Blog

  • Punjab News: विदेश भेजने के नाम 44 लाख ठगने के मामले में पीड़ित का आया बयान, ट्रैवल एजेंट पर लगाए आरोप, देखें वीडियो

    Punjab News: विदेश भेजने के नाम 44 लाख ठगने के मामले में पीड़ित का आया बयान, ट्रैवल एजेंट पर लगाए आरोप, देखें वीडियो

    कपूरथलाः अमेरिका भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में आज पीड़ित पक्ष की ओर से सुल्तानपुर लोधी में प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस दौरान पीड़ित जगतार सिंह निवासी गांव जैनपुर ने ट्रेवल एजेंट पर गंभीर आरोप लगाए।

    पीड़ित ने बताया कि उसका रिश्तेदारी में साढ़ू लगने वाला जोगा सिंह निवासी गांव मसीतां, जो ट्रेवल एजेंट का काम करता है, ने उसे सीधी फ्लाइट से अमेरिका भेजने का भरोसा दिलाया था। जुलाई 2024 में करीब 50 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में उसने आरोपी और उसके साथी जगजीत सिंह भुल्लर निवासी जालंधर को करीब 44 लाख रुपये अदा कर दिए।

    पीड़ित ने आरोप लगाया कि सीधी फ्लाइट के बजाय उसे डंकी रूट के जरिए फ्रांस, स्पेन और इसल्वाडोर होते हुए आगे भेजा गया। वहां से उसे जबरन मैक्सिको बॉर्डर के रास्ते अमेरिका में दाखिल करवाने की कोशिश की गई, जहां अमेरिकन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वह करीब 7 महीने जेल (कैंप) में रहा और 18 जुलाई 2025 को उसे अमेरिका से भारत डिपोर्ट कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि भारत लौटने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी पक्ष ने पहले टालमटोल की और बाद में पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया, साथ ही कथित तौर पर उसे धमकियां भी दी गईं। पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

    वहीं, जिस जोगा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, उन्होंने मीडिया के माध्यम से सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और झूठा करार दिया है। आरोपी पक्ष का कहना है कि उन्हें गलत तरीके से फंसाया जा रहा है और इस मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं है। उनका दावा है कि जब पूरा मामला अदालत के समक्ष जाएगा, तो सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।

    उधर, पुलिस ने थाना सुल्तानपुर लोधी में बीएनएस-13 और पंजाब ट्रेवल प्रोफेशनल्स रेगुलेशन एक्ट 2014 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

  • Punjab News: कार और बस की टक्कर में 4 की मौत पर घायल का आया बयान, किया ये खुलासा, देखें वीडियो

    Punjab News: कार और बस की टक्कर में 4 की मौत पर घायल का आया बयान, किया ये खुलासा, देखें वीडियो

    होशियारपुरः शहर में तड़कसार हुए भयानक सड़क हादसे में 4 की मौत और एक अन्य घायल हो गया था। बताया जा रहा था कि मृतक अपने किसी रिश्तेदार को अमृतसर एयरपोर्ट पर छोड़ने जा रहे थे कि यह हादसा हो गया।

    वहीं अब इस मामले में घायल का बयान सामने आया है जिसकी पहचान अमित ढढवाल के रूप में हुई है। उसने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गांव झलेट के रहने वाले हैं। जब वे कार नंबर hp72B 6869 में अमृतसर एयरपोर्ट जा रहे थे, जिसमें सुखविंदर सिंह (45) पुत्र हरनाम सिंह, सुशील कुमार (46) पुत्र देसराज, बृज कुमार (38) पुत्र महेंद्र कुमार, अरुण कुमार (45) पुत्र गुरपाल सिंह, निवासी गांव चलेट (दौलतपुर, हिमाचल प्रदेश) मौजूद थे। इस दौरान कार को उनका चाचा चला रहा था जिसमें 4 की मौत हो गई।

    घायल अमित ने बताया कि सभी उनके रिश्तेदार थे और उसे एयरपोर्ट पर छोड़ने जा रहे थे। जब वह अड्डा दुसड़का पहुंचे तो दसूहा से होशियारपुर जा रही रोडवेज बस से उनकी जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें उनके 4 रिश्तेदारों की मौत हो गई। आज अमृतसर से उनकी फ्लाइट थी। उन्होंने बताया कि उन्हें घटना का कुछ ज्यादा पता नहीं चला, क्योंकि वह नींद में थे, लेकिन धुंध बहुत ज्यादा थी। वहीं अभी वह अच्छे से बोलने की हालत में भी नहीं हैं।

