Category: Chandigarh

  • PGI में फर्जी स्टाफ बनकर इंजेक्शन लगाने के मामले में 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः PGI में फर्जी स्टाफ बनकर इंजेक्शन लगाने के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें इंजेक्शन लगाने वाली महिला की पहचान संगरूर की रहने वाली जसप्रीत कौर के रूप में हुई है। वह पटियाला में केयरटेकर के रूप में काम करती थी। पुलिस ने उसे संगरूर से ही गिरफ्तार किया है। भाई ने पैसे देकर भेजा था मामले में पीड़िता के भाई जसमीत सिंह निवासी राजपुरा ने जसप्रीत कौर को पैसे देकर इंजेक्शन लगाने के लिए भेजा था। उसने यहां इंजेक्शन अपने साथी बूटा सिंह निवासी राजपुरा और मनदीप सिंह निवासी पटियाला से खरीदे थे। इन दोनों ने यह टीका राजपुरा अस्पताल पटियाला में काम करने वाले अपने किसी साथी से लिए थे।

    बता दें कि पीजीआई में फर्जी डॉक्टर द्वारा जहरीला टीका लगाने के बाद भर्ती महिला के नवजात बेटे की आज अचानक तबीयत खराब हो गई है। जिसे राजपुरा के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां पर उसका इलाज चल रहा है। वहीं अभी पीड़िता हरमीत कौर भी पीजीआई के आईसीयू में वेंटिलेटर पर है। उसकी हालत में भी अभी तक कोई सुधार नहीं हो पाया है। डॉक्टर लगातार उस पर नजर बनाए हुए हैं।

    मामले में पीड़िता हरमीत कौर के पति ने आरोप लगाए हैं कि पुलिस के द्वारा अभी भी असली गुनहगार को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इस मामले में उसकी सास मुख्य आरोपी है, जो की लगातार उनके खिलाफ साजिश कर रही थी। इसका एक साला विदेश में रहता है, वह उनके खिलाफ साजिश करने के लिए लगातार वहां से फंडिंग कर रहा है। जिस आरोपी साले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, वह बेरोजगार है। वह पैसा देकर यह काम करवा ही नहीं सकता है। इसलिए पुलिस को असली गुनहगारों को पकड़ना चाहिए।

  • फिर स्कूल के पास हुई गैस लीक, हड़कंप मचने पर की स्टूडेंट्स को छुट्टी

    चंडीगढ़ः सेक्टर-40 में एक बार फिर से गैस की पाइपलाइन लीक होने का मामला सामने आया है। एक प्राईवेट स्कूल में गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। दरअसल, यह पाइपलाइन सेक्टर-40 के सर्वहितकारी स्कूल के पास लीक हुई है। बच्चों को तुरंत सुरक्षित स्कूल से बाहर निकाला गया। इससे स्कूलों ने बच्चों की छुट्टी कर दी है। अभिभावक दहशत में है। बच्चों को स्कूल से निकलकर एक पार्क में बिठाया गया है। पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। मिली जानकारी के अनुसार स्कूल ग्राऊंड में  LPG पाइप लाइन अचानक लीक हो गई। चंडीगढ़ में पाइपलाइन के जरिए गैस की सप्लाई की जा रही है। इस घटना की सूचना के बाद कंपनी की टीम मौके पर पहुंच गई है। पाइप लाइन के वाल्व बंद करके गैस की सप्लाई रोक दी गई है। अभी टीम पाइप की मरम्मत करने में लगी हुई है।

  • पंजाब: अमृतपाल के साथी दलजीत कलसी की याचिका को लेकर आया HC का बड़ा बयान

    चंडीगढ़ः पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में अमृतपाल सिंह के कथित सहयोगी सरबजीत उर्फ दलजीत कलसी की याचिका दायर की गई थी। जिसको लेकर हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। दरअसल, कलसी ने अपनी याचिका में कहा था कि उसे अजनाला पुलिस थाने पर 23 फरवरी को हुए हमले की एफआईआर में भी नामजद किया हुआ है, उस मामले में आज तक उसकी गिरफ्तारी नहीं दिखाई गई और ट्रायल कोर्ट में चल रहे इस केस में उसे पेश नहीं किया गया है, लिहाजा उसे इस केस के ट्रायल में पेश किया जाए ताकि उसके खिलाफ दर्ज केसों का तेजी ट्रायल हो सके। 

