गुरदासपुरः गांव धारीवाल कलां के डेरा पडियां में सवा 2 साल के बच्चे की ट्यूवबैल के बंबी में डूबने से मौत हो गई। बच्चे की पहचान अगमजोत सिंह पुत्र इकबाल सिंह पड्डा के रूप में हुई है। मृतक बच्चे की मां सरकारी हाई स्कूल डेहरीवाल दरोगा में टीचर है। बच्चे के चाचा ने बताया कि अगमजोत सिंह अपनी बहन अश्मीत कौर के 9 साल बाद पैदा हुआ था। उनके मुताबिक अगमजोत सिंह खेलते समय अचानक घर से बाहर चला गया। काफी देर तक वह घर के अंदर नहीं आया तो जब वह उसकी तालाश में घर के बाहर चल रहे ट्यूबवेल की बंबी के पास पहुंचे तो देखा कि अगमजोत की पानी में डूबने से मौत हो चुकी थी। अगमजोत की मौत से इलाके में शोक की लहर छा गई है।
Blog
-

13 दिन तक मंडप में दुल्हन के इंतजार में बैठा रहा दूल्हा
राजस्थानः पाली में हुई एक शादी की खूब चर्चा हो रही है, शादी से अहम् पहले ही दुल्हन घर से फरार हो गई। 13 दिन तक दूल्हा शादी के लिए तैयार होकर दुल्हन का इंतजार करता रहा। खबरों की मानें तो दूल्हे ने अपने सिर से पगड़ी तक नहीं उतारी थी। हालांकि किसी तरह 13 दिन बाद लड़की को पकड़कर लाया गया और फिर दोनों का विवाह हुआ। जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के पाली के सैणा गांव के सकाराम की बेटी मनीषा की शादी सिरोही जिले के मणादर गांव निवासी श्रवण कुमार के साथ तय हुई थी। 3 मई को तय समय पर बारात पहुंची। तमाम रीति-रिवाज निभाये गए लेकिन सुबह जब फेरे की बारी आई तो दुल्हन तबियत खराब होने का बहाना बनाया और कमरे में आ गई।
परिजनों ने कहा कि टॉयलेट जाने के बहाने वह घर से फरार हो गई। लड़की के पिता ने बताया कि जिस लड़के साथ बेटी फरार हुई, वो उनके मामा के बेटे शिवलाल का बेटा भरतकुमार है और वह भाटूंद का रहने वाला है। वहीं दुल्हन के फरार होने के बाद दूल्हा शादी और दुल्हन को साथ ले जाने पर अड़ गया और 13 दिनों तक दुल्हन का इंतजार करता रहा। दुल्हन के फरार होने की जानकारी जब परिजनों को लगी तो सबके होश उड़ गए। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर बारातियों को यह कैसे बताया जाए।
वहीं जब दूल्हे को इसकी जानकारी मिली तो वह शादी के लिए अड़ गया। दुल्हन की तलाश शुरू हुई तो वह गुजरात में मिली। लड़की को वापस लाया गया और 15 मई को दोनों को शादी हुई और 16 मई को दुल्हन की विदाई हुई। शादी से कुछ मिनट पहले ही दुल्हन के फरार होने की खबर आग की तरह फैल गई। चारों तरफ इसकी खूब चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर भी तमाम लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। राजस्थान में ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जब शादी से पहले ही दुल्हन फरार हो गई।
-

जालंधरः किन्नर से छेड़छाड़ युवक को पड़ी भारी, चली ईंटें, देखें वीडियो
जालंधर/वरुणः वाल्मीकि गेट थाना 2 में युवक को किन्नर से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस दौरान उक्त युवकों को किन्नरों के साथ छेड़छाड़ करना महंगा पड़ गया। गुस्साई किन्नर ने देर रात काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया और इस बात पर अड़ गई कि वह युवक को सेहरा डालकर शादी कर अपने साथ लेकर जाएगी। इससे गुस्साए युवक ने घर की छत से ईंट बरसानी शुरू कर दी, जिसमें किन्नर का साथी युवक घायल हो गया। किन्नर निशा ने कहा कि वह गली में अपनी बहन राधिका के घर आई हुई थी। देर रात जब बारिश रुकने के बाद बाहर निकली तो पड़ोसी युवक ईशान उसे खींचकर अंधेरे में ले गया और छेड़छाड़ की।
वह अक्सर उसके साथ छेड़छाड़ करता है और गलत काम करने के लिए कहता है। रात को भी उसने गलत हरकत की। निशा ने बताया कि जब उसने शोर मचाया तो ईशान ने अपने घर की छत से ईंटें बरसानी शुरू कर दीं। किन्नर पर हमले की सूचना पाकर मौके पर उसके साथी भी पहुंच गए। इस दौरान उसका एक साथी ईंट लगने से घायल हो गया। देर रात पुलिस ने मौके पर आकर मामले को शांत करवाया, लेकिन किन्नर युवक से शादी करने पर अड़ी हुई थी। घायल युवक को साथियों की मदद से सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मारपीट और छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है। थाना 2 के प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने कहा कि शिकायत उन्हें मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया गया उस पर बनती कार्रवाई की जाएगी।
-

