Blog

  • जालंधरः क्या रामा मंडी चौक बना पीएपी बस अड्डा, यात्री कंफ्यूज!

    जालंधरः क्या रामा मंडी चौक बना पीएपी बस अड्डा, यात्री कंफ्यूज!

    जालंधर (वरुण)। रामा मंडी चौक में लगाया गया बोर्ड इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है। हर कोई यात्री इस बोर्ड को देखकर कंफ्यूज हो रहा है। दरसअल, रामा मंडी चौक पर सरकार की एक बोर्ड लगाया गया है, जिस पर पीएपी चौक बस अड्डा लिखा हुआ है। हाईवे पर सुविधाएं न होने की वजह से इस गलत बोर्ड की वजह से परेशान हो रहे यात्री अब कन्फ्यूजन का शिकार बन रहे हैं।

    यह बोर्ड शहर के अंदर प्रवेश करने वाली सर्विस रोड के किनारे पर बनाए गए एक छोटे से बस स्टाप पर लगाया गया है। इसने यात्रियों, विशेषतौर पर पहली बार इस रोड पर यात्रा करने वालों को बड़ी मुश्किल में डाल दिया है। दिल्ली, चंडीगढ़, होशियारपुर आदि से शहर के भीतर आने वाली बसें इसी सर्विस रोड से होती हुई शहर में प्रवेश करती हैं और पीएपी में उतरने वाले यात्री रामा मंडी चौक में लगे बोर्ड को देखकर कंफ्यूज हो जाते हैं और वहीं उतर रहे हैं। बाद में थ्री व्हीलर आदि का सहारा लेकर पीएपी चौक तक पहुंचते हैं। समान और बच्चों के साथ यात्रा कर रही महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

    इसके अलावा बोर्ड की वजह से पहली बार शहर में पहुंचने वाले वाहन चालकों के लिए भी परेशानी हो रही है। पीएपी चौक शहर में प्रवेश करने अथवा शहर के बाहर से ही होते हुए अमृतसर, जम्मू आदि जाने के लिए एक अति महत्वपूर्ण जंक्शन है, लेकिन रामा मंडी चौक में पीएपी बस अड्डा का बोर्ड लगा होने की वजह से बड़ा संशय पैदा हो रहा है।

    हालांकि छोटे से बस स्टॉप में चार यात्री भी आसानी से बैठ नहीं सकते हैं और शौचालय आदि का भी वहां कोई प्रबंध नहीं है, जिस वजह से उक्त बस स्टाप ज्यादा प्रयोग में नहीं आ रहा है, लेकिन इसका बोर्ड कन्फ्यूजन की वजह जरूर बन बैठा है। इस बारे में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचआइए) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर हमेश मित्तल ने कहा कि बोर्ड को चेक करवाया जाएगा और अगर इस में कोई कमी पाई गई तो इसे तत्काल बदलवा भी दिया जाएगा।

  • पूर्व सीएम के भांजे सहित दो लोगों पर  हुआ एक और केस दर्ज, जाने मामला

    पूर्व सीएम के भांजे सहित दो लोगों पर हुआ एक और केस दर्ज, जाने मामला

    नवांशहरः पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे भूपिंदर सिंह हनी की मुश्किलें एक बार फिर से बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। दरअसल, भूपिंदर सिंह हनी सहित दो लोगों के खिलाफ नवांशहर में मामला दर्ज हुआ है। यह मामला ईडी की ओर से अवैध माइनिंग को लेकर किया गया है। आज इसका खुलासा ईडी के अधिकारियों ने किया है। 

    कुदरतदीप सिंह उर्फ ​​लवी और उसके सहयोगी भूपिंदर सिंह उर्फ ​​हनी के खिलाफ अवैध खनन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। वर्ष 2017 में मलिकपुर खनन स्थल का क्षेत्रफल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद भूपिंदर उर्फ ​​हनी को भी इस मामले में जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा है, जबकि कपूरथला जेल में बंद कुदरतदीप को मंगलवार को पेशी वारंट पर लाया जाएगा।

