Category: Breaking News

  • बारिश का कहर, ताश के पत्तों की तरह कॉलेज की इमारत गिरी, देखें वीडियो

    बारिश का कहर, ताश के पत्तों की तरह कॉलेज की इमारत गिरी, देखें वीडियो

    देहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच सोमवार को देहरादून के मालदेवता में दून डिफेंस कॉलेज की एक इमारत ढह गई। पिछले 24 घंटों से राज्य में लगातार बारिश हो रही है। जिसके चलते बंदाल नदी में पानी का स्तर बढ़ गया है। उफान पर आई बंदाल नदी के तेज बहाव में कॉलेज की इमारत बह गई। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने देहरादून और नैनीताल समेत छह जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

    लगातार हो रही मानसूनी बारिश से पहाड़ी राज्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे अब तक 60 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही, कम से कम 17 लोग लापता हैं। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से नेशनल हाईवे समेत कई सड़कें जाम हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, टिहरी में कुंजापुरी बगड़धार के पास भूस्खलन से ऋषिकेश-चंबा  नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया।

    जबकि ऋषिकेश-देवप्रयाग-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सखणीधार में भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। भारी बारिश के चलते लगभग 1,169 घर और बड़ी मात्रा में कृषि भूमि भी क्षतिग्रस्त हो गई है। देहरादून और चंपावत में अधिकारियों ने भारी बारिश और बाढ़ के कारण आज सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। उत्तराखंड सरकार ने बाढ़ के मद्देनजर जिलाधिकारियों और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में लोगों की सहायता के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।

  • 15% तक प्रॉपर्टी के दामों में हुई बढ़ोतरी 

    15% तक प्रॉपर्टी के दामों में हुई बढ़ोतरी 

    नई दिल्ली : देश में आवास की कीमत लगातार बढ़ रही है। पिछले साल से तुलना करके देखा जाए तो मकानों के दाम में औसतन 8 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है, जबकि देश के टॉप-8 शहरों में से कुछ जगह इनकी कीमत अप्रैल-जून तिमाही में सालाना आधार पर 15 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है। यानी अब मकान खरीदना आम आदमी के लिए पहले से मुश्किल ही होता जा रहा है।

    मकानों के दाम बढ़ने को लेकर ये अध्ययन रियल एस्टेट डेवलपर्स के संगठन क्रेडाई ने कॉलियर्स लाइसेस फोरस के साथ मिलकर किया है। इस अध्ययन की रिपोर्ट में कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। साल 2023 की अप्रैल-जून तिमाही में पिछले साल के मुकाबले मकानों के दाम सबसे ज्यादा कोलकाता में बढ़े हैं। यहां आवास की कीमत में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ये देश के आठ टॉप शहरों में सबसे अधिक है। इसके बाद लिस्ट में दूसरा नंबर दिल्ली-एनसीआर रीजन का है। यहां प्रॉपर्टी की कीमतें सालभर में 14 प्रतिात बढ़ी हैं, जबकि हैदराबाद में कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला 13 प्रतिशत का रहा है। इसके अलावा पुणे में ये बढ़ोतरी 11 प्रतिशत और अहमदाबाद-बेंगलुरू में 10 प्रतिशत की रही है, जबकि चेन्नई में कीमतें मात्र 6 प्रतिशत ही बढ़ी हैं।

    वहीं दूसरी ओर देश की सबसे महंगी सिटी मुंबई में यूं तो प्रॉपर्टी के रेट काफी ऊंचे हैं। लेकिन देश के टॉप-8 सिटी में ये इकलौता ऐसा शहर है जहां सालभर में प्रॉपर्टी के दाम कम हुए होंगे। मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन में प्रॉपर्टी की कीमतों में बीते साल के मुकाबले 3 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। देश के सबसे महंगे इलाकों में से एक कुछ मुंबई में ही हैं। इसमें साउथ बॉम्बे के साथ-साथ ब्रांदा और कुर्ला भी शामिल हैं।

  • क्या फिर से होगा महाराष्ट्र में सियासी खेल?

    क्या फिर से होगा महाराष्ट्र में सियासी खेल?

