Blog

  • Punjab के निहंग ने 2 बार हमले होने पर लॉरेंस बिश्नोई से मांगी मदद, देखें वीडियो

    Punjab के निहंग ने 2 बार हमले होने पर लॉरेंस बिश्नोई से मांगी मदद, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई को लेकर खबर सामने आई है। जहां पंजाब के निहंग बाबा सतनाम सिंह ने वीडियो जारी करके लॉरेंस से मदद की मांग की है। सतनाम सिंह ने कहा कि भाजपा जॉइन करने के बाद उस पर 2 बार हमले हो चुके है। आरोप है कि ISI से मिले कई सिख उसे मरवा देना चाहते हैं। सतनाम सिंह ने कहा कि ऐसा उसके खिलाफ इसलिए किया जा रहा है क्योंकि वह सनातन की बात करता है और उसने बीजेपी जॉइन की है। निहंग सिंह बाबा हरजीत सिंह रसूलपुर का समर्थन करता है। इस कारण कई जत्थेबंदियां उसका विरोध कर रही हैं।

    बता दें कि मोगा के चड़िक गांव से संबंधित सतनाम सिंह निहंग रसूलपुर का खुलकर समर्थन करता है। बीते दिनों दोनों ने चंडीगढ़ में हुए कथा समारोह में हिस्सा लेकर हवन भी डाला था जिसका भी सिख जत्थेबंदियों ने विरोध किया था। निहंग सिंह को धमकी देने वाले निहंग मान सिंह बुड्ढा दल वालों ने लॉरेंस से मदद मांगने पर कहा कि हरजीत सिंह तुम डर गए हो। अब क्यों डर रहे हो। हमने तो पहले ही कहा था कि सही तरीके से चलो।

    सतनाम सिंह ने लॉरेंस मेरे साथ के सिंहों की जान को इस समय अपने ही सो-कॉल्ड लोगों से जान का खतरा है। सारी सिख जत्थेबंदियां मेरा विरोध कर रही हैं। अगर मैं जिंदा रह गया न, जहां तू कहेगा वहां हम भी सब कुछ करने को तैयार होंगे, पर आज मेरा साथ दे। सतनाम ने कहा कि भारत में मुझे तेरी जरूरत पड़ी है और मुझे उम्मीद है तू जल्दी मेरे साथ वीर कनेक्ट करेगा। सतनाम ने कहा कि मुझे मारने वाले चेहरे सिखों के ही हैं, लेकिन उन सिखों के दिमाग ISI द्वारा हाईजैक किए हुए हैं।

    गौर हो कि निहंग सिंह हरजीत सिंह रसूलपुर भी गैंगस्टर लॉरेंस की तरीफ कर चुके हैं। विवादों में रहने वाले रसूलपुर ने गैंगस्टर लॉरेंस को जी कहकर बुलाया था। निहंग सिंह रसूलपुर ने इसका वीडियो भी जारी किया था। रसूलपुर ने पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी और लॉरेंस के विवाद में कहा कि एक पाकिस्तानी इंडियन को कैसे धमका सकता है। रसूलपुर ने कहा था कि लॉरेंस ने एक गोली चलाई तो कितने दिनों तक शहजाद भट्टी को नींद नहीं आई। अब शहजाद भट्टी हमारे नौजवान को धमकी दे रहा है।

  • Punjab News: टेंपू और स्कॉर्पियो की टक्कर में महिला की मौत

    Punjab News: टेंपू और स्कॉर्पियो की टक्कर में महिला की मौत

    तरनतारनः जिले गांव डेरा साहिब के नज़दीक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। वहीं घटना में 18 लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार टेंपू पर सवार लगभग 20 लोग फतेहाबाद से मजदूरी करके गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे पुलिस चौकी के पास पहुंचे, पीछे से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो कार ने टेंपू को पीछे से टक्कर मार दी। मौके पर सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम पहुंची, जिसके बाद एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    सतनाम सिंह सोनू हलवाई ने बताया कि वह गांव नथूपुर का निवासी है और गांव के कई परिवार खेतों में सब्ज़ी तोड़ने का काम करते हैं। उसकी मां मनजीत कौर भी सब्ज़ी तोड़ने के लिए कस्बा फतेहाबाद गई हुई थी। देर शाम टेंपू पर सवार होकर करीब 20 लोग गांव लौट रहे थे। पुलिस चौकी डेरा साहिब के पास पीछे से स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी।

