Blog

  • ड्रोन से हमला कर 2 इमारतें की क्षतिग्रस्त; एयरपोर्ट बंद, देखें वीडियो 

    ड्रोन से हमला कर 2 इमारतें की क्षतिग्रस्त; एयरपोर्ट बंद, देखें वीडियो 

    मॉस्को: रूस-यूक्रेन में जंग लगातार तेज होती जा रही है। रूसी हमलों के बाद अब यूक्रेन भी जवाबी कार्रवाई करने लगा है। यूक्रेन ने बीती रात एक बार फिर रूस की राजधानी मॉस्को पर ड्रोन से हमला किया है। यूक्रेनी ड्रोन ने मॉस्को की दो इमारतों को निशाना बनाया है। आधी रात यूक्रेन द्वारा किए गए इस हमले से अफरातफरी मची है। रूस के मेयर सर्गेई ने TASS समाचार एजेंसी को बताया कि हमले के बाद राजधानी मॉस्को का वनुकोवो हवाई अड्डा आने-जाने के लिए बंद कर दिया गया था और उड़ानें अन्य हवाई अड्डों पर पुनर्निर्देशित की गई हैं। 


    हालांकि, एक घंटे से भी कम समय में परिचालन सामान्य हो गया। इस महीने की शुरुआत में, ड्रोन हमलों के चलते शहर के दक्षिण-पश्चिम में उसी हवाई अड्डे पर हवाई यातायात को कुछ समय के लिए बाधित कर दिया था। 
    रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इससे पहले कीव ने टैगान्रोग शहर में भी आतंकवादी हमला किया, जिससे कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई। दक्षिण रूस के शहर टैगान्रोग में हुए विस्फोट में पंद्रह लोग घायल हो गए। हमला एस-200 मिसाइल से किया गया है।बता दें कि मॉस्को पर आखिरी ड्रोन हमला 24 जुलाई को हुआ था। रूसी रक्षा मंत्रालय ने उस समय कहा था कि दो लोग दब गए और कुछ इमारतें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं।

  • ट्रक चालक ने कार को मारी टक्कर, हादसे में इंस्पेक्टर की मौत, देखें वीडियो

    ट्रक चालक ने कार को मारी टक्कर, हादसे में इंस्पेक्टर की मौत, देखें वीडियो

    नई दिल्ली :  रविवार सुबह मादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास रोहतक रोड पर एक ट्रक ने पीछे से सियाज कार को टक्कर मार दी, जिसमें कार चालक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक के शव को कब्जे में लेकर विधिवत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्र वीर ने बताया कि रविवार तड़के सुबह रोहतक रोड (मादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास) एक सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर आकर देखा तो पता चलता कि एक ट्रक चालक ने खड़ी कार को टक्कर मार दी।


    जानकारी के अनुसार, कार किसी यांत्रिक समस्या की वजह से वहां खड़ी हुई थी तभी उसमें पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाहर खड़े कार चालक को भी टक्कर लगी। जिससे उसकी मौत हो गई। मृत कार चालक की पहचान इंस्पेक्टर जगबीर सिंह के रूप में हुई है जो वर्तमान में दिल्ली पुलिस की सिक्योरिटी यूनिट में तैनात था। सड़क दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ड्राइवर की तलाश की जा रही है

  • डायबिटीज में खत्म न हो जाए आंखों की रोशनी,रखें इन बातों का ध्यान 

    डायबिटीज में खत्म न हो जाए आंखों की रोशनी,रखें इन बातों का ध्यान 

    Eye Care in Diabetes :  आजकल ड्राई आई सिंड्रोम (DES) की समस्या काफी कॉमन हो गई है. यह आंखों से जुड़ी एक ऐसी प्रॉब्लम है, जो पर्याप्त मात्रा में आंसू न बनने के कारण होती है. इसकी वजह से आंखें लाल होने लगती हैं, उसमें जलन महसूस होती है, कई बार धुंधला-धुंधला भी दिखता है. आंखों की इस समस्या का एक नहीं कई कारण है. उम्र बढ़ना, हॉर्मोनल बदलाव इस समस्या के काफी आम कारण हैं. हाल ही में हुई एक स्टडी के मुताबिक, डायबिटीज और ड्राई आई सिंड्रोम का भी संबंध है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ब्लड शुगर जब सामान्य से ज्यादा बढ़ता है, तब आंखों की रक्त वाहिकाओं पर असर डालता है. जिससे कई गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं. यहां तक की आंखें कमजोर होने लगती हैं

