Blog

  • Himachal News: अनुराग ठाकुर ने माता चिंतपूर्णी के दरबार में की पूजा-अर्चना

    Himachal News: अनुराग ठाकुर ने माता चिंतपूर्णी के दरबार में की पूजा-अर्चना

     काशी विश्वनाथ मंदिर भांति चिंतपूर्णी मंदिर को भव्य और श्रद्धालु सुविधा हेतु केंद्र से करोड़ों का पैकेज देने की कही बात 

    ऊना/सुशील पंडित: पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने रविवार को माता श्री चिंतपूर्णी दरबार जी की पावन पिंडी के दर्शन किए। मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रशासन, पुजारी वर्ग तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से उनका भव्य स्वागत किया गया। पुजारी संदीप कालिया ने वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ उन्हें पूजा-अर्चना व हवन आहुति डलवाई।

    सांसद अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि मंदिर के सौंदर्यीकरण व विस्तारीकरण के लिए भारत सरकार द्वारा धनराशि स्वीकृत की गई थी, परंतु प्रदेश सरकार के सुस्त रवैया व कार्य करने की इच्छा शक्ति न होने के कारण वह धनराशि वापस हुई। उसके बाद उनके अथक प्रयासों से करोड़ों की उस धनराशि को फिर से स्वीकृत करवा कर प्रदेश सरकार को भेजा गया ताकि चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुविधा सुनिश्चित की जा सके और मंदिर का विस्तारीकरण व सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा किया जा सके।

    उन्होंने माता वैष्णो देवी, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम जन्मभूमि में बनाया गए भव्य श्रीराम मंदिर का उदाहरण देते हुए बताया कि हमें माता चिंतपूर्णी जी के विस्तारीकरण के लिए कम से कम 200 करोड़ रुपये सुनिश्चित करने चाहिए ताकि मंदिर व उसके आसपास के क्षेत्र में विकास को गति मिले और श्रद्धालुओं को एक छत के नीचे सभी सुविधाएं, हजारों श्रद्धालुओं को एक साथ बैठने की व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

     

     

     

  • जालंधर में आयोजित ‘रामलीला समिति सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत

    जालंधर में आयोजित ‘रामलीला समिति सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत

    चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार हमेशा स्वतंत्र प्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है। लोकतंत्र में मीडिया चौथा स्तंभ होता है। अगर कोई यह सोचता है कि वह दबाव के माध्यम से किसी मीडिया संस्थान को डरा देगा तो यह उनकी एक भारी भूल है, क्योंकि सत्य की आवाज को कभी दबाया नहीं जा सकता।

    मुख्यमंत्री आज जालंधर में आयोजित “रामलीला समिति सम्मान समारोह’ में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने हरियाणा, पंजाब एवं चंडीगढ़ की विभिन्न रामलीला समितियों के पदाधिकारीगण, कलाकार बंधु एवं अन्य समाजसेवी व्यक्तियों को भी सम्मानित किया।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के चरणों में नमन करते हुए कहा कि रामलीला केवल एक मंचन नहीं है, यह हमारी संस्कृति की संजीवनी है। रामलीला आने वाली पीढ़ी को यह सिखाती है कि अधर्म कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में विजय धर्म और सत्य की ही होती है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में भी रामलीला के कलाकारों एवं आयोजकों ने हमारी संस्कृति की जड़ों को सींचकर रखा है। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों के लिए “श्री रामनवमी उत्सव समिति” की सराहना की।

    मुख्यमंत्री ने पंजाब में आतंकवाद के दौरान की गई निष्पक्ष पत्रकारिता की प्रशंसा की और कहा कि पंजाब केसरी संस्थान ने दशकों से समाज में सत्य, निर्भीकता और नैतिकता की मर्यादा की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया है। उन्होंने कहा कि हमें वह दौर भी याद रखना चाहिए जब पंजाब उग्रवाद के अंधकारमय समय से गुजर रहा था। भय का ऐसा वातावरण था कि लोग घरों से निकलने में भी डरते थे, लेकिन इतिहास गवाह है कि तब भी इस समूह ने अपनी लेखनी को नहीं रोका। महान शहीद लाला जगत नारायण जी और रमेश चंद्र चोपड़ा जी ने देश की एकता के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। लेकिन, हिंसा के सामने कभी घुटने नहीं टेके।