  • Punjab News: Sanjay Fish Corner सहित 2 ढाबों पर एक्साइज विभाग की दबिश, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

    Punjab News: Sanjay Fish Corner सहित 2 ढाबों पर एक्साइज विभाग की दबिश, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

    मोहालीः एक्साइज विभाग की टीम द्वारा खरड़ के हॉस्पिटल रोड पर औचक छापेमारी कर जांच करने का मामला सामने आया है। इस दौरान हॉस्पिटल रोड स्थित 2 ढाबों पर बिना किसी वैध लाइसेंस के ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। मौके से विभिन्न ब्रांड की शराब की कई बोतलें बरामद की गईं, जिन्हें एक्साइज विभाग ने कब्जे में ले लिया है।

    जानकारी देते एक्साइज डिपार्टमेंट के इंस्पेक्टर ने बताया कि वह कमिशन, एडिशनल कमिशन और डिप्टी कमिशन के निर्देशों पर लगातार जांच कर रहे हैं और अवैध रूप से ढाबों पर शराब परोसने वालों पर कार्रवाई कर रहे हैं। इसी कड़ी के तहत हॉस्पिटल रोड पर स्थित संजय फिश कॉर्नर और इसी के साथ अन्य फिश कॉर्नर पर विभाग ने छापेमारी की। वहां पर बिना लाइसेंस शराब परोसी जा रही थी जो कि कानूनन अपराध है जिसके चलते विभाग ने शराब की बोतले जब्त की गई। उन्होंने बताया कि ढाबों पर बिना लाइसैंस शराब बेचना अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से ढाबा संचालकों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

    विभागीय अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की चेकिंग लगातार जारी रहेगी ताकि अवैध शराब की बिक्री और सेवन पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि इस तरह के अवैध ढाबों पर शराब का सेवन न किया जाए।

  • Jalandhar News: SDM Office के चौकीदार का 2 युवकों ने किया अपहरण, बेरहमी से की मारपीट

    Jalandhar News: SDM Office के चौकीदार का 2 युवकों ने किया अपहरण, बेरहमी से की मारपीट

    जालंधर, ENS: डिप्टी कमिश्नर कार्यालय स्थित एसडीएम दफ्तर जालंधर-1 में तैनात चौकीदार को किडनैप करके युवकों ने बेरहमी से मारपीट की। घायल चौकीदार की पहचान आनंद किशोर के रूप में हुई है। आनंद ने बताया कि 2 युवक बहाने से उसे अपने साथ ले गए और चहेडू पुल के पास उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर अधमरा हालत में छोड़ गए।

    डीसी ऑफिस क्लास फोर इम्प्लाइज यूनियन के प्रधान अमरजीत सिंह ने बताया कि आनंद किशोर रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर तैनात था। देर रात 2 युवक उसके पास आए और उसके बेटे के एक्सीडेंट होने का बहाना बनाकर उसे साथले गए। इसके बाद आरोपियों ने उसे अगवा कर चहेडू पुल के पास ले जाकर बुरी तरह पीटा और बेहोश हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गए।

    अमरजीत ने बताया कि आनंद किशोर पूरी रात वहीं बेहोश पड़ा रहा। सुबह एक राहगीर ने उसे देखा और उसके घर सूचना दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य उसे तुरंत जालंधर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में घटना फगवाड़ा क्षेत्र में होने के कारण उसे फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में रैफर कर दिया गया।

    अमरजीत सिंह ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ इस तरह की वारदात बेहद गंभीर है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर प्रभजोत, विशाल गिल, सुनीता, प्रेमलता, सीमा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

  • Punjab News: दोस्त को एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे युवकों की कार बस से टकराई, 4 की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: दोस्त को एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे युवकों की कार बस से टकराई, 4 की मौत, देखें वीडियो

    होशियारपुरः शहर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। आज सुबह होशियारपुर के टाउन रोड के पास एक i20 कार और पंजाब रोडवेज की बस के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि i20 कार में सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी मृतकों और घायल को सिविल हॉस्पिटल होशियारपुर लाया गया है।

    जानकारी के मुताबिक, i20 कार में कुल 5 युवक सवार थे। ये सभी हिमाचल प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं और अपने एक दोस्त को एयरपोर्ट से लेने जा रहे थे। इसी दौरान टाउन रोड के पास सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उसमें बैठे 4 युवकों की जान नहीं बच सकी।

    हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज सिविल हॉस्पिटल होशियारपुर में जारी है।