    डायबिटीज और ड्राई आई सिंड्रोम का क्या संबंध:

    इस बात की पुष्टि कई अध्ययनों में हुई है कि डायबिटी और डीईएस का संबंध है. जर्नल डायबिटीज केयर में छपे एक अध्ययन के अनुसार, ऐसे लोग जो डायबिटीज से पीड़ित हैं, उनमें डीईएस की आशंका दूसरों की तुलना में ज्यादा होती है.  इस अध्ययन में करीब 1,000 लोगों को शामिल किया गया. जिसमें पाया गया कि डायबिटीज मरीजों की आंखों में आंसू कम बनते हैं या फिर उनके आंसुओं की गुणवत्ता में कमी आ जाती है. ब्लड शुगर लेवल जब ज्यादा होता है तो आंसू बनाने वाले ग्लैंड्स को नुकसान पहुंचता है. जिससे ड्राई आई सिंड्रोम की आशंका बढ़ जाती है.

    डायबिटीज में इस तरह बचाएं आंखें:

    1. अगर डायबिटीक को ड्राई आई सिंड्रोम की समस्या महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.
    2. चूंकि ब्लड शुगर लेवल का बढ़ना आंखों के लिए ठीक नहीं होता है. ये ब्लड वैसल्स को नुकसान पहुंचाते हैं. ऐसे में ब्लड शुगर कंट्रोल करने पर ध्यान देना चाहिए.
    3. पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से आंखें और बॉडी हाइड्रेट रहती हैं और ड्राई आई सिंड्रोम का खतरा कम होता है.
    4. लंबे समय तक स्क्रीन के सामने बैठते हैं तो डीईएस के लक्षण नजर आने पर फोन, लैपटॉप की स्क्रीन से ब्रेक लें. पलकों को झपकाना न भूलें.
    5. यूवी किरणों से आंखों की ये समस्या और भी बढ़ सकती है. इसलिए आंखों को धूप से बचाना चाहिए.
    6. धूम्रपान से डीईएस के लक्षण गंभीर हो सकते हैं. इसलिए शराब-सिगरेट से दूरी बनाएं.

  • हनीमून पर जा रही नवविवाहिता ट्रेन से हुई गायब

    हनीमून पर जा रही नवविवाहिता ट्रेन से हुई गायब

    किशनगंजः बिहार के किशनगंज जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दिल्ली से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन से एक नई नवेली दुल्हन गायब हो गयी है। मिली जानकरी के अनुसार आनंद विहार स्टेशन से खुलने वाली इस ट्रेन में मुजफ्फरपुर स्टेशन से एक नवविवाहित शादीशुदा जोड़ा सवार हुआ, जिसे हनीमून के लिए न्यू जलपाईगुड़ी घूमने जाना था। लेकिन, इसी बीच इस ट्रेन से नवविवाहिता गायब हो गयी है।

    जानकारी के अनुसार, चलती ट्रेन से अचानक गायब हुई नई दुल्हन का नाम काजल कुमारी है, जिसकी उम्र 23 वर्ष है। काजल के गायब होने के बाद उसके परेशान पति प्रिंस कुमार ने ट्रेन में उसे काफी ढूंढा, दूसरे यात्रियों से पूछताछ की। लेकिन, उसकी पत्नी नहीं मिली। बताया जा रहा है कि ट्रेन के किशनगंज स्टेशन पहुंचते ही काजल अपने बर्थ पर नहीं दिखी।

    वहीं पत्नी के गायब होने के बाद परेशान पति ने घटना के संबंध में किशनगंज जीआरपी थाने में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया। इस मामले में अधिक जानकारी देते हुए जीआरपी थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि 29 वर्षीय पिंस कुमार अपनी पत्नी काजल के साथ एनजेपी जा रहा था। इस दौरान पति अपने बर्थ पर सो गया, वहीं जब किशनगंज के पास पत्नी को अपने बर्थ पर नहीं देखा तो पति परेशान हो गया है। इस दौरान ट्रेन के अन्य यात्रियों से पूछताछ के बाद पति ने रेल थाना में मामला दर्ज करा दिया।

