Category: International

  • राहुल द्रविड़ के बाद ये होंगे टीम इंडिया के नए हेड कोच! 

    राहुल द्रविड़ के बाद ये होंगे टीम इंडिया के नए हेड कोच! 

    नई दिल्लीः इस साल भारत वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा। बहरहाल, बीसीसीआई ने इस टूर्नामेंट के लिए अपनी तैयारियों पर काम करना शुरू कर दिया है। पिछले दिनों इस बाबत बीसीसीआई की रिव्यू मीटिंग हुई। इसके अलावा बीसीसीआई की नजर टीम इंडिया के अगले हेड कोच पर है। दरअसल, भारतीय टीम के मौजूदा हेड कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल वनडे वर्ल्ड कप तक है। वहीं, इस बात की संभावना बेहद कम है कि राहुल द्रविड़ के कार्यकाल को बढ़ाया जाएगा। फिलहाल, बीसीसीआई राहुल द्रविड़ के विकल्प को तलाश रही है।

    बहरहाल, राहुल द्रविड़ की जगह टीम इंडिया के हेड कोच बनने के रेस में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण सबसे आगे हैं। वीवीएल लक्ष्मण को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वीवीएस लक्ष्मण फिलहाल बैंगलोर स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी के हेड हैं। इसके अलावा वीवीएस लक्ष्मण टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ की गैरमौजूदगी में कोचिंग की जिम्मेदारी संभालते हैं। एशिया कप 2022 के वक्त राहुल द्रविड़ कोरोना वायरल संक्रमित हो गए थे। जिसके बाद वीवीएस लक्ष्मण ने कोच की जिम्मेदारी निभाई थी।

    गौरतलब है कि वीवीएस लक्ष्मण फिलहाल बैंगलोर स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी के हेड हैं। जबकि राहुल द्रविड़ भी टीम इंडिया के हेड कोच बनने से पहले  नेशनल क्रिकेट एकेडमी के हेड थे। इससे पहले वीवीएस लक्ष्मण साल 2022 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के कोच के तौर पर वेस्टइंडीज गए थे। वीवीएस लक्ष्मण की कोचिंग में भारतीय अंडर-19 टीम ने शानदार खेल का नजारा पेश करते हुए खिताब अपने नाम किया था। वहीं, इसके अलावा ऐसा माना जा रहा है कि हार्दिक पांड्या को भारत के टी20 टीम का नियमित कप्तान बनाया जा सकता है। जबकि अलग-अलग फॉर्मेट में बीसीसीआई अलग-अलग कोचों पर विचार कर सकती है।

  • क्रिकेट बोर्ड का फरमान, सैलरी में 40 फीसदी की कटौती स्वीकार करें

    क्रिकेट बोर्ड का फरमान, सैलरी में 40 फीसदी की कटौती स्वीकार करें

    नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने डायरेक्टर्स को लेकर बड़ा फरमान सुनाया है। बोर्ड ने चेतावनी देते हुए कहा कि सभी सैलरी में 30 से 40 फीसदी की कटौती के लिए तैयार रहें, नहीं तो घर जाएं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अभी उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है। रमीज राजा को चेयरमैन पद से हटाया जा चुका है। इसके बाद से वे बोर्ड को निशाने पर लिए हुए हैं। पुरानी सेलेक्शन कमेटी को भी हटा दिया गया है। पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को अंतरिम सेलेक्शन कमेटी का चीफ बनाया गया है। उनके आते ही सरफराज को टेस्ट टीम में एंट्री मिल गई। वे 4 साल से इसका इंतजार कर रहे थे।

    जानकारी के अनुसार, मैनेजमेंट कमेटी के कार्यभार संभालने के बाद से कई डायरेक्टर्स पर दबाव है। उन्हें औपचारिक रूप से 30 से 40 फीसदी वेतन कटौती या घर जाने के बारे में बताया जा चुका है। उन्हें निर्णय लेने के लिए एक सप्ताह भी दिया गया है। यदि वे इस्तीफा देते हैं, तो उन्हें 3 महीने की सैलरी दी जाएगी। 

  • भारतीय क्रिकेटर Rishabh Pant की इंजरी को लेकर आई बड़ी अपडेट

    भारतीय क्रिकेटर Rishabh Pant की इंजरी को लेकर आई बड़ी अपडेट

    उत्तरांखंडः भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत शुक्रवार हुए कार हादसे के बाद फिलहाल अस्पताल में ही भर्ती हैं। पंत रुडकी में स्थित अपने घर जा रहे थे जब उनकी गाड़ी हाइवे के डिवाइडर से जाकर टकरा गई। पंत की जान पर तो खतरा नहीं है लेकिन उन्हें काफी गंभीर चोटें आई हैं। पंत के सिर, पीठ और पैरों में चोट आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। इन चोट के कारण ही पंत का अगले कुछ समय तक मैदान पर उतरा मुश्किल है।

