ट किए जाने वाले देशों की लिस्ट में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), घाना, सिंगापुर, कांगो और कैमरून शामिल हैं।
ग्लोबल मार्केट में अनाज के दाने (माल्ट) से बनी बीयर, वाइन, व्हाइट वाइन, ब्रांडी, व्हिस्की, रम और जिन जैसे इंडियन प्रोडेक्ट की मांग कई गुना बढ़ गई है। एग्रीकल्चर और प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी (एपीडा) ने लोकल वाइन की क्षमता के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए कई इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
मंत्रालय ने कहा कि भारतीय शराब इंडस्ट्री वर्ष 2010 से 2017 के दौरान 14 प्रतिशत की सालाना दर से बढ़ा है। यह देश में शराब कैटेगरी के तहत सबसे तेजी से बढ़ने वाली इंडस्ट्री बन गई है। इसी कड़ी में वाइन के एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए एपीडा ने लंदन वाइन फेयर, 2022 में देश के दस एक्सपोर्ट्स को भाग लेने की सुविधा भी प्रदान की है।
-

पंजाबः बड़े एक्शन की तैयारी में सीएम मान, ट्वीट कर दिए संकेत….
चंडीगढ़. पंजाब की भगवंत मान सरकार अब राज्य के विभागों में गलत और फर्जी डिग्रियों के दम पर ली गई नियुक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने के मूड में है. सीएम भगवंत मान ने शनिवार को ट्वीट कर संकेत दिए हैं कि जिन रसूखदार और राजनेताओं के रिश्तेदारों को पूर्व में सरकारी नौकरियां दी गई हैं और जिनकी नियुक्ति प्रक्रिया में फर्जी दस्तावेज और डिग्रियां इस्तेमाल की गई हैं, उनके खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी. एक ट्वीट में सीएम मान ने कहा कि उन्हें पता चला है कि इन प्रभावशाली लोगों के कई रिश्तेदारों को फर्जी दस्तावेज जमा करने के बाद सरकारी नौकरियों में नियुक्त किया गया था. उन्होंने कहा, ‘हम उन्हें पंजाब के लोगों से वसूले गए करों के लिए जवाबदेह बनाने जा रहे हैं, जिनका दुरुपयोग किया गया है.’
बताया जा रहा है कि मान सरकार ने सत्ता में आने के बाद इस तरह की फर्जी नियुक्तियों का रिकॉर्ड एकत्रित करने के आदेश दिए थे, जिसके बाद कई विभागों में छानबीन के बाद सीएम भगवंत मान को डाटा सौंपा गया है. पिछले दो महीने में इस तरह के कई मामले प्रकाश में आए हैं. सूत्रों का कहना है कि वित्त और सहकारिता विभागों में फर्जी डिग्री लेकर लोगों की नियुक्ति की गई हैं. पंजाब सहकारी कृषि विकास बैंक के एक प्रबंधक को इस सप्ताह की शुरुआत में इन आरोपों में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था. सूत्रों का कहना है कि वह एक अकाली नेता के रिश्तेदार थे.
गौरतलब है कि आप सरकार ने पहले पंजाब विधानसभा में की गई नियुक्तियों के खिलाफ जांच शुरू की थी, जहां पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान कई मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के सहयोगियों और रिश्तेदारों की नियुक्ति की गई थी।
-

अस्पताल में लगी भीषण आग, ऑक्सीजन सपोर्ट खत्म होने से मरीज की मौत….
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके के एक अस्पताल में शनिवार तड़के आग लगने के बाद कथित तौर पर ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने से 64 वर्षीय एक मरीज की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अस्पताल में भर्ती बाकी सभी मरीज पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) प्रणव तायल ने बताया कि पूठ खुर्द के ब्रह्म शक्ति अस्पताल की तीसरी मंजिल पर आग की सूचना सुबह पांच बजे मिली थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल को बुलाया गया।
दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा कि आग बुझाने के लिए दमकल की कुल नौ गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। गर्ग ने बताया कि आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।
डीसीपी ने कहा कि एक मरीज को छोड़कर सभी को सुरक्षित बचा लिया गया, जिसे आईसीयू में भर्ती कराया गया था और वेंटिलेटर सपोर्ट पर था। डीसीपी तायल ने कहा कि किडनी के मरीज और प्रेम नगर निवासी होली को बाहर निकाला गया, लेकिन बिजली और ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने के कारण उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में कोई भी अग्निशमन प्रणाली चालू नहीं मिली और आग निकास द्वार बंद/अवरुद्ध पाया गया।
डीसीपी ने कहा कि विजय विहार थाने में इस संबंध में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 285 (आग या ज्वलनशील पदार्थ के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण), 287 (मशीनरी के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण), और 304 ए (लापरवाही से मौत का कारण) के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
इससे पहले 27 मई को दक्षिणी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और पूर्वी दिल्ली में मक्कड़ मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं, लेकिन उनमे कोई हताहत नहीं हुआ था।
-