    उन्होंने पंजाब केसरी समाचार पत्र समूह द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की भी सराहना की और कहा कि इस समूह द्वारा पिछले 26 वर्षों से सीमावर्ती क्षेत्रों में राहत सामग्री भेजने का कार्य कर रहा है और अब तक 910 ट्रक राहत सामग्री भेजी जा चुकी है। आज भी इस कार्यक्रम के अवसर पर राहत सामग्री से भरे ट्रकों को रवाना किया गया है।

    मुख्यमंत्री ने इस समारोह में सम्मानित होने वाली सभी रामलीला समितियों से आग्रह किया कि आप भगवान श्रीराम के आदर्शों को समाज में फैलाते रहे। जैसे अंत में रावण का अहंकार टूटा था, वैसे ही सत्य को परेशान करने वाली शक्तियां भी परास्त होंगी। उन्होंने पंजाब केसरी समूह के प्रधान संपादक विजय कुमार चोपड़ा के हौसले को बढ़ाते हुए कहा कि मीडिया की आवाज को दबाने वालों के खिलाफ इस लड़ाई में आप अकेले नहीं हैं। आप लिखते रहें, आप डटे रहें, क्योंकि आपकी कलम ही लोकतंत्र की सबसे मजबूत ढाल है।

     

  • महिला एवं बाल कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता, ‘व्यवस्था परिवर्तन’ की दिशा में ठोस कदम

    महिला एवं बाल कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता, ‘व्यवस्था परिवर्तन’ की दिशा में ठोस कदम

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कहा कि पिछले तीन सालों में प्रदेश सरकार ने ‘व्यवस्था परिवर्तन’ के तहत बड़े और साहसिक कदम उठाए हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाकर समावेशी विकास सुनिश्चित करना है।

    उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में राज्य का शिशु लिंग अनुपात 947 से बढ़कर 964 हो गया है। यह बदलाव बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सरकार के निरंतर और गंभीर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस सकारात्मक सुधार ने कई नए और महत्त्वपूर्ण कल्याणकारी कदमों की नींव रखी है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना के अंतर्गत गरीबी रेखा से नीचे बसर करने वाले परिवारों में जन्म लेने वाली बेटियों के लिए जन्म के समय 25,000 रुपये जमा किए जाते हैं। इसके साथ ही माता-पिता दोनों का 2-2 लाख रुपये का जीवन बीमा भी किया जाता है, जिसकी राशि बेटी के 18 वर्ष पूरे होने पर या उसकी इच्छा अनुसार 27 वर्ष की आयु तक मिल सकती है। उन्होंने कहा कि इस योजना से ‘बेटी है अनमोल योजना’ अधिक सुदृढ़ हुई है।

    कामकाजी महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार ने सोलन, पालमपुर, बद्दी, गगरेट, नागरोटा-बगवां सहित विभिन्न जिलों में 13 नए महिला छात्रावास बनाने का निर्णय लिया है। इन पर लगभग 132 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ये छात्रावास महिलाओं को सुरक्षित और सस्ती आवास सुविधा प्रदान करेंगे।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी 18,925 आंगनवाड़ी केंद्रों को ‘आंगनवाड़ी सह प्री-स्कूल’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को खेल-आधारित प्रारंभिक शिक्षा दी जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि बच्चों की शिक्षा की नींव मजबूत हो सके।