    गौरतलब है कि वर्ष 2021 के अंत में प्रवर्तन निदेशालय जालंधर ने भूपिंदर सिंह उर्फ ​​हनी और कुदरतदीप सिंह उर्फ ​​लवी के परिसरों पर छापेमारी की थी। ईडी ने तब विभिन्न दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और रुपये की नकदी बरामद की थी। पंजाब पुलिस के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि ईडी के पत्र के बाद एसएसपी एसबीएस नगर ने इस मामले में आगे की जांच के लिए एसपी इन्वेस्टिगेशन एसबीएस नगर की निगरानी में तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।

    प्रवक्ता ने कहा कि गहन जांच के बाद, एसआईटी ने पाया कि दोनों आरोपियों ने भारी मशीनरी का उपयोग करके उस क्षेत्र में अवैध खनन किया था, जिसके परिणामस्वरूप राज्य स्तरीय पर्यावरण प्राधिकरण पंजाब द्वारा जारी पर्यावरण मंजूरी के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया था। वहीं पुलिस ने खनन विभाग को रिपोर्ट की तुलना में अधिक रेत के उत्पादन का विवरण भी पाया।

  • लाखों का ऐलानः सासंद सिमरजीत मान की पगड़ी उतार खटकड़ कलां लाने वाले को मिलेगा ईनाम

    लाखों का ऐलानः सासंद सिमरजीत मान की पगड़ी उतार खटकड़ कलां लाने वाले को मिलेगा ईनाम

    रोपड़ः पंजाब में सगंरूर से सांसद सिमरजीत सिंह मान के शहीद-ए-आजम भगत सिंह को लेकर करनाल में दिए विवादित बयान को लेकर राज्य में माहौल गरमा गया है। शहीद भगत सिंह मामले में सिमरजीत मान द्वारा दिए गए विवादित बयान को लेकर लोगों ने खटकड़ कलां हाइवे जाम कर दिया। वहीं खटकड़ कलां में जबरविरोधी कमेटी के राष्ट्रीय प्रधान ने सिमरजीत सिंह मान को लेकर बड़ा ऐलान किया है।

    उन्होंने कहा कि जो कोई भी सिमरजीत सिंह की पगड़ी उतारकर और थप्पड़ मारकर खटकड़ कलां में लेकर आएगा उसे 5 लाख 1 हजार रुपए का ईनाम दिया जाएगा। इसके कुछ देर बाद ही राष्ट्रीय प्रधान ने लोगों के साथ सिमरजीत मान के खिलाफ रोष प्रदर्शन करके खटकड़ कलां का हाईवे जाम कर दिया। इसी के साथ जालंधर में भाजपा ने रोष मार्च निकाला। सिमरजीत मान के खिलाफ राजनीतिक दलों को साथ-साथ युवा संगठनों ने भी मोर्चा खोल दिया है।

    शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में जहां युवाओं ने चंडीगढ़-जालंधर हाइवे बंद कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज सिमरनजीत सिंह मान के खिलाफ डीसी आफिस के बाहर रोष प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए एक ज्ञापन भी डीसी को सौंपा। भाजपा नेताओं ने कहा कि सिमरनजीत सिंह मान जो पहले भी विवाद खड़े करते रहे हैं ने जानबूझ कर लोगों को मनों को ठेस पहुंचाई है। 

    भाजपा नेताओं ने कहा कि सिमरनजीत सिंह मान ने शहीद-ए-आजम पर एक साक्षात्कार के दौरान जो टिप्पणी की है उसके लिए वह माफी मांगे। जिस शहीद ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों तक की परवाह नहीं की और फांसी के फंदे पर झूल गया उनके बारे में अभद्र टिप्पणी एक चुने हुए प्रतिनिधि को शोभा नहीं देती। भाजपा नेताओं ने कहा कि खालिस्तानी समर्थक सिमरनजीत सिंह मान एसी अभद्र टिप्पणियां करके पंजाब और देश का माहौल खराब करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि गर्मख्याली तो पहले ही चाहते हैं कि देश और प्रदेश का माहौल खराब हो।