कई जेलों में प्रशासन की ओर से छापेमारी, मचा हड़कंप….
नई दिल्ली। शनिवार की सुबह सुबह बिहार के कई जेलों में प्रशासन की ओर से छापेमारी की गई। कहीं डीएम को कहीं एसडीएम ने छापेमारी को लीड किया। किसी भी जेल से अभीतक आपत्तिजनक बरामदगी की सूचना नहीं है। लेकिन इस कार्रवाई से राज्य के सभी जेलों में हड़कंप मच गया है।
मंडल कारा में डीएम आलोक रंजन घोष व एसपी अमितेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी व अधिकारियों की टीम ने शनिवार की सुबह छापेमारी की। लगभग दो घंटे तक चली छापेमारी के दौरान खैनी का पुड़िया व छोटा चाकू बरामद किया गया। इसकी जानकारी देते हुए आलोक रंजन घोष ने बताया कि नियमित अंतराल पर छापेमारी की जाती है। जेल प्रशासन द्वारा रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजा जा रहा है उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में मंडल कारा के विभिन्न वार्डों में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान जेल में हड़कंप की स्थिति दिखी। इस दौरान उप समाहर्ता चंदन कुमार, राजन कुमार, श्वर्या राय समेत अन्य पदाधिकारी व अधिकारी मौजूद थे। डीएम ने बताया कि छापेमारी के दौरान शौचालय व नहाने में पानी की दिक्कतों की समस्याओं से भी अवगत हुए। इन समस्याओं को दूर करने को लेकर प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही रविवार को क़ैदियों के लिए जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा। जिसमें उनके परिवार के सदस्यों द्वारा समस्याएं रखी जाएगी।
बांका जेल में शनिवार की सुबह 3:00 बजे से ही छापेमारी अभियान चलाया गया। डीएम अंशुल कुमार एवं एसपी डॉक्टर सत्य प्रकाश के नेतृत्व में जेल में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान जेल के हर पुरुष एवं महिला वार्ड की जांच की गई। साथ ही जेल के बंदियों से डीएम ने पूछताछ की। डीएम अंशुल कुमार ने बताया कि करीब 3 घंटे तक चले छापेमारी में जेल की सघन जांच की गई। जिसमें किसी भी तरह का संदिग्ध और आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं किया गया है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही साफ-सफाई का भी जायजा लिया गया। मौके पर एसडीओ डॉ प्रीति कुमारी, एसडीपीओ दिनेश चंद्र श्रीवास्तव, जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय, प्रभारी जेल उपाधीक्षक मोहम्मद साजिद, टाउन थाना अध्यक्ष शंभू नाथ यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे। छापेमारी के दौरान टाउन थाना पुलिस के साथ-साथ कई अन्य थानों की पुलिस भी मौजूद थी।
बेगूसराय मंडलकारा में शनिवार की सुबह जिला प्रशासन की ओर से छापेमारी की गई। इससे कैदियों व जेलकर्मियों व अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। सुबह सात बजे से छापेमारी चल रही थी। उसके बाद डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी योगेंद्र कुमार के पहुंचने पर छापेमारी में तेजी आई। डीएम ने विभिन्न वार्डों में जाकर कैदियों से पूछताछ की। साथ ही वार्ड का कोना-कोना भी छान लिया। साफ सफाई से लेकर गुणवत्तापूर्ण भोजन का भी जायजा लिया। छापेमारी समापन के बाद ही स्पष्ट होगा कि जेल से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है या नहीं।
-

