Blog
-

03 मार्च को जोघो, बगलहड़, बघेरी में विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित
नालागढ़/सुशील कौशल: राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 66/33/11 के.वी. उपकेन्द्र बगलेहड़ के रखरखाव के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। जोघों के सहायक अभियंता कृष्ण देव ने बताया कि 3 मार्च को सुबह 9 बजे से सांय पांच बजे तक जोघों, जगतपुर, रिया, कुंडलु, ऊंटपुर, कश्मीरपुर, बरुना, गुल्लरवाला, बघेरी आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। -

सीपीएस राम कुमार ने 60 बेटियों को किया छात्रवृत्ति से सम्मानित
विज्ञान दिवस पर मिली पी एण्ड जी बेटियां नामक छात्रवृत्ति
नालागढ़/ सुशील कौशल: मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार ने मंगलवार को आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नालागढ़ में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर 60 बेटियों को ‘पी एण्ड जी शिक्षा बेटियां छात्रवृत्ति’ से सम्मानित किया।
राम कुमार ने पीएंडजी इंडिया और सेंटर फॉर सिविल सोसाइटी की ओर से आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नालागढ़ में विज्ञान, तकनीकी, इंजीनियरिंग तथा गणित (स्टेम कोर्स) विषय की पढ़ाई कर रही 60 बेटियों को ‘पी एण्ड जी शिक्षा बेटियां छात्रवृत्ति’ सम्मान देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां आज देश और विदेश में अपना नाम रोशन कर रही है और इस तरह की पहल से बेटियों को जीवन में आगे बढऩे के अवसर प्रदान करेंगे।इस अवसर पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन भी किया गया जिसमें छात्राओं की कैरियर से सम्बन्धित जानकारी पीएंडजी कम्पनी के विशेषज्ञों ने दी। इसके अतिरिक्त पीएंडजी के प्लांट की महिला लीडर्स ने भी अपनी प्रेरक यात्राओं को साझा करने उपस्थित श्रोताओं को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर बीबीएन इंटक अध्यक्ष संजीव कुमार, आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नालागढ़ के प्रधानाचार्य अजेश कुमार तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-

जिला में जल संरक्षण के दृष्टिगत आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
ऊना/सुशील पंडित: आईआईसीटी संस्थान ऊना में उप निदेशक नेहरू युवा केंद्र ऊना डॉ लाल सिंह की अध्यक्षता में जल शक्ति अभियान आयोजित किया गया। अभियान में उन्होंने युवा प्रतिनिधियों से आसपास के जल स्रोतों का सही रखरखाव करने का आहवान किया। उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर चार प्रतिशत जल पीने के योग्य है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जल संकट कि समस्या को देखते हुए जल शक्ति मंत्रालय द्वारा नेशनल वाटर मिशन के तहत जल शक्ति अभियान संचालित किए जा रहे हैं। डाॅ लाल सिंह ने बताया कि नेहरू युवा केंद्र संगठन की जिला इकाईयों के द्वारा युवा संस्थाओं तथा युवा वोलंटियरस को जागरूक करने के साथ-साथ जल का सही भंडारण सुनिश्चित करने के लिए बचनबद्ध करना है। उन्होंने कहा की वर्ष 2023 में जल शक्ति अभियान के अंतर्गत जिला में मई माह तक अनेकों गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जल शक्ति विभाग से खंड समन्वयक अंबेदीका द्वारा जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे युवाओं को जागरूक किया गया। उन्होंने कहा की जब तक लोग जागरूक नहीं होने तब तक जल सरंक्षण की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग द्वारा प्रत्येक पंचायत स्तर पर जल समिति बनाई गई है ताकि लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। आईआईसीटी नाईलेट्स संस्थान के निदेशक बिंदु महाजन द्वारा प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया कि वह विभाग की योजनाओं का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी विजय भारद्वाज, नेहरू युवा केंद्र ऊना के स्वयंसेवी रजत, आरती, ऋषभ अन्य लोग उपस्थित रहे।
-