    वहीं, इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लड़की के मोबाइल की सीडीआर निकाली है। जांच के दौरान मोबाइल स्विच ऑफ पाया गया। वहीं मोबाइल का लास्ट लोकेशन समस्तीपुर बताया जा रहा है। कॉल डिटेल के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

  • पंजाब : थाने से 100 मीटर दूरी पर दो पक्षों में चला खूनी खेल

    पंजाब : थाने से 100 मीटर दूरी पर दो पक्षों में चला खूनी खेल

    मोगा: शहर आए दिन गुंडागर्दी, हमला व  फायरिंग की खबर सुनने को मिल रही है। हालात यह हो गए है कि बेखौफ हमलावर थाने से कुछ दूरी पर ही घटना को अंजाम देने लगे हैं। वहीं जहां आज थाने से 100 मीटर दूर पर चौमुख चौक में सरेआम गुंडागर्दी का नाच हुआ। करीब 20 मिनट तक 2 गुट में आपस में भिड़े।

    दोनों गुटों में जबरदस्त लड़ाई देख लोगों में सहम का माहौल पैदा हो गया। दिल दहला देने वाला मंजर देख बस अड्डे पर खड़े लोगों की रूह कांप गई।  इस दौरान युवकों द्वारा एक युवक को इतना  पीटा गया कि उसकी पगड़ी उतर गई और बाल खुल गए।

  • पाकिस्तान में अंजू ने पति अरविंद को दी धमकी, देखें वीडियो

    पाकिस्तान में अंजू ने पति अरविंद को दी धमकी, देखें वीडियो

    अलवर‌: अपने फेसबुक फ्रेंड नसरुल्लाह से मिलने भारत से पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा पहुंची अंजू लगाातर सुर्खियों में है। इधर राजस्थान के अलवर स्थित भिवाड़ी में रहने वाले अंजू के पति अरविंद से उसका विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच खबर है कि अंजू ने पाकिस्तान से फोन करके अपने पति अरविंद को धमकी दी है। दोनों के बीच बातचीत का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच मीडिया में बयानबाजी को लेकर भी खूब बहस हुई। अंजू ने अरविंद को फोन पर ही खूब खरी खोटी सुनाई। इस दौरान दोनों के बीच अपशब्दों की जमकर बौछार हुई। इस दौरान अंजू ने अरविंद को धमकाते हुए कहा, ‘मैं किस हद तक जा सकती हूं, तू सोच भी नहीं सकता।’ फोन पर अंजू कहती है कि, ‘तुम क्या बता रहे हो मेरे बारे में, कुछ अपने बारे में भी बता दो कि कैसे इंसान हो। जैसे मीडिया नचा रही है वैसे नाचे जा रहे हो, तुम क्यों नहीं सच बोल रहे हो…?

    इस पर अरविंद अंजू से कहता है, ‘तू पाकिस्तान में नाच रही है, तूने वहां सगाई कर ली है। तू झूठ पर झूठ बोल रही है। , अब क्यों फोन कर रही हो? अब फोन मत करना, सारी छानबीन होगी।’ फिर अंजू कहती है, ‘मेरी मर्जी… तू होता कौन है मुझे रोकने वाला… तेरे पास कुछ नहीं है। मैं थूकती हूं तेरे ऊपर, मैं ऐसे घटिया इंसान और फैमिली के साथ रही हूं… यह मेरी बदकिस्मती। मैं भारत आऊंगी और बच्चों को ले जाऊंगी।’

    बता दें कि दो बच्चों की मां अंजू के बारे में खबर है कि उसने इस्लाम धर्म अपनाने के बाद पाकिस्तानी नागरिक नसरुल्ला से शादी कर ली और अब उसका नया नाम फातिमा है। 34 वर्षीय अंजू की खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अपर दीर जिले में रहने वाले 29 साल के नसरुल्ला से 2019 में फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। इस बीच अंजू उससे मिलने पाकिस्तान पहुंच गई और फिर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की स्थानीय अदालत में शादी रचा ली। खबर के मुताबिक, दोनों ने बयान दर्ज कराते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से निकाह पर हस्ताक्षर किए हैं। भारतीय महिला ने अदालत को बताया कि वह स्वेच्छा से पाकिस्तान आई है और यहां बहुत खुश है।