    फिलहाल पुलिस ने बस चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं बताया जा रहा है कि धुंध के कारण हादसा हो सकता है, क्योंकि आज रोड पर धुंध बहुत ज्यादा थी।

  • भतीजी ने Boyfriend संग मिलकर चाचा के घर की लूट, 4 किलो सोना और 15 लाख कैश चुराए

    भतीजी ने Boyfriend संग मिलकर चाचा के घर की लूट, 4 किलो सोना और 15 लाख कैश चुराए

    जशपुरः जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां, भतीजी ने चाचा के घर ही चोरी की घटना को अंजाम दिया और 4 किलो सोना और 15 लाख कैश चुरा लिए। बाद में आरटीओ की भतीजी ने बॉयफ्रेंड के साथ ऐय्याशी की। आरटीओ की भतीजी ने जो कुछ बताया और खुलासा किया वह काफी चौंकाने वाला है।

    जानकारी मुताबिक, DTO विजय कुमार की पत्नी सुषमा निकुंज (52) ने नारायणपुर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को बताया कि उनका पुराना पैतृक घर केराडीह में है, जबकि वे वर्तमान में पति और भतीजे के साथ जशपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के शासकीय क्वार्टर में रहती हैं। सुषमा निकुंज ने बताया कि जब वे अपने पुराने घर पहुंचीं। मुख्य दरवाजा खोला, तो अंदर के कमरे का कुंडा टूटा हुआ था। दीवान में रखी अटैची से करीब 15 लाख रुपए कैश, सोने का सिक्का और जेवरात गायब थे। इनकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई।

    जांच के दौरान पता चला कि कुछ दिन पहले ही DTO विजय कुमार की भतीजी मीनल निकुंज घर की साफ-सफाई के लिए वहां आई थी। मीनल निकुंज 2024 से जशपुर में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। FIR की खबर लगते ही मीनल निकुंज अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के साथ फरार हो गई थी।

    DTO विजय कुमार की पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस लगातार मीनल निकुंज को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी बीच पता चला कि मीनल निकुंज अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के साथ झारखंड के रांची में एक होटल में ठहरी हुई। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस ने मीनल और अनिल को होटल से गिरफ्तार किया।

    मामले का भतीजी द्वारा खुलासा करने के बाद जांच एजेंसियों का काम भी बढ़ गया है कि आखिर डीटीओ चाचा के पास इतने पैसे आए कहा से। पुलिस तो अपनी जांच करेगी, अब राज्य जांच एजेंसियों भी इसमें शामिल हो जाएंगी।

  • Jalandhar News: धार्मिक बोर्ड फाड़ने के मामले में श्याम आर्ट्स का मालिक गिरफ्तार

    Jalandhar News: धार्मिक बोर्ड फाड़ने के मामले में श्याम आर्ट्स का मालिक गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: दोमोरिया पुलिस के पास धार्मिक बोर्ड काटने के मामले में पुलिस ने मिलाप चौक के नजदीक स्थित श्याम आर्ट्स के मालिक विशाल को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने बोर्ज काटते हुए पकड़े कारिंदे की गिरफ्तारी डाल कर उसे जेल भेज दिया था। 25 दिसंबर को गुरुद्वारा श्री दीवान अस्थान सैंट्रल टाऊन के जनरल सैक्रेटरी गुरमीत सिंह ने थाना तीन की पुलिस को शिकायत दी थी कि उन्हें गुरुद्वारा साहिब के सेवादार से पता लगा था कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को लेकर शहर में गुरुद्वारा कमेटी की तरफ से जो धार्मिक बोर्ड लगवाए गए थे।

    उन्हें एक युवक दोमोरिया पुल के पास कटर से काट रहा है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को कटर समेत काबू कर लिया। पूछताछ में युवक ने कहा था कि वह श्याम आर्ट्स के यहां नौकरी करता है और उसके मालिक विशाल पुत्र श्याम कुमार निवासी मिलाप चौक हाल निवासी दयोल नगर ने बोर्ड काट कर उतारने को बोला था।

    वहीं संगतों ने धार्मिक बोर्ड फाड़ने को लेकर थाना तीन में रोष जताया तो पुलिस ने तुरंत बोर्ड काटते पकड़े गए प्रदीप कुमार और उसके मालिक विशाल कुमार उर्फ सोनू के खिलाफ केस दर्ज करके प्रदीप की गिरफ्तारी दिखा थी जबकि विशाल कुमार फरार हो गया था। वीरवार को गुप्त सूचना के आधार पर थाना 3 की पुलिस ने विशाल को भी गिरफ्तार कर लिया।