मशहूर पॉप स्टार जस्टिन बीबर को हुई ये अजीबोगरीब बीमारी, खुद किया खुलासा…
नई दिल्ली। मशहूर पॉप स्टार जस्टिन बीबर का नाम तो आपने जरूर सुना होगा, पिछले कई सालों से वो अपनी गायकी के जरिए काफी शोहरत पा चुके हैं, लेकिन अब वो इस खतरनाक बीमारी की गिरफ्त में हैं. बीबर ने 11 जून को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें अगला शो इसलिए कैंसिल करना पड़ा क्योंकि वो रामसे हंट सिंड्रोम (Ramsay Hunt Syndrome) नामक बीमारी के शिकार हो गए हैं जिसमें उनके चेहरे का करीब आधा हिस्सा लकवे का शिकार हो गया है.
कैनेडियन सिंगर जस्टिन बीबर ने कहा, ‘जो लोग मेरे अगले शो के कैंसिल होने से निराश हैं, उन्हें बता दूं कि मैं शारीरिक और जाहिर तौर पर इसे परफॉर्म करने की हालत में नहीं हूं.’ बीबर में अपने चेहरे की तरह इशारा करते हुए कहा, ये बेहद गंभीर है, जैसा कि आपको नजर आ रहा हैं. काश ऐसा नहीं होता लेकिन ये साफ है है, मेरी बॉडी मुझे बता रही है कि मुझे थोड़ा रुकना है. मुझे उम्मीद है कि आप लोग समझे. मैं इस वक्त का इस्तेमाल सिर्फ आराम करने और सौ फीसदी एनर्जी के साथ वापस आने के लिए करूंगा जिससे मैं वो कर सकूं जिसके के लिए मैंने जन्म लिया है.’
जस्टिन बीबर को रामसे हंट सिंड्रोम नाम की बीमारी है वो एक न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर है जो वारिसेला जोस्टर वायरस की वजह से होता है. इसी वायरस के कारण हरपेस जोस्टर और चिकन पॉक्स बीमारी होती है.
अमेरिका के नेशनल ऑर्गेनाइजेश फॉर रेयर डिसॉर्डर ने बताया, ‘ये वायरस उस इंसान के शरीर में डॉरमेंट रह सकता है जिसे बचपन में चिकन पॉक्स हुआ हो. इस बात को यकीन से नहीं कहा जा सकता कि रामसे हंट सिंड्रोम में वायरस कैसे रिएक्टिवेट हो जाता है.’
रामसे हंट सिंड्रोम की वजह से कान, जुबान और मुंह का उपरी हिस्से में रैशेज हो जाता है, साथ ही कान और सिर में तेज दर्द हो सकता है. इस बीमारी का पता लगाने के लिए ब्लड टेस्ट किया जाता है, एमआर आई और स्किन टेस्ट किया जाता है. कुछ साथ स्थिति में स्पाइनल टैप की विधि अपनाई जा सकती है, इसमें स्पाइनल कैनाल में सुई के जरिए सेरीब्रोस्पाइनल फ्लूड (Cerebrospinal Fluid) निकालकर टेस्ट किया जाता है.
-

पंजाब को मिलेंगे नए मंत्री, अगले महीने होगा कैबिनेट का विस्तार
चंडीगढ़ : पंजाब को अगले महीने 4 या 5 नए मंत्री मिलने वाले हैं। जानकारी है कि भगवंत मान कैबिनेट का विस्तार अगले महीने होगा। बता दें कि इस महीने के अंत में बजट सेशन है। उसके बाद जुलाई के पहले हफ्ते में कैबिनेट में नए मंत्री शामिल किए जाएंगे। नए मंत्रियों में महिला और सेकेंड टर्म वाले विधायकों को मौका मिलना तय है।
जानकारी के लिए बता दें कि CM भगवंत मान की अगुवाई वाली आप सरकार में अभी 8 मंत्रियों के पद खाली हैं। हालांकि अभी मंत्रिमंडल को पूरा नहीं भरा जाएगा। फिलहाल 4 से 5 मंत्री ही शामिल किए जाएंगे। पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री बनाए जा सकते हैं। AAP सरकार बनने के बाद CM भगवंत मान के बाद 10 मंत्रियों ने शपथ ली थी। जिसके बाद सरकार में एक सीएम और 10 मंत्री थे। 8 मंत्रीपद खाली थे। हालांकि हाल ही में सीएम मान ने हेल्थ मिनिस्टर डॉ. विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया जिसके बाद 8 मंत्री पद खाली हो चुके हैं।
-