  • EC Global के ट्रैवल एजेंट अमनदीप सिंह को पुलिस ने लिया हिरासत में, जाने क्या है मामला

    EC Global के ट्रैवल एजेंट अमनदीप सिंह को पुलिस ने लिया हिरासत में, जाने क्या है मामला

    जालंधर (वरुण)। शहर में लगातार ही ट्रैवल एजेंटों के दफ्तरों के बाहर पीड़ित आकर हंगामा कर रहे है।इसी तरह सोमवार को वासल माल स्तिथ ट्रेवल एजेंट EC (Euro Can) GLOBAL व OPEN VISA(Work & Settle) में हंगामा देखने को मिला। जहां पर दोनों ट्रेवल एजेंटों ने पीड़ितों के साथ लाखों की ठगी की है।EC ग्लोबल के दफ्तर के बाहर पीड़ित गुरदीप ने कहा कि 7 लाख से ऊपर मैंने इन्हें रकम जमा करवाई थी विदेश जाने के नाम पर लेकिन अभी तक इन्होंने सिर्फ मुझे लारे ही लगाए हैं जिसके चलते मै बहुत परेशान हूं। 

    मौके पर सम्बन्धित थाने की पुलिस ने पहुँच EC Global के मालिक अमनदीप सिंह को हिरासत में लेकर थाने ले गई है और मामले की जांच कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ट्रैवल एजेंट लुधियाना का लाईसेंस दिखा EC Global चला रहा था। बता दें कि एक तरफ तो पुलिस का कहना है कि बिना लाईसेंस ट्रैवल एजेंट के खिलाफ नकेल कसी जा रही है वहीं दूसरी और EC Global ट्रैवल एजेंट सरेआम बिना लाईसेंस के कारोबार कर रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

    आज जब इस ट्रैवल एजेंट के खिलाफ लोगों ने धोखाधड़़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया तो पुलिस ने EC Global के मालिक अमनदीप सिंह पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। वहींं OPEN VISA ट्रैवल एजेंट की बात करें तो इसको लेकर कयास लगाया जा रहा है कि उक्त मालिक बिना लाईसेंस के ट्रैवल एजेंसी का कारोबार कर रहा है। अब देखना यह होगा की पुलिस इस ट्रैवल एजेंट के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।

  • मेंढर सेक्टर में LOC के नजदीक ग्रेनेड हुआ ब्लास्ट

    मेंढर सेक्टर में LOC के नजदीक ग्रेनेड हुआ ब्लास्ट

    जम्मू कश्मीर में एक बार फिर ग्रेनेड विस्फोट हुआ है। इस बार ग्रेनेड ब्लास्ट की घटना पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर से सामने आई है। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त सुरक्षाबल नियंत्रण रेखा पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। जम्मू के पीआरओ डिफेंस ने बताया कि ग्रेनेड विस्फोट के कारण कई जवान घायल हो गए हैं। जबकि इलाज के दौरान सेना के कैप्टन और एक जेसीओ ने दम तोड़ दिया है।

    अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास दुर्घटनावश ग्रेनेड में विस्फोट होने से सेना के एक कैप्टन आनंद और एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) शहीद हो गए। सेना के एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार रात की है, जब सेना कर्मी पुंछ जिले के मेंढर इलाके में तैनात थे। उन्होंने बताया कि सेना के कैप्टन और नायब-सूबेदार (जेसीओ) को तुरंत हेलीकॉप्टर से इलाज के लिए उधमपुर ले जाया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

