Blog

  • आम बजट को लेकर सीएम नायब सिंह सैनी ने उद्योग प्रतिनिधियों से की चर्चा

    आम बजट को लेकर सीएम नायब सिंह सैनी ने उद्योग प्रतिनिधियों से की चर्चा

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश का आगामी बजट हर नागरिक की खुशहाली और हर वर्ग के कल्याण को समर्पित होगा। इस बजट निर्माण की प्रक्रिया को बंद कमरों तक सीमित न रखकर सरकार द्वारा सभी हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है ताकि एक सर्व समाज के कल्याण में एक हितकारी बजट पेश किया जा सके। बजट पूर्व परामर्श बैठकों के क्रम में मुख्यमंत्री शुक्रवार को फरीदाबाद के सूरजकुंड में उद्योग एवं विनिर्माण क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राजा नाहर सिंह के बलिदान दिवस पर उनको शत-शत नमन किया। उन्होंने कहा कि यह फरीदाबाद के लिए गौरव की बात है, जो इस धरती पर राजा नाहर सिंह का जन्म हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में तेज गति से उद्योगों का विकास हो रहा है। आए दिन बड़ी-बड़ी औद्योगिक इकाईयां हरियाणा में आ रही है। ऐसे में प्रदेश सरकार एक बेहतर औद्योगिक इकोसिस्टम बनाने के लिए नई-नई नीतियां बना रही है। हरियाणा के औद्योगिक विकास के लिए बजट प्रावधानों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश सरकार ने आगामी बजट के लिए यह लक्ष्य रखा है कि यह बजट अधिक से अधिक उद्योगों के अनुकूल हो ताकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले व 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पूरा हो। उन्होंने कहा कि इस मंच पर एकत्र होने का उद्देश्य सहभागी लोकतंत्र और सहभागी शासन की भावना को साकार करना है ताकि प्रदेश के विकास को और गति से आगे बढ़ा सके।

    बीते वर्ष भी बजट पूर्व परामर्श बैठक के 71 सुझावों की बजट में की गई थी घोषणा

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने बीते वर्ष भी बजट पूर्व परामर्श बैठकों का आयोजन किया था, जिसमें विस्तृत और सार्थक विचार-विमर्श हुआ था और 71 सुझावों को हमने सीधे बजट का हिस्सा बनाया था। उन्होंने कहा कि उद्योग एवं श्रम विभाग हरियाणा की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इसी को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2025-26 में इस विभाग के लिए लगभग 1 हजार 951 करोड़ 43 लाख रुपये का प्रावधान किया गया। इसमें से अब तक 873 करोड़ 51 लाख रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है।

    सरकार ने उद्योगों के दृष्टिगत अनेक दूरगामी निर्णय लिए

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने उद्योगों के दृष्टिगत अनेक दूरगामी निर्णय लिए हैं, जिसमें अनधिकृत कॉलोनियों का नियमितीकरण, औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि आवंटन की प्रक्रियाओं को सरल बनाना, नए इन्क्यूबेशन सेंटरों की स्थापना, टेक्सटाइल नीति का विस्तार, पद्मा नीति के अंतर्गत परियोजनाओं की स्वीकृति तथा जीरो वेस्ट और जीरो वॉटर वेस्टेज की दिशा में औद्योगिक क्षेत्रों में ई.टी.पी. प्लांट्स की स्थापना जैसे निर्णय शामिल हैं। इन उपलब्धियों के पीछे आप सभी के बहुमूल्य सुझाव, आपकी समझ और विभागीय समन्वय की बड़ी भूमिका रही है।

    औद्योगिक विकास के लिए बजट में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी

