Blog

  • न्यूजीलैंड के खिलाफ दोहरा शतक जड़कर Shubman Gill बनें दुनियां के दूसरे बल्लेबाज

    न्यूजीलैंड के खिलाफ दोहरा शतक जड़कर Shubman Gill बनें दुनियां के दूसरे बल्लेबाज

    नई दिल्लीः भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय ओपनर शुभमन गिल का जलवा देखने को मिला। गिल ने कीवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए शानदार दोहरा शतक जड़ दिया। गिल ने 87 गेंदों पर शतक पूरा किया, जिसमें 14 चौके और दो छक्के भी शामिल थे। इसके बाद उन्होंने 145 गेंदों पर दोहरा शतक जड़ा। गिल के वनडे इंटरनेशनल करियर का यह तीसरा एवं लगातार दूसरा शतक रहा। गिल आखिरकार 149 गेंदोंं में 208 रन बनाकर आउट हुए,  जिसमें उनके 19 चौके और 9 छक्के शामिल रहे।

    गिल ने बाबर आजम को पीछे छोड़ा

    बुधवार को हैदराबाद में अपनी तूफानी पारी के दौरान शुभमन गिल ने वनडे क्रिकेट में अपने हजार रन पूरे कर लिए 23 साल के शुभमन गिल ने महज 19वीं इनिंग में हजार रन पूरे किए है। गिल अब सबसे कम पारियों में हजार रन बनाने वाले संयुक्त रूप से दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। गिल ने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को भी पीछे छोड़ दिया है। बाबर आजम ने 21 पारियों में अपने हजार रन पूरे किए थे।

    फखर जमां के नाम है रिकॉर्ड

    बता दें कि वनडे इंटरनेशनल में सबसे कम पारियों में हजार रन पूरा करने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के ही फखर जमां के नाम पर है। फखर जमां ने 18 पारियों में हजार रन पूरे किए थे। गिल सबसे तेज हजार रन पूरा करने वाले अब सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज हैं। गिल ने विराट कोहली को इस मामले में पीछे छोड़ा। विराट कोहली ने 24 पारियों में हजार रन पूरे किए थे। शुभमन गिल का वनडे इंटरनेशनल की शुरुआती 19 पारियों में यह तीसरा शतक रहा। भारतीय खिलाड़ियों में केवल शिखर धवन (17) ही गिल से कम पारियों में तीसरे वनडे शतक तक पहुंचे थे।


    सबसे तेज हजार रन (वनडे इंटरनेशनल) 

    1. फखर जमां (पाकिस्तान)- 18 पारी
    2. शुभमन गिल (भारत)- 19 पारी
    2. इमाम उल हक (पाकिस्तान)- 19 पारी
    3. विवियन रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज)- 21 पारी
    3. केविन पीटरसन (इंग्लैंड/आईसीसी)- 21 पारी
    3. जोनाथन ट्रॉट (इंग्लैंड)- 21 पारी
    3. क्विंटन डिकॉक (साउथ अफ्रीका)- 21 पारी
    3. बाबर आजम (पाकिस्तान)- 21 पारी
    3. रस्सी वैन डेर डुसेन (साउथ अफ्रीका)- 21 पारी

    शुभमन गिल जिस तरह से बैटिंग कर रहे हैं उसके चलते अब शिखर धवन की टीम में वापसी काफी मुश्किल हो गई है। गिल को वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया की रन-मशीन कहना अनुचित नहीं होगा। गिल 19 पारियों में अबतक हजार से ज्यादा रन बन चुके है। इस दौरान उनके बल्ले से दोहरा शतक समेत तीन शतक और पांच अर्धशतक निकले हैं। यानी कि इन 19 पारियों में गिल ने सात बार 50 रनों का आंकड़ा जरूर टच किया है।

  • हाउसिंग बोर्ड के दफ्तर में सुनवाई दौरान व्यक्ति को आया हार्ट-अटैक, देखें वीडियो