    हादसे में टेंपू बुरी तरह से टूट गया, जबकि स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में मनजीत कौर को सिर पर चोट लगने से मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए। सरहाली के अस्पताल में भर्ती 8 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। थाना गोइंदवाल साहिब के प्रभारी प्रभजीत सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार गया और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

  • Punjab News: शिक्षा मंत्री की स्कूल में दबिश, BPEO सस्पेंड, 3 टीचर्स को नोटिस, देखें वीडियो

    Punjab News: शिक्षा मंत्री की स्कूल में दबिश, BPEO सस्पेंड, 3 टीचर्स को नोटिस, देखें वीडियो

    लुधियानाः पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने माछीवाड़ा के स्कूलों में दबिश दी। जिसके बाद शिक्षा मंत्री ने ब्लॉक प्राइमरी एजुकेशन ऑफिसर BPEO को तुरंत प्रभाव से संस्पेंड कर दिया है। दरअसल, बैंस ने माछीवाड़ा के इंदिरा कॉलोनी सरकारी प्राइमरी स्कूल में छापा मारा था। औचक निरीक्षण दौरान चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। निरीक्षण के दौरान अधिकतर छात्र साधारण पंजाबी पाठ पढ़ने में भी असमर्थ मिले। इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए मंत्री ने माछीवाड़ा के ब्लॉक प्राइमरी एजुकेशन ऑफिसर (BPEO) को तुरंत प्रभाव से संस्पेंड कर दिया।

    इसी के साथ शिक्षा मंत्री बैंस ने स्कूल में तैनात 3 टीचरों को भी न्यूनतम शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने स्थिति को “बेहद चिंताजनक” बताते हुए कहा कि अगर बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत नहीं हुई तो पूरी पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो सकता है। मंत्री बैंस ने कहा कि जो मैंने आज देखा, वह स्वीकार्य नहीं है। बच्चे अपनी मातृभाषा तक नहीं पढ़ पा रहे।

    ऐसे में वे भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर या जिम्मेदार नागरिक कैसे बनेंगे? निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्कूल की आधिकारिक शैक्षणिक रिपोर्ट भी देखी, जिसमें सभी छात्रों के प्रदर्शन को अच्छा दिखाया गया था। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कागजों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है और इसकी जांच करवाई जाएगी। बैंस ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि रिकॉर्ड में हेरफेर करना जनता के विश्वास के साथ धोखा है।

    स्कूल के कुछ कमरों में खराब रोशनी और गंदगी देखने के बाद मंत्री ने तुरंत बुनियादी सुविधाएं सुधारने और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए। शिक्षकों ने स्टाफ की कमी का हवाला दिया, लेकिन मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जिम्मेदारी और अनुशासन से समझौता नहीं किया जा सकता। पंजाब सरकार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि नई भर्तियां और सख्त मॉनिटरिंग जारी रहेगी। साथ ही राज्यभर में ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी किए जाएंगे ताकि जवाबदेही तय की जा सके।

  • Punjab News: लूट का बढ़ रहा ग्राफ, 20 मिनट में दो महिलाओं को बनाया निशाना, देखें वीडियो

    Punjab News: लूट का बढ़ रहा ग्राफ, 20 मिनट में दो महिलाओं को बनाया निशाना, देखें वीडियो

    लुधियानाः चंद्र नगर के सिविल सिटी इलाके में चोरों और झपटमारों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्हें दिन के उजाले का भी खौफ नहीं रहा। कल दोपहर महज 20 मिनट के भीतर एक ही लुटेरे ने दो वारदातों को अंजाम देकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक काली जुपिटर सवार युवक जिसने टोपी वाली स्वेटर पहनी हुई थी इलाके में घूम रहा था।