    औद्योगिक विकास के लिए बजट में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। हमारा पूरा प्रयास है कि आगामी बजट रोजगार, निवेश, नवाचार और आत्मनिर्भरता का मजबूत करने वाला बजट हो। उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि प्रदेश में औद्योगिक विकास, व्यापारिक सुगमता और निवेश प्रोत्साहन के लिए बजट प्रावधानों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने बजट से जुड़े सभी हितधारकों से आह्वान किया कि वे अपने बहुमूल्य सुझाव एआई चैटबॉट पर दें ताकि बेहतरीन सुझावों को इस बजट में शामिल किया जा सके।

    देश और हरियाणा को विकसित बनाने का संकल्प लें

    मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 में भारत को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। हम सभी इस दिशा में सामूहिक प्रयास करे और देश व हरियाणा को विकसित बनाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग दो रास्ते नहीं बल्कि दो पहिए हैं, जो विकसित भारत और विकसित हरियाणा बनाने का सपना पूरा करेंगे। आज भी फरीदाबाद और पलवल क्षेत्र में विकास की भारी संभावना है, नया आईएमटी बनाने के लिए भूमि खरीदने के लिए ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से सुलहेड़ा, बागपुर, हसनपुर, मोहना और छायंसा गांवों में प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं वर्किंग लेबर के कल्याण के लिए लेबर हाउसिंग की जगह फाइनल कर दी है। इसकी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। सरकार डिफेंस कॉरिडोर पर भी विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में औद्योगीकरण की शुरुआत फरीदाबाद से हुई, यहां मैन्युफैक्चरिंग का एक बेहतर इकोसिस्टम है। इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राज्य मंत्री राजेश नागर, बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, विधायक सतीश फागना, नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, एमडी एचएसआईआईडीसी डॉ. आदित्य दहिया, महानिदेशक, हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान व ओएसडी राज नेहरू, महिला आयोग व लघु उद्योग भारती की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रेणु भाटिया मौजूद रहे।
  • Punjab News: ADA ने अनाधिकृत कालोनियों पर चलाया पीला पंजा, जारी किए सख्त निर्देश

    Punjab News: ADA ने अनाधिकृत कालोनियों पर चलाया पीला पंजा, जारी किए सख्त निर्देश

    अमृतसरः जिले में टाउन प्लानर (रेगुलेटरी) गुरसेवक सिंह औलख की अगुआई में थाना एयरपोर्ट और राजासांसी के पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में रेगुलेटरी विंग की टीम ने अमृतसर–अजनाला नेशनल हाइवे पर स्थित गांव हेर और गांव दालम में 2 अवैध रूप से विकसित की जा रही कालोनियों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि गांव दालम में कालोनाइजर द्वारा एक प्रस्तावित ले-आउट प्लान मंजूरी के लिए अप्लाई किया गया था, लेकिन मौके पर मंजूर रकबे से कहीं अधिक जमीन पर अवैध विकास किया जा रहा था।

    इसलिए नियम विरुद्ध चल रहे विकास कार्य को गिरा दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार रेगुलेटरी विंग की ओर से भविष्य के विकास को नियंत्रित करने और सरकार की हिदायतों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पापरा एक्ट 1995 के तहत पहले नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस के बावजूद दोनों स्थानों पर कालोनाइजर बिना पुड्डा और अन्य विभागों की मंजूरी के निर्माण कार्य जारी रख रहे थे।

    यही वजह रही कि काम रुकवाने के साथ-साथ डेमोलिशन की कार्रवाई करनी पड़ी। विंग ने स्पष्ट किया कि पापरा एक्ट-1995 के अमेंडमेंट 2024 के अनुसार बिना मंजूरी कॉलोनी विकसित करने वालों को 5 से 10 साल की जेल और 25 लाख से 5 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसी आधार पर पुलिस विभाग को भी संबंधित कॉलोनाइजर और जमीन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जा रहा है। अब तक अमृतसर में 46 अवैध कॉलोनियों को गिराया जा चुका है जबकि 34 कॉलोनाइजर और बिल्डरों के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