  • पंजाब: नदी में बहकर पाकिस्तान पहुंचे 2 युवक, जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

    पंजाब: नदी में बहकर पाकिस्तान पहुंचे 2 युवक, जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

    फिरोजपुर: सतलुज में पानी के तेज बहाव के कारण दो युवक बहकर पाकिस्तान पहुंच गए। जिन्हें पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। पता चला है कि दोनों युवक फिरोजपुर के गांव गजनीवाला की तरफ से बहे हैं। यहां पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 182 बटालियन पड़ती है। युवकों की पहचान रतनपाल पुत्र महिन्द्र सिंह तथा हरविन्द्र सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह दोनों निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। पाकिस्तान द्वारा इसकी जानकारी बीएसएफ अधिकारियों को दी गई है और इस संदर्भ में फ्लैग मीटिंग भी हो चुकी है। बेशक अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की विभिन्न एंगलों से जांच कर रही हैं।

    सवाल यह खड़े होते हैं कि लुधियाना के रहने वाले युवक आखिर कैसे गजनीवाला की तरफ से बहकर पाकिस्तान पहुंच गए।
    उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सतलुज में बहकर गए पाकिस्तान के जिला कसूर में एक मूक-बाधिर व्यक्ति को पाक रेंजर्स ने गिरफ्तार किया था। वह युवक कहां का रहने वाला है और उसका क्या नाम है। इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी पता नहीं चली है। हालांकि, इतना जरूर पता चला है कि उसके हाथ पर एक टैटू बना है।

  • टमाटर बेचकर किसान बना करोड़पति, 45 दिन में कमाए 4 करोड़

    टमाटर बेचकर किसान बना करोड़पति, 45 दिन में कमाए 4 करोड़

    चित्तूर: आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक टमाटर किसान ने 45 दिन में 4 करोड़ रुपये की कमाई करके सचमुच जैकपॉट हासिल कर लिया है। टमाटर की कीमतें आसमान छूने से 48 वर्षीय मुरली की किस्मत में नाटकीय बदलाव आया। उसने अपनी उपज न केवल मदनपल्ले के टमाटर बाजार में बेची, बल्कि पड़ोसी राज्य कर्नाटक में भी भेजी, क्योंकि वहां इसकी कीमत अधिक थी। मुरली और उनकी पत्नी ने अप्रैल में करकमंडला गांव में 22 एकड़ जमीन पर टमाटर की खेती की। पिछले 45 दिन में उन्होंने 40,000 पेटी टमाटर बेचे। किसान ने कहा कि भारी कमाई से उन्हें 1.5 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने में मदद मिली, जो उन्होंने पहले टमाटर की खेती के लिए लिए थे।


    मुरली के मुताबिक इस बार बिजली आपूर्ति में सुधार के कारण पैदावार अच्छी रही। हालाँकि, टमाटर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी सबसे बड़ा बदलाव साबित हुई। मुरली ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि टमाटर से इतनी बड़ी आय होगी।” उन्होंने लाभ का एक हिस्सा बागवानी गतिविधियों के विस्तार में निवेश करने की योजना बनाई है। 
    इतनी बड़ी कमाई करने वाले मुरली दूसरे किसान हैं। तेलंगाना के मेडक जिले में एक किसान ने पिछले एक महीने के दौरान टमाटर बेचकर दो करोड़ रुपये कमाए, जबकि एक करोड़ रुपये की दूसरी फसल कटाई के लिए तैयार है। मेडक जिले के कौडिपल्ली मंडल के मोहम्मद नगर के बंसुवाड़ा महिपाल रेड्डी टमाटर की आसमान छूती कीमत के कारण रातों-रात करोड़पति बन गए। 
    बाजार में टमाटर की कीमत 150 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचने और आंध्र प्रदेश और अन्य स्थानों से पर्याप्त आपूर्ति की कमी के कारण, महिपाल रेड्डी ने हैदराबाद बाजार में मांग को पूरा किया। उन्होंने थोक बाजार में उपज को 100 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेचा। पिछले एक महीने के दौरान, उन्होंने टमाटर की लगभग 8,000 पेटियां बेचीं, जिनमें से प्रत्येक का वजन 25 किलोग्राम से अधिक था। स्कूल ड्रॉपआउट 40 वर्षीय किसान सभी के लिए एक आदर्श बनकर उभरा है।

