Blog

  • “शिक्षा में शक्ति” अभियान के तहत गगरेट में हुआ छात्रवृत्ति वितरण समारोह 

    “शिक्षा में शक्ति” अभियान के तहत गगरेट में हुआ छात्रवृत्ति वितरण समारोह 

    ऊना/सुशील पंडित। युवा शक्ति पराक्रम संस्था ने गगरेट विधानसभा में रविवार 9  अक्टूबर को अपने “शिक्षा में शक्ति” अभियान के तहत छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 व 3 के ग्राम पंचायतों मुबारिकपूर, शिवपुर, कलरुही, अपर अंदोरा एवं लोअर अंदोरा और वार्ड नंबर 17 के छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। ये कार्यक्रम बड़ा तालाब, भंजाल में आयोजित किया गया था।कार्यक्रम के दौरान 5,500 छात्रों को छात्रवृति दी गई और 40 छात्रों को टैब्लेट बाँटी गई।

    गगरेट के छात्र शिक्षा में सबसे आगे बड़े इसी को ध्येय में रखते हुए YSP के संस्थापक और जिला पार्षद चैतन्य शर्मा क्षेत्र के छात्रों को लगातार छात्रवृत्ति प्रदान कर रहे हैं। शिक्षा में शक्ति कार्यक्रम के तहत अबतक 26 हजार से अधिक छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा चुकी है। इस मौके पर चैतन्य शर्मा ने कहा कि हमें गगरेट को प्रदेश में विकास के मॉडल के रूप में पेश करना है। इसके लिए हमारे क्षेत्र के होनहारों को शिक्षित होना जरूरी है, क्योंकि आज जो छात्र पढ़ाई में आगे निकलेंगे। वे आगे चलकर हमारे विधानसभा, जिला और प्रदेश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करेंगे।

    इससे पहले भी शिक्षक दिवस के मौके पर और 18 सितंबर व 25 सितंबर को भी शिक्षा में शक्ति स्कीम के तहत छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई थी। यही नहीं जिन छात्रों को अभी तक छात्रवृत्ति नहीं मिली है। उन्हें आगे छात्रवृत्ति से सम्मानित किया जाएगा।

  • सीएम वर्चुअली करेंगे ऊना के लिए 69.96 करोड़ की परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास

    सीएम वर्चुअली करेंगे ऊना के लिए 69.96 करोड़ की परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास

    ऊना (सुशील पंडित)। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर 11 अक्तूबर को वर्चुअल मोड से जिला ऊना को 69.96 करोड़ रूपये की सौगात देंगे, जिसका लाइव प्रसारण एलईडी के माध्यम से जिला परिषद हॉल ऊना में दिखाया जाएगा। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि इस दौरान मुख्यमंत्री 39.68 करोड़ रूपये के लोकार्पण करेंगे, जिनमें ऊना विधानसभा क्षेत्र के तहत 1.36 करोड़ रूपये से निर्मित क्षेत्रीय अस्पताल ऊना परिसर में छह टाइप टू क्वाटर्ज़, 16.15 करोड़ रूपये से चिंतपूर्णी-तलवाड़ा रोड़ भरवाई से पक्का टियाला तक सड़क, 16.93 करोड़ रूपये से उठाऊ बेहड़ जसवां, धर्मशाला महंतां, बीजापुर व तलवाल जलापूर्ति परियोजना, 1.46 करोड़ रूपये से उठाऊ जलापूर्ति योजना सलूरी और 3.77 करोड़ रूपये से बनी उठाऊ जलापूर्ति योजना ग्राम पंचायत नेहरी-नौरंगा व सलाना-मस्लाना शामिल हैं।