    साथ ही तहसीलदार को बिना अनुमति वाली कॉलोनियों में प्लॉट की रजिस्ट्री पर रोक लगाने और पीएसपीसीएल को बिजली कनेक्शन जारी न करने के निर्देश जारी किए गए हैं। रेगुलेटरी विंग ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्लॉट की खरीद से पहले पुड्डा की मंजूरी अवश्य जांच लें और एडीए की वेबसाइट पर उपलब्ध अवैध कॉलोनियों की सूची देखकर ही निवेश का फैसला करें, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और परेशानी से बचा जा सके। साथ ही किसी भी तरह का नया निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमतियां लेने की सलाह दी गई है।

     

  • गरीब परिवारों को मिलेगा पक्का मकान, मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया ऐलान

    गरीब परिवारों को मिलेगा पक्का मकान, मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया ऐलान

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां पंचायती राज विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के उन पात्र गरीब परिवारों को पक्के मकान की सुविधा उपलब्ध करवाएगी, जो अभी भी कच्चे मकानों में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित आवास केवल एक बुनियादी आवश्यकता ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक अधिकार है और सरकार इसे सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है।

    ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायती राज विभाग को सुदृढ़ करने के लिए रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरेगी। पंचायतों में कनिष्ठ अभियन्ताओं के पद भी भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार सामाजिक अधिकारिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। समाज के वंचित, उपेक्षित और क़मजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से कार्यान्वित की जा रही हैं।

    ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल मकान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग़रीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन स्तर उपलब्ध करवाना है। मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल और आजीविका के अवसरों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता जनहित है और समाज में पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही ‘व्यवस्था परिवर्तन’ की मूल भावना है।

    इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवीनीकरण, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, सचिव पंचायती राज सी. पालरासु, निदेशक पंचायती राज राघव शर्मा और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • Punjab News: पुलिस और गैंगस्टर में चली गोलियां, हथियार सहित आरोपी काबू, देखें वीडियो

    Punjab News: पुलिस और गैंगस्टर में चली गोलियां, हथियार सहित आरोपी काबू, देखें वीडियो

    आरोपियों ने कारोबारी की दुकान के बाहर की थी फायरिंग

    अमृतसरः जंडियाला गुरु इलाके में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच ताबड़तोड़ गोलियां चली। जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी की हुई थी। इस दौरान बाइक सवार नौजवानों को नाके पर पुलिस ने रूकने का इशारा किया। जहां आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर 3 राउंड फायर किए। वहीं पुलिस ने भी आरोपियों पर जवाबी फायरिंग की। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से गैंगस्टर आकाश तेजपाल जख्मी हो गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर काबू कर लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने मौके से एक .30 बोर का पिस्टल और एक .32 बोर का पिस्टल बरामद किया है। एसएसपी सोहेल मीर ने बताया कि दोनों आरोपी सक्रिय अपराधी हैं और पुलिस को उनकी लोकेशन मिलने पर इलाके में विशेष नाकाबंदी की गई थी। शुक्रवार दोपहर दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर इलाके से गुजर रहे थे। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने तुरंत फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों की गोलीबारी में पुलिस पार्टी बाल-बाल बच गई। इसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर नरेश ने निशाना लगाकर आकाश तेजपाल की टांग में गोली मारी, जिससे वह जमीन पर गिर गया और पुलिस ने उसे काबू कर लिया। घटना के दौरान दूसरा आरोपी विशाल दीप सिंह मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में आसपास के इलाकों में छापामार कार्रवाई कर रही है। घायल आकाश को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आकाश तेजपाल और उसका साथी विशाल दीप सिंह 5 जनवरी को जंडियाला गुरु इलाके में एक राहगीर कारोबारी की दुकान के बाहर फायरिंग की वारदात में शामिल थे। आकाश तेजपाल पर लूटपाट, फायरिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों के 5 केस दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी पिछले कई दिनों से वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला रहे थे। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाते हुए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है।    
  • Jalandhar News: 2 दिन के दौरे पर आएंगे CM Mann, अधिकारियों को आदेश जारी

