Blog

  • उधारी के पैसे वापस न देने पर युवक की हत्या, NSUI नेताओं ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा

    उधारी के पैसे वापस न देने पर युवक की हत्या, NSUI नेताओं ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा

    दुर्गः जिले में NSUI नेताओं ने एक युवक की होटल में लात-घूंसों से जमकर पिटाई की और उसे अधमरा कर बाहर फेंक दिया। घटना के बाद इलाज दौरान युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, उधारी के पैसों को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद पैसे नहीं लौटाने और फोन नहीं उठाने पर गुस्से में आरोपियों ने युवक को मार डाला। पुलिस ने ऋषि निर्मलकर (19) की हत्या के आरोप में मुख्य आरोपी NSUI जिला उपाध्यक्ष मेजर सागर, दुर्ग जिला संयोजक प्रशांत राव समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ऋषि के पिता कपड़े प्रेस करने की दुकान चलाते हैं, जिसमें वह उनकी मदद करता था।

    जानकारी मुताबिक, मेजर सागर ने ऋषि को कुछ पैसे दिए थे, जिसे वो मांग रहा था, लेकिन ऋषि पैसा नहीं लौटा रहा था। उसने मेजर का फोन उठाना भी बंद कर दिया था। 20 जनवरी को ऋषि अपने दोस्त के साथ बाइक पर घूम रहा था कि स्टेशन रोड पर पीछे से कार में आ रहे मेजर सागर और उसके साथियों ने उसे देख लिया। इसके बाद सभी ने ऋषि को बाइक से उतारकर कार में जबरदस्ती बैठा लिया और उसे दुर्ग के 36 इन होटल ले गए। इस होटल का मैनेजर भी आरोपी मेजर सागर ही था। होटल के एक कमरे में बंद कर सभी ने ऋषि को लात-घूंसों से जमकर पीटा और फिर बाहर लाकर छोड़ दिया। इसके बाद ऋषि ने अपने दोस्त को फोन कर बुलाया और घर गया।

    घर पहुंचने पर परिजनों ने चोट के बारे में पूछा, लेकिन ऋषि ने कुछ नहीं बताया। दो दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ी तो पहले स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया। बाद में हालत ज्यादा खराब होने पर उसे भिलाई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 25 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चोटों की वजह से मौत की पुष्टि हुई है। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 26 जनवरी को हत्या का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान 27 जनवरी को पुलिस ने पहले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें एनएसयूआई जिला संयोजक प्रशांत राव (26) और लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे (18) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।

    वहीं, पुलिस ने अब मुख्य आरोपी मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर (19), काके उर्फ हरविंदर सिंह (20) और अंकित झा (22) को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी दुर्ग के ही रहने वाले हैं। पूछताछ में सभी ने अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

     

  • Punjab News: टायरों के गोदाम में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    Punjab News: टायरों के गोदाम में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के कंगनवाल में टायर गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। कुछ ही पलों में आसमान में धुएं का काला गुब्बार छा गया। आग लगने की सूचना लोगों ने दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन लाखों का माल जलकर खाक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोदाम से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। टायरों में आग लगने के कारण काला धुआं कई किलोमीटर दूर से ही आसमान में दिखाई दे रहा था जिससे आसपास की फैक्ट्रियों के मजदूरों और रिहायशी इलाके के लोग घरों से बाहर आ गए। शुरुआती जांच और मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस गोदाम में पुराने स्क्रैप टायरों को जलाकर उनसे तेल निकालने का काम किया जाता था। टायरों में तेल और केमिकल की मौजूदगी के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। वहीं दमकल विभाग के अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया उन्हें कंगनवाल में एक टायर गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। इस दौरान उनके द्वारा पहले एक गाड़ी घटना स्थल पर भेजी गई, लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए तुरंत और गाड़ियां मंगवाई गईं। कुछ गाड़ियों को पास के पॉइंट से रिफिल भी करवाया गया। कुल 6 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
  • Punjab News: साढ़े 5 किलो हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार,  देखें वीडियो

    Punjab News: साढ़े 5 किलो हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः पंजाब में नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 5507 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान मनजीत सिंह पुत्र मुंशा सिंह निवासी छीने वाले झुग्गे गांव चांदी वाला के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरहदी गांव पट्टी राजे से चांदी वाला गांव की ओर जाती सड़क पर आरोपी हेरोइन की सप्लाई के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा था।