    हाउसिंग बोर्ड के दफ्तर में सुनवाई दौरान व्यक्ति को आया हार्ट-अटैक, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः हाउसिंग बोर्ड के दफ्तर में एक मामले की सुनवाई के दौरान आदमी को हार्ट-अटैक आ गया। व्यक्ति की पहचान जनक कुमार निवासी सेक्टर 41-A के रूप में हुई है। बताया जा रहा कि वह हाउसिंग बोर्ड के दफ्तर में केस की सुनवाई के लिए आए थे। सुनवाई के दौरान अचानक वह सेक्रेटरी के चैंबर में गिर पड़े और इस दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया।

    मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों ने उन्हें उठाकर कुर्सी पर बैठाया। इसी दौरान आईएएस अधिकारी यशपाल गर्ग ने उन्हें सीपीआर दिया और उनकी जान बचाई। वीडियो में आप देख सकते है कि कैसे यशपाल गर्ग ने उन्हें कार्डियो पल्मोनरी रिससिटैशन (CPR) दिया। लगभग 1 मिनट के CPR की प्रक्रिया के बाद जनक कुमार की तबियत थाेड़ी ठीक हुई और उन्हें पानी पिलाया गया। इसके बाद उन्हें तुरंत चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की गाड़ी में सेक्टर 16 GMSH में ले जाया गया। समय रहते दिए गए सीपीआर देने से जनक कुमार की जान बच गई।

    यशपाल गर्ग ने बताया कि उन्होंने सीपीआर की कोई ट्रेनिंग नहीं ली थी। एक बार न्यूज चैनल पर एक वीडियो देखा था। इसमें एक मरीज डॉक्टर के सामने बैठा था और डॉक्टर उसे दवाई लिखकर दे रहा था। अचानक मरीज कुर्सी पर कोलेप्स हो गया। डॉक्टर ने उसे कुर्सी पर सीपीआर दी और वह ठीक हो गया था। लगभग 2 महीने पहले भारत में कहीं वह घटना हुई थी। यशपाल गर्ग ने कहा कि भले ही उन्होंने जो सीपीआर का तरीका अपनाया वह पूरी तरह उचित(प्रोफेशनल) नहीं था मगर यही उस वक्त उनके दिमाग में आया। बिना वक्त बर्बाद किए उन्होंने यह सीपीआर दिया।

  • जालंधरः रमन ज्वैलर में चोरी की CCTV फुटेज आई सामने

    जालंधरः रमन ज्वैलर में चोरी की CCTV फुटेज आई सामने

    जालंधर/वरुणः गढ़ा रोड़ स्थित रमन ज्वैलर की दुकान को चोरी की वारदात का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी देते हुए रमन ज्यूलर के मालिक नीरज कुमार ने बताया कि वह आज सुबह दुकान खोलने आए तो दुकान के पिछले हिस्से की दीवार टूट हुई थी और सामान बिखड़ा पड़ा था। बताया जा रहा है कि चोर दुकान से लगभग 1 करोड रुपए की ज्वेलरी चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि रात 10 बजे चोर पीछे के रास्ते से दुकान में घुसे और सुबह चार बजे निकले।

    घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें 4 चोर देर रात वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे है। घटना की सूचना मिलने के बाद कमिश्नरेट कमिश्नर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

  • पंजाबः पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 13 सदस्य हथियारों सहित किए गिरफ़्तार

    पंजाबः पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 13 सदस्य हथियारों सहित किए गिरफ़्तार

    खन्नाः पंजाब पुलिस मुख्यमंत्री भगवंत मान के विजन के अनुसार पंजाब को अपराध मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी के परिणाम आज खन्ना पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अमृत बल, जग्गू भगवानपुरिया, परगट सेखों गिरोह द्वारा चलाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय गिरोह जबरन वसूली, लक्षित मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था।