    डिप्टी सीएम अजित पवार और शरद पवार की हुई सीक्रेट मीटिंग

    मुंबई: देश में इस समय कोई राज्य राजनीतिक रूप से अगर चर्चा का विषय बना हुआ है तो वह महाराष्ट्र है। पहले शिंद का एनडीए में आना फिर अजीत पवार का और अब शरद पवार को लेकर बातें हो रही हैं। शनिवार को पुणे में हुई शरद पवार और अजीत पवार के बीच की सीक्रेट मीटिंग के बाद कई कयास लगाए जा रहे है। बता दें कि शरद पवार जोरशोर से अजीत पवार को मनाने में लगे हुए है। इतना ही नहीं पीएम मोदी को रविंद्र नाथ टैगोर सम्मान से सम्मानित करने के दौरान भी मुख्य अतिथि शरद पवार थे जहां पीएम मोदी और शदर पवार दोनों की एक मंच पर दिखे जिसके बाद राजनीति में हलचल पैदा हो गई।

    एनसीपी नेता अमोल मिटकरी ने कहा कि यह दोनों नेताओं के बीच पारिवारिक बैठक हो सकती है। इस मीटिंग को सीक्रेट ही रखा गया है। हालांकि, इस बात की भनक मीडिया को भी लग गई। अब इस बैठक को लेकर हर पार्टी के नेता अलग-अलग अनुमान लगा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जयंत पाटिल की मध्यस्थता में अजीत पवार एक बार फिर से शरद पवार (Sharad Pawar) को बीजेपी में लाने की कोशिश के लिए गए थे। साथ ही, यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं के खिलाफ ईडी की जांच को लेकर भी बातचीत हुई है। हालांकि, इस पर अभी तीनों नेताओं ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।


    सूत्रों के मुताबिक अजित पवार ने शरद पवार को साथ आने के लिए कहा। लेकिन एनसीपी चीफ ने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं नहीं आ सकता। शरद पवार जब नहीं माने तो अजित पवार ने कहा कि आपके साथ कुछ विधायक हैं जो हमारे साथ आना चाहते हैं। उन्हें आप मत रोकिए। आप उन्हें आशीर्वाद दें। सूत्रों ने बताया कि इस पर शरद पवार ने कहा कि जो जाना चाहे जा सकता है, मैं किसी को नहीं रोकूंगा।

  • इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल, जानें वजह

    इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल, जानें वजह

    नई दिल्लीः स्कूल के छात्रों के लिए राहत की खबर सामने आ रही है। स्कूली बच्चों की छुट्टियों की घोषणा हो गई है। त्योहारों के सीजन आने के साथ ही अब स्कूलों में लंबे अवकाश का लाभ मिलेगा। अगस्त महीने में कई दिनों तक स्कूलों को बंद रखा जाएगा। इसके साथ ही सितंबर महीने में भी कई दिन अवकाश घोषित किए गए हैं। अगस्त में रक्षाबंधन सहित स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी घोषित की गई। इसके साथ ही भारी बारिश को देखते हुए कई राज्यों में अवकाश घोषित किया गया है जबकि सितंबर महीने में जन्माष्टमी सहित कई बड़े त्यौहार है। जिसके बाद बच्चों को लंबी छुट्टी का लाभ मिलने जा रहा है।

    अगस्त महीने में 15 अगस्त मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस के दिन अवकाश घोषित किया गया। 16 अगस्त को नवरोज पारसी नव वर्ष की वजह से कई राज्यों में अवकाश घोषित किया गया। 20 अगस्त को गणेश चतुर्थी रविवार का दिन है जबकि 29 अगस्त मंगलवार को ओणम के उपलक्ष्य पर दक्षिण राज्यों में अवकाश रहेगा 30 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर अवकाश घोषित किया गया है। वहीं सितंबर महीने में 3 सितंबर को रविवार, 7 सितंबर को जन्माष्टमी के मौके पर स्कूल में अवकाश रहेगा।
    10 सितंबर को रविवार, 17 सितंबर को रविवार 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी 20 सितंबर को गणेश चतुर्दशी का अवकाश रहेगा। वही 23 सितंबर को वीर शहादत दिवस और 24 सितंबर को रविवार है जबकि 28 सितंबर को ईद ए मिलाद के मौके पर स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। 1 से 12वीं तक के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा। वहीं कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को भी कुछ छुट्टियों का लाभ मिल सकता है। वहीं हैदराबाद के स्कूलों में 29 और 30 अगस्त को 2 दिन अवकाश की घोषणा की गई है। दरअसल यह अवकाश उन स्कूलों में रहेगा। जिन स्कूलों में टीसीपीएससी ग्रुप 2 परीक्षा के लिए केंद्र का चुनाव किया गया है। यहां दो दिन का अवकाश घोषित किया जाएगा। इस मामले में ए श्री देवसेना द्वारा जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