    इस दौरान उनकी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी और मौके पर आरोपी के कब्जे से 5507 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पाकिस्तान आधारित तस्करों के साथ आरोपी के संबंध का खुलासा हुआ है। आरोपी को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, जिसके बाद आरोपी से हेरोइन की सप्लाई को लेकर बड़े खुलासे होने की संभावना है।

  • Supreme Court ने User Privacy को लेकर सुनाया अहम फैसला, Whatsapp-Meta को दिए आदेश

    Supreme Court ने User Privacy को लेकर सुनाया अहम फैसला, Whatsapp-Meta को दिए आदेश

    नई दिल्ली: व्हाट्सएप्प और मेटा की प्राइवेसी पॉलिसी मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने यह साफ कर दिया है कि शेयरिंग की ये प्रक्रिया भारतीय यूजर्स के निजता के अधिकार के खिलाफ है हालांकि सीसीआई के वकील ने एनसीएलएटी के कुछ निष्कर्षों पर आपत्ति भी जताई है। सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने व्हाट्सएप्प को निर्देश देते हुए कह दिया है कि – हम आपको मेटा के साथ एक भी जानकारी साझा करने की अनुमति नहीं देंगे हम आपको इस देश की नीतियों की गोपनीयता के साथ खेलने की इजाजत भी कई नहीं देंगे। इस पूरे मामले में कोर्ट के सामने तीन मुख्य अपीलें थी जो कि मेटा, व्हाट्सएप्प और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग की ओर से दायर की गई थी। सीनियर एडवोकेट मुकुल रोहतगी ने इन अपीलों का पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान मेटा के वकील ने दलील दी कि कोर्ट के आदेश के अनुसार, 213 करोड़ रुपये के जुर्माने का भुगतान पहले ही किया जा चुका है। Read In English : https://encounternews.in/india/supreme-court-raps-meta-whatsapp-over-data-sharing-warns-against-privacy-violations/

    मेटा की नई प्राइवेसी पॉलिसी पर उठे सवाल

    सुप्रीम कोर्ट ने व्हाट्सएप्प और मेटा की नई प्राइवेसी पॉलिसी पर सुनवाई करते हुए बेहद कड़े सवाल उठा दिए हैं। कंपनी का डेटा शेयर करने से उन्होंने साफ तौर पर मना कर दिया है। सीजीआई ने व्हाट्सएप्प की नीति पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आपने इसको इतनी चालाकी से तैयार किया है कि इसको समझना ही मुश्किल है। उन्होंने पूछा है कि क्या देश का आम आदमी जैसे कि घर में काम करने वाला नौकर, निर्माण मजदूर या छोटे विक्रेता इस मुश्किल नीति को समझ पाएंगे। कोर्ट ने यह साफ कहा है कि उपभोक्ताओं को इस ऐप की लत लगा दी है और अब उनकी मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है।

    यूजर्स का डेटा गलत तरीके से हो रहा इस्तेमाल

    सीजेआई ने कहा है कि लोगों के डेटा का इस्तेमाल व्यावसायिक लाभ के लिए किया जा रहा है और अब तक लाखों यूजर्स के डेटा का गलत इस्तेमाल हो चुका है। इस दौरान मेटा के वकील अखिल सिबल ने दलील भी दी कि व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए सीमित डेटा शेयरिंग की अनुमति है। इस पर सीजेआई ने कहा कि – यदि आपको डेटा का कोई हिस्सा बेचने लायक होगा तो आप उसको बेच देंगे सिर्फ इसलिए कि भारतीय उपभोक्ता मूक है और उनके पास आवाज नहीं है आप उन्हें शिकार नहीं बना सकते। सुनवाई के दौरान सॉलिस्टिर जनरल ने कहा कि व्हाट्सएप्प यूजर्स को सिर्फ दो ही ऑप्शन दे रहा है या तो पॉलिसी स्वीकार करो या ऐप का इस्तेमाल बंद कर दो। इस पर अदालत ने कहा कि बिहार के दूरदराज इलाकों या तमिलनाडु के गांवों में रहने वाले लोग जिन्हें अंग्रेजी नहीं आती वो इस नीति के खतरनाक परिणामों को कभी भी नहीं समझ पाएंगे। सीजेआई ने यह साफ शब्दों में कहा है कि जब तक आप हमें यह विश्वास नहीं दिलवाएंगे कि आपको ऐसा करने का कोई दैवीय अधिकार हासिल है तब तक हम आपको डेटा शेयर करने की अनुमति नहीं देंगे।