    मामले में पंजाब पुलिस की तरफ से जवाब दायर कर कहा गया कि कलसी को अनुच्छेद 21 का लाभ नहीं दिया जा सकता है। उसने कहा कि अनुच्छेद 21 के परविधान को इस हद तक नहीं बढ़ाया जा सकता है जिससे कानून और व्यवस्था की स्थिति खराब हो। पुलिस द्वारा दिए गए जवाब के अनुसार अनुच्छेद 21 का लाभ लेने से याचिकाकर्ता को तो व्यक्तिगत स्वतंत्रता मिलेगी और पूरा राज्य और आम जनता खतरे में पड़ जाएगी। इस प्रकार, गलत व्याख्या और दूसरे की अनदेखी करके याचिकाकर्ता को अनुच्छेद 21 के तहत कोई लाभ नहीं दिया जा सकता। कलसी पर अजनाला पुलिस स्टेशन पर हमले के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

    कलसी की तरफ से सभी दलील दी गई कि उसे बिना किसी गिरफ्तारी या मुकदमे के 8 महीने से एनएसए के तहत गलत तरीके से फंसाया गया और हिरासत में रखा गया है। इस पर पंजाब पुलिस की तरफ से जवाब दायर कर कहा गया कि उसकी हिरासत उचित और कानून के अनुरूप है और इसे राज्य सरकार, केंद्र सरकार और सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की देखरेख में गठित एक समिति द्वारा मंजूरी दी गई है। पंजाब सरकार ने यह भी कहा कि आरोपी के खिलाफ संगीन मामले है फिलहाल इसके किसी मामले में अन्य मामले में पेश नहीं किया जा सकता। हाई कोर्ट ने सभी पक्षों की दलीलों सुनने के बाद कलसी की इस याचिका को खारिज कर दिया है और साथ ही कहा की 15 दिनों के भीतर वे इस याचिका पर अपना विस्तृत आदेश सुना देंगे।

  • वकील के बेटे की पार्टी में नामी क्लब में खाने में निकला कॉकरोच, संचालक ताला लगाकर हुआ फरार

    चंडीगढ़ः फास्ट-फूड खाने में लगातार जानवर निकलने के मामले सामने आ रहे है। वहीं ताजा मामला सेक्टर-3 थाना क्षेत्र में पड़ते एक नामी क्लब से सामने आया है। जहां नामी क्लब के खाने में कॉकरोच निकलने को लेकर मामला गर्मा गया है। इस मामले को लेकर वकील ने चंडीगढ़ के फूड सेफ्टी विभाग को शिकायत दी है। शिकायत मिलने पर रात ही फूड सेफ्टी विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन क्लब संचालक रसोई को ताला लगाकर मौके से फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि इस मामले में आज दोबारा से जांच की जाएगी।

    पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट लेखराज शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम को वह अपने बच्चे का जन्मदिन मनाने क्लब में गए थे। उन्होंने खाने से पहले स्नैक्स ऑर्डर किए थे। जब उनकी टेबल में पर क्रिस्पी कॉर्न परोसा गया तो, उस प्लेट में मरे हुए कॉकरोच थे। उन्होंने फोन कर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम को मौके पर बुला लिया था। आज वह इसकी विभाग को लिखित शिकायत देंगे।

