Blog

  • मानसून से पहले सरकार Alert, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश

    मानसून से पहले सरकार Alert, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश

    चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बाढ़ सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए राज्य में बाढ़ रोकथाम और राहत ढांचे को मजबूत करने के लिए उन्नत एम्फीबियस मशीनों (पानी और जमीन दोनों पर चलने वाली) की खरीद को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि सरकार मानसून से पहले पूरी तैयारी में जुटी है ताकि भारी बारिश और बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। इन मशीनों का उपयोग नहरों और नालों की गहराई तक सफाई के लिए किया जाएगा, जिससे आपात स्थितियों में राहत कार्य तेजी और सुचारू रूप से चल सके।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि ये आधुनिक मशीनें बहते पानी में भी प्रभावी ढंग से काम कर सकती हैं और बाढ़ रोकथाम में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने अपने फिनलैंड दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां इस तरह की मशीनों का सफल उपयोग किया जा रहा है। साथ ही, राज्य में खालों की सफाई, गाद निकालने और संवेदनशील इलाकों में विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि बाढ़ की स्थिति से निपटा जा सके।

    पानी प्रबंधन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने भाखड़ा डैम के जल स्तर का हवाला दिया और धान की आगामी बुवाई को ध्यान में रखते हुए पानी छोड़ने की उचित योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 31 मई तक नए और पुराने खालों का काम पूरा हो जाएगा और सिंचाई के लिए अतिरिक्त पानी की जरूरत पड़ेगी। रोपड़ जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी विशेष कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को बाढ़ से राहत मिल सके।

     

     

     

     

  • Punjab News: हेरोइन सहित SHO गिरफ्तार, कोर्ट से मिला रिमांड, देखें वीडियो

    Punjab News: हेरोइन सहित SHO गिरफ्तार, कोर्ट से मिला रिमांड, देखें वीडियो

    अमृतसर : देहाती के थाना भिंडी सैदां के SHO शशपाल सिंह को 2 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार करने से पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने शशपाल सिंह को अजनाला की अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 1 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन को SHO शशपाल सिंह द्वारा खुरद-बरद करने के आरोप हैं।

    मामला जब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के ध्यान में आया तो तुरंत बड़ी कार्रवाई कर उसके खिलाफ थाना भिंडी सैदां में ही केस दर्ज किया गया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं इस मामले पर विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि पंजाब में नशे के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी पुलिस अधिकारी ही क्यों न हो।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और “नशों के खिलाफ युद्ध” मुहिम के तहत लगातार नतीजे सामने आ रहे हैं। धालिवाल ने यह भी कहा कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए नशा भेजने की घटनाओं को रोकने के लिए केंद्र सरकार को सीमावर्ती इलाकों में एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने चाहिए। अब सबकी नजरें पुलिस रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ पर टिकी हैं, क्योंकि उससे कई और चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।

     

     

     

  • मुख्यमंत्री ने धार्मिक समारोह में महिला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

    मुख्यमंत्री ने धार्मिक समारोह में महिला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला ज़िला के रोहड़ू उपमंडल के कुल गांव में एक धार्मिक समारोह के दौरान एक महिला की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ज़िला प्रशासन के अधिकारियों से फ़ोन पर इस हादसे के बारे में जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से दिवंगत की आत्मा को शांति और परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

     

  • चियोग को CM की बड़ी सौगात: 5.50 करोड़ से स्कूल भवन, 16 करोड़ से बनेगा Sub-Station

    चियोग को CM की बड़ी सौगात: 5.50 करोड़ से स्कूल भवन, 16 करोड़ से बनेगा Sub-Station

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला ज़िला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के चियोग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, चियोग के नए भवन के लिए 5.50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस स्कूल में अगले वर्ष से सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा।