    3 जजों की बेंच के सामने होगी सुनवाई

    व्हाट्सएप्प के वकील ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि उनकी नीतिया दूसरे अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रधिकारों के स्टैंडर्ड्स के अनुसार है लेकिन इन दलीलों को सुनने के बाद सीजेआई ने बताया कि एनसीएलटी के सामने जनवरी 2025 के आदेश की स्थिति अभी भी जरुरी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने अब सभी पक्षों को नोटिस जारी कर दिया है। अब इन अपीलों पर विस्तार से सुनवाई सुप्रीम कोर्ट की 3 जजों की बेंच के सामने होगी।
  • Punjab News: मेन बाजार में कपड़ों की दुकान पर गोलियां चलाकर बाइक सवार फरार

    Punjab News: मेन बाजार में कपड़ों की दुकान पर गोलियां चलाकर बाइक सवार फरार

    तरनतारन: जिले के गांव फतेहाबाद में गोलियां चलने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार मेन बाजार में गोलियां चलने से दुकानदारों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बाइक सवारों द्वारा भापा जी की हट्टी (कपड़ों की दुकान) पर गोलियां चलाई गई।

    घटना को अंजाम देकर हमलावार मौके से फरार हो गए। वहीं गोलियों की आवाज सुनते ही भीड़ भरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों ने तुरंत दुकानें बंद कर दी। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची मामले की जांच में जुट गई।

    पुलिस द्वारा घटना स्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि आरोपियों की पहचान करके उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। गोलियां चलने की वजह अभी तक सामने नहीं आई है।

     

  • ट्रक ने कारोबारी को कुचला, सड़क क्रॉस करने के दौरान हुआ हादसा

    ट्रक ने कारोबारी को कुचला, सड़क क्रॉस करने के दौरान हुआ हादसा

    अंबिकापुरः सड़क क्रॉस कर रहे बाइक सवार कारोबारी को ट्रक द्वारा कुचलने का मामला सामने आया है। हादसे में कारोबारी की मौके पर मौत हो गई। वे बाइक में कुछ सामान लोड कर घर से निकले थे और घर से बमुश्किल 30 मीटर दूर पर यह हादसा हो गया। इस दौरान घटना CCTV में कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर से व्यवसायी नीचे गिर गया और ट्रक उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गया।

    सड़क पर मृत अवस्था में पड़े कारोबारी।
    सड़क पर मृत अवस्था में पड़े कारोबारी।

    जानकारी के मुताबिक, रिंगरोड नमनाकला निवासी व्यवसायी प्रह्लाद सोनी (50) बीती शाम बाइक पर सवार होकर कुछ सामान लोड लेकर घर से निकला था। वे अपने घर से आगे रिंगरोड क्रॉस कर बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। सड़क पार करते समय जैसे ही उन्होंने डिवाइडर क्रॉस किया, गांधी चौक से बस स्टैंड जा रहे एक ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान उनका सिर ट्रक के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर के लिए सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही भी रुक गई, जिससे लंबी लाइन लग गई। सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा और भीड़ हटाकर सड़क पर फिर से गाड़ियों की आवाजाही के लिए शुरू करवाई। घटनास्थल से कुछ दूर पर एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरा हादसा कैद हो गया। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

     

  • Punjab News: गली में खेल रहे 3 वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्तों ने किया हमला

    Punjab News: गली में खेल रहे 3 वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्तों ने किया हमला

    संगरूरः पंजाब में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार जारी है। वहीं शहर के सुंदर नगर बस्ती में घर के बाहर गली में खेल रहे 3 वर्षीय मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों ने हमला करके घायल कर दिया। घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां बच्चे का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दिनभर में 10 से 20 कुत्तों के काटने के मामले सामने आ रहे हैं। जिले में लगातार आवारा कुत्तों के काटने के मामले दिख रहे हैं। अब ये 3 साल का मासूम बच्चा भी हमले का शिकार हो गया है, जिसका इलाज जारी है। बच्चे के सिर, कान, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों पर कुत्ते के काटने के गंभीर घाव हैं।