    मुख्यमंत्री ने सरकार की प्रमुख ‘सुख आश्रय योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना अनाथ बच्चों और बेसहारा महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। इसके तहत राज्य सरकार उनकी परवरिश, शिक्षा और आजीविका की पूरी जिम्मेदारी उठाती है ताकि कोई भी बच्चा या महिला आत्मनिर्भर बनने की राह में पीछे न रहे।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी दूरदर्शी कदम समावेशी विकास और सामाजिक कल्याण के प्रति हमारी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। बेटियों, महिलाओं और बच्चों पर ध्यान केंद्रित कर हम हिमाचल प्रदेश को एक मजबूत, आत्मनिर्भर और समानजनक भविष्य की ओर ले जा रहे हैं।

  • Phagwara News: इस इलाके में चली गोली, पूर्व पुलिसकर्मी की मौत, देखें वीडियो

    Phagwara News: इस इलाके में चली गोली, पूर्व पुलिसकर्मी की मौत, देखें वीडियो

    फगवाड़ा : गुरु नानकपुरा में गोली चलने की घटना सामने आई है, जहां गोली लगने से पूर्व पुलिसकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान करमजीत सिंह पुत्र चरणजीत सिंह के रूप में हुई है। हादसे में घायल करमजीत को उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    मामले की जानकारी देते हुए अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि उनके पास जब करमजीत सिंह को लाया गया तो गोली सिर से आर पर होने के कारण उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक गुरु नानकपुरा के गली नंबर 3 का रहने वाला है। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

    मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। दूसरी और परिजनों का कहना है कि उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी जिसके बाद जब वह दौड़कर पहुंचे तो देखा करमजीत सिंह खून से लथपथ फर्श पर गिरे हुए थे। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृतक घोषित कर दिया।

     

  • बड़ा हादसाः शादी समारोह से लौट रही बस पलटी, 5 की मौत, 25 लोग घायल

    बड़ा हादसाः शादी समारोह से लौट रही बस पलटी, 5 की मौत, 25 लोग घायल

    Accident News: झारखंड के लातेहार जिले में एक दुखद सड़क हादसा हो गया। जहां, बारातियों को ले जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और लगभग 25 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, यह बस छत्तीसगढ़ से बारातियों को लेकर झारखंड के लातेहार जा रही थी। हादसा ओरसा घाटी में हुआ, जो अपने खतरनाक मोड़ों के लिए जाना जाता है। मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद बस में बैठे लोग और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे का दृश्य काफी डरावना था और लोग चीख-पुकार कर रहे थे।

    राहत और बचाव कार्य शुरू
    स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से निकालकर सुरक्षित जगह पर लाया। इसके बाद प्रशासन को हादसे की सूचना दी गई। प्रशासनिक अमले ने तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू किया।

    घायलों का इलाज जारी
    घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टर उन्हें बचाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। हादसे में जिन 5 लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया प्रशासन द्वारा जल्द पूरी की जाएगी।

     

     

     

     

  • Donald Trump पर भड़के Denmark के लोग, इस मामले में बड़े पैमाने पर किया विरोध प्रदर्शन

    Donald Trump पर भड़के Denmark के लोग, इस मामले में बड़े पैमाने पर किया विरोध प्रदर्शन

    नई दिल्ली: ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका के दबाव और बयानों के खिलाफ शनिवार को डेनमार्क में भारी मात्रा में लोग इकट्ठे हुए। लोगों ने डेनमार्क के कई शहरों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए है। डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में करीबन 12 बजे सिटी हॉल स्कवॉयर पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारी करीबन 2 किलोमीटर मार्च करते हुए अमेरिकी दूतावास की ओर बढ़े। इस प्रदर्शन में डेनमार्क और ग्रीनलैंड दोनों के लोग शामिल थे। कई प्रदर्शनकारी अपने हाथों में डेनमार्क और ग्रीनलैंड के झंडे भी लेकर गए थे। डेनिश मीडिया के अनुसार, इसी तरह के विरोध प्रदर्शन आरहूस, ओडेंस और ऑल्बोर्ग जैसे बाकी शहरों में भी हुए या उनकी तैयारी थी।