  • Jalandhar News: PPR Market में रिपब्लिक हुक्का बार में रेड, 2 गिरफ्तार

    Jalandhar News: PPR Market में रिपब्लिक हुक्का बार में रेड, 2 गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: शराब परोसने को लेकर पीपीआर मार्केट अक्सर विवादों में रहती है। हालांकि पुलिस द्वारा यहां पर रेड की जाती है, लेकिन फिर भी कुछ दुकानदार शराब और हुक्का परोसने से बाज नहीं आ रहे। यही कारण है कि थाना 7 की पुलिस ने पी.पी.आर. मार्किट में रिपब्लिक हुक्का बार में रेड की।

    पुलिस ने रेड के दौरान बार से दो लोगों को काबू किया है। उक्त बार एक नेता ने अपने दामाद को खुलवा रखा था। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि पी.पी.आर. मार्कीट में रैस्टोरेंट की आड़ में रिपब्लिक बार में हुक्का परोसा जा रहा है। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए रेड की और मालिक समेत 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

    मौके से हुक्के, शराब की बोतलें और अन्य सामान बरामद हुआ है। थाना सात के प्रभारी का कहना है कि देर रात जांच चल रही है। एफ.आई.आर. दर्ज करके सभी तथ्य सामने लाएंगे। बताया जा रहा है कि एक नेता ने अपने दामाद को हुक्का बार खुलवा रखवा था।

  • आज का राशिफल, 10 जनवरी 2026

    आज का राशिफल, 10 जनवरी 2026

    आज का राशिफल ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है, जिसमें ग्रह-नक्षत्रों की चाल के अनुसार सभी 12 राशियों के दिनभर के योग बताए गए हैं। 9 जनवरी 2026 का दिन कुछ राशियों के लिए सफलता और उन्नति लेकर आया है, तो कुछ को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। करियर, आर्थिक स्थिति, स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और निर्णयों के लिहाज से आज का दिन कैसा रहेगा, यह जानना आपके लिए उपयोगी हो सकता है। सही समय पर लिया गया निर्णय लाभ दिला सकता है, वहीं जल्दबाजी नुकसान का कारण बन सकती है।

    मेष – आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आपके अंदर नए विचारों का समावेश होगा। आज जो भी कार्य आप करेंगे, उसमें सफलता प्राप्त होगी। आज आपके कार्य करने का तरीका काफी बदला हुआ होगा। लोग आपके इस बदलाव से आश्चर्यचकित होंगे। आज लोग आपके व्यवहार से आपके प्रति आकर्षित होंगे। कार्यक्षेत्र के लिए आज का दिन अच्छा है।

    वृषभ – आज का दिन आपके लिए अच्छा है। आप किसी धार्मिक यात्रा पर जा सकते हैं। किसी कार्य विशेष की सिद्धि के लिए आज का दिन उत्तम है। जिस कार्य के लिए आप लंबे समय से परिश्रम कर रहे थे, वह आज सफल होगा। मन प्रसन्न रहेगा और नई ऊर्जा का अनुभव करेंगे। कार्यक्षेत्र में उन्नति रहेगी। नए लोगों से मुलाकात होगी।

    मिथुन – आज का दिन सामान्यतः ठीक-ठाक रहेगा। कार्यक्षेत्र में चल रही उलझन खत्म होगी। मानसिक रूप से कुछ परेशान रह सकते हैं। किसी विषय को लेकर मन में द्वंद्व रहेगा। आवेश में आकर कोई निर्णय न लें, नुकसान हो सकता है। व्यवहार कुशलता लाभ दिला सकती है। कार्यक्षेत्र के लिए दिन बहुत अच्छा नहीं है।

    कर्क – आज आप कुछ नई उलझनों में फंस सकते हैं। कार्यक्षेत्र में उन्नति को देखकर विरोधी परेशानी खड़ी कर सकते हैं। हालांकि सूझबूझ से स्थितियों को संभाल लेंगे। कार्यक्षेत्र में स्थिति ठीक रहेगी। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी। परिवार का सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी का साथ मिलेगा।

    सिंह – आज आप नई योजनाओं के साथ नई शुरुआत कर सकते हैं। कार्यक्षेत्र में बड़े बदलाव संभव हैं। आपके निर्णय सफल रहेंगे। निवेश के लिए अच्छा समय है। पार्टनरशिप से अपेक्षित लाभ नहीं मिलेगा। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी। किसी को आर्थिक मदद करनी पड़ सकती है।