    उसने पहली गली में एक महिला को निशाना बनाया और उसका आईफोन छीनने का प्रयास किया। हालांकि महिला से वह मोबाइल छीनने में नाकाम रहा और वहां से फरार हो गया। पहली कोशिश में नाकाम होने के ठीक 10-15 मिनट बाद उसी लुटेरे ने अगली गली में दूसरी वारदात को अंजाम दिया। वहां एक महिला घर से सामान लेने निकली थी। लुटेरे ने झपट्टा मारकर महिला का झोला छीन लिया।

    पीड़ित महिला शोर मचाते हुए लुटेरे के पीछे काफी दूर तक भागी लेकिन आरोपी तेज रफ्तार जुपिटर पर सवार होकर रफूचक्कर हो गया। दोपहर के समय हुई इन दो वारदातों से सिविल सिटी के निवासियों में भारी रोष और डर है। स्थानीय लोगों का कहना है अगर दिन-दहाड़े महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं तो पुलिस गश्त पर सवाल उठना लाजमी है। एक ही बंदा 20 मिनट में दो जगह हाथ साफ करने की कोशिश करता है यह प्रशासन के लिए चुनौती है।

  • Jalandhar News: सरेआम युवतियों से पर्स और फोन छीनकर स्नेचर फरार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: सरेआम युवतियों से पर्स और फोन छीनकर स्नेचर फरार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: महानगर में चोरी और लूटपाट की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। शहर में बढ़ रही घटनाओं से व्यापारी सहित आम लोग भी काफी परेशान है। वहीं ताजा मामला आबादपुरा इलाके से सामने आया है, जहां शिंगारा सिंह अस्पताल के बाहर स्नेचिंग की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार थाना 6 के अधीन आते इलाके में काम से घर वापिस जा रही 2 युवतियों को स्कूटी सवार स्नेचरों ने अपना निशाना बनाया और स्नेचर युवतियों का पर्स छीनकर फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि स्नेचर महंगा iPhone और नकदी लेकर फरार हो गए।

    इस घटना को लेकर पीड़ित द्वारा थाना प्रभारी की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे है। लड़की ने कहा कि वह शिकायत देने के लिए थाना-5 में गए तो उन्हें थाना-6 में भेज दिया गया। जिसके बाद वह थाना 6 में गए तो अधिकारियों द्वारा कहा गया कि सुबह आना। पीड़ित का कहना है कि वह पहले से स्नेचिंग को लेकर परेशान है और दूसरी तरफ पुलिस उनकी सुनवाई करने की बजाये चक्कर लगवा रही है। जानकारी के अनुसार, दो लड़कियां अपनी ड्यूटी खत्म करके एक्टिवा पर सवार होकर घर जा रही थीं।

    जैसे ही वे आबादपुरा रोड की गली के पास पहुंची, पीछे से आए दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया। लड़कियों ने शोर मचाया और लुटेरों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में नकोदर रोड की ओर भाग निकले। पीड़ित युवतियों ने रोते हुए बताया कि छीने गए पर्स में उनका कीमती iPhone और जरूरी दस्तावेज थे। इसके अलावा पर्स में कुछ नकदी (कैश) भी मौजूद थी। घटना के बाद युवतियों का बुरा हाल है और वे बुरी तरह डरी हुई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

    स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर में लगे CCTV कैमरे सिर्फ चालान काटने के काम आ रहे हैं, जनता की सुरक्षा के लिए नहीं। लोगों का आरोप है कि इस रोड पर आए दिन ऐसी वारदातें होती हैं। 10-15 दिनों के भीतर लूट की यह कोई पहली घटना नहीं है, जिससे स्पष्ट होता है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस गश्त बढ़ाई जाती और इन ‘लिंक रोड्स’ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते, तो शायद इन लड़कियों के साथ यह लूट न होती। फिलहाल पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। आस-पास के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि लुटेरों की पहचान की जा सके।