    Jalandhar News: 2 दिन के दौरे पर आएंगे CM Mann, अधिकारियों को आदेश जारी

    जालंधर, ENS: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 2 दिन के लिए जालंधर दौरे पर आ रहे है। जारी आदेशों के अनुसार सीएम मान 10 जनवरी और 11 जनवरी को जालंधर दौरे पर हैं। ऐसे में सीएम मान के जालंधर दौरे को लेकर नगर निगम ने अधिकारियों को आदेश जारी किए गए हैं, पंजाब के सीएम भगवंत मान शनिवार ओर रविवार को जालंधर में रहेंगे। इस बीच जालंधर नगर निगम कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को 2 दिनों तक छुट्टी होने के कारण अपने जिले से बाहर ना जाने के आदेश जारी किए हैं।

  • Punjab News: गैस सिलेंडर में हो रही थी शराब तस्करी, आरोपी गिरफ्तार

    Punjab News: गैस सिलेंडर में हो रही थी शराब तस्करी, आरोपी गिरफ्तार

    लुधियानाः थाना लाडोवाल क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान स्पेशल सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह देहल के नेतृत्व में शराब तस्करी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश सिंह निवासी गांव जातो का वेहड़ा, तहसील सेवड़ा, थाना बाखासर, जिला बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। आरोपी गैस के 6 सिलेंडरों में शराब की पेटियां छिपाकर लेकर जा रहा था। पुलिस ने तालाशी के दौरान गैस सिलेंडरों से शराब की 131 पेटियां बरामद की है।

    मिली जानकारी मुताबिक स्पेशल सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह देहल के नेतृत्व में थाना लाडोवाल क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कैंटर (नंबर GJ 39 T 1951) को रोका गया। जांच के दौरान बिना कागजात के भारी मात्रा में अवैध शराब और अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस टीम को मैकडॉवेल्स नंबर 1 ओरिजिनल व्हिस्की की 74 पेटियां, पंजाब चीयर्स XXX रम की 31 पेटियां, पंजाब चीयर्स XXX रम के 17 पेटी पव्वे, 180 लीटर बिना मार्का की शराब, इंडेन कंपनी के 6 बड़े गैस सिलेंडर बरामद हुए।

    आरोपी के खिलाफ थाना लाडोवाल, लुधियाना में आबकारी एक्ट की धाराओं 61, 78(1), 14 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी एक्ट के तहत 4 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 2 राजस्थान और 2 गुजरात में दर्ज हैं।

  • Punjab News: सरेआम सुनार पर किरपाणों के दर्जन भर नौजवानों ने किया हमला, सोना छीनकर हुए फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: सरेआम सुनार पर किरपाणों के दर्जन भर नौजवानों ने किया हमला, सोना छीनकर हुए फरार, देखें वीडियो