फाॅरेस्ट क्लीरेंस मामलों को 15 दिनों के भीतर निपटाएं: राघव शर्मा
ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना की अध्यक्षता में ज़िला ऊना में विभिन्न विकास परियोजनाओं के निर्माण में वन संरक्षण अधिनियम के तहत वन विभाग की स्वीकृति के लिए लंबित पड़े मामलों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन विभाग के साथ लोक निर्माण, जलशक्ति, उद्योग, विद्युत, शिक्षा सहित विभिन्न विभागांे द्वारा कार्यान्वित की जा रही निर्माण परियोजनाओं बारे चर्चा की गई, जो फाॅरेस्ट क्लीरेंस के कारण अभी तक शुरू नहीं हो पाई हैं।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिये कि जो भी परियोजना वन विभाग की स्वीकृति के लिए लम्बित हैं उनका 15 दिन के भीतर वन विभाग से समन्वय स्थापित कर सभी औपचारिक्ताएं पूर्ण कर लंबित पड़े मामलों का निपटारा करना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त भविष्य में फाॅरेस्ट लैंड पर निर्मित होने वाले किसी भी प्रोजैक्ट की डीपीआर तैयार करने से पूर्व वन विभाग की स्वीकृति के लिए समय पर आवेदन करें। उन्होंने आवेदन प्रक्रिया व आपत्तियों को दूर करने बारे वैवसाइट अपलोडिंग बारे अधिकारियों को डीएफओ से सम्पर्क करने के निर्देश दिये ताकि मामलों को शीघ्र अनुमोदित किया जा सके।
बैठक में डीएफओ सुशील कुमार, एक्सियन विद्युत मेघा राणा, एक्सियन लोक निर्माण अम्ब, बंगाणा, उद्योग से पंकज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
-

डीसी ने ईसपुर में बनने वाले शीतला माता मंदिर का किया निरीक्षण
ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने ईसपुर में बनने वाले शीतला माता मंदिर का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने बताया कि शीतला माता मंदिर में होने वाले विभिन्न कार्यों का आकलन करके सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई है, जिन्हें आगामी कार्यवाही हेतू उच्च स्तर पर भेज दिया गया है।इस दौरान स्थानीय पंचायत प्रधान बक्शो देवी, अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जेई पीडब्ल्यूडी आशीष, कानूनगो विपिन कुमार व पटवारी मोहित सहित विभिन्न विभागो ंके अधिकारी उपस्थित रहे। -

सरकारी अस्पताल में कुत्तों ने एक माह के बच्चे को नोंच खाया, मौत
सिरोहीः राजस्थान के सिरोही के सरकारी अस्पताल में अपनी मां के पास सो रहे 1 महीने के बच्चे को कुत्ते उठाकर ले गए। कुत्ते मासूम का पेट और एक हाथ नोंचकर खा गए, जिससे उसकी मौत हो गई। कुत्ते बच्चे का एक हाथ उसकी मां के सामने ही नोंचकर ले गए। सिरोही के पिंडवाड़ा में रहने वाले महेंद्र मीणा (40) को सिलिकोसिस बीमारी है। महेंद्र का टीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार रात को उसके बेड के पास नीचे फर्श पर उसकी पत्नी रेखा 1 बेटी और 2 बेटों को लेकर सो रही थी। वार्ड में घूम रहे आवारा कुत्ते उसके एक महीने के बेटे विकास को उठाकर ले गए।
रात करीब 1:30 बजे रेखा की नींद खुली तो बच्चा गायब था। फौरन बच्चे को ढूंढना शुरू किया। बच्चे की तलाश शुरू की गई तो वार्ड के बाहर पानी की टंकी के पास कुछ कुत्ते उसे नोंचते दिखे। महिला दौड़कर वहां गई तब तक एक कुत्ता बच्चे का हाथ मुंह में दबाकर भाग गया। कुत्तों ने उसे नोंच-नोंचकर मार डाला था। जहां कुत्ते बच्चे को नोंच रहे थे, वहां जब तक उसकी मां पहुंची, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। अस्पताल में सीसीटीवी लगे हैं, लेकिन फिलहाल इसके फुटेज सामने नहीं आए हैं। अस्पताल प्रशासन भी इस पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।