    इसके अलावा मुख्यमंत्री जय राम टाकुर 30.27 करोड़ रूपये से निर्मित होने वाले विभिन्न विकासात्मक कार्यों की आधारशिला भी रखेंगे, जिनमें 2.82 करोड़ रूपये से बनने वाले स्टाफ क्वाटर्ज़ भवन चिंतपूर्णी, 11.73 करोड़ रूपये से हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत बीत क्षेत्र में छूटे हुए गांवों के लिए बीत सिंचाई परियोजना, 7.23 करोड़ रूपये की लागत से गगरेट विधानसभा के तहत डंगोह, भद्रकाली, नकड़ोह, बवेहड़ मरवाड़ी व रायपुर में 12 टूयबवैल लगाने की परियोजना, 5.29 करोड़ रूपये से गांव जीतपुर बेहड़ी, कुनेरन, गोंदपुर बनेहड़ा, कड व बडोह में आठ टयूबवैलों के सुधारीकरण की परियोजना तथा  3.18 करोड़ रूपये से गगरेट विस में विभिन्न जल आपूर्ति परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण और आधारभूत बुनियादी ढांचों के निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

  • पंजाबः दिवाली से पहले सीएम मान का निर्माण मजदूरों को बड़ा तोहफा, किया ये ऐलान

    पंजाबः दिवाली से पहले सीएम मान का निर्माण मजदूरों को बड़ा तोहफा, किया ये ऐलान

    चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दीपावली से पहले निर्माण मजदूरों को बड़ा तोहफा दिया है। सीएम मान ने मजदूरों की मासिक आय में 10 प्रतिशत की वृद्धि की है। सीएम मान ने आज निर्माण श्रम बोर्ड की एक बैठक की और श्रमिकों के लिए सरकार की योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण मजदूरों के पंजीकरण के लिए गांवों, मजदूर चौकों और निर्माण स्थलों पर बड़े पैमाने पर कैंप लगाने का निर्णय लिया है और एक ऐप भी जारी किया है ताकि हर मजदूर को सरकार की योजना का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री द्वारा मजदूरों के लिए लिया गया फैसला 1 सितंबर 2022 से प्रभावी माना जाएगा। 10 लाख निर्माण मजदूरों के रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में पंजाब में लगभग 5 लाख पंजीकृत निर्माण मजदूर हैं।

  • जालंधरः Rita Bawa Murder Case मामले में हाईकोर्ट ने लगाई  पुलिस को फटकार, 3 आरोपियों की सजा बरकरार

    जालंधरः Rita Bawa Murder Case मामले में हाईकोर्ट ने लगाई पुलिस को फटकार, 3 आरोपियों की सजा बरकरार

    जालंधर/वरुणः केमवी कॉलेज की प्रिंसिपल रीता बावा और तीन अन्य की 2008 में हुई हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने में पंजाब पुलिस की नाकामी पर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब पुलिस को फटकार लगाई है। हाईकोर्ट ने पंजाब पुलिस को गंभीरता से प्रयास करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने आरोपियों को पकड़ने के लिए भी निर्देश जारी किए हैं। हाईकोर्ट ने यह आदेश तीन आरोपियों रमनदीप उर्फ रमन, मोहम्मद कदुस उर्फ अब्दुल कदुस और मोहम्मद रहमान उर्फ अब्दुल रहमान की उम्रकैद की सजा बरकरार रखते हुए दिए हैं। हालांकि, हाईकोर्ट ने भुटो यादव को बरी कर दिया है, जिसे ट्रायल कोर्ट ने डकैती के कमीशन में चोरी का सामान खरीदने के आरोप में सजा सुनाई थी।

    हाईकोर्ट ने तीन आराेपियों की सजा के खिलाफ अपील पर सुनवाई करते हुए हैरानी जताई कि इस हत्याकांड में तीन अन्य आराेपी सचिन यादव, आरोपी राम कुमार उर्फ रामू और आरोपी गणेश स्वर्णकार को एक नवंबर, 2008 को भगोड़ा घोषित किया गया, लेकिन पुलिस अभी तक उनको गिरफ्तार नहीं कर पाई। कोर्ट ने एसएसपी जालंधर को निर्देश दिया है कि वो इन तीन आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर ट्रायल कोर्ट में पेश करे।

    हाईकोर्ट के जस्टिस सुरेश्वर ठाकुर और जस्टिस एन एस शेखावत की खंडपीठ ने रमनदीप, मोहम्मद कडुस उर्फ अब्दुल कडुस और अन्य और भुट्टो यादव की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिए हैं। 6 जनवरी 2008 को कन्या महाविद्यालय जालंधर के तीन अन्य कर्मचारियों के साथ प्रिंसिपल रीता बावा की हत्या कर दी गई थी। सभी की गर्दन पर तेजधार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी गई थी। वह कॉलेज परिसर में अपने सरकारी आवास में अकेली रह रही थी।