    पुलिस के मुताबिक इनके तार बब्बर खालसा के विदेशी आतंकियों से जुड़े हैं। पुलिस ने 13 लोगो को गिरफ्तार किया है। उक्त आरोपियों से 5 पिस्टल व 53 जिंदा रौंद के अलावा एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है जो कि रेकी के लिए इस्तेमाल किया गया था। इनके ख़िलाफ़ यूएपीए के तहत एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस ने स्थानीय नेटवर्क को नष्ट करने और किसी बड़ी घटना को रोकने के लिए समय पर कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह आरोपी विदेशों में बैठे गैंगस्टरों के कहने पर पंजाब और हरियाणा में टारगेट किलिंग की बड़ी वारदातों को अंजाम देने वाले थे।

    गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महिंदर वर्मा पुत्र राम चरण निवासी मध्य प्रदेश, रमेश पुत्र सरवन राम निवासी राजस्थान, गुरजंट सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी जिला लुधियाना, सुखवीर सिंह पुत्र मंगत सिंह निवासी जिला लुधियाना, संदीप सिंह पुत्र खुशदेव सिंह निवासी जिला फतेहगढ़ साहिब, हरसिमरनजीत सिंह पुत्र जगदीश सिंह निवासी जिला अमृतसर, शमशेर सिंह पुत्र इकबाल सिंह निवासी जिला अमृतसर, चारलस पुत्र यूसुफ मसीह निवासी जिला गुरदासपुर, परवीन सिंह निवासी जिला गुरदासपुर, सरबजोत सिंह निवासी जिला अमृतसर, दलजीत कौर पुत्री धर्म सिंह निवासी जिला अमृतसर, रफी पुत्र अमरीक सिंह निवासी जिला मलेरकोटला और वारिस अली पुत्र नजीर मोहम्मद निवासी जिला मलेरकोटला के रूप में हुई हैं।

  • पंजाबः सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस को लेकर बड़ा खुलासा, टॉप मोस्ट गैंगस्टर को सौंपी गई थी जिम्मेदारी

    पंजाबः सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस को लेकर बड़ा खुलासा, टॉप मोस्ट गैंगस्टर को सौंपी गई थी जिम्मेदारी

    चंडीगढ़: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की जांच के दौरान खुलासा हुआ है। सिद्धू मूसेवाला को मारने की सुपारी तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के टॉप मोस्ट गैंगस्टर हाशिम बाबा को दी गई थी। हाशिम बाबा ने आगे इस हत्याकांड को अंजाम देने की जिम्मेदारी अपने गुर्गे शाहरुख को सौंपी थी, लेकिन इस घटना को अंजाम देने से पहले ही शाहरुख दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जिसके बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने प्लान बी तैयार किया।

    हाशिम को मोहाली कोर्ट में किया जाएगा पेश

    सीआईए स्टाफ मोहाली अब हाशिम बाबा को प्रोडक्शन वारंट पर मोहाली कोर्ट में पेश करेगा और इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी। गौर हो कि दिल्ली के टॉप मोस्ट गैंगस्टर हाशिम बाबा की जुर्म की दुनिया में एंट्री से लेकर गिरफ्तार होने तक की कहानी भी किसी फिल्म से कम नहीं है। 2 साल पहले 12 नवंबर 2020 को दिल्ली पुलिस ने हाशिम बाबा को गिरफ्तार कर लिया था। उस दौरान ट्रांस यमुना में और यूपी में दिन दहाड़े हत्याओं को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने 5 लाख का इनाम रखा था। 