    बच्चे के परिवार के सदस्यों के अनुसार, बच्चा अपने नानके घर अपनी नानी के पास रहता था और सुबह लगभग 11 बजे जब वह गली में खेल रहा था, तभी वहां के आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। पास ही बने खाई के ऊपर बैठे लोगों की नजर बच्चे पर पड़ गई, तो उन्होंने बच्चे की जान बचाई। यदि वहां लोग मौजूद न होते, तो परिवार के अनुसार बच्चे का बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने अपील की कि प्रशासन इन गलियों में घूम रहे आवारा कुत्तों को हटा दे, क्योंकि वह कभी भी दोबारा बच्चों, नौजवानों, बुजुर्गों पर भी हमला कर सकते हैं। दूसरी ओर सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने जानकारी देते हुए कहा कि 3 साल के मासूम बच्चा कुत्ते के काटने के कारण आज अस्पताल में भर्ती हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है।

    उसके शरीर पर कुत्ते के काटने के बहुत निशान हैं। डॉक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि आवारा कुत्तों के काटने या हमले के रोजाना 10 से 20 मामले सामने आ रहे हैं। पिछले दिनों एक मामला चर्चा में आया था जब एक बुजुर्ग महिला रात को अपने घर जा रही थी, उस पर कुत्तों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसकी सीसीटीवी भी सामने आई थी। इन आवारा कुत्तों का शिकार अधिकतर वे लोग होते हैं जो पैदल चलते हैं। लगभग 35 प्रतिशत छोटे बच्चे जो खेलने के समय आवारा कुत्तों का शिकार हो रहे हैं। आवारा कुत्तों को लेकर यद्यपि सुप्रीम कोर्ट से पहले एक कड़ा फैसला लिया गया था, जिसका विरोध होने के बाद फिर कहा गया कि आवारा कुत्तों को मेन हाइवे सड़कों से हटा दिया जाए।

  • Punjab News: आवारा कुत्तों का आतंक, 10 वर्षीय बच्ची को किया घायल देखें वीडियो

    Punjab News: आवारा कुत्तों का आतंक, 10 वर्षीय बच्ची को किया घायल देखें वीडियो

    होशियारपुरः आवारा कुत्तों के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं ताजा माला टांडा उड़मुड़ स्थित गांव कौलपुर से सामने आया है। जहां आवारा कुत्तों के एक झुंड ने 10 वर्षीय मासूम बच्ची पर हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल बच्ची की पहचान प्रभजोत कौर के रूप में हुई है। प्रभजोत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां बच्ची की टांग में कुत्तों के गहरे घाव पाए गए। मिली जानकारी के अनुसार, प्रभजोत कौर घर के पास स्थित एक दुकान से सामान खरीदने के लिए निकली थी।

    इस दौरान जैसे ही वह गली के मोड़ पर पहुंची, अचानक वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। दूसरी ओर बच्ची की मां हर्षविंदर कौर ने रोते हुए बताया कि कुत्तों ने उनकी बेटी प्रभजोत को बुरी तरह से काट लिया है। कुत्तों के दांतों के गहरे निशान बच्ची के कूल्हे, घुटने और टांग पर आए हैं। लहूलुहान हालत में बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कई टांके लगाए। फिलहाल बच्ची का इलाज चल रहा है, लेकिन वह इस हादसे के बाद से गहरे सदमे में है।

    लोगों के अनुसार इस घटना के दौरान बच्ची कुछ समझ पाती या वहां से भाग पाती, कुत्तों ने उस पर हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया। वहीं गली में रहने वाली महिला ने साहस दिखाया और तुरंत लाठी लेकर बच्ची की ओर दौड़ी। महिला ने शोर मचाकर और कुत्तों को डराकर बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर समय रहते महिला वहां न पहुंचती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी क्योंकि कुत्तों का झुंड बेहद आक्रामक था। इस घटना के बाद कौलपुर गांव के निवासियों में गहरा डर और प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। हर्षविंदर कौर और अन्य ग्रामीणों ने पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

