Home Punjab>Nawanshahr Punjab News: भरे बाजार खिलाड़ी की गोलियां मारकर हत्या, मचा हड़कंप, परिवार में शोक की लहर, देखें वीडियो

Punjab News: भरे बाजार खिलाड़ी की गोलियां मारकर हत्या, मचा हड़कंप, परिवार में शोक की लहर, देखें वीडियो

0
Punjab News: भरे बाजार खिलाड़ी की गोलियां मारकर हत्या, मचा हड़कंप, परिवार में शोक की लहर, देखें वीडियो

नवांशहरः कस्बा औड़ के भरे बाजार में बीते दिन खिलाड़ी की गोलियां मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान निशान सिंह उर्फ मोनी (पुत्र सुरजीत सिंह) निवासी घूमार मोहल्ला, औड़ के रूप में हुई है। निशान सिंह एक स्पोर्ट्समैन था और अक्सर इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा आता-जाता रहता था। वह अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। इस वारदात के बाद पूरे कस्बे में दहशत और परिवार में शोक की लहर है।

जानकारी देते प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह वारदात शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे की है। निशान सिंह बाबा धर्मगीर मंदिर के पास अपने कुछ परिचितों से बातचीत कर रहा था। इसके बाद वह पास ही एक रेहड़ी पर गोलगप्पे खाने लगा। गोलगप्पे खाने के बाद निशान सिंह जैसे ही अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर बस स्टैंड की तरफ बढ़ने लगा, तभी अचानक अज्ञात हमलावर वहां पहुंच गए। हमलावरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए शरीर और चेहरे को लोई (कंबल) से ढक रखा था। हमलावरों ने आते ही निशान सिंह पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरे बाजार में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। निशान सिंह के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में 7 से 8 गोलियां लगीं जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं सड़क पर गिर गया और हमलावर फरार हो गए।

खून से लथपथ निशान सिंह को स्थानीय लोगों और जान-पहचान वालों ने तुरंत नवांशहर के एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। हालांकि उसकी हालत बेहद गंभीर थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पारिवारिक सदस्यों बिजली बोर्ड से रिटायर अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि निशान पर पहले भी जनवरी 2025 को जिम में कातिलाना हमला हुआ था, लेकिन तब वह बच गया था। उस हमले में भी उसकी बाजू में फ्रेक्चर आया है। उस घटना के बाद से ही उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। पुलिस अब इस पुराने विवाद को भी जांच के केंद्र में रख रही है। उन्होंने कहा कि निशान सिंह की मौत ने पूरे परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। उसके एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वही परिवार का इकलौता सहारा था। वह अभी अविवाहित था और इन दिनों परिवार उसकी शादी की बात चला रहा था।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस की सीनियर टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से गोलियों के खोल व अन्य सबूत इकट्ठा किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों का सुराग लगाने के लिए बाजार और बस स्टैंड के आस-पास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here