  • एटीएस को बड़ी सफलताः अलकायदा और बांग्लादेशी संगठन के 8 आतंकी गिरफ्तार

    एटीएस को बड़ी सफलताः अलकायदा और बांग्लादेशी संगठन के 8 आतंकी गिरफ्तार

    उतर प्रदेशः यूपी एटीएस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यूपी एटीएस ने कुख्यात आतंकी संगठन अलकायदा और उसके सहयोगी बांग्लादेशी संगठन जमात-उल-मुजाहिद्दीन बांग्लादेश (जेएमबी) के आठ आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी आतंकियों को पिछले तीन दिनों तक चलाए गए अभियान के दौरान सहारनपुर, शामली और हरिद्वार से दबोचा गया।

    ये दोनों संगठन गजवा-ए-हिन्द के उद्देश्य को पूरा करने के लिए अपने नेटवर्क का विस्तार करने में जुटे थे। अपनी सहयोगी एजेंसियों एवं स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर एटीएस ने यह अभियान चलाया। एटीएस को ऐसी सूचना मिली थी कि अलकायदा के इंडियन सब कांटिनेंट या अलकायदा बर्र-ए-सगीर तथा सहयोगी आंतकी संगठन जेएमबी मिलकर पिछले कुछ वर्षों से भारतीय उपमहाद्वीप (विशेष रूप से भारत एवं बांग्लादेश) में गजवा-ए-हिन्द का सपना बुन रहे हैं। इसके लिए वे भारत में अवैध घुसपैठ कर सबसे पहले सीमावर्ती राज्यों पश्चिम बंगाल व असोम में कट्टरपंथी विचारधारा वाले व्यक्तियों को जोड़कर वहं के मदरसों में अपनी जड़ें मजूबत कर रहे हैं।

    साथ ही वे यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश व उत्तराखंड में कट्टरपंथी विचारधारा वालों के सहयोग से जकात के नाम पर टेरर फंड जुटाने में लगे हैं। इन संगठनों के आतंकी पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए कुछ खास मोबाइल एप इस्तेमाल करते हैं और नए लोगों को इस एप और बातचीत करने के कोड का प्रशिक्षण देते हैं। पूर्व में इस माड्यूल से जुड़े शीर्ष के चार बांग्लादेशी आतंकियों और उनके भारतीय साथियों अब्दुल्ला तलहा, अहसान, मुफक्किर व अकील अहमद शेख से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर एटीएस को इनपुट मिला था। 

  • जालंधरः बर्ल्टन पार्क में अस्थाई पटाखा मार्कीट की तैयारियां शुरू, 12 को लाइसेंस जारी 

    जालंधरः बर्ल्टन पार्क में अस्थाई पटाखा मार्कीट की तैयारियां शुरू, 12 को लाइसेंस जारी 

    जालंधर/वरुण : दिवाली का त्यौहार को लेकर होलसेल पटाखा विक्रेताओं के लिए बर्ल्टन पार्क में दुकाने बनाने का निगम की ओर से काम शुरू हो गया है। जिला एवं पुलिस प्रशासन 12 अक्टूबर को होलसेल पटाखा विक्रेताओं को पटाखा बेचने के लिए अस्थाई लाइसैंस जारी कर बर्ल्टन पार्क में पटाखा बेचने की परमिशन देगा। इसी को लेकर नगर निगम की ओर से बर्ल्टन पार्क में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी होलसेल पटाखा विक्रेताओं के लिए अस्थाई पटाखे की दुकानें बननी चालू हो गई हैं।

    लोहे के गार्डरों और टीन की छतों वाली दुकानों को बनने के लिए दुकानें बनाने वाली लेबर तेजी से काम कर रही है। इन अस्थाई दुकानों का निर्माण पूरा होने के बाद होलसेल पटाखा विक्रेताओं को अलाट होंगी। पुलिस प्रशासन की और से पूरे प्रबंध किए जा रहे हैं। बता दें कि पुलिस कमिश्नर (ला एंड आडर) अंकुर गुप्ता के आदेशों के मुताबिक साल 2016 में जारी पटाखों के 20 प्रतिशत अस्थाई लाइसैंस (20 अनंतिम लाइसैंस) 12 अक्तूबर 2022 को स्थानीय रैड क्रॉस भवन में ड्रा के माध्यम से जारी किए जाएंगे।

