Blog

  • भरभरा कर गिरा 16.40 करोड़ की लागत से बन रहा ये पुल, देखें वीडियो

    भरभरा कर गिरा 16.40 करोड़ की लागत से बन रहा ये पुल, देखें वीडियो

    दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां धमधा ब्लॉक के सगनी घाट में शिवनाथ नदी पर बन रहे पुल का स्ट्रक्चर पहली बारिश में ही भरभरा कर ढह गया। पुल ढहने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी ने कुछ दिन पहले ही पुल बनाने का स्ट्रक्चर खड़ा किया है। पिछले 4 दिनों से लगातार दुर्ग जिले में बारिश हो रही है। जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश होने के कारण शिवनाथ नदी उफान पर है। बताया जा रहा है कि 400 मीटर का लंबा पुल बनाने के लिए 1640.62 लाख की स्वीकृति मिली है।

    सगनी घाट में बन रहा ये पुल सिल्ली और ननकट्टी गांव को जोड़ने के लिया बनाया जा रहा है। इस सगनी घाट को त्रिवेणी संगम के नाम से जाना जाता है। क्योंकि सगनी घाट में शिवनाथ नदी, आमनेर नदी और सगनी नाला एक साथ आकर मिलते है। पुल का निर्माण कार्य 11 नवंबर 2020 को शुरू हुआ था। 16 महीने यानी 11 अप्रैल 2022 को इसकी कार्य अवधि पूरी कर ली जानी थी। पुल निर्माण कंपनी अमर इंफ्रास्ट्रक्चर से अनुबंध किया गया है।

    पुल निर्माण के ईईडी माहेश्वरी ने बताया कि अमर इंफ्रा स्ट्रक्चर एजेंसी के द्वारा असरनारा से पथरिया गांव जाने वाले पुल का निर्माण किया जा रहा है, जहां का भी एक स्ट्रक्चर का भी यही स्थिति है। ये कभी भी गिर सकता है। बता दें कि दुर्ग संभाग में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण मोगरा जलाशय से 24 हजार क्यूसेक पानी शिवनाथ नदी में छोड़ा गया है। बढ़ते जलस्तर को सगनी घाट में बनाए जा रहे इस पुल का स्ट्रक्चर सहन नहीं कर पाया। सगनी घाट नदी के ऊपर बने इस 400 मीटर लंबे ब्रिज के ऊपर चढ़कर लोग शिवनाथ नदी के बाढ़ के पानी को देखने के लिए पहुंचते हैं। ब्रिज में अभी तक न तो कोई रेलिंग बनी है और न ही कोई सुरक्षा के इंतजाम हैं। ऐसे में जान का खतरा भी बना हुआ है।

  • पंजाब : IELTS इंस्टीट्यूट में लगी भीषण आग

    पंजाब : IELTS इंस्टीट्यूट में लगी भीषण आग

    खन्ना: जीटीबी मार्केट के पास स्थित रेस्ट हाउस मार्केट में एक आईलेट्स इंस्टीट्यूट में देर रात आग लगने का मामला सामने आया है। मिली  जानकारी के अनुसार आईलेट्स इंस्टीट्यूट पहली मंजिल पर है, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट खुला है। रेस्टोरेंट में काम करने वाले मनोज ने बताया कि जब अचानक धुआं उठता देखा गया तो उसने आईलेट्स इंस्टीट्यूट का शटर और शीशा तोड़कर आग बुझाने की कोशिश की पर आग बढ़ने पर फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया।

    आग फैलने पर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीमों ने शीशे तोड़कर अंदर दाखिल होकर आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि इंस्टीट्यूट की सीढ़ियों पर लगे बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने रेस्तरां से सिलेंडर भी निकाल लिए।

    मामले की जानकारी देते हुए फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि जब आग लगने की सूचना मिली तो तुरंत वे अपने कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उनकी टीम ने आग पर काबू पाया। 5 लड़के कर्मी का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है।

  • पंजाबः अकाली दल के 6 बड़े नेता विजिलेंस के रडार पर! अफसरों ने तैयार किया कच्चा ड्राफ्ट

    पंजाबः अकाली दल के 6 बड़े नेता विजिलेंस के रडार पर! अफसरों ने तैयार किया कच्चा ड्राफ्ट