  • मामूली बढ़त के साथ शेयर बाजार की हुई शुरुआत

    मामूली बढ़त के साथ शेयर बाजार की हुई शुरुआत

    नई दिल्लीः सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की मामूली बढ़त के साथ शुरुआत हुई लेकिन कुछ ही देर में यह रेड जोन में आ गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 150 अंक की बढ़त के साथ 83,600 अंक के पार ट्रेड करने लगा। हालांकि, कुछ ही मिनटों में मुनाफावसूली की वजह से सेंसेक्स 83500 अंक के नीचे कारोबार करने लगा। निफ्टी की बात करें तो 25,752 अंक पर खुला और 25,759.75 अंक तक पहुंच गया।

    कुछ ही देर में निफ्टी 25,725 अंक के स्तर पर आ गया। बाजार की ये हलचल कारोबार शुरू होने के 15 मिनट के भीतर देखने को मिली। शुरुआती ट्रेडिंग में बीएसई पर टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल, इंफोसिस और विप्रो जैसे टेक शेयर रेड जोन में कारोबार कर रहे थे। वहीं, टाटा स्टील, भेल, आईटीसी और बजाज फिनसर्व जैसे शेयर ग्रीन जोन में थे।

    इससे पहले कल यानी 17 फरवरी को शेयर बाजार में बढ़त रही थी। सेंसेक्स 173 अंक चढ़कर 83,450 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में करीब 42 अंक की तेजी रही, ये 25,725 पर बंद हुआ था।

  • आज का राशिफल, 18 फरवरी 2026

    आज का राशिफल, 18 फरवरी 2026

    ज्योतिष शास्त्र के अनुसार ग्रहों की चाल और नक्षत्रों की स्थिति हर दिन हमारे जीवन में नए बदलाव लेकर आती है. आज यानी 18 फरवरी 2026, बुधवार का दिन कुछ राशियों के लिए सुनहरे अवसर लेकर आया है, तो कुछ को आज सावधानी बरतने की जरूरत है. चाहे करियर की बात हो, आर्थिक स्थिति या फिर निजी रिश्ते, राशिफल के जरिए आप अपने आने वाले समय का सटीक आकलन कर सकते हैं.

    मेष राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा ग्यारहवें भाव में होगा. सामाजिक प्रसंग में सगे- संबंधियों और मित्रों के साथ आपका समय अच्छा गुजरेगा. मित्रों के पीछे धन खर्च होगा और उनसे लाभ भी होगा. पर्यटन पर जाना हो सकता है. सरकारी काम में सफलता मिलेगी. दांपत्यजीवन में सामंजस्य बना रहेगा. आय के नए सोर्स मिलेंगे. अचानक धन लाभ होने की संभावना है. प्रेम प्रसंगों के लिए समय अच्छा है. विद्यार्थियों को सीनियर्स के मार्गदर्शन की जरूरत पड़ सकती है.

    वृषभ राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा दसवें भाव में होगा. आज आपका दिन अच्छा गुजरेगा. आज आप नए कामों का आयोजन कर पाएंगे. नौकरी करने वालों एवं प्रोफेशनल्स के लिए दिन अच्छा है. नौकरीपेशा लोगों पर अधिकारियों की कृपादृष्टि रहेगी. पुराने छुटे हुए काम पूरा होने की संभावना है. पदोन्नति से आर्थिक लाभ हो सकता है. गृहस्थ जीवन में भी आपका वर्चस्व एवं माधुर्य बढ़ेगा. उपहारों एवं मान-सम्मान से मन प्रसन्न रहेगा.