21 वर्षीय छात्र का गोली मारकर कत्ल
फिलाडेल्फियाः अमेरिका के फिलाडेल्फिया में एक 21 वर्षीय भारतीय मूल के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खलीज टाइम्स ने सोमवार को बताया कि मृतक छात्र की पहचान जूड चाको के रूप में हुई है। रविवार (स्थानीय समय) पर काम से लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने भारतीय मूल के छात्र को गोली मार दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, “उसके माता-पिता करीब 30 साल पहले केरल के कोल्लम जिले से अमेरिका चले गए थे।” जूड चाको एक छात्र थे जो पार्ट-टाइम काम भी करते थे। लूट के प्रयास में दो लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
इस साल इस तरह की यह दूसरी घटना है जिसमें अमेरिका में एक भारतीय मूल के छात्र को निशाना बनाकर हत्या कर दी गई। इससे पहले, आंध्र प्रदेश के एक 24 वर्षीय छात्र की 21 अप्रैल, 2023 को अमेरिका में एक फ्यूल स्टेशन पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, पीड़ित की पहचान साईश वीरा के रूप में हुई है जो ओहियो के एक पेट्रोल पंप पर काम करता था. पुलिस ने बताया कि ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने संदिग्ध की तस्वीर भी जारी की थी और आरोपियों की पहचान करने में मदद मांगी थी.
-

पंजाबः ट्रेन के नीचे आया व्यक्ति, मौत
मुक्तसर: मलोट रेलवे स्टेशन पर आज सुबह हरिद्वार ऋषिकेश जाने वाली ट्रेन से नीचे आकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। उधर, सुरिंदर सिंह एएसआई रेलवे पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 50-55 वर्ष है। उसने सफेद कुर्ता पायजामा पहना हुआ है। शिनाख्त के लिए शव को 72 घंटे राजकीय अस्पताल मलोट की मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं खुदकुशी के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
-

पंजाबः Hopper’s Restaurant में पुलिस और एक्साइज विभाग की रेड, भारी मात्रा में सामान बरामद, देखेें वीडियो
अमृतसरः रणजीत एवेन्यू स्थित होपर रेस्टोरेंट में पुलिस और एक्साइज विभाग ने जॉइंट ऑपरेशन के दौरान रेड की। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रेस्टोरेंट की आड़ में बिना लाइसेंस के ही शराब परोसी जा रही है। जिसके बाद उन्होंने जॉइंट ऑपरेशन कर रेस्टोरेंट में रेड की। रेड के दौरान भारी मात्रा में शराब बरामद की गई है। पुलिस ने बार के मैनेजर ओमप्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जानकारी देते हुए नॉर्थ वरिंदर खोसा ने बताया कि देर रात रेस्टोरेंट में शराब के परोसे जाने की जानकारी मिली थी।
रेस्टोरेंट के पास पहले शराब का लाइसेंस होता था, जो बीते फाइनेंशियल ईयर 31 मार्च को खत्म हो गया था। इसके बावजूद शराब परोसी जा रही थी। एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर संजीव कुमार की टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। मैनेजर ओमप्रकाश की देखरेख में शराब ग्राहकों को दी जा रही थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रेस्टोरेंट ने शराब का स्टॉक इकट्ठा कर रखा था। 27 पेटियां शराब की जब्त की गईं। जिनमें 266 बोतलें विभिन्न ब्रैंड की शराब की थी। जिन्हें जब्त किया गया है। रेस्टोरेंट मैनेजर के खिलाफ पंजाब एक्साइज एक्ट 1914 के सेक्शन 68, 1, 14 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
-

पंजाब सहित इन राज्यों में अगले 2 दिन बारिश और आंधी के आसार, मौसम विभाग ने ओलावृष्टि का किया अलर्ट
चंडीगढ़ः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों में अगले दो दिन तक कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इन राज्यों के साथ ही जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। आईएमडी के क्षेत्रीय कार्यालय के मुताबिक, उत्तरी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में 29 और 30 मई को, पंजाब में 29 मई को और उत्तराखंड में 29 से 31 मई के दौरान कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब हो सकता है और तेज गरज के साथ मूसलाधार बारिश और ओले गिर सकते हैं।
हरियाणा और दिल्ली में मंगलवार को भी कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले पांच दिनों तक लू चलने की संभावना भी नहीं है। पांच दिन बाद तापमान में दो से चार डिग्री के बीच बढ़ोतरी हो सकती है। आईएमडी ने कहा है कि जिन क्षेत्रों में आंधी और गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है, उन इलाकों में लोगों को बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी जाती है। बारिश के समय लोगों को पेड़ के नीचे भी नहीं छिपना चाहिए। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दो जून तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
राजधानी शिमला में सोमवार सुबह हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। वहीं कुछ हिस्सों में दोपहर दो बजे शहर में एकाएक मौसम बदलने के साथ अंधड़ और तेज बारिश हुई। शहर के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। शिमला में नौ मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा मंडी में 25, भुंतर में नौ, सुंदरनगर में छह, कुफरी में 11 और मशोबरा में पांच मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से पहले के 24 घंटे में दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के कुछ तटवर्ती इलाकों और पूर्वोत्तर के राज्यों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60-70 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चली।
-