    उन्होंने क्षेत्र में बिजली की समस्या का समाधान करने के लिए 66 के.वी. सब-स्टेशन के निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये देने की घोषणा की, जिसे एक साल के भीतर बनाकर तैयार कर दिया जाएगा। उन्होंने कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के लिए एफआरए के तहत स्वीकृत बंगापानी से चडैल, चियोग से जठाई, धलैऊ से जनुनाला, चियोग से मेहाना, धलैऊ से धार, फागू से सरिवन तथा जुब्बड़ से कढरब सड़कों के लिए समुचित धन उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने धरेच सिंचाई परियोजना के लिए धन उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की।

    सुक्खू ने अपने छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए कहा कि आज कई मेरे साथी यहां उपस्थित हैं, जिन्होंने जीवन के हर पड़ाव पर उनका साथ दिया है। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम से वह पार्षद बने और यहीं से उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं और प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से उन्हें आज प्रदेश की बागडोर संभालने का अवसर मिला है।

    उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने महज राजनीतिक लाभ के लिए विधानसभा चुनावों से छह महीने पहले पांच हज़ार करोड़ रुपये की रेवड़ियां बांट दीं। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार की ग़लत नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ने के बाद देश में 21वें स्थान पर पहुंच गया था। वर्तमान राज्य सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में कई सुधार किए तथा पहली कक्षा से अंग्रेज़ी मीडियम में पढ़ाई आरंभ की। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में लाए गए सुधारों के कारण आज हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। आज प्रदेश में 151 सीबीएसई स्कूल भी खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा ‘‘भाजपा विरोध की राजनीति करती है लेकिन हम विरोध से नहीं डरते। प्रदेश के सभी सीबीएसई स्कूलों में 30 जून तक सभी विषयों के अध्यापक उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। जहां पर अन्य विषयों के साथ-साथ संगीत और योग के अध्यापक भी उपलब्ध होंगे, ताकि बच्चों का संपूर्ण विकास हो सके और उनमें आत्मविश्वास पैदा हो सके। आज हिमाचल प्रदेश पूर्ण रूप से साक्षर प्रदेश बन गया है।“

    मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय विधायक एवं मंत्री अनिरुद्ध सिंह क्षेत्र के विकास के लिए कड़ी मेहनत करते हैं और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास करते हैं। पहली बार कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के धरेच में स्थापित 500 किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र ने उत्पादन शुरू कर दिया है, जिससे केवल पंचायत को ही प्रतिवर्ष लगभग 14 लाख रुपये मिलेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रीन पंचायतें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सभी अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रुप में अपनाया है। ऐसे बच्चों के लिए कानून बनाने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत विधवाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का ख़र्च राज्य सरकार वहन कर रही है। इसके अलावा डॉ. वाई.एस. परमार ऋण योजना के तहत बच्चों को शिक्षा के लिए एक प्रतिशत की दर से 20 लाख रुपये का क़र्ज़ उपलब्ध करवाया जा रहा है।

    भाजपा सरकार के कार्यकाल में निर्मित एक हज़ार करोड़ रुपये के भवन खाली पड़े हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि इन खाली भवनों में कुछ सरकारी कार्यालय शिफ्ट किए जा सकें। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार को आरडीजी के रूप में 54 हज़ार करोड़ रुपये तथा जीएसटी प्रतिपूर्ति के रूप में 16 हज़ार करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जबकि वर्तमान राज्य सरकार को आरडीजी के रूप में केवल 17 हज़ार करोड़ रुपये मिले हैं, जो चार गुना कम है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस बार केंद्र सरकार ने आरडीजी बंद करके प्रदेश के लोगों का यह अधिकार छीन लिया है।

    ग्लोबल वार्मिंग के कारण वर्तमान राज्य सरकार को दो बड़ी प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ा, जिनमें जान-माल का भारी नुक़सान हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक आम परिवार का दर्द समझता हूं। अधिकारी कहते थे घर बनाने के लिए डेढ़ लाख से ज्यादा नहीं दे सकते क्योंकि क़ानून ही ऐसा है। लेकिन हमने इन परिवारों को फिर से बसाने के लिए पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घर पर सात लाख रुपये की राशि दी। प्रदेश में आकर प्रधानमंत्री ने 1500 करोड़ रुपये देने की घोषणा की, लेकिन हमें अभी तक यह पैसा नहीं मिला है।’’

    मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए भी राज्य सरकार ने प्रयास किए, जबकि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस क्षेत्र की सुध नहीं ली। हम 20-20 साल पुरानी मशीनों को एम्स दिल्ली की तर्ज़ पर आधुनिक मशीनों से बदल रहे हैं। प्रदेश के चार मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी की शुरूआत की जा चुकी है, जिससे प्रदेश में ही लोगों को वर्ल्ड क्लास इलाज उपलब्ध हो रहा है।

    राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है। मण्डी मध्यस्थता योजना के तहत रिकॉर्ड 110 करोड़ का सेब ख़रीदा गया है। गाय के दूध का रेट बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर किया गया है, जबकि भैंस के दूध का रेट 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा योजना को बंद कर दिया है, जिससे पंचायतों में कार्य प्रभावित होंगे।

    इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 50 हज़ार रुपये स्वीकृत किए तथा इस समारोह में भाग लेने वाले चार महिला मंडलों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने जय ईश्वरी माता मंदिर में पूजा अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने इस अवसर पर कहा कि साढ़े तीन साल में कुसुम्पटी क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रही। उन्होंने उद्घाटनों और शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चियोग बाईपास कांग्रेस सरकार की देन है और कांग्रेस सरकार ही प्रदेश में समग्र विकास करवाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के समय में यहां का विकास जानबूझ कर रोका गया लेकिन ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री बनते ही यहां के विकास की गति में तेज़ी आई है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद हमारी सरकार हिमाचल प्रदेश को विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रीन पंचायतें बनाने की शुरुआत शिमला ज़िला के धरेच से हुई है और आज 500 किलोवाट की सौर ऊर्जा परियोजना का लोकार्पण कर दिया गया है।

    इस अवसर पर राज्य नशा निवारण बोर्ड के उप-संयोजक संजय भारद्वाज, उपायुक्त अनुपम कश्यप, एसपी गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

     

  • रात 8 बजे के बाद टिप्परों पर रोक जारी, अवैध खनन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: राजीव कालिया

    रात 8 बजे के बाद टिप्परों पर रोक जारी, अवैध खनन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: राजीव कालिया

    ऊना /सुशील पंडित : जिला ऊना में अवैध खनन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी चेतावनी जारी की है। एक अनौपचारिक वार्ता में जिला खनन अधिकारी राजीव कालिया ने स्पष्ट कहा कि “किसी भी सूरत में अवैध खनन स्वीकार नहीं किया जाएगा।” उन्होंने दोहराया कि खनन से जुड़े सभी कार्य केवल सरकार द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत ही किए जा सकते हैं। राजीव कालिया ने बताया कि जिला में अवैध खनन की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और संबंधित विभागों के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। जहां भी अवैध खनन की सूचना मिलती है, वहां तुरंत टीम भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि नियमों के विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनन केवल उन्हीं स्थानों पर और उन्हीं व्यक्तियों द्वारा किया जा सकता है, जिन्हें विधिवत अनुमति प्राप्त है। यदि कोई व्यक्ति या ठेकेदार नियमों का उल्लंघन करते हुए खनन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ जुर्माना, वाहन जब्ती और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। टिप्परों की आवाजाही को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। राजीव कालिया के अनुसार, रात 8 बजे के बाद जिला की सड़कों पर टिप्परों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी, जबकि सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक ही इन्हें चलाने की अनुमति होगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आम लोगों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और अवैध खनन पर रोक लगाने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के बाद यदि कोई टिप्पर सड़कों पर चलता पाया गया, तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित वाहन को जब्त करने के साथ-साथ चालक और मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। राजीव कालिया ने कहा कि सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी। अवैध खनन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सरकारी खजाने को भी भारी क्षति पहुंचाता है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। अंत में उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी अवैध खनन की गतिविधि नजर आए, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ऐसे मामलों में पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
  • Punjab News: इस मामले को लेकर Congress-AAP हुई आमने-सामने, सोनिया मान का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: इस मामले को लेकर Congress-AAP हुई आमने-सामने, सोनिया मान का आया बयान, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के भिंड़ियां सैदां गांव में 7 से 8 महीने पहले हुए खूनी टकराव का मामला एक बार फिर गरमा गया है। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। आप पार्टी की नेत्री सोनिया मान ने कहा कि हमले के मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई रुकी हुई है। सोनिया मान ने बताया कि पंचायत और ब्लॉक समिति चुनावों के दौरान तनाव बना था, जिसके बाद बड़ा हमला हुआ।