कार्यवाहक प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र महात्मा ने बताया कि घटना की पूरी जांच कराई जाएगी कि किन कारणों के चलते ऐसा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया, फिर मंगलवार को अंतिम संस्कार कराया।जिला प्रशासन की तरफ से गठित मेडिकल बोर्ड के प्रभारी डॉ. शक्ति सिंह ने बताया कि बच्चे का सिर, एक हाथ और दो पैर बचे थे। उसका पेट और एक हाथ नहीं था।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। वे परिवार को मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन पूरी तरह से फेल है। अस्पताल में कुत्तों के झुंड के झुंड घूम रहे हैं, यहां कोई भी सुविधा नहीं है। मुख्यमंत्री और यहां के स्थानीय विधायक कहते हैं कि हमने अस्पतालों को बदल दिया है। एक बच्चे को कुत्ते मार डालते हैं तो व्यवस्था कहां है? भाजपाइयों ने अस्पताल और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
-

नप बददी में कांग्रेस के चार मनोनीत पार्षदो ने ली गोपनीयता की शपथ
घर घर जाकर वोट मांगना मेरा काम नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं को समझना मेरा काम था – राम कुमार
बददी/सचिन बैंसल: नगर परिषद बद्दी की ओर से मनोनीत पार्षदों की शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने की। वहीं कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में हिमाचल प्रदेश के मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी ने शिरकत की। रामकुमार के नगर परिषद पहुंचने पर बड़ी धूमधाम से उनका स्वागत किया गया। उसके बाद राम कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार वादों की सरकार है और जो कहती है वह करती है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में हैं और उनके चार मनोनीत पार्षद कुलदीप सिंह, मदन लाल, राहुल अग्रवाल व रमन कौशल और बोना आज शपथ ग्रहण करेंगे और नगर परिषद में अपना कार्य जिम्मेवारी से कार्य करेंगे ।उन्होंने कहा कि नगर परिषद बद्दी के कुछ क्षेत्रों में पानी की कमी है जिसके लिए उन्होंने जल विभाग को निर्देश दे दिए हैं और उन्होंने कहा है जल्दी से जल्दी जगह चिन्हित करके वहां पर ट्यूबेल लगा दिए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की दिक्कत नगर परिषद बद्दी के वासियों को ना हो ।

उन्होंने कहा वोटों से पहले घर घर जाना , वोट मांगना है सिर्फ मेरा मकसद नहीं था बल्कि घर घर जाकर उनकी समस्या को समझने के लिए मैंने अट्ठारह सौ किलोमीटर पैदल यात्रा की है। जिसके कारण आज मुझे पहाड़ी व अपने निचले क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का पता है। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए पहाड़ी क्षेत्रों में भी योजनाएं बनाई जा रही है और उसकी डीपीआर बन गई है । बददी में चंडीगढ़ की तर्ज पर विकास होगा और एक सरकारी कॉलोनी भी यहां पर बनाई जाएगी। उन्हें कहा प्रदूषण को कम करने के लिए बद्दी में भी ई रिक्शा चलाएंगे और जल्द ही ऑटो चालकों के साथ एक बैठक की जाएगी। आने वाले मार्च महीने में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दून क्षेत्र में शिरकत करेंगे और लगभग 50 करोड़ की लागत से शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे ।उन्होंने साथ ही इस मौके पर मौजूद टीसीपी व नगर परिषद को निर्देश दिए कि मात्र 1 महीने में नक्शा पास होना चाहिए और किसी भी प्रकार की समस्या नगर परिषद बद्दी में रहने वाले लोगों को नहीं आनी चाहिए। राम कुमार चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार पहली ऐसी सरकार है जो दिव्यांग बच्चों का सहारा बनी है। इसी कड़ी में हम सबको मिलकर योगदान करना चाहिए ।उन बच्चों का सहारा बनना चाहिए। राम कुमार चौधरी की बात सुन मोके पर मौजूद अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजेश जिंदल ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चला रहे दिव्यांग बच्चों के लिए 1 लाख 1000 रुपये देने की घोषणा की।
नप बददी कार्यकारी अधिकारी आर एस वर्मा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मदन चौधरी, पार्षद सुमरजीत चौधरी, तरसेम लाल, अधिवक्ता वी के शर्मा, अशोक कौशल, जुगल किशोर, मास्टर जसवंत कौशल, दीना नाथ कौशल, बेअंत ठाकुर, सुरेंद्र कौशल, सुशील कौशल, चरणजीत सिंह चन्नी, शब्बीर खान, संजू रजनवाल, सतीश कौशल काका, अधिवक्ताशशि भूषण कौशल, विक्की अरोड़ा, माधव कौशल ,राहुल बैंसल, संतराम, विमल कुमार, राज कुमार राजू, गुरप्रीत सिंह, बिल्ला अशोक कुमार गांधी, रामपाल ,प्रदीप धीमान, संजीव कुंडलस, भूपेंद्र कुंडलस,दिलबर खान, महोम्मद सलीम, संजीव कौशल, आशु कौशल, बांका, मान सिंह बब्बी, मान सिंह कुण्डलस, अच्छर पाल कौशल आदि मौजूद रहे।
-