    जुर्म की दुनिया का बाबा बनने की कहानी

    हाशिम बाबा का असली नाम आसिम है। दिल्ली के यमुनापार इलाके में सबसे पहले उसने गैंबलिंग का धंधा शुरू किया। आसिम संजय दत्त की तरह बड़े-बड़े बाल रखता था। संजय दत्त स्टाइल में फोटो खिंचवाता और धीरे-धीरे आसिम अंडरवर्ल्ड डॉन अबु सलेम और दाऊद इब्राहिम की तरह बड़ा डॉन बनने का सपना देखने लगा और यमुनापार में फैले नासिर गैंग में शामिल हो गया। व्यापारियों को डरना धमकाना, रंगदारी मांगना, पैसे न देने पर गोली मार देना, इस गैंग का धंधा था। संजय दत्त के फैन इस गैंगस्टर ने बाबा नाम भी संजू बाबा वाले नाम से ही लिया और फिर दहलाने वाली स्टाइल में गोली चलाने की आदतों की वजह से जुर्म की दुनिया में इसे हाशिम बाबा नाम से जाना जाने लगा। गैंग के लीडर नासिर के जेल में जाने के बाद हाशिम बाबा गैंग की कमान संभालने लगा। वो गैंग जिसे नासिर ने खड़ा किया, उस गैंग पर कब्जा अब हाशिम का हो चुका था।

    बता दें, लॉरेंस और गोल्डी के करीबी अकाली नेता विक्की मिद्दूखेड़ा की पंजाब में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। बंबिहा ग्रुप सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी लेता है। कहा जाता है कि मिद्दूखेड़ा हत्याकांड में शामिल शूटरों को मूसेवाला ने पनाह दी थी, जिसका बदला बिश्नोई गैंग ने लिया। गौरतलब है कि बीती 29 मई को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा जिले स्थित गांव जवाहरके से सटे इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

  • जालंधरः रमन ज्वैलर की दुकान से करोड़ो के गहने लूटकर चोर हुए फरार 

    जालंधरः रमन ज्वैलर की दुकान से करोड़ो के गहने लूटकर चोर हुए फरार 

    जालंधर/वरुणः महानगर में लूटपाट और चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे है। वहीं आज सुबह गढ़ा रोड़ स्थित रमन ज्यूलर की दुकान को चोरी होने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी देते हुए रमन ज्वैलर के मालिक नीरज कुमार ने बताया कि वह सुबह दुकान खोलने आए तो दुकान के पिछले हिस्से की दीवार टूट हुई थी और सामान बिखड़ा पड़ा था। बताया जा रहा है कि चोर दुकान से लगभग 1 करोड रुपए की ज्वेलरी चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि रात 10 बजे चोर पीछे के रास्ते से दुकान में घुसे और सुबह चार बजे निकले।

    घटना की सूचना मिलने के बाद कमिश्नरेट कमिश्नर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। दुकान के मालिक के मुताबिक चोर ने 1 करोड़ रुपए से ज्यादा का सोना चांदी चुराया है उन्होंने बताया कि दुकान के सारे कैमरे टूटे हुए हैं, डीवीआर भी नहीं है। चोर दुकान के अंदर का सारा सामान अपने साथ ले गए। दुकान के मालिक ने बताया कि दुकान में पड़ा सेफ मजबूत था जिसे चोर तोड़ नहीं पाए।

    बदमाश अपने साथ गैस कटर भी साथ लेकर आए थे जो वहीं आरोपी घटना स्थल पर ही छोड़ कर फरार हो गए। दुकान में लगे कैमरों में आरोपी कैद हो गई। सुबह जब दुकान के मालिक ने दुकान खोली तो वह दंग रह गए। दुकान में सारा सामान बिखरा पड़ा था। वहीं दूसरी और पुलिस ने इस मामले में कोई भी बयान देने से इनकार किया है, उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि शक के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

