डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब में गेमिंग प्लेटफॉर्म पर हुई दोस्ती का खौफनाक अंजाम देखने को मिला। एक युवती के लिए ऑनलाइन गेम से शुरू हुई दोस्ती ब्लैकमेलिंग का जाल बन कर रह गई। दरअसल, लुधियाना (Ludhiana) में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई दोस्ती एक युवती के लिए मुसीबत बन गई। आरोप है कि युवक ने विश्वास जीतकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं।
इसके बाद आरोपी ने तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने अपनी गाड़ी में मिलने बुलाकर उसके प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ और मारपीट की। इतना ही नहीं उसका मोबाइल फोन व सोने का ब्रेसलेट भी छीन लिया। मामले की शिकायत मिलने पर थाना हैबोवाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यह कार्रवाई 29 मई 2026 को की है।

ऑनलाइन गेम खेलते-खेलते हुई थी दोस्ती
हैबोवाल की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि कुछ समय पहले ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान उसकी दोस्ती तरन कुमार नाम के युवक से हुई थी। तरन कुमार पंजाब के जालंधर जिले के पिंड गिल खांबड़ा का रहने वाला है। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और आरोपी तरन कुमार उसे मिलने के लिए लुधियाना आने लगा।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी तरन कुमार जब भी लुधियाना आता तो उसे अपनी गाड़ी में बुलाकर बैठाता था। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार अश्लील हरकतें कीं और धोखे से उसकी कुछ आपत्तिजनक फोटो भी खींच लीं।
फेसबुक से चुराईं तस्वीरें, जबरन छेड़छाड़ की
आरोपी ने पीड़िता की फेसबुक आईडी से उसकी कुछ अन्य तस्वीरें भी चोरी छिपे निकाल लीं। इसके बाद आरोपी का असली चेहरा सामने आया। उसने पीड़िता को धमकी दी कि वह तस्वीरों को किसी अनजान व्यक्ति के जरिए इंटरनेट पर एडिट बनाकर वायरल कर देगा। बदनामी के डर से वह सहम गई।
हद तो तब हो गई जब आरोपी ने ब्लैकमेलिंग के इरादे से पीड़िता को चूहड़पुर रोड (हैबोवाल) पर गाड़ी में मिलने के लिए बुलाया। पीड़िता जब वहां पहुंची तो आरोपी ने गाड़ी के भीतर उसके प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ की।

सोने का ब्रेसलेट और फोन छीना
जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपी तरन कुमार ने उसके साथ मारपीट की। उसका मोबाइल फोन व हाथ में पहना हुआ सोने का ब्रेसलेट जबरन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। पीड़िता को अंदेशा है कि आरोपी उसकी इज्जत उछालने के लिए उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर सकता है।
आरोपी की तलाश जारी
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना हैबोवाल की इंस्पेक्टर कुलवंत कौर ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तरन कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66-E (प्राइवेसी का उल्लंघन) और नए कानून BNS की धारा 75, 304, 351(2), और 62 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए जालंधर और अन्य ठिकानों पर पुलिस टीमें भेजी जा रही हैं। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।