    एडवोकेट लेखराज शर्मा ने बताया कि उनकी बगल की टेबल पर एक पति-पत्नी बैठे हुए थे। दंपती दिल्ली के रहने वाली हैं। वह शिमला जा रहे थे। रास्ते में रुककर उन्होंने चंडीगढ़ के इस क्लब में वेज खाने का ऑर्डर किया था। जब खाना उनके पास पहुंचा तो उसमें भी नॉनवेज के कुछ हिस्से मिले थे। वह बीच में ही अपना खाना छोड़कर चले गए थे। इसी वजह से उन्होंने खाने से पहले क्रिस्पी कॉर्न की प्लेट को देख लिया था।

  • वर्ल्ड कप मैच पर नहीं लगेगा आंशिक कर्फ्यू

    मोहालीः चंडीगढ़ प्रशासन ने रविवार को होने वाले भारत और ऑस्ट्रेलिया मैच को लेकर पहले आंशिक कर्फ्यू के आदेश दिए थे, लेकिन अब प्रशासन ने इस मामले में यू-टर्न लिया है। प्रशासन की तरफ से अब नए आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों के मुताबिक, सार्वजनिक स्थल पर बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखने के लिए आज शाम 7 बजे तक डीसी ऑफिस से अनुमति लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं दूसरी ओर प्रशासन ने म्यूजिक सिस्टम पर लगाई रोक भी वापस ले ली है।

    अब चंडीगढ़ में डीजे, कार म्यूजिक सिस्टम, ढोल, ड्रम आदि को नॉइस पॉल्यूशन रूल 2000 के तहत बजा सकते हैं। इसके अलावा मैच के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर लगी स्क्रीन में नॉर्मल आवाज में 10 बजे के बाद भी मैच चलाने की अनुमति है। चंडीगढ़ प्रशासन ने भारतीय क्रिकेट टीम और चंडीगढ़ के लोगों को वर्ल्ड कप फाइनल मैच की शुभकामनाएं भी दी हैं। साथ ही आज और कल रविवार के दिन भी जिला मजिस्ट्रेट का कार्यालय खुला रहेगा। जो लोग आज अनुमति के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें कल अनुमति दे दी जाएगी।

  • पंजाब के बच्चों को चंडीगढ़ में नर्सरी-प्री-नर्सरी में नहीं मिलेगा दाखिला! फैसले के बाद गरमाई राजनीति

    चंडीगढ़ः प्री-नर्सरी और नर्सरी स्तर के स्कूलों में पंजाब के बच्चों को दाखिला न देने के चंडीगढ़ प्रशासन के फैसले पर राज्य में राजनीति गरमा गई है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वाड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल और एनएसयूआई प्रमुख ईशरप्रीत सिंह सिद्धू ने चंडीगढ़ प्रशासन के इस फैसले की कड़ी निंदा की है।

  • पंजाबः DGP यादव ने जारी किया 11 पुलिस जिलों के SSP’s को कारण बताओ नोटिस 

    चंडीगढ़ः पंजाब में पराली जलाने की घटना बढ़ती ही जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी पराली जलाने की घटना में कोई कमी नहीं देखी गई उल्टा मामलों में वृद्धि हो रही है। इस घटना से हरियाणा, दिल्ली और यहां तक की पंजाब के कुछ हिस्से सबसे अधिक प्रभावित हैं। इन स्थानों पर प्रदूषण कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। बेहद खराब एक्यूआई के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन मचना आदि जैसी कई समस्याएं हो रही है। बढ़ते एक्यूआई को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब को पराली न जलाने के लिए सख्त आदेश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद हर रोज 1000 से ऊपर पराली जलाने के केस दर्ज किए जा रहे हैं।

    बुधवार को ही पंजाब में पराली जलाने के 2,544 ताजा मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं वीरवार को हजार से ऊपर मामले दर्ज किए गए त शुक्रवार को 1150 मामले सामने आए। जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर से 17 नवंबर तक कुल 33,082 पराली जलाने के मामले दर्ज किए गए है। लगातार पराली जलाने के मामले जिस प्रकार बढ़ रहे हैं ये लोगों के लिए और चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस और सरकार पराली जलाने की घटनाओं को रोक क्यों नहीं पा रहा है। 