  • पंजाबः सीएम भगवंत मान के आवास के सामने किसानों ने लगाया अनिश्चितकाल के लिए धरना

    पंजाबः सीएम भगवंत मान के आवास के सामने किसानों ने लगाया अनिश्चितकाल के लिए धरना

    संगरूर : पटियाला रोड स्थित मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आवास के सामने भारतीय किसान यूनियन (एकता-उग्राहां) ने आज यहां पंजाब और केंद्र सरकार के खिलाफ एक तरफ अनिश्चितकालीन मार्च निकाला। इस मार्च में सैकड़ों महिलाओं सहित पंजाब भर के हजारों किसान श्रमिक युवा शामिल हुए।मंच के आगे और पीछे किसानों के ट्रैक्टर-ट्राली और अन्य वाहन दूर-दूर खड़े थे और लंगर बनाकर सर्व किया जा रहा था। पंडाल में मांगों के बैनर के अलावा मंच के एक तरफ नरेंद्र मोदी और विश्व व्यापार संगठन के पुतले भी रखे गए हैं, जिन्हें मार्च खत्म होने के बाद फूंका जाएगा।

    प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उग्राहां ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि यह मोर्चा सीएम मान द्वारा सात अक्टूबर को संगठन के नेताओं के साथ हुई बैठक के दौरान मंजूर की गई मांगों की लागु करवाने तक दिन रात जारी रहेगा। इन मांगों में गुलाबी सुंडी, किटनाशक दवाइयां से या भारी बारिश के कारण कई जिलों में तबाह हुए नरमे और फसलों सहित खराब क्षतिग्रसत मकानों का पूरा मुआवजा किसानों और मज़दूरों में बांटना शामिल है। साथ ही वायरल रोग से पूरी तरह नष्ट हो चुकी ग्वाररी, मूंगफली और धान की फसल को तत्काल विशेष निगरानी में लिया जाए और औसत उपज के बराबर पूरा मुआवजा दिया जाए। प्रदूषण का गढ़ बन चुकी जीरा के पास शराब की फैक्ट्री को तत्काल बंद किया जाए।

  • दिवाली से पहले सोने की कीमत में भारी गिरावट

    दिवाली से पहले सोने की कीमत में भारी गिरावट

    नई दिल्लीः भारत में इन दिनों त्योहारों का सीजन चल रहा है और अगले 20 दिन में हिंदू धर्म का सबसे बड़ा त्योहार दिवाली मनाया जाएगा। दिवाली के अवसर पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है, बता दें कि त्योहार से पहले सोने-चांदी की कीमतों में उतार चढ़ाव का दौर लगातार जारी है। आज भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को 999 प्योरिटी वाले दस ग्राम सोने की कीमत 51,317 रुपये हो गई है। इस तरह 999 प्योरिटी वाला 10 ग्राम सोना, 448 रुपये सस्ता हो गया है।

    वहीं 999 प्योरिटी वाली एक किलो चांदी की कीमत 58 हजार से करीब आ गई है। इसके अलावा चांदी 2,121 रुपए की भारी गिरावट लेकर 59,725 प्रति किलोग्राम पर आ गई, जो पहले 61,846 प्रति किलो पर थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,683.05 डॉलर प्रति औंस तथा चांदी भी नुकसान के साथ 19.74 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

    वहीं, अगर सोने के उच्चतम दाम की बात करें तो मार्च में सोने का दाम 56,000 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था। सोने के उच्चतम दाम और आज के भाव पर गौर करें तो कीमत में लगभग 4375 रुपए का अंतर है। तो ये कहा जा सकता है कि दिवाली के मौके पर सोना खरीदना आपके बेहद लाभ दायक हो सकता है।

  • पंजाबः फर्जी एनकाउंटर मामले में अकाली नेता सहित 2 पुलिस कर्मचारियों को उम्र कैद