  • सीएम के पूर्व निजी सचिव सहित 7 के खिलाफ मामला दर्ज

    सीएम के पूर्व निजी सचिव सहित 7 के खिलाफ मामला दर्ज

    देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पूर्व निजी सचिव प्रकाश चंद उपाध्याय और 6 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ करोडो  रुपयो  की धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने  बताया कि पंजाब के पटियाला के रहने वाले संजीव कुमार द्वारा  दर्ज कराई गयी शिकायत में आरोप लगाया है कि उपाध्याय और उनके छह साथियों ने उत्तराखंड में सरकारी निविदा दिलाने के नाम पर उनसे कई हिस्सों में तीन करीब करोड़ रुपये लिए है ।

    शिकायत में संजीव ने कहा कि उसकी और उपाध्याय की मुलाकात पिछले साल अप्रैल में हुई थी और उसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। पुलिस ने बताया कि संजीव ने अपने आरोप में कहा कि उपाध्याय ने उसे सरकारी निविदा दिलाने का वादा किया और इसके लिए उनसे तथा उनके कुछ साथियों से कुछ अंतराल पर करीब तीन करोड़ रुपये ले लिए गए ।

    शिकायत में लिखा  गया कि निविदाएं नहीं मिलने पर जब उपाध्याय से पैसे वापस मांगे गए तो उसने 30 लाख रुपये का एक चेक दिया जो बाउंस हो गया। इस मामले में उपाध्याय के अलावा, सौरभ शर्मा, सौरभ की पत्नी नंदिनी, महेश महारिया, रौनक महारिया, शाहरूख खान और अमित लांबा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

    पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 , 406 और 120 (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सेवानिवृत्त हो चुके उपाध्याय की गिनती राज्य सचिवालय के प्रभावशाली कर्मचारियों में होती थी । धामी के निजी सचिव रहने से पहले वह उत्तराखंड के मुख्य सचिवों के निजी सचिव भी रह चुके हैं।

  • BJP को बड़ा झटका, समर्थकों सहित पूर्व पार्षद कांग्रेस में हुए शामिल 

    BJP को बड़ा झटका, समर्थकों सहित पूर्व पार्षद कांग्रेस में हुए शामिल 

    भिलाईः इसी साल के अंत में छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने को है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपने अपने उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी में है। जहां एक ओर भाजपा अपनी पार्टी मजबूत करने की तैयारी में है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के लिए ये चुनाव बड़ा चुनौतीपूर्ण है। इसी बीच बीजेपी को आज बड़ा झटका का सामना करना पड़ा है। पूर्व BJP पार्षद गुड्डू खान आज कांग्रेस में शामिल हो गए है। मिली जानकारी के अनुसार, BJP पार्षद गुड्डू ने समर्थकों के साथ कांग्रेस में प्रवेश किया है। बापू नगर में कांग्रेस की तिरंगा यात्रा के दौरान प्रवेश किया। विधायक देवेंद्र यादव ने उन्हें सदस्यता दिलाई है।

  • भरी सभा में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष को मारी गोली, मची अफरा-तफरी 

    भरी सभा में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष को मारी गोली, मची अफरा-तफरी 