जालंधरः कांग्रेस ने इस राज्य के उपमुख्यमंत्री को लोकसभा उपचुनाव का इंचार्ज किया नियुक्त
जालंधर/वरुणः चुनावी रणनीति के माहिर, विकास को लेकर हिमाचल प्रदेश में प्रसिद्ध आक्रामक तेवरों के साथ अपनी विशेष पहचान बनाने वाले हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को कांग्रेस हाईकमान ने अहम जिम्मेदारी लोकसभा उपचुनाव के लिए पंजाब में सौंपी है। कांग्रेस पार्टी कि हाईकमान ने मुकेश अग्निहोत्री को उनके चुनावी अनुभव,आक्रमक शैली को देखते हुए जालंधर में होने वाले लोकसभा उपचुनाव के लिए इंचार्ज नियुक्त किया है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मलिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी व पंजाब के नेतृत्व से चर्चा करने के बाद मुकेश अग्निहोत्री की नियुक्ति को हरी झंडी दी है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मुकेश अग्निहोत्री की तैनाती का पत्र जारी किया है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह राजा वड्डिंग को मुकेश अग्निहोत्री को जालंधर लोकसभा उपचुनाव के लिए इंचार्ज बनाने की जानकारी दी है। बता दें कि मुकेश अग्निहोत्री लगातार 5 विधानसभा चुनाव जीते हैं और उन्हें विकास के लिए जाना जाता है। हरोली का विकास मॉडल पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रसिद्ध है। नेता प्रतिपक्ष के तौर पर मुकेश अग्निहोत्री ने जिस प्रकार से आक्रामक पारी खेली और भाजपा की सरकार को हर मोर्चे पर घेरने का काम किया। उसी के चलते प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता लाने में अहम भूमिका उनकी रही है।