    बढ़ती पराली जलाने की घटना पर पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने 11 जिला पुलिस बरनाला, बठिंडा, फरीदकोट, फाजिल्का, फिरोजपुर, लुधियाना, मोगा, मुक्तसर, संगरूर, जगराओं और खन्ना के एसएसपी के लिए कारण बताओं नोटिस जारी किए है। इतना ही नहीं पंजाब के चीफ सेक्रेटरी ने भी 9 जिलों के डीसी के लिए कारण बताओं का नोटिस जारी किया था। ये वो जिले हैं जहां पराली जलाने पर सख्ती होने पर भी मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। पराली जलाने के मामलों पर रोक लगाने के लिए पंजाब पुलिस ने गांवों के सरपंचों को अपने-अपने गांव में पराली के जलने की सूचना देने के निर्देश दिए है, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ है।

  • गाड़ी में चिकन और शराब की बोतल बरामद होने के मामले में 2 PCR कर्मी लाइन हाजिर

    चंडीगढ़ः पुलिस ने पीसीआर पर तैनात 2 कर्मचारियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इन दोनों कर्मचारियों का एक वीडियो सामने आया था। इसमें पीसीआर की गाड़ी में चिकन और शराब की बोतल रखी हुई थी। इसमें पुलिस ने इन दोनों पीसीआर कर्मी अनिल और रूप कुमार के खून के नमूने जांच के लिए लिए हैं, लेकिन अभी तक उनकी रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। चंडीगढ़ नॉर्थ ईस्ट डिवीजन के डीएसपी पी. अभिनंदन ने बताया कि दोनों कर्मचारियों के खिलाफ ड्यूटी के दौरान शराब पीने की शिकायत मिली है। शिकायत मिलने के बाद दोनों कर्मचारियों को पुलिस लाइन भेज दिया है। खून जांच की रिपोर्ट में अगर शराब की पुष्टि होती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    मामले में आम आदमी पार्टी की स्थानीय पार्षद सुमन ने पुलिस पर आरोप लगाए हैं की पुलिसकर्मी अगर ड्यूटी के दौरान इस तरह से शराब की हालत में होंगे तो शहर की महिलाएं सुरक्षित नहीं रह पाएंगी। पुलिस के अधिकारियों को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि आगे से सभी कर्मचारियों को सबक मिल सके। पंजाब जलापूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन और आम आदमी पार्टी के नेता एसएस अहलूवालिया ने चंडीगढ़ पुलिस द्वारा दो युवकों पर दर्ज मुकदमे को गलत बताया है। उन्होंने कहा है कि चंडीगढ़ पुलिस अपने कर्मचारियों को बचाने के लिए निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। यह चंडीगढ़ पुलिस की बहुत बड़ी नाकामी है। पुलिस को अपने कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए और दोनों युवकों पर दर्ज मुकदमे को जल्द से जल्द रद्द करना चाहिए।

    बुधवार को चंडीगढ़ के इंदिरा कॉलोनी में दो गुटों में झगड़े की पुलिस को एक सूचना मिली थी। इस पर पीसीआर की गाड़ी मौके पर पहुंची थी। पीसीआर की गाड़ी में तैनात पुलिसकर्मियों ने जब दो युवकों को गाड़ी में बिठाया तो उसमें शराब की बोतल और चिकन पड़ा हुआ था। इस पर लोगों ने वीडियो बना लिया। हंगामा बढ़ता हुआ देख आईटी पार्क थाने की पुलिस मौके पर पहुंची थी। जिसने दोनों गुटों में समझौता करा दिया था। गुरुवार को पीसीआर कर्मियों की शिकायत पर आईटी पार्क पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। इलाके में इन युवकों की गिरफ्तारी का विरोध किया जा रहा था।