    जयपुरः राजस्थान के उदयपुर में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए है। तेह घटना करणी सेना की बैठक के दौरान घटी  है। पुलिस ने आरोपी दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गोली मारने की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। आरोपी ने भंवर सिंह को  गोली उस समय मारी जब बीएन संस्थान परिसर में राजपूत करणी सेना की बैठक चल रही थी। गोली चलते ही बैठक में अफरा-तफरी मच गई। बैठक में मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया ।

    बता दें कि घायल भंवर सिंह को पुलिस अस्पताल में भर्ती करवाया है। गोली मारने वाले शख्स को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष को आरोपी दिग्विजय द्वारा गोली मारने के पीछे प्रथम दृष्टया पुरानी दुश्मनी बताई गई है। आरोपी ने गोली उस समय मारी जब उदयपुर के बीएन संस्थान परिसर में राजपूत करणी सेना की बैठक चल रही थी। वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया औऱ उसकी जमकर पिटाई की।

  • बस और कार में भीषण टक्कर में 7 की मौत, गाड़ी के उड़े परखच्चे

    बस और कार में भीषण टक्कर में 7 की मौत, गाड़ी के उड़े परखच्चे

    गाड़ी में फंसे शव देखकर पुलिस कर्मी भी हो गए हैरान

    नागौरः राजस्थान के नागौर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। हादसा डीडवाना इलाके में लोक परिवहन की बस और इको कार की भिड़ंत के कारण हुआ। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। हादसे में मारे गए सभी लोग कार में सवार थे। हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारी मौके पर दौड़े। घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है। वहां से दो घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उनको जयपुर रेफर किया गया है।

    पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार को डीडवाना इलाके में बाठड़ी गांव के पास हुआ। वहां लोक परिवहन की एक बस और इको कार के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही वहां चीख पुकार मच गई और चारों तरफ खून ही खून बिखर गया। हादसे की सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां के हालात देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों को सूचना दी। इस पर वे भी मौके पर दौड़े।

    मौके के हालात देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। हादसे का शिकार हुई कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। शव उसमें फंसकर रह गए थे। बाद में मौके पर आसपास के लोगों और पुलिस प्रशासन ने जैसे-तैसे उनको बाहर निकाला। वहीं अन्य घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से स्थानीय अस्पताल भिजवाया गया। घटनास्थल पर चारों तरह खून ही खून देखकर कई लोगों की हालत खराब हो गई।

    हादसे में मारे गए लोगों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्तगी के प्रयास कर रही है। वहीं अभी तक हादसे के कारणों का भी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। उल्लेखनीय है कि आज ही जैसलमेर जिले में बीएसएफ का एक ट्रक पलट गया। उस हादसे में भी बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई और 12 अन्य जवान घायल हो गए। घायल जवानों का जैसलमेर के राजकीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

  • मंदिर के बाहर खालिस्तानी समर्थकों ने आतंकी निज्जर की फोटो लगा भारत के हाई कमिश्नर को लिखा वांटेड, देखें CCTV 

    मंदिर के बाहर खालिस्तानी समर्थकों ने आतंकी निज्जर की फोटो लगा भारत के हाई कमिश्नर को लिखा वांटेड, देखें CCTV 

    नई दिल्लीः खालिस्तान टाइगर फोर्स के कमांडर हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद बौखलाए खालिस्तानियों ने कनाडा के मंदिर के बाहर पोस्टर लगाए हैं। भारत के विदेश कमिश्नर की तस्वीरें लगा उन्हें वांटेड लिखा है। पोस्टर लगाने वाले खालिस्तानियों की हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई है। ये पोस्टर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के बाहर लगाए गए हैं। पोस्टर में हरदीप निज्जर की फोटो लगा उसकी मौत का जिम्मेवार भारत के विदेश हाई कमिश्नर के सदस्यों को बताया है। इसमें भारत के हाई कमिश्नर संजय कुमार वर्मा, टोरंटो में दूतावास जनरल अपूर्वा श्रीवास्तव और कमिश्नर सदस्य मनीष की तस्वीर लगाई है। बता दें कनाडा स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में अप्रैल 2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नतमस्तक हुए थे।