  • सुखजीत एग्रो इंडस्ट्रीज बाथू में 19 जनवरी को मॉक ड्रिल

    सुखजीत एग्रो इंडस्ट्रीज बाथू में 19 जनवरी को मॉक ड्रिल

    ऊना/सुशील पंडित :  जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना द्वारा एनडीआरएफ के सहयोग से 19 जनवरी को दोपहर 12 बजे हरोली उपमंडल के गांव बाथू स्थित सुखजीत एग्रो इंडस्ट्री परिसर में आपदा प्रबंधन के विषय पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस मॉक ड्रिल में भूकंप के साथ-साथ आगजनी तथा रसायनिक रिसाव जैसी आपदा की स्थिति को दर्शाते हुए राहत व बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त ऊना डॉक्टर अमित कुमार शर्मा ने इस संबंध में आयोजित बैठक के दौरान दी। 

    एडीसी ने बताया कि मॉक ड्रिल की दोपहर चेतावनी अलार्म के साथ होगी तत्पश्चात संबंधित कंपनी प्रबंधन के द्वारा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचित किया जाएगा तथा डीडीएमए ऊना द्वारा अति शीघ्र संबंधित विभागों को सूचना दी जाएगी। इसके पश्चात निर्धारित स्थल पर राहत व बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रयास किया जाएगा। मॉक ड्रिल की पूरी प्रक्रिया मुकम्मल होने के पश्चात सभी प्रतिभागी विभाग एक स्थल पर एकत्रित होंगे तथा मॉक ड्रिल प्रक्रिया में की गई कार्रवाई का विश्लेषण करेंगे।

    बैठक में एनडीआरफ की 14वीं बटालियन के रीजनल रिसर्च सेंटर इकाई नालागढ़ द्वारा आपदा बचाव बल तथा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विषय में पावर पॉइंट के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुति दी। इस अवसर पर एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डॉक्टर रमन कुमार, जिला उद्योग केंद्र ऊना के प्रबंधक अखिल शर्मा, होमगार्ड के डिप्टी कमांडेंट धीरज शर्मा, एनडीआरएफ के निरीक्षक आनंद व सुजीत मिश्रा, उप निरीक्षक देवी कांत पांडे, सुखजीत एग्रो इंडस्ट्री बाथू की ओर से दलजीत सिंह के अलावा पुलिस अग्निशमन तथा होमगार्ड्स सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।

  • भारत की स्टार एथलीट डोप टेस्ट में फेल, अस्थाई तौर पर सस्पेंड

    भारत की स्टार एथलीट डोप टेस्ट में फेल, अस्थाई तौर पर सस्पेंड

    नई दिल्लीः भारत की स्टार एथलीट दुती चंद डोप टेस्ट में फेल हो गई हैं। इसके बाद उन्हें अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया गया है। धाविका दुती चंद का सैंपल पिछले साल पांच दिसंबर को लिया गया था, जिसमें प्रतिबंधित पदार्थ अनाबोलिक स्टेरॉयड की मात्रा पाई गई। 26 वर्षीय दुतीचंद ने 2018 एशियाई खेलों में 100 मीटर और 200 मीटर दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक अपने नाम किया था। वहीं, राष्ट्रीय 100 मीटर रेस में वह स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। 

    दुतीचंद के सैंपल में ‘एंडराइन’, ‘ओस्टारिन’ और लिगांड्रोल की मात्रा मिली

    नाडा के अनुसार दुतीचंद के सैंपल में ‘एंडराइन’, ‘ओस्टारिन’ और लिगांड्रोल की मात्रा पाई गई है। नाडा ने अपने नोटिफिकेशन में इस बात की जानकारी दी। दुती को भेजे गए एक पत्र में कहा गया “आपको सूचित किया जाता है कि आपके नमूने ‘ए’ का परीक्षण नेशनल डोप टेस्टिंग लेबोरेटरी में विश्व एंटी-डोपिंग एजेंसी में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया था। प्रयोगशालाओं के मानक और नीचे दिए गए विवरण के रूप में प्रतिकूल विश्लेषणात्मक निष्कर्ष पाए गए थे।”