    चंडीगढ़ः पंजाब में विजिलेंस ब्यूरो की अब तक जितनी भी कार्रवाई हुई, उनमें ज्यादातर में कांग्रेस के पूर्व मंत्री और विधायक शामिल थे। अब विजिलेंस ने अपनी जांच अकाली दल के पूर्व मंत्रियों, विधायकों, मुख्य संसदीय सचिव तक पहुंचा दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विजिलेंस के रडार पर अकाली के 6 बड़े नेता हैं जिन पर आय से अधिक संपत्ति जमा करने का संदेह है। सूत्रों के अनुसार विजिलेंस ने अकाली दल के इन 6 बड़े नेताओं के खिलाफ कच्चा चिट्ठा तैयार कर लिया है। पंजाब सरकार ने इन नेताओं के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति बनाने के मामले में तथ्य जुटाने के लिए एसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई थी। इन अधिकारियों द्वारा तैयार प्रारंभिक तथ खोज रिपोर्ट के आधार पर ही विजिलेंस कार्रवाई करने जा रही है।

    दरअसल, पिछले कई महीनों से विजिलेंस को अकाली दल और बीजेपी सरकार के दौरान विभागों में हुए घोटालों और भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं और इन शिकायतों की जांच के लिए एसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिन्होंने अपनी रिपोर्ट विजिलेंस को भेज दी है। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि अकाली दल और बीजेपी सरकार के दौरान सिंचाई विभाग में हुए कथित 2000 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच में अकाली दल के दो पूर्व मंत्री जनमेजा सिंह सेखों और शरणजीत सिंह ढिल्लों जांच का सामना कर रहे हैं। इसके अलावा विजिलेंस को शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं पंचायत, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में भी वित्तीय अनियमितताओं शिकायतें भी हासिल हुई थी। 

  • जालंधरः DIG रैंक के अधिकारी की बढ़ी मुश्किलें, भ्रष्टाचार के 2 मामलों में विजिलेंस ने किया नामजद

    जालंधरः DIG रैंक के अधिकारी की बढ़ी मुश्किलें, भ्रष्टाचार के 2 मामलों में विजिलेंस ने किया नामजद

    जालंधर,ENS: महानगर से बड़ी खबर सामने आई है। जहां एक बड़े पुलिस अधिकारी पर रिश्वत लेने के आरोप लगे है। मिली जानकारी के मुताबिक विजिलेंस ब्यूरो पंजाब पुलिस के एक डीआइजी स्तर के अधिकारी पर कार्रवाई करने जा रहा है। विजिलेंस ने डीआइजी स्तर के अधिकारी के इंद्रबीर सिंह को भ्रष्टाचार के 2 मामलों में नामजद किया गया है। इंदरबीर सिंह वर्तमान में पंजाब सशस्त्र पुलिस (पीएपी) जालंधर में तैनात हैं। दरअसल, जब इंदरबीर सिंह फिरोजपुर के DIG थे, तब उन पर एक ड्रग तस्कर को छोड़ने के लिए 10 लाख रुपये और एक सब-इंस्पेक्टर को 23 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप लगा था। अब दोनों मामलों में उन्हें नामजद किया गया है।

    पिछले साल जुलाई में विजिलेंस ने फरीदकोट के डीएसपी लखबीर सिंह संधू को खेमकरण विधानसभा क्षेत्र के बोपाराय गांव निवासी पिशौरा सिंह नामक ड्रग तस्कर के मामले को सुलझाने के लिए 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। इसके बाद विजिलेंस ब्यूरो के डीआइजी राहुल कुमार, अमृतसर के एसएसपी विरिंदर सिंह संधू और फिरोजपुर के एसएसपी गुरमीत सिंह की तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। विजिलेंस ने जब गोइंदवाल साहिब जेल से डीएसपी लखबीर संधू को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की तो जांच टीम को कुछ मोबाइल रिकॉर्डिंग मिलीं।

    दूसरी ओर इस मामले को लेकर डीआइजी इंद्रबीर सिंह ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि भ्रष्टाचार के मामले में उनका नाम आया है। इन मामलों की जांच चल रही है और मामला कोर्ट में भी है। जबकि विजिलेंस सूत्रों का कहना है कि तीन IPS स्तर के अधिकारियों समेत करीब आधा दर्जन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच की जा रही है। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो आम तौर पर सीधी भर्ती वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने से गुरेज किया जाता है। लेकिन विजिलेंस ने इस मिथक को तोड़ते हुए सीधी भर्ती वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। विजिलेंस की इस कार्रवाई से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

  • भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर हमला करने वालों की कार बरामद, चार संदिग्धों काबू

    भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर हमला करने वालों की कार बरामद, चार संदिग्धों काबू