कांग्रेस सासंद का हुआ निधन, 4 दिन पहले पिता की हुई थी मौत
मुंबईः महाराष्ट्र से कांग्रेस के एकमात्र लोकसभा सदस्य बालू धानोरकर का मंगलवार सुबह दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। उनकी मौत का कारण आंतों में दिक्कत के कारण बताया जा रहा है। कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा, “गुर्दे की पथरी के इलाज के लिए उन्हें पिछले सप्ताह नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें नई दिल्ली स्थानांतरित कर दिया गया था।”

धानोरकर परिवार पर एक तरह से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दरअसल उनके पिता नारायण धानोरकर की भी 4 दिन पहले मौत हुई थी। उनके अंतिम संस्कार के समय सांसद धानोरकर का नागपुर में इलाज चल रहा था। पिता-पुत्र की मौत से धानोरकर परिवार में शोक की लहर है। धनोकर ने चंद्रपुर जिले में बालासाहेब ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और 2014 में विधानसभा चुनाव जीता। धानोरकर कांग्रेस में शामिल हो गए और अहीर को हराया। उनकी पत्नी ने 2019 में वरोरा-भद्रावती विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने धानोकर के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र के चंद्रपुर से सांसद श्री बालूभाऊ धानोरकर जी के निधन दुखद है। जनता से गहरा जुड़ाव रखते हुए उन्होंने आमजन की आशाओं को सदन तक पहुंचाने और पूरा करने के लिए स्वयं को समर्पित किया। उनका निधन हम सब के लिए अपूरणीय क्षति है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ॐ शांति!”
-

पंजाबः गली में लगे सीवरेज के ढक्कन चुराकर महिलाए हुई फरार, देखें CCTV
लुधियानाः शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं इस चोर गिरोह में एक महिलाओं का ग्रुप भी शामिल है। जो वारदातों को अंजाम दे रहा है। दरअसल, अर्जुन देव नगर से महिला चोर गिरोह के ग्रुप की एक सीसीटीवी सामने आई है, जिसमें वह गलियों में लगे सीवरेज के ढक्कन चुराकर फरार हो रही है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे महिलाएं अर्जुन देव नगर की गली से सीवरेज के ढक्कन चुराकर ऑटो में डालकर ले जा रही हैं। इस चोरी की घटना को 4 महिलाओं ने अंजाम दिया, जिसमें से 2 ने पहले रैकी की थी और फिर वारदात को अंजाम दिया।
मामले की जानकारी देते हुए इलाका निवासी रिंकू ने बताया कि महिलाओं के साथ आया व्यक्ति गली नंबर 5 के बाहर अपना ऑटो लेकर खड़ा था। ऑटो का नंबर सही से नहीं दिख पाया जिस कारण उनकी पहचान नहीं हो पाई है। चोर महिलाओं को पकड़ने के लिए लोग अब रात के समय गली मोहल्लों में नजर रखने लगे है। कुछ दिन पहले गली नंबर 14 से भी सीवरेज के ढक्कन चोरी हुए थे। काफी दिन तक ढक्कन न लग पाने के कारण एक बाइक सवार भी उसमें गिरकर घायल हो गया था। उन्होंने इस मामले में नगर निगम के अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी है।
-

जालंधरः शिव नगर में घर को चोरों ने बनाया निशाना, पुलिस पर उठाए सवाल, देखें वीडियो
जालंधर,वरुण/हर्षः शहर में चोरी के मामलों का ग्राफ दिन-भर-दिन बढ़ता ही जा रहा है। वहीं नागरा के अधीन पढ़ते शिव नगर की गली नंबर 3 में चोरी का एक मामला सामने आया है। जहां देर रात घर में परिवार सो रहा था। इस दौरान चोर घर से साथ लगते फ्लैट के जरिये उनके घर आए और 5 हजार रुपए चुराकर फरार हो गए। मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित महिला ने बताया कि घर में वह उनकी सास और उनके 3 बच्चे रहते है। देर रात चोर उनकी सास के पेंशन के पड़े हुए 5 हजार रुपए चुराकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पीड़ित परिवार ने ताना 1 की पुलिस को दे दी गई। परिवार ने पुलिस की ढीली कारगुजारी पर सवाल उठाए है। उनका कहना है कि घटना की सूचना मिलने के 4 घंटे के बाद थाना 1 की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। ऐसे में अगर पुलिस चोरों के खिलाफ कोताही बरतेगी तो चोरों को हौंसले खुद ही बुलंद होंगे। हालांकि 4 घंटे बाद पहुंची थाना 1 की पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वह अपने घर का गुजारा काफी मुश्किल से करती है। ऐसे में उनकी सास के ही पेंशन के पैसे घर में पड़े हुए थे लेकिन चोर वह भी ले गए। उन्होंने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है।