गृह विभाग ने इंटरनेट सेवा बंद करने के दिए आदेश, जाने क्या है मामला….
रांची. नूपुर शर्मा के बयान के खिलाफ शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद रांची समेत देशभर में जमकर बवाल हुआ. नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रांची के कई इलाकों में उपद्रवियों ने पत्थरबाजी और हंगामा किया. इस घटना में अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनका रिम्स सहित अन्य निजी अस्पतालों मे इलाज चल रहा है. प्रशासन ने एहतियातन रांची के 13 थाना क्षेत्रों मे धारा 144 लागू कर दिया है. वहीं गृह विभाग की कि तरफ से इंटरनेट सेवाओं को भी बंद अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है.
बता दें, रांची में शुक्रवार की दोपहर जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के बाद स्थिति पुलिस के नियंत्रण में तो है, लेकिन हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं. रांची के लालपुर, लोअर बाजार, डेली मार्केट, हिंदपीढ़ी, जगन्नाथपुर, कोतवाली, सुखदेव नगर, पंडरा ओपी, चुटिया, डोरण्डा और अरगोड़ा थाना क्षेत्र में धारा 144 लगा दिया गया है. इन इलाकों में एक साथ 4 लोगों के जमा होने पर मनाही है.
वहीं वर्तमान स्थिति को देखते हुए लोगों के बीच किसी तरह की अफवाह न फैले इसे लेकर अगले आदेश तक इंटरनेट सेवाओं को भी बंद किया गया है. बता दें, शुरुआती दौर में इंटरनेट सेवाओं को शनिवार सुबह 6 बजे तक के लिए बंद किया गया था जिसे फिर अगले आदेश तक के लिए बढ़ा दिया गया है ताकि अफवाहों पर विराम लग सके.
बता दें, शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद अचानक हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग रांची के एकरा मस्जिद के पास जमा हो गए. इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की और नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नूपुर शर्मा का पुतला भी जलाया जिसके बाद मुस्लिम समुदायों के द्वारा हाथ में काला झंडा और धार्मिक झंडे के साथ जुलूस निकाला गया और फिर जब पुलिस के द्वारा इन्हें डेली मार्केट के पास रोकने की कोशिश की गई तो स्थिति बेकाबू हो गई. भीड़ ने जमकर पत्थरबाजी करनी शुरू कर दी जिससे मौके पर ही कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
-

छात्र-छात्राओं के लिए आई बड़ी खबर, मूल्यांकन पैटर्न में हुआ बदलाव….
देहरादून : प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड बोर्ड के छात्र-छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा का मूल्यांकन अब सीबीएसई पैटर्न पर किया जाएगा।
उत्तराखंड बोर्ड से संबद्ध सभी सरकारी, सहायताप्राप्त अशासकीय और निजी विद्यालयों में पाठ्यक्रम तो सीबीएसई के अनुसार बहुत पहले ही लागू किया जा चुका है। बोर्ड एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई करा रहा है। इसके बावजूद बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा के मूल्यांकन का तरीका सीबीएसई के अनुसार लागू नहीं किया गया था। इसे पुराने उत्तर प्रदेश बोर्ड के आधार पर ही क्रियान्वित किया जा रहा था। अब धामी मंत्रिमंडल ने सीबीएसई पैटर्न पर बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन कराने को स्वीकृति दी है।
सीबीएसई पैटर्न पर मूल्यांकन होने से 10वीं कक्षा में परीक्षार्थियों के लिए भाषा विषय में 20 अंक का आंतरिक मूल्यांकन होगा। विशेष बात यह है कि आंतरिक मूल्यांकन और लिखित परीक्षा, दोनों के प्राप्तांक मिलाकर 33 प्रतिशत होने पर परीक्षार्थी उत्तीर्ण माना जाएगा। उत्तराखंड बोर्ड में इससे पहले भाषा विषय में आंतरिक मूल्यांकन की व्यवस्था नहीं थी। इससे परीक्षार्थी को भाषा अभिव्यक्ति में प्रदर्शन सुधारना होगा, साथ में उसे आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर अधिक अंक प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।
12वीं की परीक्षा में आंतरिक मूल्यांकन की व्यवस्था कला वर्ग के विषयों इतिहास, राजनीति विज्ञान आदि पर भी लागू होगी। 12वीं में अंतर यह है कि आंतरिक मूल्यांकन एवं प्रायोगिक विषयों में प्रायोगिक परीक्षा और लिखित परीक्षा में अलग-अलग पास होना पड़ेगा।
प्रायोगिक परीक्षा के अंक 30 ही रहेंगे, लेकिन इसमें 15 अंक आंतरिक मूल्यांकन के होंगे। बाह्य प्रायोगिक परीक्षा 15 अंकों की होगी। व्यावसायिक शिक्षा में कौशल विकास के अंक भी मिलेंगे। जिन माध्यमिक विद्यालयों में इसमें मूल्यांकन की वर्तमान व्यवस्था लागू रहेगी।