    सहारनपुरः भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने हमलावरों की कार बरामद कर ली है। वहीं चार संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। एक दिन पहले (28 जून) ही सहारनपुर के देवबंद पहुंचे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर फायरिंग की गई थी। इस जानलेवा हमले में चंद्रशेखर घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए देवबंद के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

    चंद्रशेखर अपनी फॉर्चूनर कार से देवबंद दौरे पर पहुंचे थे। तभी अचानक उनकी गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी। गोली उन्हें छूकर निकल गई थी, जिससे वह घायल हो गए थे। उनकी कार पर भी गोलियों के निशान देखे गए थे। हमलावर हरियाणा नंबर की कार में आए थे। गोली चंद्रशेखर की पीठ को छूकर निकली थी। हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर है। फायरिंग में उनकी कार के शीशे भी टूट गए थे। हमलावरों की पहचान करने के लिए पुलिस लगातार आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी।

    जिस समय हमला हुआ, चंद्रशेखर दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान बीच रास्ते में देवबंद में उनके काफिले पर हमला हो गया था। पीछे से आई हरियाणा नंबर की गाड़ी में सवार हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। कुल चार राउंड फायरिंग हुई थी। भीम आर्मी चीफ ने हमले के बाद एजेंसी से कहा था, ‘मुझे ठीक से याद नहीं है, लेकिन मेरे लोगों ने उन्हें पहचान लिया। उनकी कार सहारनपुर की ओर चली गई। हमने यू-टर्न ले लिया। घटना के वक्त मेरे छोटे भाई समेत हम पांच लोग कार में थे।’ सूत्रों के मुताबिक हमलावरों की गाड़ी का नंबर भी सामने आ गया था। बताया गया कि हमलावर सफेद रंग की छोटी कार से आए थे। वहीं जिस गाड़ी का नंबर बताया गया था, वह स्विफ्ट डिजाइर है।

  • बारिश से गिरे पेड़, दो व्यक्तियों की मौत

    बारिश से गिरे पेड़, दो व्यक्तियों की मौत

    मुंबईः पश्चिमी उपनगरों में बारिश के बीच पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। नगर अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराह्न करीब तीन बजकर 35 मिनट पर गोरेगांव के मीठा नगर इलाके में एक पेड़ की शाखाएं एक घर पर गिरने से 30 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि घायल व्यक्ति प्रेमलाल निर्मल को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    उन्होंने बताया कि दूसरी घटना में पश्चिमी उपनगर मलाड के मामलेदरवाड़ी जंक्शन पर एक पेड़ गिरने से कौशल दोशी नामक 38 वर्षीय शख्स घायल हो गया। उसे नगर निगम संचालित शताब्दी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार से मुंबई में पेड़ों/शाखाओं के गिरने से जुड़ी 26 घटनाएं हुई हैं। नगर अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण बुधवार को मुंबई के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे अंधेरी उपनगर में एक व्यस्त भूमिगत मार्ग (सबवे) को बंद करना पड़ा।

  • विश्वविद्यालय में 3 लोगों पर चाकू से हमला, एक संदिग्ध काबू

    विश्वविद्यालय में 3 लोगों पर चाकू से हमला, एक संदिग्ध काबू

    टोरंटोः कनाडा में वाटरलू विश्वविद्यालय में एक कक्षा में तीन लोगों पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हमला वाटरलू विश्वविद्यालय के हेगी हॉल में बुधवार को किया गया। घायलों को कितनी चोट आई है इसका तत्काल पता नहीं चल पाया है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। हमले का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है।

    अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद ही अधिक जानकारी साझा की जाएगी। वाटरलू विश्वविद्यालय के छात्र युसूफ कयामक ने ‘सीटीवी न्यूज’ को बताया कि हमला ‘जेंडर स्टडीज’ की कक्षा में हुआ। कयामक ने बताया कि हमले के समय कक्षा में करीब 40 छात्र मौजूद थे। वाटरलू यूनिवर्सिटी ने ट्विटर पर जानकारी दी कि वह जांच में पुलिस की मदद कर रहे हैं और परिसर में मौजूदा लोगों को अब कोई खतरा नहीं है। विश्वविद्यालय ने ट्वीट किया, हेगी हॉल में बुधवार शाम को होने वाली कक्षाएं रद्द कर दी गईं, लेकिन अन्य सभी ‘कैंपस’ में सामान्य रूप से कक्षाएं हुईं।