    जम्मू कश्मीर में आतंकी बेखौफ

    गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में आतंकवादी बेखौफ हो गए हैं और अपनी साजिशों को अंजाम देने से बाज़ नहीं आ रहे हैं। आतंकी आए दिन भारतीय सुरक्षाबलों को निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पहले, रविवार को भी पुलवामा जिले से आतंकी हमले की घटना सामने आई थी, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक अधिकारी शहीद हो गए थे।

    पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया था कि दोपहर करीब 2:15 बजे आतंकवादियों ने पुलवामा के गंगू चौराहा इलाके में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त चौकी पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि इस आतंकी घटना में सीआरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक (ASI) विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

    कश्मीर मुद्दे पर बोलीं महबूबा मुफ्ती

    वहीं, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने रविवार को एक बार फिर कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान से बातचीत की अपनी टिप्पणी दोहराई। उन्होंने कहा कि कश्मीर मुद्दे को सुलझाने और रक्तपात को रोकने के लिए पाकिस्तान तथा संबंधित हितधारकों के साथ बातचीत के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है। पुलवामा में आतंकवादियों द्वारा सीआरपीएफ अधिकारी की हत्या की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का हमेशा से यही रुख रहा है कि बुलेट और ग्रेनेड से नहीं, बल्कि सिर्फ बातचीत से मुद्दे को सुलझाया जा सकता है।

  • बापूधाम कालोनी में ‘अतिक्रमण हटाओ’ अभियान से पहले कांग्रेस-भाजपा नेता हुए आमने सामने

    चंडीगढ़ः जिलें में आज सुबह बापूधाम में एंक्रोचमेंट ड्राईव से पहले कांग्रेस और भाजपा वर्करों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बता दें कि सोमवार को बापूधाम कालोनी में नगर निगम की ओर से ‘अतिक्रमण हटाओ’ अभियान चलाया जाना था। इस दौरान घरों और दुकानों की ओर से जो अतिरिक्त निर्माण किया गया है, उसे तोड़ा जाना था। जिसको लेकर नगर निगम की ओर से पहले उन घरों को नोटिस भी भेजे गए थे सुबह ही नगर निगम की पूरी टीम पूरे लाव लश्कर के साथ यहां पहुंची थी। लेकिन इससे पहले ही यहां पर जमकर राजनीति देखी गई। 

    भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच हुआ हंगामा

    नगर निगम की ड्राईव से पहले ही यहां भाजपा और कांग्रेस में जमकर तल्खी देखी गई और वह इस दौरान एक-दूसरे के आमने सामने भी हो गए। जिसमें यहां पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा और यहां से कार्यकर्ताओं को तितर बितर किया गया। ड्राईव को लेकर सुबह से ही यहां कांग्रेस और भाजपा दोनों की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी के तहत बापूधाम लाईट प्वाइंट पर काफी संख्या में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता इकट्ठे हो गए।

    कांग्रेस वर्करों का कहना था कि वह किसी भी कीमत पर नगर निगम को यहां घर नहीं गिराने देंगें। कांग्रेस नेता इसके लिए मौजूदा पार्षद दलीप शर्मा और भाजपा को निगम की कार्रवाई के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे थे। वहीं दूसरी ओर भाजपा इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रही थी और उनका कहना था कि कांग्रेस यहां राजनीति कर रही है।

    किसी भी मकान को टूटने नहीं देंगेः सीनियर डिप्टी मेयर

    बापूधाम से मौजूदा पार्षद भाजपा के ही दलीप शर्मा है। दलीप शर्मा नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर पद पर तैनात हैं। दलीप शर्मा अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन करने बैठ गए। उनका कहना था कि वह किसी भी मकान को टूटने नहीं देगें। 

    मकान गिराने को लेकर निगम के खिलाफ प्रदर्शन पर बैठे कांग्रेस अध्यक्ष

    उधर, कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लक्की का कहना था कि नगर गम के खिलाफ उनका प्रदर्शन है और वह यहां मकान नहीं टूटने देगें अगर भाजपा यहां मकान नहीं गिराना चाहती तो इतना लाव लश्कर लेकर क्यों पहुंची है। दोनों पार्टियों की ओर से हंगामा होने के बाद ड्राईव को बंद कर दिया और नगर निगम की टीम के अधिकारी वहां से बैरंग लौट गए।