  • The Great Khali के घर आया नन्हा मेहमान, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः डब्ल्यूडब्ल्यूई में प्रतिभा का लोहा मनवा चुके दलीप राणा ऊर्फ द गेट खली के घर एक बार फिर खुशियां आई हैं, दरअसल उनके घर बेटे ने जन्म लिया है। उनकी पत्नी हरपिंदर कौर ने अमेरिका के मैटरनिटी होम में बेटे को जन्म दिया। रेसलर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसका वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वे अपने बच्चे को लाड़-प्यार कर रहे हैं। बता दें कि द ग्रेट खली की एक बेटी है।  

    खली ने बेटी को अनमोल हीरा कहकर खुशी का इजहार किया था। हैवीवेट चैंपियन खली के पैतृक निवास धिरयाना से मिली जानकारी के अनुसार खली की पत्नी हरपिंद्र कौर ने अमेरिका के मैटरिनिटी होम में एक लड़की को जन्म दिया था। बता दें कि ग्रेट खली सिरमौर जिला के शिलाई के धिरयाना के रहने वाले हैं। खली के घर में खुशी का माहौल है। खली बॉलीवुड की आधा दर्जन फिल्मों और रियलिटी शो बिग बॉस के उपविजेता भी रह चुके हैं।

  • PCR गाड़ी से शराब-चिकन बरामद होने पर हुआ हंगामा, देखें वीडियो

    कर्मचारी बोले- लोगों ने जबरदस्ती रखी बोतल

    चंडीगढ़ः इंदिरा कॉलोनी में एक समारोह में झगड़े की शिकायत पर पहुंचे पुलिसकर्मी बुरी तरह फंस गए। पीसीआर की गाड़ी के अंदर शराब की बोतल और चिकन मिलने का मामला सामने आया है। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि लोगों ने जबरदस्ती पीसीआर की गाड़ी में शराब की बोतल रखी थी। दरअसल, झगड़ा कर रहे युवकों को जब पुलिसकर्मियों ने वैन में बिठाया तो उन्हें पुलिस की गाड़ी के डैशबोर्ड पर चिकन की प्लेट और शराब नजर आई। इस पर कॉलोनी वासियों ने हंगामा कर दिया। कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शराब पी हुई थी वहीं पुलिसकर्मियों ने कॉलोनी वासियों पर पुलिस की गाड़ी में जबरदस्ती शराब की बोतल और मीट की प्लेट रखने का आरोप लगाया। मामला बढ़ा तो थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुलिस कर्मियों का मेडिकल कराया।

    एरिया डीएसपी अभिनंदन के अनुसार पुलिस कर्मियों का मेडिकल कराया गया है। यदि शराब की पुष्टि हुई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी झगड़े में पकड़े गए युवकों से जबरदस्ती बयान लिखवा रहे हैं कि पुलिस की गाड़ी में उन्होंने ही शराब की बोतल और चिकन की प्लेट रखी। दूसरी ओर इस मामले को लेकर पीसीआर कर्मियों ने वहां पर झगड़े के आरोप में हीरा और गोपाल नाम के शख्स को हिरासत में ले लिया था। जब उन लोगों को गाड़ी में बिठाया गया तो उन्होंने स्थानीय निवासियों को गाड़ी में शराब और चिकन की सूचना दी।

    इस पर स्थानीय निवासियों ने मौके पर हंगामा खड़ा कर दिया। इस पर वहां मौजूद लोगों ने पीछे पीसीआर कर्मियों के साथ गाड़ी में शराब की बोतल और चिकन का वीडियो बना लिया। जब इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को मिली तो उन्होंने पीसीआर कर्मियों का मेडिकल कराया है, लेकिन पुलिस अभी भी यही कह रही है कि लोगों ने खुद को बचाने के लिए जबरदस्ती पीसीआर में शराब की बोतल रखी थी।मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि चंडीगढ़ पुलिस के पास एल्कोमीटर है। वह जगह-जगह नाका लगाकर शराब की चेकिंग करते हैं, लेकिन इस मामले में पुलिस ने अपने एल्कोमीटर का इस्तेमाल नहीं किया है। वह अपने पुलिसकर्मियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर पुलिस को जांच करनी थी तो मौके पर एल्कोमीटर से इसकी जांच हो सकती थी।