    मिथुन राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा नवें भाव में होगा. समय आपके अनुकूल नहीं होने के कारण आपके काम पूरे होने में देर होगी. नौकरीपेशा लोग किसी बात की चिंता में रह सकते हैं. अधीनस्थ कर्मियों का भी सहयोग नहीं मिलेगा. वर्कप्रेशर के कारण तनाव महसूस कर सकते हैं. ऑफिस में अधिकारी के नकारात्मक व्यवहार का शिकार बनेंगे. सरकारी काम में समस्या आ सकती है. महत्वपूर्ण काम का निर्णय आज न लें. आपके शरीर में थकान का अनुभव रहेगा. किसी शारीरिक तकलीफ से परेशान हो सकते हैं. संतान के साथ मनमुटाव होने की आशंका है. विरोधियों से बचकर रहें. प्रेम जीवन सामान्य बना रहेगा. वित्तीय स्थिति सामान्य रहेगी.

    कर्क राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा आठवें भाव में होगा. नकारात्मक मानसिकता के कारण आज निराशा अनुभव करेंगे. बाहर खाने-पीने के कारण स्वास्थ्य खराब होने की आशंका बनी रहेगी. इस दौरान किसी संक्रामक रोग से बचने के लिए आपको सभी तरह के नियमों का पालन करना चाहिए. आज आपके गरम मिजाज पर अंकुश रखना होगा, अन्यथा कार्यस्थल पर किसी के साथ विवाद हो सकता है. परिजनों के साथ भी मतभेद हो सकता है. नए संबंध आपकी कठिनाई बढ़ा सकते हैं. आर्थिक मामलों में समस्या का अनुभव करेंगे. ऑपरेशन या दुर्घटना की आशंका है. वाहन या किसी इलेक्ट्रिक उपकरण के उपयोग में सावधानी बरतें. भगवान का नाम लेने से आपके मन को शांति मिलेगी.

    सिंह राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा सातवें भाव में होगा. आज के दिन आप मनोरंजन तथा घूमने-फिरने में समय व्यतीत करेंगे. प्रेम जीवन में संतुष्टि रहेगी. फिर भी सांसारिक मामलों में आपका व्यवहार थोड़ा उदासीन रहेगा. जीवनसाथी का स्वास्थ्य खराब होने की आशंका है. मित्रों से की मुलाकात अधिक आनंददायक नहीं रहेगी. मित्रों की जरूरतों पर धन खर्च करना पड़ सकता है. व्यापारियों को भागीदारों के साथ धैर्य से काम लेना पड़ेगा. ज्यादा बहस से आपको नुकसान हो सकता है. सार्वजनिक जीवन तथा सामाजिक जीवन में कम सफलता मिलेगी. आपको ज्यादा बोलने की जगह लोगों की बातें सुनने की भी आदत होनी चाहिए.

    कन्या राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा छठे भाव में होगा. आपका तन-मन स्वस्थ रहेगा. आज पूरी ऊर्जा से घर और ऑफिस का काम कर पाएंगे. किसी नए काम में आपकी रुचि बढ़ेगी. घर में सुख- शांति का वातावरण रहेगा. आपको खुशी, वित्तीय लाभ तथा कार्य में सफलता मिलेगी. स्वास्थ्य में सुधार होगा. नौकरी में भी अच्छा लाभ प्राप्त कर सकेंगे. आपके अधीनस्थ कर्मियों का सहयोग प्राप्त कर सकेंगे. भाग्य आपके साथ है. विरोधियों पर विजय प्राप्त कर सकेंगे. स्वास्थ्य की दृष्टि से समय अच्छा है. हालांकि बाहर खाने-पीने में लापरवाही ना करें.

    तुला राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा पांचवें भाव में होगा. आज आप अपनी सृजनशीलता और कल्पनाओं का बहुत अच्छी तरह उपयोग कर सकेंगे. संतान की प्रगति से खुशी का अनुभव करेंगे. किसी बात की चिंता रहने से मन उदास रह सकता है. आज किसी के साथ वाद-विवाद हो सकता है. आपको किसी बात की गहराई में अधिक नहीं उतरना चाहिए. नौकरीपेशा लोगों को काम समय पर पूरा करने में दिक्कत आ सकती है. पारिवारिक जीवन सामान्य बना रहेगा. स्वास्थ्य की दृष्टि से समय अच्छा है.