    उन्होंने कहा कि हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, कुछ को अमनदीप अस्पताल में दाखिल कराना पड़ा और एक व्यक्ति का ब्रेन ऑपरेशन भी हुआ था। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी सरजीत सरपंच को अब तक पुलिस नहीं पकड़ सकी है, जबकि हाईकोर्ट द्वारा भी उसकी जमानत रद्द की जा चुकी है। सोनिया मान ने कहा कि जब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, वे इंसाफ के लिए लड़ाई जारी रखेंगे। दूसरी तरफ, कनक वधने के मसले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भंडारी पुल पर धरना दिया, जिससे मामला और राजनीतिक स्वरूप ले लिया।

    दूसरी ओर डीएसपी धर्मिंदर कल्याण ने कहा कि यह दो पक्षों के बीच आपसी झगड़े का मामला है, जो बाद में गंभीर हो गया। उन्होंने बताया कि कुछ आरोपियों की जमानत हो चुकी है, जबकि बाकी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारियां की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के तहत निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है और सबकी नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

     

     

     

     

  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देहलां में एनएसएस का एक दिवसीय वर्ग आयोजित

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देहलां में एनएसएस का एक दिवसीय वर्ग आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देहलां में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवियों द्वारा एक दिवसीय विशेष वर्ग का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एनएसएस प्रभारी विजय भारद्वाज एवं आरती शर्मा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई की, क्यारियों को संवारा तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। स्वयंसेवियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ श्रमदान कर विद्यालय को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवियों को रिफ्रेशमेंट प्रदान की गई। विद्यालय प्रशासन ने एनएसएस स्वयंसेवियों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
     
  • Punjab News: प्रॉपर्टी को लेकर 2 भाईयों में खूनी झड़प, मां सहित कई लोग घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: प्रॉपर्टी को लेकर 2 भाईयों में खूनी झड़प, मां सहित कई लोग घायल, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के थाना सलेम टाबरी के अंतर्गत आते इलाके में इंसानियत शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां प्रॉपर्टी को लेकर खून सफेद हो गए। दरअसल, प्रॉपर्टी को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। लेकिन इस केस के दौरान आज परिवार में खूनी झड़प हो गई। इस दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब भाई-भाई संपत्ति को लेकर एक-दूसरे के सामने खून के प्यासे हो गए। दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। पहले पक्ष का कहना है कि उसने मेहनत की कमाई से जगह खरीदी है, लेकिन भाई ने पैसों की लालच में आकर संपत्ति पर कब्ज़ा कर लिया। आरोप है कि उसने कई बार मुजे मारवाने की कोशिश भी की। इस मामले को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है।

    आरोप है कि कुछ दिनों पहले मेरे घर पर आकर मारपीट की गई। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि निस्संदेह जो जमीन मेरे भाई ने खरीदी थी, उस पर मैं ही काम कर रहा था और मामले के कोर्ट में होने के बावजूद मेरे भाई ने मेरे साथ मारपीट की और जान लेने की कोशिश की। अब दोनों पक्ष इंसाफ की मांग कर रहे हैं। इस हमले में मां भी घायल हो गई। सोनू कुमार ने कहा कि छोटे भाई के साथ झगड़ा हुआ है। छोटे भाई की 6 महीने पहले ही शादी हुई थी। पीड़ित का कहना है कि भाई की यह दूसरी शादी है और शादी के बाद वह विवाद करने लगा। सोनू ने माना की जिम की जगह नाम भाई के है और जिम को चला वहीं रहा है। जगह को 2021 में खरीदा थी। इस हादसे में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है।