    ट्रंप ने लगाया 10% टैरिफ

    इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि ग्रीनलैंड मुद्दे को लेकर अमेरिका डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, नीदरलैंड और फिनलैंड से आने वाले सभी सामानों पर 1 फरवरी से 10 प्रतिशत का टैरिफ लगाएगा। ट्रंप ने कहा कि 1 जून से यह टैरिफ बढ़ाकर 25% कर दिया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यह टैरिफ तब तक लागू रहेगा जब तक ग्रीनलैंड को खरीदने को लेकर समझौता नहीं हो जाता।

    ग्रीनलैंड को खरीदने चाहते हैं ट्रंप

    ग्रीनलैंड, डेनमार्क साम्राज्य के अंदर एक स्वशासित क्षेत्र है। इसकी अपनी ही सरकार है परंतु रक्षा और विदेश नीति का जिम्मा डेनमार्क के पास है। ग्रीनलैंड में अमेरिका का एक सैन्य अड्डा भी मौजूद है। डोनाल्ड ट्रंप पहले भी ग्रीनलैंड को लेकर अपनी दिलचस्पी दिका चुके हैं। अपने पहले राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान उन्होंने ग्रीनलैंड को खरीदने की बात कही थी। अब एक बार फिर उन्होंने इस स्वायत्त द्वीप पर नियंत्रण के लिए कई ऑप्शन अपनाने की बात कही है। इसमें सैन्य ऑप्शन का जिक्र भी शामिल है।    
  • जम्मू-कश्मीर में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी, जैश के कई आतंकी घिरे

    जम्मू-कश्मीर में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी, जैश के कई आतंकी घिरे

    नेशनल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के सिंगपोरा इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों के फंसे होने की वजह से हुई है।गोलीबारी अभी भी जारी है। सुरक्षाबल आतंकियों को जवाब दे रहे हैं। इलाके में हाई अलर्ट जारी है। सुरक्षाबलों का कहना है कि आतंकवादी लगातार भारत के खिलाफ साजिशें रचते रहते हैं, लेकिन भारतीय जवान उन्हें मुंहतोड़ जवाब देते हैं।

    कठुआ में आतंकियों के ठिकानों का भंडाफोड़
    हाल ही में कठुआ जिले में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों के ठिकानों का भंडाफोड़ किया था। इन ठिकानों में देसी घी, बादाम और अन्य सामान बरामद हुआ। आतंकियों ने जंगल का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षाबलों का एक जवान घायल हुआ।

    राजौरी में ड्रोन की गतिविधि से हड़कंप
    राजौरी सेक्टर में हाल ही में ड्रोन उड़ते हुए देखा गया था। ड्रोन की यह गतिविधि सीमा पार से निगरानी या संदिग्ध उद्देश्य से की जा रही हो सकती थी। इसकी सूचना मिलते ही भारतीय सेना ने तुरंत कार्रवाई की और गोलीबारी की।

    रफीक नाई उर्फ सुल्तान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
    जनवरी की शुरुआत में पुलिस ने रफीक नाई उर्फ सुल्तान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। उसकी 10 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क कर दी गई। यह संपत्ति मेंढर तहसील के नक्का मझारी इलाके के गांव नर में स्थित 4 मरला और 2 सरसाई कृषि भूमि थी।

    रफीक नाई पाकिस्तान से जुड़े प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन/जम्मू कश्मीर गजनवी फोर्स का हैंडलर और लॉन्च कमांडर है। उसे आतंकवादी घोषित किया गया है। वह कई गंभीर मामलों में वांछित है।

    सुरक्षाबल अलर्ट मोड में…
    पहलगाम आतंकी हमले के बाद से सुरक्षाबल अलर्ट मोड में हैं। हर छोटी से छोटी गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आतंकियों पर लगातार नकेल कसी जा रही है।

     

     