    वृश्चिक राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा चौथे भाव में होगा. आपको आज का दिन शांतिपूर्वक व्यतीत करने की सलाह दी जाती है. शारीरिक स्वास्थ्य खराब होने की संभावना है. साथ ही मानसिक रूप से भी अस्वस्थता महसूस होगी. इस कारण नौकरी या व्यापार में आपका मन नहीं लगेगा. आज आप आराम करना चाहेंगे. मां के स्वास्थ्य के संबंध में चिंता रहेगी. पारिवारिक सदस्यों के साथ मतभेद होगा. स्थायी संपत्ति तथा वाहन आदि के दस्तावेजी काम में आज सावधानी रखने की आवश्यकता है.

    धनु राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा तीसरे भाव में होगा. आप आध्यात्मिक विषयों तथा रहस्यमयी विद्याओं की तरफ आकर्षण महसूस करेंगे. कोई काम करना चाहते हैं, तो समय आपके अनुकूल रहेगा. अपने घर में मित्रों तथा संबंधियों का स्वागत करके आनंद अनुभव करेंगे. आज आप शुरू किए गए काम अच्छे से पूरे कर सकेंगे. आर्थिक लाभ भी हो सकता है. आपका मान-सम्मान बढ़ेगा. प्रियजनों से मिलने का योग है. प्रेम जीवन में अपने साथी का साथ पाकर आप खुशी महसूस करेंगे. स्वास्थ्य की दृष्टि से आज का दिन अच्छा है.

    मकर राशि: फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा दूसरे भाव में होगा. न बोलने में नौ गुण, इस कहावत की सार्थकता को समझकर आप ज्यादातर समय मौन रहेंगे, तो आपके लिए आज का दिन अच्छा रहेगा. विवाद होने पर यह लंबा चल सकता है. नौकरी और व्यापार में आज बहुत धैर्य के साथ आगे बढ़ें. नौकरीपेशा लोगों को नया काम या टारगेट मिल सकता है. विद्यार्थियों को अधिक परिश्रम करना पड़ेगा. नकारात्मक विचारों पर काबू रखने की सलाह दी जाती है. स्वास्थ्य मध्यम रहेगा. आंख में तकलीफ होने की संभावना है. जीवनसाथी के साथ संबंध अच्छे बने रहेंगे.

    कुंभ राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा पहले भाव में होगा. आपका दिन उत्साह से भरपूर रहेगा. परिजनों, मित्रों और सगे- सम्बंधियों के साथ आपका घरेलू वातावरण सुखद रहेगा. जीवनसाथी या प्रेमी के साथ चल रहा विवाद या मतभेद दूर होने से राहत महसूस करेंगे. आप स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेंगे. मनोरंजन के लिए समय निकालेंगे. आर्थिक दृष्टि से दिन लाभदायक है. भविष्य को देखते हुए किसी बड़े निवेश की ओर भी आपका ध्यान रहेगा. आध्यात्मिकता और चिंतन में आपकी रुचि बढ़ेगी. विवादों से दूर रहें.

    मीन राशि: 18 फरवरी, 2026 बुधवार को चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित है. आपकी राशि से चंद्रमा बारहवें भाव में होगा. थोड़े समय में लाभ का लालच छोड़ने और पूंजी निवेश में ध्यान रखने की जरूरत है. लालच के चक्कर में ज्यादा धन गंवा सकते हैं. आज आपके मन की एकाग्रता कम रहेगी. शारीरिक स्वास्थ्य खराब रहेगा. संतान की समस्या उलझन में डालेगी. धार्मिक कार्यों के पीछे खर्च होगा. महत्वपूर्ण दस्तावेजों या कोर्ट- कचहरी के मामले में सावधानी रखने की जरूरत है. पैसों के लेन-देन के लिए अनुकूल समय नहीं है. पारिवारिक जीवन में शांति के लिए जरूरी है कि आप दूसरों की भावना की भी कद्र करें.