    जिला जालंधर के गांव भारपुरा में जन्मे आतंकी हरदीप सिंह निज्जर (45) की हत्या 18 जून को हुई थी। निज्जर पर सरकार ने 10 लाख का इनाम भी रखा था। एक गुरुद्वारे के बाहर बाइक पर आए दो लोगों ने उसे गोली मार दी थी। हरदीप सिंह निज्जर सरे में एक गुरुद्वारे का प्रमुख था। जुलाई 2022 में NIA ने उसे भगौड़ा घोषित किया था। बताया जाता है कि उसे अपने ही संगठन के लोगों से खतरा था।

    अभी तक की जांच में सामने आया है कि निज्जर को रिपुदमन मलिक की हत्या का बदला लेने के लिए मारा गया है। रिपुदमन सिंह 1985 में एयर इंडिया के विमान को बम से उड़ाने के मामले में आरोपी था। 14 जुलाई, 2022 को वैंकूवर में उसकी हत्या कर दी गई थी। इसका शक हरदीप सिंह निज्जर पर था।

    हरजीत सिंह निज्जर आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू का करीबी था। NIA की 40 आतंकियों की लिस्ट में निज्जर का भी नाम था। सितंबर 2022 में ब्रैंपटन शहर में खालिस्तान के हक में रेफरेंडम करवाने में भी उसकी भूमिका थी। NIA के मुताबिक, निज्जर 31 जनवरी 2021 को जालंधर में हिंदू पुजारी कमलदीप शर्मा की हत्या की साजिश में शामिल था।

  • प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के 3 वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज, जानें मामला

    प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के 3 वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज, जानें मामला

    नई दिल्लीः मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार पर 50 फीसदी कमीशन का आरोप को लगाने पर प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के 3 वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इंदौर के संयोगितागंज थाने में प्रियंका गांधी, कमलनाथ और अरुण यादव के खिलाफ IPC की धारा 420, 469 के तहत केस दर्ज किया गया है। दरअसल, प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में राज्य सरकार पर 50 फीसदी कमीशन लेने का आरोप लगाया था। इसमें एक पत्र का हवाला दिया गया था।

    मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उनके आरोप को झूठा बताते हुए एमपी के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता से उनके आरोप का समर्थन करने के लिए सबूत मांगा और चेतावनी दी थी कि राज्य सरकार और भाजपा के सामने कार्रवाई के विकल्प खुले हैं। वहीं राज्य भाजपा प्रमुख वी डी शर्मा ने आरोप लगाने के लिए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में एक फर्जी पत्र का हवाला देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। बता दें कि शुक्रवार को प्रियंका गांधी ने एक्स, जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था, पर दावा किया था कि मध्य प्रदेश के ठेकेदारों के एक संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उन्हें 50 प्रतिशत कमीशन देने के बाद ही पेमेंट होती है।

    प्रियंका ने अपनी पोस्ट में लिखा, “कर्नाटक की भ्रष्ट बीजेपी सरकार 40% कमीशन वसूलती थी। मध्य प्रदेश में बीजेपी अपने ही भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन वाली सरकार को हटा दिया, अब मध्य प्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली सरकार को हटाएगी।” गृह मंत्री नरोत्तम ने चेतावनी दी थी कि कांग्रेस के नेताओं ने पहले राहुल गांधी से झूठ बुलवाया और अब प्रियंका गांधी से झूठा ट्वीट करवाया। प्रियंका जी, अपने ट्वीट का सबूत दें, अन्यथा हमारे पास कार्रवाई के लिए सभी विकल्प खुले हैं। 
    प्रियंका गांधी को हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखने वाले उस व्यक्ति या ठेकेदार का नाम बताना चाहिए जिसका जिक्र उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में किया है। वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि उनकी पार्टी यह साबित कर देगी कि भाजपा सरकार भ्रष्ट है। उन्होंने कहा, “भाजपा को वास्तविकता स्वीकार करनी चाहिए, लेकिन सत्तारूढ़ दल राजनीतिक आतंक पैदा कर रहा है। यह असंवैधानिक तरीके अपना रहा है। हम साबित कर देंगे कि सरकार भ्रष्ट है।”