     

     

     

  • हरियाणा लिपिकीय सेवा (भर्ती और सेवा की शर्तें) विधेयक 2026 पारित, CM Nayab Saini ने किया ऐलान

    हरियाणा लिपिकीय सेवा (भर्ती और सेवा की शर्तें) विधेयक 2026 पारित, CM Nayab Saini ने किया ऐलान

    चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कर्मचारियों के हितों में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने हरियाणा लिपिकीय सेवा (भर्ती और सेवा की शर्तें) विधेयक, 2026’ पारित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत किया गया विधेयक सदन द्वारा पारित किया गया।

    सदन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह विधेयक चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) कर्मचारियों के लिए पदोन्नति प्रक्रिया को अधिक सरल, तेज और न्यायसंगत बनाएगा। वर्ष 2018 में हरियाणा ग्रुप डी कर्मचारी (भर्ती तथा सेवा की शर्तें) अधिनियम, 2018 के माध्यम से ग्रुप डी के लिए कॉमन कैडर व्यवस्था लागू की गई थी, जिससे फील्ड कैडर के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पदोन्नति के समान अवसर मिलने लगे।

    पहले सीमित पदों के कारण बहुत कम कर्मचारियों को ही पदोन्नति का अवसर मिल पाता था। साथ ही, केवल अपने-अपने विभागों तक सीमित पदोन्नति के अवसर होने के कारण भी कर्मचारियों की प्रगति बाधित होती थी। विधेयक के अंतर्गत अब चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लिपिक पद पर पदोन्नति का कोटा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे अधिक संख्या में कर्मचारी पदोन्नत हो सकेंगे।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में कई विभागों में कर्मचारियों को पदोन्नति के लिए 10 से 15 वर्षों तक प्रतीक्षा करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि कॉमन कैडर व्यवस्था, बढ़े हुए पदोन्नति कोटा और कम सेवा अवधि के कारण अब पदोन्नति प्रक्रिया अधिक तेज होगी और अधिक संख्या में कर्मचारियों को समयबद्ध अवसर मिल सकेंगे।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह विधेयक कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। यदि विपक्ष इस महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा के दौरान सदन में उपस्थित होता, तो राज्य के कर्मचारियों के हित में एक व्यापक सहमति बन सकती थी, तथापि सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

     

  • Punjab News: छठी कक्षा के छात्र की भीषण सड़क हादसे में मौत

    Punjab News: छठी कक्षा के छात्र की भीषण सड़क हादसे में मौत

    मोगा: जिले के नज़दीकी गांव अजीतवाल में दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है, जहां स्कूल से घर लौट रहा 11 वर्षीय बच्चा सड़क हादसे का शिकार हो गया। मृतक बच्चे की पहचान गुरशानप्रीत सिंह पुत्र लखवीर सिंह के रूप में हुई है, जो सरकारी सेकेंडरी स्कूल अजीतवाल में छठवीं कक्षा का छात्र था। मिली जानकारी के मुताबिक़, स्कूल की छुट्टी के बाद दोपहर में वह घर जा रहा था, इसी दौरान अचानक एक कार और एक ट्रक की चपेट में आ गया।

    घटना की सूचना मिलते ही गांव वाले और मौजूदा सरपंच राजा सिंह मौके पर पहुँचे और गंभीर घायल हालत में बच्चे को मोगा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे के पिता मजदूरी करते हैं और परिवार में एक बड़ा भाई व एक बड़ी बहन भी हैं, जो उसी स्कूल में पढ़ते हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार का बुरा हाल है और वे इस समय बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उधर, पुलिस ने दोनों वाहनों के ड्राइवरों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।