    उधर, ACP अभिनव ने किए चौकाने वाले खुलासे

    अमृतसरः पंजाब में अपराधिक घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती दिख रही हैं। ताज़ा मामला फ्लावर स्कूल के पास दिनदिहाड़े सोना लूटने का सामने आया है। जहां अंतरयामी कॉलोनी के निवासी सुनार मुख्तियार सिंह को फ्लावर स्कूल के पास कुछ अज्ञात हमलावरों ने घेरकर किरपाण से जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने लगभग 425 ग्राम सोना छीनकर लुटेरे फरार हो गए। सोने की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मुख्तियार सिंह सुबह करीब 12 बजे अपने घर से बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुकान की ओर जा रहे थे। इस दौरान पहले से रची गई साजिश के तहत एक कार और मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने उनका पीछा किया। मौके पर करीब 12 से 14 हमलावर किरपाण से लैस थे, जिन्होंने सुनार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में बूटा सिंह को टांगों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल कराया गया है। परिजन और परिचित कह रहे हैं कि पिछले एक महीने से सुनार को फिरौती और धमकी भरे फोन आ रहे थे, जिसकी शिकायत थाना में भी दर्ज करवाई गई थी। मीडिया से बातचीत में प्रदीप सिंह नामक व्यक्ति ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना साफ नजर आ रही है और यह हमला पूरी तरह से योजनाबद्ध था। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी होने की बात कही जा रही है। हालांकि इस मामले में लगातार पुलिस से बातचीत की गई लेकिन उन्होंने अभी बयान देने से इनकार कर दिया। जब अमृतसर के पुलिस कमिश्नर से इस मामले पर बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कहा कि यह मामला पुरानी रंजिश से संबंधित है और वे अभी इसकी जांच कर रहे हैं तथा जांच के बाद मीडिया को अपडेट दिया जाएगा। दूसरी ओर इस मामले को लेकर ACP अभिनव ने किए चौकाने वाला खुलासा किया है। एसीपी ने बताया कि पुरानी रंजिश का मामला है। दरअसल, आज एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें बाइक पर जा रहे मुख्तियार सिंह पर कार सवार नौजवानों ने तेजधार हथियारों के साथ हमला कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्तियार सिंह का अमजीत सिंह और विक्की कंडा के साथ पहले भी विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों में बाजार के कारोबारियों में मिलकर राजीनामा करवा दिया था। आज सुबह मुख्तियार सिंह जब बाइक पर सवार होकर जा रहा था। तभी विक्की और अमरजीत ने साथियों के साथ मिलकर मुख्तियार सिंह की बाइक को हिट किया। बाइक से मुख्तियार सिंह के गिरने पर हमलावारों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में घायल मुख्तियार सिंह का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित के परिजनों के बयानों पर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
  • डोडरा-क्वार सड़क परियोजना को लेकर लोक निर्माण मंत्री ने केंद्र से सहयोग मांगा

    डोडरा-क्वार सड़क परियोजना को लेकर लोक निर्माण मंत्री ने केंद्र से सहयोग मांगा

    शिमला: लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गत सांय नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट की। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री ने डोडरादृक्वार क्षेत्र (लारोटदृकीतरवारी) की तीन लंबित सड़क परियोजनाओं को पीएमजीएसवाई-1 के तहत मंजू़री प्रदान करने का आग्रह किया।

    उन्होंने कहा कि यह योजना अब बंद हो चुकी है, लेकिन डोडरादृक्वार एक दुर्गम क्षेत्र है, जहां भौगोलिक परिस्थितियां बहुत कठिन हैं। इन सड़कों के बनने से वहां रहने वाले ग्रामीण लोगों को सुविधा होगी। लोक निर्माण मंत्री ने केंद्र सरकार से विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए लंबित 76 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र जारी करने का भी आग्रह किया, ताकि निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा सके।

    इसके अलावा, विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल प्रदेश के लिए पीएमजीएसवाई-4 के तहत 294 सड़क प्रस्तावों को मंजूरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों को पहले ही अधिकार प्राप्त समिति द्वारा अनुशंसित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई-4 के तहत बनने वाली सड़कें उन बस्तियों को जोड़ेंगी, जो अभी तक सड़क सुविधा से वंचित हैं। इससे ग्रामीण लोगों का जीवन बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह 294 सड़क परियोजनाएं कुल 1,538 किलोमीटर लंबी हैं और 250 से अधिक बस्तियों सहित सड़क सुविधा से वंचित 429 बस्तियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सड़कों का विशेष महत्त्व है, क्योंकि राज्य की अधिकांश आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है और सड़कों के माध्यम से ही संपर्क और विकास संभव है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोक निर्माण मंत्री को हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्र सरकार द्वारा हर सम्भव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को लंबित राशि जारी करने के निर्देश भी दिए।

  • Punjab News: अस्पताल में महिला की मौत, परिजनों का आरोप ऑपरेशन के दौरान थिएटर की लाइटें हो गई बंद