  • आज का राशिफल, 29 जून 2023

    आज का राशिफल, 29 जून 2023

    वीरवार 29 जून का दिन धन समृद्धि के मामले में मकर और कुंभ समेत 6 राशियों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद रहेगा। धन के मामले में इन्‍हें भाग्‍य का साथ मिलेगा और आर्थिक संपन्‍नता बढ़ेगी।

    मेष: मेष राशि वालों का भाग्‍य साथ दे रहा है और आज आपके लिए आर्थिक लाभ का दिन है। आपको आज हर मामले में जीवनसाथी का सहयोग प्राप्‍त होगा और उनकी सलाह आपके काम आएगी। संतान के करियर से जुड़ा कोई अच्‍छा समाचार सुनकर खुश होंगे। कोई रुका काम पूरा होने से खुश होंगे। परिवार के साथ वक्‍त आमोद-प्रमोद में बीतेगा और आप प्रसन्‍न रहेंगे।

    वृष: वृष राशि वालों के लिए आज का दिन लाभपूर्ण है और आज आपको हर कार्य में संतोषजनक परिणाम मिलेंगे। राजनीतिक क्षेत्र में किए गए प्रयासों में सफलता मिलेगी और आपको लाभ होगा। नए अनुबंधों से आपको लाभ होगा। कुछ मामलों में अनावश्यक कष्ट का सामना करना पड़ेगा। संतान पक्ष से कुछ राहत मिलेगी।

    मिथुन: मिथुन राशि के लोगों को आज आर्थिक मामलों में संभलकर चलने की जरूरत है। किसी मूल्यवान वस्तु के खोने या चोरी होने का डर है और आपको संतान की शिक्षा या किसी प्रतियोगिता में अशातीत सफलता मिलने का योग है। मन में हर्ष होगा। सांयकाल में कोई रुका कार्य पूरा होगा। रात्रि में किसी सामाजिक कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। सौभाग्य प्राप्त होगा।

    कर्क : कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन उत्‍तम संपत्ति की प्राप्ति का संकेत दे रहा है। आजीविका के क्षेत्र में आपको लाभ होगा और आपकी मान-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। संतान के दायित्व की पूर्ति होगी और आपको भाग्‍य का साथ मिलेगा। शाम से लेकर रात्रि तक प्रिय व्यक्तियों से मुलाकात होगी और लाभ होगा।

    सिंह: सिंह राशि वालों के लिए लाभ का दिन है और आज आपकी आमदनी बढ़ेगी। वाणी की सौम्यता से आपको सम्‍मान प्राप्‍त होगी और कोई व्‍यक्ति शिक्षा, प्रतियोगिता में सफलता प्राप्‍त करने में मदद करेगा। आज आपको अधिक भागदौड़ करने की वजह से काफी थकान हो सकती है। शत्रु आपस में लड़कर ही नष्ट हो जाएंगे और आपका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।

    कन्या: कन्‍या राशि वालों का भाग्‍य आज साथ दे रहा है और आज रोजगार व्यापार के क्षेत्र में चल रहे प्रयासों में सफलता प्राप्‍त होगी। संतान पक्ष से भी संतोषजनक सुखद समाचार मिलेगा और करियर में आपको नए मौके मिलेंगे। किसी कानूनी विवाद या मुकदमे में आपकी जीत होने से हर्ष होगा। आज आप किसी शुभ कार्य पर खर्च करेंगे और आपकी कीर्ति बढ़ेगी।

    तुला: आज आपके चारों ओर सुखद वातावरण रहेगा। घर परिवार के सभी सदस्यों की खुशियों में इजाफा होगा। आपको कहीं से रुका धन मिलने से आपके कोष में वृद्धि होगी और आपका मन अच्‍छे काम में लगेगा। कई दिनों से चली आ रही लेन-देन की कोई बड़ी समस्या कम होगी और आपको पर्याप्त मात्रा में धन की प्राप्ति होगी। विरोधियों का अंत होगा। आज आपको किसी जरूरी कार्य से पास और दूर की यात्रा पर जाना पड़ सकता है। प्रणय संबंध और भी प्रगाढ़ होंगे व लाभ मिलेगा।

    वृश्चिक: वृश्चिक राशि वालों के लिए लाभ का दिन है और आपकी योजनाएं सफल होंगी। भाग्‍य आपका साथ देगा और आपके सभी जरूरी कार्य पूर्ण होंगे। आज आप या फिर आपके घर में कोई बीमार हो सकता है और आज इसकी जांच करने में आपका पूरा दिन बीत जाएगा। किसी अच्छे डॉक्टर से इस विषय में सलाह मशविरा कर सकते हैं।