  • कैंटर ने पुलिस की गाड़ी को मारी जोरदार टक्कर, Head Constable की मौत

    कैंटर ने पुलिस की गाड़ी को मारी जोरदार टक्कर, Head Constable की मौत

    फतेहाबादः जिला पुलिस की सीआईए टीम की बोलेरो गाड़ी की हिसार के गांव ढंढूर के पास कैंटर से टक्कर का मामला सामने आया है। इससे गाड़ी में सवार हेड कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर घायल हो गया। घायल को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया है। हादसे का कारण घनी धुंध बताया जा रहा है। सूचना पाकर फतेहाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को हिसार के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। सदर थाना हिसार पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं पूरे घटनाक्रम को जोमेटो कर्मचारी ने देखा। उसने कैंटर ड्राइवर का पीछा भी किया, लेकिन वह फरार हो गया।

    जानकारी के अनुसार, सीआईए टीम में तैनात ईएचसी शमशेर मुखबिरी मिलने के बाद जांच के सिलसिले में ड्राइवर जसवीर सिंह के साथ हिसार की तरफ गए थे। वह सुबह करीब 3 बजे हिसार से वापस फतेहाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान गांव ढंढूर के पास कैंटर से टक्कर हो गई। टक्कर लगने से गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, गाड़ी में अगली सीट पर बैठे शमशेर सिंह की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर जसवीर सिंह घायल हो गया। सूचना मिलते ही सीआईए इंचार्ज वेदपाल व अन्य सहकर्मी घटनास्थल की ओर रवाना हुए।

    शमशेर सिंह (40) मूल रूप से हांसी के सुभाष नगर के रहने वाले थे। वह काफी समय से फतेहाबाद पुलिस में कार्यरत थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी सीआईए स्टाफ में लगी हुई थी। हिसार पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

     

  • खाई में गिरी सवारियों से भरी बस, 3 की मौत, कई घायल, देखें वीडियो

    खाई में गिरी सवारियों से भरी बस, 3 की मौत, कई घायल, देखें वीडियो

    देहरादूनः उत्तराखंड के देहरादून में भीषण बस हादसे की खबर सामने आ रही है। यात्रियों से भरी बस के खाई में गिरने से 3 यात्रियों की मौत की खबर है। हादसे में 30 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस उत्तराखंड के कवाणु क्षेत्र में खाई में गिर गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में 3 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। वहीं घटना में दर्जनों यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

    शुरुआती जानकारी के अनुसार, आज सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस जिला शिमला के उपमंडल कुपवी और चौपाल की सीमा के मिन्स पुल से लगभग 20 किलोमीटर दूर उत्तराखंड के जिला देहरादून की चकराता तहसील स्थित क्वाणू (शोदोई खड़) क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे की वजह सड़क का डंगा धंसना हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है। दुर्घटना के दौरान बस सड़क से करीब 100 मीटर नीचे नाले में जा गिरी।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में कुल 38 लोग सवार थे, जिनमें से 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शेष यात्री घायल हुए हैं। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से विकासनगर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। मौके पर उत्तराखंड प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद हैं, वहीं पुलिस, हिमाचल पुलिस के जवान और नेरवा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। दुर्घटनाग्रस्त एचआरटीसी बस का नंबर HP63A2588 बताया जा रहा है, जो आज सुबह रोजाना की तरह चौपाल से विकासनगर होते हुए पांवटा साहिब जा रही थी।

    लेकिन हिमाचल सीमा के मिन्स पुल से करीब 20 किलोमीटर आगे क्वाणू (उत्तराखंड) के पास हादसे का शिकार हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, मीनस-क्वानू-हरिपुर रोड पर सुदोई खड्ड के पास ट्रक को साइड देने के चक्कर में यह हादसा हुआ है। बस के सड़क के किनारे की तरफ जाने से यह डिसबैलेंस हो गई। दरअसल, बस के कारण सड़क का पुश्ता धंस गया। इस कारण सवारियों से भरी एचआरटीसी की यह बस खाई में गिर गई। कई पलटे खाने के बाद सीधे गहरी खाई में जा गिरी। बस में चालक दिनेश शर्मा और परिचालक जगदीश सहित कुल 38 लोग सवार बताए जा रहे हैं, और प्रारंभिक सूचना के अनुसार चालक की मौत हो चुकी है।