    Punjab News: अस्पताल में महिला की मौत, परिजनों का आरोप ऑपरेशन के दौरान थिएटर की लाइटें हो गई बंद

    परिजनों ने गांधी चौक पर शव रखकर किया प्रदर्शन

    गुरदासपुरः जिले के बटाला के पास कलावाली गांव की एक महिला की प्रसव के दौरान सरकारी सिविल अस्पताल में मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने अस्पताल के स्टाफ़ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने प्रशासन से इंसाफ़ की मांग करते हुए परिवार ने मृतक का शव बटाला के गांधी चौक पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। परिवार के अनुसार रूपिंदर कौर को 1 जनवरी को प्रसव के लिए कादियों शहर के सरकारी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान अचानक ऑपरेशन थिएटर की लाइटें बंद हो गईं। अस्पताल में जनरेटर की कमी थी, जिसके कारण डॉक्टरों को मोबाइल फोन की रोशनी से प्रसव कराने के लिए मजबूर होना पड़ा। रूपिंदर कौर तब से अस्पताल में भर्ती थीं। परिवार का दावा है कि इस गलत प्रबंध के कारण इलाज में लापरवाही हुई, जिससे महिला को संक्रमण हुआ और उसकी हालत और बिगड़ गई। परिवार ने अस्पताल प्रशासन पर उसे बिगड़ती हालत के बारे में गलत जानकारी देने और सिर्फ ग्लूकोज़ देने का भी आरोप लगाया है। 8 दिनों से अस्पताल में भर्ती महिला देर रात अचानक बिगड़ गई और उसे उच्च स्तरीय अस्पताल में रेफर कर दिया गया। परिवार उसे अमृतसर ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिवार ने मौत के लिए डॉक्टरों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि अगर अस्पताल में ठीक प्रबंध होते तो इस दर्दनाक घटना से बचा जा सकता था। प्रदर्शनकारियों ने शव को बटाला के गांधी चौक पर रख दिया और अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। सूचना पाकर डीएसपी सिटी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बात की और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
  • Punjab News: लोहड़ी पर्व पर चाईना डोर से पंतगबाजी करने को लेकर CP Bhullar का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: लोहड़ी पर्व पर चाईना डोर से पंतगबाजी करने को लेकर CP Bhullar का आया बयान, देखें वीडियो

    अमृतसरः लोहड़ी के पर्व को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने लोगों से चाइना डोर के साथ पतंगबाजी ना करने को लेकर अपील की है। इस दौरान नावलटी चौक पर मीडिया से बातचीत करते हुए सीपी भुल्लर ने कहा कि जनता की सुरक्षा पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और मानव जीवन की रक्षा करना हमारा मुख्य कर्तव्य है। कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि पिछले समय में जस्ट सर्विस सोसायटी के सहयोग से ड्रोन के जरिए चाइना डोर के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए गए थे।

    जिसके अच्छे नतीजे सामने आए। इस बार भी हरसिमरन सिंह और उनकी टीम द्वारा यह पहल की गई है, जिसके लिए उन्होंने टीम की प्रशंसा और बधाई दी। उन्होंने कहा कि टू-व्हीलर वाहनों पर लगाए जाने वाले मेटल सेफ्टी नैक सेवर (रिंगस) चाइना डोर से बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण कदम हैं, जो अचानक डोर उलझने की स्थिति में सवार को बचाने में मदद करते हैं।

    आंकड़ों के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर ने कहा कि 2024 से 2026 की शुरुआत तक चाइना डोर से संबंधित 24 मामले दर्ज किए गए हैं, 28 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 4276 गट्टू बरामद किए गए हैं। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि चाइना डोर सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों और बेज़ुबान जानवरों के लिए भी बड़ा खतरा है। अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने शौक पूरे करें लेकिन समाज और लोगों की कीमती जानों को खतरे में न डालें।