    दुती को डोपिंग के संभावित परिणामों को लेकर दी गई चेतावनी

    भुवनेश्वर में प्रतियोगिता से अलग दुती का सैंपल लिया गया था। पत्र के जरिए दुती को डोपिंग के संभावित परिणामों के बारे में बताया गया है और चेतावनी दे दी गई है। पत्र में कहा गया है, “मैं आपको इस पत्र की सामग्री को ध्यान से पढ़ने के लिए आमंत्रित करता हूं जो एएएफ के संभावित परिणामों और परिणामी अनुशासनात्मक प्रक्रिया के रूप में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करता है।” इस बारे में जब दुती से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें ‘ए’ सैंपल टेस्ट पॉजिटिव होने की जानकारी नहीं है।

    दुती पर लग सकता है बैन

    डोपिंग टेस्ट में फेल होने पर दुती पर बैन लग सकता है। अगर उन्हें दोषी पाया जाता है और यह साबित होता है कि उन्होंने जान बूझकर ऐसा किया था तो उन पर स्थायी बैन भी लगाया जा सकता है। इसके अलावा लंबे समय के लिए भी उन पर बैन लगाया जा सकता है। अगर उन पर पांच साल या इससे ज्यादा का बैन लगता है तो उनका करियर खत्म हो सकता है।

  • पंजाबः SGPC के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी पर हमला, तोड़े गाड़ी के शीशे, देखें वीडियो 

    पंजाबः SGPC के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी पर हमला, तोड़े गाड़ी के शीशे, देखें वीडियो 

    चंडीगढ़: मोहाली से एसजीपीसी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी पर हमला होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार हरजिंदर धामी मोहाली-चंडीगढ़ बार्डर पर चल रहे ‘कौमी इंसाफ मोर्चा’ में शामिल होने गए थे। इस दौरान उनकी गाड़ी पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। गाड़ी के शीश बुरी तरह से टूट गए हैं। 

    जानकारी के अनुसार हरजिंदर सिंह धामी के वहां पर पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर विरोध किया और उनकी गाड़ी पर हमला किया। लेकिन इस दौरान प्रधान हरजिंदर धामी बिल्कुल ठीक हैं उन्हें कोई नुकसान नहीं है। इस हमले के कारण का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।

    वहीं वहां मौजूद लोगों ने कहा कि उन पर हमला नहीं किया गया। लोगों ने बताया कि उन्हें सवाल करने के लिए रोका गया था। लेकिन उनके गनमेन की ओर से संगत को धक्का मारा गया था। उनके गनमैन ने उन्हें गाड़ी में बंद किया। इस धक्का मुक्की होने के कारण लोगों में गुस्सा आया। जिसके कारण उनकी गाड़ी पर हमला किया गया।

  • पंजाबः मनप्रीत बादल के कांग्रेस छोड़ने पर भड़के राजा वड़िंग, लगाए ये गंभीर आरोप

    पंजाबः मनप्रीत बादल के कांग्रेस छोड़ने पर भड़के राजा वड़िंग, लगाए ये गंभीर आरोप

    चंडीगढ़: पंजाब में कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने आज कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया है। भारत जोड़ो यात्रा दौरान यह राहुल गांधी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं मनप्रीत बादल का इस्तीफा देने के बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने एक ट्वीट कर अपनी भड़ास निकाली है।

    राजा वड़िंग ने ट्वीट कर लिखा कि अच्छा हुआ छुटकारा हो गया। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि मनप्रीत बादल सत्ता के भूखे हैं। जब वह कांग्रेस में शामिल हुए, तो उन्हें पता था कि पार्टी जीत रही है। राजा वड़िंग ने कहा कि मनप्रीत बादल के लिए 5 साल तक सत्ता से बाहर रहना बहुत मुश्किल था। वड़िंग ने कहा कि मनप्रीत बादल को शहादत का रोना रोने की बजाय कांग्रेस के साथ किए विश्वासघात की माफी मांगनी चाहिए।