    धनु: धनु राशि वालों के लिए आज का दिन आर्थिक मामलों में शुभ होगा और आपके विरोधी भी आपकी तारीफ करेंगे। आज आपको शासन सत्ता की तरफ से लाभ होगा और आपकी योजनाएं सफल होंगी। ससुराल पक्ष से पर्याप्त मात्रा में धन हाथ लगेगा। शाम को किसी कार्यक्रम की व्‍यवस्‍था करने में व्‍यस्‍त रहेंगे।

    मकर: आज मकर राशि वालों के लिए आज का दिन आर्थिक मामलों में लाभ देने वाला है। आजीविका के क्षेत्र में चल रहे प्रयास सफल होंगे और उसमें आपको लाभ होगा। अधीनस्थ कर्मचारी भी आपका सम्‍मान करेंगे। किसी झगड़े विवाद में न पड़ें और अपने काम पर फोकस करें। माता-पिता का विशेष ध्यान रखें और उनका आशीर्वाद आपके काम आएगा।

    कुंभ: कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन आर्थिक मामलों में लाभपूर्ण है। आज के दिन आप जो भी कार्य करेंगे उसमें आपको भाग्‍य का साथ मिलेगा। आज आप बिना वजह के किसी विवाद में फंस सकते हैं और शत्रुओं के साथ उलझ सकते हैं। अपनी बुद्धि द्वारा किए कार्यों में ही हानि हो सकती है। आज कोई भी फैसला टाल दें तो आपके लिए बेहतर होगा। है। कोई विपरीत समाचार सुनकर आपको किसी अकस्मात यात्रा पर जाना पड़ सकता है। इसलिए सावधान रहें।

    मीन: मीन राशि वालों के लिए आर्थिक मामलों में आज का दिन शुभ है और काफी समय से चल रही समस्‍याओं का अंत होगा। आज का दिन जरूरी कामों में व्यतीत होगा। दांपत्‍य जीवन में चल रही समस्‍याएं दूर होंगी। रिश्‍तेदारों से पैसों का लेनदेन न करें, संबंध खराब होने की आशंका है। धार्मिक क्षेत्रों की यात्रा और पुण्य कार्यों पर खर्च हो सकता है। यात्रा में सावधान अवश्य रहें।

  • जालंधर: रिश्वत लेने के मामले में निजी एजेंट गिरफ्तार

    जालंधर: रिश्वत लेने के मामले में निजी एजेंट गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने अनिवार्य ड्राइविंग टेस्ट दिए बिना हैवी ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने के बदले में 500 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में आज एक निजी एजेंट को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गुरचरणजीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है, जो जालंधर में ऑटोमैटिक ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक सेंटर के पास एक कैफे चलाता है। आरोपी एजेंट को कपूरथला जिले के गांव बीबरी निवासी दलजीत सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस स्टेशन विजिलेंस ब्यूरो, जालंधर रेंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि एजेंट ने बिना कोई भी ड्राइविंग टेस्ट दिए उसका हैवी ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने के बदले में 1200 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने उक्त एजेंट को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एजेंट के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।

  • भगवान जगन्नाथ के ‘उल्टा रथ यात्रा’ उत्सव के दौरान हुआ हादसा, 6 की मौत, कई  घायल

    भगवान जगन्नाथ के ‘उल्टा रथ यात्रा’ उत्सव के दौरान हुआ हादसा, 6 की मौत, कई घायल

    त्रिपुरा: उनाकोटि जिले में एक हाईटेंशन तार के संपर्क में आने के बाद एक रथ में आग लगने से छह व्यक्तियों की मौत हो गई और 15 अन्य झुलस गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना भगवान जगन्नाथ के ‘उल्टा रथ यात्रा’ उत्सव के दौरान कुमारघाट इलाके में शाम करीब साढ़े चार बजे हुई।

    इस त्योहार के दौरान, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के एक सप्ताह बाद अपने मुख्य मंदिर लौट आते हैं। पुलिस ने बताया कि लोहे से बने रथ को हजारों लोग खींच रहे थे, तभी यह 133 केवी ओवरहेड केबल के संपर्क में आ गया। सहायक महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) ज्योतिषमान दास चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 15 अन्य झुलस गए। उन्होंने बताया कि घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

    अधिकारियों ने कहा कि उनकी हालत गंभीर बताई गई है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने लोगों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘कुमारघाट में एक दुखद दुर्घटना में, ‘उल्टा रथ’ खींचते समय करंट लगने से कई श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। मैं इस घटना से बहुत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना। साथ ही, मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है।”