कांग्रेस के संगठन के भीतर मुकेश अग्निहोत्री का कद लगातार बढ़ रहा है, कांग्रेस हाईकमान ने पहले उन्हें हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी दी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन जो हाल ही में छत्तीसगढ़ में संपन्न हुआ उसमें उन्होंने शिरकत की। कांग्रेसी नेतृत्व के साथ मुलाकात की और अब उन्हें उत्तर भारत में एक नई पहचान देते हुए संगठन के भीतर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। जालंधर का लोकसभा उपचुनाव होना है यह अपने आप में महत्वपूर्ण उपचुनाव है। मुकेश अग्निहोत्री को इंचार्ज बनाने से निश्चित रूप से कांग्रेस से की चुनावी रणनीति को आक्रामकता मिलेगी। मुकेश अग्निहोत्री पंजाब के साथ से सटे जिला ऊना के हरोली विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, पंजाबी पर उनकी अच्छी पकड़ है।
ऐसे में मुकेश अग्निहोत्री के लिए भी एक बड़ी चुनौती है कि वे अपने नेतृत्व को बेहतर रणनीति के साथ लोकसभा के उपचुनाव में साबित करें। कांग्रेस हाईकमान द्वारा दी गई जिम्मेदारी पर मुकेश अग्निहोत्री ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हाईकमान से नियुक्ति संबंधी पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि हाईकमान ने जो निर्देश दिया है उस पर काम करेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने का काम जालंधर के लोकसभा उपचुनाव में किया जाएगा। पंजाब कांग्रेस के संगठन के साथ मिलकर बेहतर रणनीति बनाएंगे और जो भी हाईकमान का दिशानिर्देश होग उसके अनुसार कार्य करेंगे।
-

स्कूल में दाखिला टेस्ट देने वाले स्टूडेंट्स को निशुल्क कोचिंग देकर पुण्य कमा रहे शिव कुमार शर्मा
टीचर 5 साल से चला रहा सेवा का क्रमऊना/सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के गांव खुरवाई निवासी शिवकुमार शर्मा पिछले पांच वर्षों से स्टुडेंट्स को निशुल्क कोचिंग देकर पुण्य कमा रहे हैं। जेबीटी के पद पर कार्यरत शिव शर्मा प्रतिदिन शाम को 6 बजे से 8 बजे तक सैनिक स्कूल और नवोदय स्कूल में दाखिला देने के टेस्ट के लिए बच्चों को निशुल्क तैयारी करवा रहे है । ये निष्काम सेवा का क्रम पिछ्ले 5 वर्षों से चला आ रहा हैं । इस बार उनके कोचिंग दिए 39 बच्चों में से 19 बच्चे सैनिक स्कूल में दाखिला लेने के लिए चयनित हुए हैं । इन बच्चों में वंश, प्रणव, शिवांगी ,कशिश, रीता, आदित्य, कृति, आयुष, आरव, एंजेल, दिशा, आराध्य, नव्या,और तुषार अभय ,इशांत ,समर, आरुष और अनन्या के नाम शामिल हैं । इन सब बच्चों के माता-पिता ने शिव कुमार शर्मा का धन्यवाद किया है।शिवकुमार शर्मा का कहना है कि कोई भी कार्य बिना स्वार्थ से करने से मुझे आनंद की अनुभूति होती है । अब वह ऑनलाइन बच्चों को नवोदय स्कूल में दाखिला लेने की तैयारी करवा रहा है। जिस की परीक्षा 28 अप्रैल को है जो बच्चे निशुल्क तैयारी करवाने के इच्छुक हैं वे उनके साथ संपर्क स्थापित कर सकते हैं।। -