  • पंजाब में फिर गैंगवार, शिवम मोटा और विशाल गैंग में चली गोलियां

    पंजाब में फिर गैंगवार, शिवम मोटा और विशाल गैंग में चली गोलियां

    चंडीगढ़ः पंजाब में एक बार फिर से क्राइम का ग्राफ बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। हाल ही में बीते दिन पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया था। वहीं अब चंडीगढ़ में हुए गैंगवार की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ के सेक्टर-32 में शिवम मोटा और विशाल गिल गैंग के बीच लड़ाई का मामला सामने आया है। 

    घटना सीसीटीवी में हुई कैद

    बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच देर रात किसी मामले को लेकर विवाद हुआ है। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें दोनों गुट एक दूसरे के सामने आते ही आक्रामक होते दिखाई दे रहे है। दोनों गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर करीब 3 फायर भी किए। गनीमत रही कि गोलियां किसी को लगी नहीं। दोनों गैंग के बीच हुई इस तरह की झड़प को देख कर इलाके के लोग सहम गए।

    हमले के बाद दोनों गुटों के हमलावार फरार

    एक-दूसरे पर हमला करके आरोपी फरार हो गए। गैंगस्टरों के भाग जाने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी चैक किए। अभी तक कोई शिकायतकर्ता पुलिस के पास नहीं आया, लेकिन मौके पर जाकर जांच की तो पता चला कि शिवम मोटा गैंग और विशाल गिल गैंग के गुर्गें आपस में भिड़े हैं। हवाई फायर भी हुए हैं। सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल की जाएगी।

  • पंजाबः सेहत मंत्री चेतन सिंह जोड़ेमाजरा ने अस्पताल में मारा छापा

    पंजाबः सेहत मंत्री चेतन सिंह जोड़ेमाजरा ने अस्पताल में मारा छापा

    पटियालाः पंजाब में मान सरकार लगातार एक्शन मोड में दिखाई दे रही है। वहीं आज सेहत मंत्री चेतन सिंह जोड़ेमाजरा ने अचानक माता कौशल्या अस्पताल में छापा मारा। सेहत मंत्री के अस्पताल में आने की सूचना पर स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। सेहत मंत्री को देखकर स्टाफ हैरान रह गया और सभी अपनी-अपनी ड्यूटी निभाते देखे गए। इस दौरान चेतन सिंह ने स्टाफ की एटेंडेस चेक की। वहीं सेहत मंत्री ने अस्पताल में दाखिल मरीजों से बातचीत कर उनसे सेहत सुविधाएं सही मिल रही है, के बारे में पूछा और साथ ही उनकी अस्पताल स्टाफ को लेकर आ रही परेशानी के बारे से पूछा।

    मंत्री ने अस्पताल स्टाफ को आ रही कमी की ली जानकारी

    इस दौरान सेहत मंत्री ने अस्पताल स्टाफ से भी बातचीत कर उन्हें आ रही परेशानी के बारे में जानकारी ली। साथ ही सेहत मंत्री ने अस्पताल स्टाफ से अस्पताल में दवाओं के कमी के बारे में भी पूछा। सेहत मंत्री चेतन सिंह ने कहा के आम आदमी पार्टी लोगों के हित में काम कर रही ही और लोगों को अच्छी सेहत सुविधाएं देने में वचनबद्ध है।