    कन्या – आज का दिन सामान्य रहेगा। पारिवारिक मामलों को लेकर कुछ चिंता हो सकती है। पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद की संभावना है। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य रहेगी। आर्थिक रूप से दिन कमजोर है। अनावश्यक खर्चों से बचें। उधार धन न दें। व्यापार में परिवर्तन या नई पार्टनरशिप न करें।

    तुला – आज का दिन अच्छा है। आपके निर्णय बड़ी सफलता दिला सकते हैं। किसी बड़ी पार्टनरशिप में भागीदारी हो सकती है। जीवनसाथी के साथ लंबी यात्रा के योग हैं। परिवार के साथ समय अच्छा बीतेगा। नए कार्य की शुरुआत कर सकते हैं। दिन सफलता से भरा रहेगा।

    वृश्चिक – आज का दिन शानदार है। नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों से दूरी बनाएं। ऐसे लोग नुकसान पहुंचा सकते हैं। अपनी गोपनीय बातें किसी से साझा न करें। वाणी पर संयम रखें। दिन कुल मिलाकर अच्छा रहेगा।

    धनु – आज का दिन अच्छा है। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से आप या परिवार चिंतित रह सकता है। कार्यक्षेत्र में स्थिति मजबूत रहेगी। आर्थिक लाभ के योग हैं। प्रॉपर्टी से जुड़ा लाभ मिल सकता है। परिचितों के साथ समय बीतेगा। घर में मेहमान आ सकते हैं। व्यापार में स्थिति अच्छी है। नया प्रयोग कर सकते हैं।

    मकर – आज का दिन ज्यादा अच्छा नहीं कहा जा सकता। मौसम के कारण स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य रहेगी। आर्थिक रूप से सहयोग की आवश्यकता पड़ सकती है। फिजूलखर्ची से बचें। नए कार्य की योजना फिलहाल स्थगित रखें।

    कुंभ – आज का दिन अच्छा है। कार्यक्षेत्र में सम्मान और सराहना मिलेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। परिवार और बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेंगे। जीवनसाथी के साथ समय अच्छा बीतेगा। निर्णय लाभकारी सिद्ध होंगे।

    मीन – आज का दिन उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। आर्थिक परेशानी के कारण मित्रों या रिश्तेदारों से मदद लेनी पड़ सकती है। वाहन चलाते समय सावधानी रखें। प्रॉपर्टी से जुड़े काम के लिए यात्रा हो सकती है। तनाव महसूस होगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दिन सामान्य रहेगा।

  • Toll Tax बचाने के चक्कर में बड़ा हादसा, तालाब में गिरी कार, युवक की मौत, देखें वीडियो

    Toll Tax बचाने के चक्कर में बड़ा हादसा, तालाब में गिरी कार, युवक की मौत, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ से लौट रहे थे भाई-बहन, हादसे में बहन भी घायल

    यमुनानगर। जिले में टोल टैक्स बचाने की कोशिश एक परिवार के लिए भारी पड़ गई। मिल्क माजरा टोल प्लाजा के पास शॉर्टकट रास्ते से गुजरते समय एक कार तालाब में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।

    जांच अधिकारी ने बताया कि यह हादसा गांव कानड़ी खुर्द के पास हुआ। ग्रे रंग की टोयोटा टाइजर कार में प्रोफेसर कॉलोनी यमुनानगर के सगे भाई-बहन सवार थे। दोनों चंडीगढ़ से परीक्षा देकर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर 100 रुपये का टोल टैक्स बचाने के लिए युवक ने गांव की ओर जाने वाला शॉर्टकट रास्ता चुन लिया। रास्ता संकरा होने के कारण सामने से आ रही एक गाड़ी से बचने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे तालाब में जा गिरी। कार पलट गई और पानी में डूबने लगी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला गया। शीशे तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया और तुरंत सिविल अस्पताल जगाधरी ले जाया गया। वहीं कार चालक युवक को बचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही। गंभीर रूप से घायल युवक को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि बहन का इलाज जारी है।

    मृतक की पहचान हिमांशु पुत्र कृष्ण लाल के रूप में हुई है जो की यमुनानगर की प्रोफेसर कॉलोनी का बताया जा रहा है, वह चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। वह अपनी बहन तान्या को चंडीगढ़ के डकौली में परीक्षा दिलवाने गया था। 15 दिन पहले ही नई कार ली थी। आज उसने कहा कि वह खुद बहन को एग्जाम दिलवाने जाएगा। अगर टोल का रास्ता लिया होता तो आज ये युवक जिंदा होता। बताया जा रहा है कि हादसे में तान्या के मुंह पर गंभीर चोट आई है और उसके आगे के दांत टूट गए हैं।