  • पंजाब : इस इलाके में किसान नेता को लगी गोली

    पंजाब : इस इलाके में किसान नेता को लगी गोली

    लुधियाना: जिले के गांव अकालगढ़ खुर्द में नौ साल के बच्चे से चली गोली किसान दलजीत सिंह उर्फ जीता की पीठ में जा लगी और पेट के अगले हिस्से में नाभी के पास फंस गई। दलजीत सिंह अपनी पत्नी और बेटे के साथ ससुराल संधारा देने जा रहे थे। गंभीर रूप से घायल दलजीत सिंह जीता को रायकोट के निजी अस्पताल ले जाया गया। 
    वहां दलजीत की हालत खराब होने लगी तो तुरंत एंबुलेंस से लुधियाना भेजा गया। लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में दलजीत का इलाज शुरू हो गया है। हालत चिंताजनक मगर स्थिर बताई जा रही है। चौकी लोहटबद्दी के प्रभारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि सुबह दलजीत सिंह जीता पत्नी और नौ वर्षीय बेटे के साथ अपने गांव अकालगढ़ खुर्द से ससुराल जा रहे थे। 
    सावन के महीने में परंपरा के अनुसार संधारा देने जा रहे थे। उनकी पिस्तौल 

    पिछली सीट पर बैठे बेटे के हाथ लग गई। सुखविंदर सिंह के अनुसार अभी ये पता नहीं चला है कि पिस्तौल लॉक थी या नहीं। हो सकता है कि पिस्तौल लॉक हो और बेटे ने खेलते हुए गलती से लॉक खोल लिया हो। दलजीत सिंह जीता घर से कुछ ही दूर पहुंचे थे कि उनके बेटे से गोली चल गई। गोली पीठ में लगी और पेट में नाभी के पास आकर फंस गई। 
    रायकोट के डॉक्टर गोली नहीं निकाल सके और दलजीत की हालत खराब होते देख लुधियाना भेज दिया गया। एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि अभी परिवार ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है लेकिन जानकारी मिलने के बाद पुलिस लुधियाना के डीएमसी अस्पताल बयान दर्ज करने जा रही है।

  • पंजाब: पुलिस ने गैंगस्टर को किया काबू 

    पंजाब: पुलिस ने गैंगस्टर को किया काबू 

    लुधियाना: जिले की पुलिस ने कई मामलों में फरार चल रहे गैंगस्टर पुनीत बैंस को गिरफ्तार किया है। CIA-2 की पुलिस ने उसे पकड़ा। थाना टिब्बा की चौकी सुभाष नगर में आरोपी की गिरफ्तारी डाली गई है। पुनीत बैंस श्री अमरनाथ यात्रा पर जा रहा था। इस दौरान बीच रास्ते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने पुनीत को शास्त्री नगर में एक घर पर गोलियां चलाने के मामले में दबोचा है। लंबे समय से पुलिस को इस बदमाश की तलाश थी।


    पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि गैंगस्टर रोपड़ के जरिए श्री अमरनाथ यात्रा पर जाने की तैयारी में है। आरोपी की लोकेशन ट्रेस करके पुलिस ने उसका पीछा किया और उसे टांडा के पास से पकड़ लिया। बदमाश को अदालत में पेश कर पुलिस ने उसका 3 दिन का रिमांड लिया है। जिला पुलिस आज पुनीत बैंस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती है। बैंस के अन्य साथियों की भी तलाश में लगातार पुलिस दबिश दे रही है। पुनीत बैंस और शुभम मोटा गैंग की आपस में काफी तकरार चल रही है। इस कारण पुलिस दोनों गुटों के विभिन्न मामलों में फरार चल रहे बदमाशों को ट्रेस करने में जुटी है।