    पंजाबः फर्जी एनकाउंटर मामले में अकाली नेता सहित 2 पुलिस कर्मचारियों को उम्र कैद

    लुधियानाः जिलें से बड़ी ख़बर सामने आई है। जमालपुर इलाके की आहलुवालिया कॉलोनी में 2014 में 2 भाइयों की हत्या के मामले में लुधियाना कोर्ट में आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई है। बता दें कि इस हत्या को पुलिस ने एनकाउंटर दिखाने की कोशिश की थी। लेकिन अब यह एनकाउंटर फर्जी साबित हो गया है। इस मामले में आज लुधियाना कोर्ट ने अकाली नेता समेत 2 पुलिस कर्मचारियों को उम्र कैद की सजा सुनाई  हैं। सितंबर 2014 में 2 सगे भाइयों की हत्या मामले में एडिशनल सेशन जज राजकुमार की अदालत ने अकाली नेता और दो पुलिस मुलाजिमों को दोषी करार दिया था, जबकि एक व्यक्ति को बरी कर दिया गया है।

    तीनों को हत्या, आर्म्स एक्ट और साजिश रचने का दोषी पाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, जमालपुर की आहलुवालिया कॉलोनी में सितंबर 2014 में माछीवाड़ा के बोहापुर गांव के रहने वाले 2 सगे भाइयों हरिंदर सिंह (23) और जतिंदर सिंह (25) को खन्ना पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर में मार दिया था। केस में अदालत ने अकाली नेता गुरजीत सिंह, कांस्टेबल यादविंदर सिंह और होमगार्ड जवान अजीत को दोषी करार दिया है। होमगार्ड जवान बलदेव सिंह को बरी किया है। आरोपियों अदालत ने जुर्माना भी लगाया है।

    बता दें कि बड़े-बड़े आरोपियों को पकड़ने के दावे करने वाली पंजाब पुलिस से एसएचओ और उसका रीडर आज तक पकड़ा नहीं जा रहा। मामले में आरोपी उस समय का एसएचओ मनजिंदर सिंह और उसका रीडर कांस्टेबल सुखबीर सिंह 7 साल से फरार हैं। बता दें कि दोनों भाइयों के पोस्टमॉर्टम में पता चला था कि गोलियां बहुत करीब से चली हैं। कहीं कोई एनकाउंटर वाली बात सामने नहीं आई थी। अधिकतर गोलियां शरीर के आरपार निकल गई थीं। सिविल अस्पताल में उस समय तैनात डॉ. सुरेश कौशल, डॉ. जसबीर कौर और डॉ. सीमा चोपड़ा ने जतिंदर और हरिंदर के शवों का पोस्टमॉर्टम किया था।

    पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आया था कि हरिंदर को 3 गोलियां लगी थीं। दाईं ओर से चलाई एक गोली हरिंदर के शरीर के आर-पार हो गई थी, जबकि सीने पर चलाई गई गोली शरीर में ही धंसी रह गई। हरिंदर पर चलाई गई गोलियों में से एक उसकी बाजू में धंसी मिली। रिपोर्ट के अनुसार, जतिंदर को बहुत करीब से दो गोलियां मारी गईं। एक गोली सिर में मारी गई, जो गर्दन से पार निकल गई।

  • पंजाबः होटल में जुआ खेलते हुए 6 लोग गिरफ्तार

    पंजाबः होटल में जुआ खेलते हुए 6 लोग गिरफ्तार

    लुधियानाः जिलें के ब्राउन रोड स्थित होटल में जुआ खेल रहे 6 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना डिवीजन नंबर-3 के एएसआई परमजीत सिंह ने जुआ खेल रहे लोगों के कब्जे से 39,400 रुपये की नगदी और ताश की डिब्बी बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है। आरोपियों की पहचान दशमेश नगर निवासी निरंजन सिंह, दुगरी रोड निवासी मदन लाल, दुगरी निवासी मदन गोपाल, अरविंदर सिंह, किचलू नगर निवासी हरीश कुमार तथा विश्वकर्मा कालोनी निवासी रमेश के रूप में हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपियों ने ब्राउन रोड स्थित होटल ब्राउन में खाना खाने के नाम पर एक कमरा बुक करा रखा है। मगर उस कमरे में खाना खाने की बजाय वो लोग ताश पर पैसे लगा कर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर वहां दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।