  • Punjab News: ऑटो चालक ने बुजुर्ग यात्री से 20 की जगह मांगे इतने रूपये, गुस्साए लोगों ने पीटा, देखें वीडियो

    Punjab News: ऑटो चालक ने बुजुर्ग यात्री से 20 की जगह मांगे इतने रूपये, गुस्साए लोगों ने पीटा, देखें वीडियो

    लुधियानाः शहर में ऑटो चालकों और उनके साथ बैठने वाले कुछ शरारती तत्वों की गुंडागर्दी लगातार सामने आ रही है। ताजा मामला समराला चौक से गियासपुरा के बीच का है, जहां किराए को लेकर एक बुजुर्ग यात्री के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना के दौरान खून-खराबा देख राहगीर मौके पर इकट्ठा हो गए और आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। बाद में लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया।

    क्या है पूरा मामला
    जानकारी के अनुसार, सदरेर नाम का व्यक्ति अपने बेटे के साथ समराला चौक पर ऑटो का इंतजार कर रहा था। उन्हें गियासपुरा जाना था, इसलिए उन्होंने एक ऑटो चालक से किराए को लेकर बात की। दोनों के बीच 20 प्रति सवारी किराया तय हुआ। इसके बाद पिता और बेटा ऑटो में बैठ गए। ऑटो चालक के साथ उसकी बगल वाली सीट पर एक अन्य युवक भी बैठा था, जिसने खुद को चालक का साथी बताया।

     20 की जगह 220 मांगने पर हुआ विवाद
    जब ऑटो गियासपुरा पहुंचा तो सदरेर ने तय किराए के अनुसार दो सवारियों के ₹40 देने की कोशिश की। तभी चालक के साथ बैठे युवक ने अचानक 220 की मांग कर दी।

    बुजुर्ग ने जब ज्यादा पैसे देने से मना किया और इसका कारण पूछा, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने सदरेर के चेहरे पर जोरदार हमला कर दिया। इस हमले से उनकी नाक पर गहरी चोट आई और वे बुरी तरह घायल होकर खून से लथपथ हो गए। अपने पिता को घायल देख बेटा घबरा गया और मदद के लिए शोर मचाने लगा।

    राहगीरों ने आरोपी को पकड़कर पीटा
    बुजुर्ग की हालत देखकर आसपास के लोगों को गुस्सा आ गया। राहगीरों ने मौके से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी युवक को पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की। भीड़ के दबाव में आरोपी ने अपनी गलती मान ली और कबूल किया कि वह जबरन ज्यादा पैसे वसूलने की कोशिश कर रहा था।

    इलाज के बाद हुआ समझौता
    घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया। मामला पुलिस तक नहीं पहुंचाया गया और आपसी सहमति से विवाद खत्म कर दिया गया। राहगीरों की मदद से घायल सदरेर को पास के मेडिकल स्टोर ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज कराया गया। इलाज के बाद वह अपने बेटे के साथ घर लौट गए।

     

  • Jalandhar की Haveli में हुई रसूखदारों की लड़ाई में Attempt to Murder और Kidnapping की जुड़ी धाराएं

    Jalandhar की Haveli में हुई रसूखदारों की लड़ाई में Attempt to Murder और Kidnapping की जुड़ी धाराएं

    नामजद ZOOM Shoe के संचालकों की तलाश में छापेमारी जारी

    जालंधर, (ENS): जालंधर-फगवाड़ा हाईवे स्थित मैरिज रिजॉर्ट हवेली (हेरिटेज) में 8 फरवरी की रात कारोबारी सिमरदीप सिंह टक्कर पर हुए कातिलाना हमले के मामले में कपूरथला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केस में दो और संगीन धाराएं जोड़ दी है।

    फगवाड़ा सदर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या प्रयास और किडनैपिंग की कोशिश की धाराएं बढ़ाई हैं। स्टील कारोबारी के बेटे नमन खन्ना की अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई के दौरान थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश रिपोर्ट में यह खुलासा किया। याची पक्ष के वकील द्वारा समय मांगे जाने पर सुनवाई 21 फरवरी तक स्थगित कर दी गई है। तब तक नमन खन्ना की गिरफ्तारी पर रोक जारी रहेगी। वहीं सह-आरोपी निविश खन्ना की अग्रिम जमानत अर्जी पर अंतरिम राहत नहीं मिली है।

    फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
    पुलिस ने नमन खन्ना को ट्रैकिंग पर डालते हुए अन्य आरोपियों अनिल खन्ना, संजय खन्ना, निखिल खन्ना, निविश खन्ना, रिश्व खन्ना, अक्षय सोनी, अकुल सोनी और गुरदीप सिंह उर्फ संधू—की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनके मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। थाना सदर की एसएचओ सोनम दीप कौर ने कहा कि पुलिस निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और सभी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    पीड़ित का आरोप—प्रभाव के चलते नहीं हो रही सख्त कार्रवाई
    गंभीर रूप से घायल सिमरदीप सिंह टक्कर ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रभाव के दबाव में सख्ती नहीं दिखा रही, जिस कारण आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं। हमलावर यह तक भूल गए कि वह उनके मेहमान थे। सिमरदीप के मुताबिक विवाद की शुरुआत आरोपियों की ओर से हुई और नमन खन्ना ने उनसे 11 लाख रुपये उधार लेकर समारोह आयोजित किया था।

    परिवार पर उठ रहे सवाल
    घटना के बाद व्यापारिक व सामाजिक हलकों में खन्ना परिवार की आलोचना हो रही है। बड़े कारोबारी वर्ग का तर्क है कि यदि किसी सुरक्षा कर्मी की मौजूदगी पर आपत्ति थी तो पैलेस प्रबंधन के माध्यम से शांतिपूर्वक समाधान निकाला जा सकता था।

    उल्लेखनीय है कि 8 फरवरी की रात हवेली (हेरिटेज) में केके ट्रेडर, खन्ना स्टील्स और जूम शूज से जुड़े लोगों पर सिमरदीप पर जानलेवा हमला कर किडनैपिंग की कोशिश करने के आरोप हैं। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद बताई जा रही है। मामले में पहले थाना सदर फगवाड़ा में केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद अब धाराएं बढ़ाई गई हैं।

     

  • Punjab News: गुंडागर्दी का नंगा नाच, कॉलोनी में चली गोलियां… घर पर बरसाए ईंट-पत्‍थर, देखें वीडियो

    Punjab News: गुंडागर्दी का नंगा नाच, कॉलोनी में चली गोलियां… घर पर बरसाए ईंट-पत्‍थर, देखें वीडियो

    अमृतसर। जिले के मूले चक गांव के तहत आने वाली भाई वीर सिंह कॉलोनी में बीती रात फायरिंग का मामला सामने आया है। जहां, जानकारी के मुताबिक इलाके में दहशत फैलाने के मकसद से कुछ युवकों ने हवा में फायरिंग की और घरों पर ईंट-पत्थर फेंके गए। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन इलाके के लोगों में काफी डर है।

    घटना के चश्मदीद बबलू ने बताया कि उसी मोहल्ले में रहने वाले अरुण कुमार और आकाशदीप सिंह ने अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ गली में हंगामा किया। बबलू के मुताबिक, आरोपियों ने सीधे फायरिंग की, लेकिन भगवान का शुक्र है कि किसी को गोली नहीं लगी। उन्होंने कहा कि आरोपी इलाके में अपना उत्पात और आतंक फैलाना चाहते थे। एक और पीड़ित नरिंदर सिंह ने कहा कि हमलावरों ने बिना वजह गोलियां चलाईं।

    मौके पर पहुंची पुलिस पार्टी ने मौके से गोलियों के खाली खोल बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि बबलू के बयानों के आधार पर दो लोगों को नामजद किया गया है और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है।

    पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि घरों में छोटे बच्चे और महिलाएं हैं, जिनकी जान को इन शरारती तत्वों से खतरा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही वे कानून के शिकंजे में होंगे।