  • Punjab News: घर से 59 हजार की नगदी और गहने लेकर चोर फरार

    Punjab News: घर से 59 हजार की नगदी और गहने लेकर चोर फरार

    लुधियानाः जिले के पॉश इलाके राजगुरुनगर में चोरों का हौसला बुलंद नजर आ रहा है। जहां सुखदेव एवन्यू स्थित एक सिविल इंजीनियर के घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के गहने, नकदी और कीमती सामान साफ़ कर दिया। थाना सराभा नगर की पहरेदी पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल इंजीनियर पूनित कमल सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वे राजगुरुनगर के सुखदेव एवन्यू में किराए के मकान में रहते हैं।

    बीते दिनों वह अपने परिवार समेत किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे और घर के मालिक भी किसी काम के सिलसिले में बाहर गए थे। जब वे वापिस लौटे तो ऊपर वाले हिस्से के ताले टूटे देखे तो उनके होश उड़ गए। पूनित के अनुसार, चोरों ने घर के अंदर पड़ी अलमारियों की फरोला-फराली की और वहां से 59,000 रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने और कीमती घड़ियों चुरा लीं।

    पीड़ित के अनुसार चोरी हुए कुल सामान की कीमत करीब 12 लाख रुपये है। घटना के बाद जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो चोरों की हरकतें कैमरे में कैद मिलीं। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर घर की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए और बड़े आराम से ऊपर वाले हिस्से के ताले तोड़ कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। थाना सराभा नगर की पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और चोरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • पंचकूला में VB RAM G राज्य स्तरीय सम्मेलन, मुख्यमंत्री ने किया श्रमिकों से सीधा संवाद

    पंचकूला में VB RAM G राज्य स्तरीय सम्मेलन, मुख्यमंत्री ने किया श्रमिकों से सीधा संवाद

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी जी राम जी) मेहनतकश श्रमिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने की एक मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस गारंटी का प्रतीक है, जिसके तहत हर श्रमिक को काम के साथ सम्मान, समय पर मजदूरी और सुरक्षित आजीविका का अधिकार सुनिश्चित किया गया है।

    मुख्यमंत्री रविवार को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित वीबी जी राम जी राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनरेगा की कमियों को दूर करते हुए लाए गए विकसित भारत–जी राम जी कानून के तहत रोजगार की वैधानिक गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है।

    इससे देशभर में ग्रामीण अकुशल श्रमिकों की आय में औसतन 7 हजार रुपये से अधिक की बढ़ोतरी होगी, जबकि हरियाणा में हर श्रमिक को कम से कम 10 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। उन्होंने बताया कि योजना में 15 दिन की जगह साप्ताहिक वेतन भुगतान की व्यवस्था की गई है, जिससे मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित होगा और फर्जीवाड़े पर प्रभावी रोक लगेगी।

    नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने मनरेगा को भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया था, जबकि पंजाब में आप सरकार केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए जी राम जी योजना को लेकर लोगों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार श्रमिकों के अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और विकसित भारत के संकल्प को गांवों व श्रमिकों के सशक्तिकरण के माध्यम से पूरा किया जाएगा।

  • श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर 22 जनवरी को तलमेहडा में सत्यनारायण कथा व भंडारे का आयोजन

    श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर 22 जनवरी को तलमेहडा में सत्यनारायण कथा व भंडारे का आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित: उप तहसील जोल क्षेत्र के तलमेहडा बाजार के समीप शिव भोलेनाथ मंदिर प्रांगण में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा दिवस के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सत्यनारायण कथा और विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।

    आयोजन समिति के सदस्य ठाकुर रघुवीर सिंह संगम और ललित साहनी ने बताया कि इस पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ होंगे। दिनभर रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना और धार्मिक वातावरण को सुदृढ़ बनाना है।

    धार्मिक कार्यक्रम के उपरांत दोपहर के समय विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जिसमें क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस धार्मिक आयोजन में भाग लें और पुण्य के भागी बनें।

    रघुवीर सिंह ठाकुर के अनुसार यह आयोजन पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं। क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।