    जौड़ामाजरा का मंत्री पद संभालते ही अस्पतालों का दौरा शुरू

    बता दें कि राज्य की आप सरकार में नवनियुक्त सेहत मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कार्यभार संभालने के बाद सरकारी अस्पतालों का दौरा करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने बीते मंगलवार को जालंधर के सिविल अस्पताल का दौरा किया था। इसके बाद उन्होंने बुधवार को अमृतसर के सिविल अस्पताल का दौरा किया था। वहीं पर भी मरीजों से बातचीत कर सेहत सुविधाओं को लेकर पूछा था। उन्होंने ओपीडी व वार्डों का निरीक्षण भी किया। वहीं उन्होंने जन औषधि केंद्र को लेकर कहा था कि देश की पहली जन औषधि केंद्र इसी अस्पताल में है। इसे शीघ्र शुरू करवाएंगे। डाक्टरों, स्टाफ व दवाओं की कमी भी दूर होगी।

  • पंजाबः अकाली दल में बगावत, मनप्रीत अयाली ने अपनी पार्टी के खिलाफ खोला मोर्चा, जाने क्या कहा

    पंजाबः अकाली दल में बगावत, मनप्रीत अयाली ने अपनी पार्टी के खिलाफ खोला मोर्चा, जाने क्या कहा

    चंडीगढ़ः पंजाब से बड़ी ख़बर सामने आई है। अकाली दल के विधायक ने अपनी की पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विधानसभा हलका दाखा से अकाली दल के विधायक और सीनियर नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने राष्ट्रपति चुनाव के बायकॉट का ऐलान किया है। मनप्रीत अयाली के इस फैसले को अकाली दल में एक बार फिर बगावत के रूप में देखा जा रहा है कि क्योंकि अकाली दल ने राष्ट्रपति चुनावों में एनडीए के उम्मीदवार द्रोपति मुरमू को समर्थन देने का ऐलान किया था।  

    राष्ट्रपति चुनाव में द्रोपति मुरमू को समर्थन ना देने का किया ऐलान

    सोशल मीडिया ट्विटर के जरिए अयाली ने राष्ट्रपति चुनाव में वोट नहीं करने को लेकर लिखा है। अयाली ने ट्वीट करते हुए लिखा, ” सिख कौम की भावनाओं, पंजाब के मुद्दों और अपनी जमीर की आवाज को सुनते हुए आज हो रहे राष्ट्रपति चुनावों में  मैं किसी भी पार्टी के उम्मदीवार को वोट नहीं डाल रहा। बता दें कि अयाली दाखा हलके से शिअद विधायक हैं और तीसरी बार विधायक बने हैं।

    15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान जारी

    उल्लेखनीय है कि देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान जारी है। इस मतदान में कुल 4800 निर्वाचित सांसद और विधायक हिस्सा ले रहे हैं। चुनाव में राजग उम्मीदवाद द्रौपदी मुर्मू की जीत और इसके साथ ही देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहली बार आदिवासी महिला की ताजपोशी तय है।

  • पंजाबः बस स्टैंड पर दिन-दिहाड़े चली गोलियां

    अमृतसरः पंजाब के अमृतसर में दिन-दिहाड़े गोलियां चलने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक अमृतसर के बस स्टैंड के अंदर मिनी बस ऑपरेटर्स यूनियन के पंजाब अध्यक्ष बलदेव सिंह बब्बू पर गोली चलाई गई।

    राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। बब्बू ने बताया कि वह अपनी कार में बस स्टैंड पहुंचे थे कि 2 अज्ञात लोगों ने उन पर गोली चलाकर जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि अपने बचाव में मैंने भी फायर किए। जवाबी हमले के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

    दो महीने पहले मिली थी जान से मारने की धमकी 

    मिनी बस आपरेटर यूनियन के अध्यक्ष बलदेव सिंह बब्बू ने जानकारी देते हुए बताया कि वह श्री हरिमंदर साहिब से दर्शन कर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी गाड़ी बस स्टैंड की ओर मोड़ी तो इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। बब्बू ने बताया उन्होंने भी अपनी आत्मरक्षा के लिए हवाई फायरिंग की।

    जवाबी हमले पर हमलावरा मौके से फरार हो गए। इस घटना की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। उन्होंने कहा कि दो महीने पहले उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इन आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।