प्रदेश के लोगो को दी गई गारंटियां को पूर्ण करने के लिए सरकार बचनबद्ध, समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जायेगा: मुकेश अग्निहोत्री
संत ढांगू वाला गुज्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह संपन्न
सर्वांगीण विकास के लिए राजनैतिक इच्छा शक्ति होना अनिवार्य – मुकेश अग्निहोत्री
विकास, कल्याण व गरीबों की सेवा करना प्राथमिकता – उपमुख्यमंत्री
ऊना/सुशील पंडित: उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने संत ढांगू वाला गुज्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बत्तौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को उजागर करने का उचित मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मेरे विधायक बनने से पूर्व इस विधानसभा क्षेत्र में एक भी सरकारी महाविद्यालय नही था। लेकिन वर्तमान में हरोली विस में तीन महाविद्यालय हैं जिसमें बीटन, खड्ड एवं हरोली के महाविद्यालय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि घर द्वार पर इन महाविद्यालय के खुलने से अधिकतम लाभ लड़कियों को मिला है जोकि ग्रामीण परिवेश से शहर की ओर पढ़ाई करने नही जा सकती थी। उन्होंने कहा कि तीनों महाविद्यालयों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विस में 135 करोड़ रूपये की लागत से ट्रिपल आईटी का निर्माण किया गया है। इसके साथ नर्सिंग काॅलेज एवं लाॅ काॅलेज भी स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि इन शिक्षण संस्थानों से निकले विद्यार्थी वर्तमान में बड़े-बडे़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ट्रांसफरों की बजाए राज्य के विकास में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय विकास, कल्याण और गरीबों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि अधिकारी सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे कार्य करने के लिए तैयार रहें ताकि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए राजनैतिक इच्छा शक्ति होना अनिवार्य होता है। हरोली विधानसभा क्षेत्र निर्णायक विकास की और अग्रसर है तथा यह विकास आगे भी निरंतर इसी प्रकार चलता रहेगा। विधानसभा लोगों का भरपूर सहयोग मिलने से लगातार 5वीं बार विधायक बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है जो मुझे क्षेत्र के विकास के लिए और अधिक प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों को दी गई गारंटियों को पूर्ण करने के लिए वचन बद्ध है। सभी दस गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पुरानी पेंशन को बहाल करके प्रदेश के 1.36 लाख कर्मचारियों को लाभान्वित किया है। इसी प्रकार से अन्य सभी गारंटियां भी प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले समय में डीजल की बसों की खरीद बंद की जाएंगी। इलेक्ट्रिक गाड़ियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में 100 से अधिक स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए जगह चिन्हित कर ली गई है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक गाड़ियों की खरीद के लिए भी प्रदेश के लोगों को प्रेरित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राइवेट वोल्वो बस ऑपरेटर द्वारा की जा रही टैक्स की चोरी को भी समाप्त किया जाएगा। इन बसों में प्रत्येक सीट के हिसाब से टैक्स वसूला जाएगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आगामी पांच वर्षों के भीतर हरोली विस के हर घर और हर खेत को पानी पहुंचाया जायेगा। उन्होंने बताया कि बीत परियोजना 2 का निर्माण कार्य लगभग 75 करोड़ रुपए से पूर्ण किया जायेगा जिसके लिए सारी औपचारिकताएं जल्द पूर्ण की जाएंगी। उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क के लिए 225 करोड़ रुपए की प्रथम किश्त केंद्र सरकार से प्राप्त हो चुकी है जिसके लिए उस क्षेत्र में बिजली, पानी एवं सड़क की उचित व्यवस्था की जाएंगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देव भूमि और वीरभूमि के नाम से जाना जाता है। इसी दृष्टि से प्रदेश को आगे चलकर विकसित किया जायेगा। माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर को विकसित करने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे है, आने वाले समय में माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर को हर स्तर पर विकसित किया जायेगा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु रोपवे, एस्केलेटर, गोल्फ कार्ट्स, म्यूजियम, लाइब्रेरी, स्क्रीन, कैमरा, लिफ्ट आदि स्थापित किए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिला व प्रदेश में नशे के खिलाफ किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। नशे के खिलाफ हम सबको एक निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि नशे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग को नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी नज़र रखने को कहा ताकि नशा बेचने वालों पर भी नकेल कसी जा सके।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने साल भर हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बधाई दी और सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त मुकेश अग्निहोत्री ने महाविद्यालय की वार्षिक स्मारिका का भी विमोचन किया।
इस मौके पर महाविद्यालय के छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। उप मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 31 हज़ार रुपए की राशि देने की घोषणा की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एसके बंसल ने वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्यातिथि का स्वागत किया एवं वार्षिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अशोक ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टू, उप मंडलाधिकारी विशाल शर्मा, महासचिव धर्मेंद्र धामी, ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी सदस्य राकेश, पीटीए अध्यक्ष विशाल शर्मा, सेवानिवृत प्राचार्य अभिलाषा शर्मा सहित महाविद्यालय के अध्यापकगण व गणमान्य उपस्थित रहे।