    ऋषभ पंत ने हाल ही में बांग्लादेश के दौरे पर टेस्ट सीरीज खेली थी। इस सीरीज में भारत ने क्लीन स्वीप किया था। पंत सीरीज के बाद पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मिलने दुबई पहुंचे थे। वहां से लौटकर वो अपने परिवार के पास जाना चाहते थे। हालांकि रास्ते में ही वो हादसे का शिकार हो गए। पंत की चोटें देखने के बाद ऐसा माना जा रहा है कि वो लगभग तीन से छह महीने के लिए क्रिकेट से दूर हो जाएंगे।

    पंत आईपीएल से भी हो सकते हैं बाहर

    पंत को श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीज से बाहर रखा गया है क्योंकि उन्हें फरवरी में होने वाली बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले एक कार्यक्रम के लिए एनसीए में शामिल होना है। हालांकि अब पंत के सभी प्लान फ्लॉप होते दिखाई दे रहे हैं। अगर पंत तीन महीने एक्शन से बाहर रहते हैं तो इसका साफ मतलब है कि वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के अलावा आईपीएल से भी बाहर हो सकते हैं। पंत दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान हैं।

    पंत की लिगामेंट सर्जरी है गंभीर

    पंत का इलाज कर रही मेडिकल टीम के एक सदस्य से टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, ‘पंत की जांच डॉक्टर गौरव गुप्ता करने वाले हैं। पंत की हालत स्थिर है। उन्हें जानलेवा इंजरी नहीं हुई हैं। वो अपनी मां के साथ हैं।’उनकी चोट के बारे में बताते हुए एम्स ऋषिकेश के डॉक्टर कमर अजम ने बताया कि लिगामेंट इंजरी पंत की मुश्किलें बढ़ा देगी. उन्होंने कहा, ‘पंत को लिगामेंट इंजरी से रिकवर होने में कम से कम तीन से छह महीने लगेंगे। अगर यह इंजरी और गंभीर है तो उन्हें और ज्यादा समय भी लग सकता है।’

  • IPL Auction 2023: इंग्लैंड के इस खिलाड़ी ने ध्वस्त किए सारे रिकॉर्ड, बने आईपीएल इतिहास के सबसे मंहगे खिलाड़ी

    IPL Auction 2023: इंग्लैंड के इस खिलाड़ी ने ध्वस्त किए सारे रिकॉर्ड, बने आईपीएल इतिहास के सबसे मंहगे खिलाड़ी

    नई दिल्ली: आईपीएल टी20 लीग की सभी 10 फ्रेंचाइजी टीमें खिलाड़ियों पर पहले ही 743.5 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी हैं। इस बार नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन, बेन स्टोक्स और सैम करेन पर सबसे ज्यादा बोली लगने की उम्मीद है। इस मिनी ऑक्शन के लिए शुरुआत में दुनियाभर से 991 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से बीसीसीआई ने 405 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है। इनमें भारत के 273 खिलाड़ी शामिल हैं।

    मिनी ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद एक ऐसी टीम होगी। जिसके पास सबसे ज्यादा पैसा होगा। वही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के पास सबसे कम 7.05 करोड़ रुपए ही बचे हैं। इतने पैसों में उन्हें 11 खिलाड़ियों को टीम के शामिल करना है। जिसमें 3 विदेशी खिलाड़ी होने चाहिए। 

    खिलाड़ियों के लिए बोली लगनी शुरू हो गई है। सबसे पहले बोली न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलयम्सन पर लगी। विलियम्सन को मौजूदा चैंपियन गुजरात टाइटंस ने उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ लिया है। विलयम्सन पिछले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान थे। उन्हें हैदराबाद ने ऑक्शन के लिए रिलीज कर दिया था। विलियम्सन की कप्तानी में हैदराबाद का पिछला सीजन अच्छा नहीं रहा था। पहले राउंड में जो रूट अनसोल्ड रहे जबकि हैरी ब्रूक पर हैदराबाद ने 13.25 करोड़ का दांव लगाया। हैरी ब्रूक मालामाल, मयंक अग्रवाल को हैदराबाद ने अपनाया।

  • मैच फिक्सिंग मामले में इस खिलाड़ी पर लगा प्रतिबंध

    मैच फिक्सिंग मामले में इस खिलाड़ी पर लगा प्रतिबंध

    नई दिल्ली : चीन के एक टेनिस खिलाड़ी बाओलुओ झेंग पर मैच फिक्सिंग की बात स्वीकार करने के बाद नौ महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया है। अंतर्राष्ट्रीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी ने यह जानकारी दी। एजेंसी ने बयान में कहा,‘‘ इस 21 वर्षीय खिलाड़ी को विरोधी खिलाड़ी ने मिस्र में अक्टूबर 2022 में खेले गए टूर्नामेंट के दौरान जानबूझकर मैच गंवाने के लिए धनराशि देने की पेशकश की थी।” 

    बाओलुओ झेंग पर इसके अलावा 5000 डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है। इनमें 2000 डॉलर का जुर्माना निलंबित होगा। इस खिलाड़ी ने भ्रष्टाचार निरोधक कानूनों के उल्लंघन की बात स्वीकार की थी। उसे 27 अक्टूबर को अस्थाई तौर पर निलंबित कर दिया गया था। 

  • मैच के दोरान लहुलूहान हुआ खिलाड़ी, ले जाना पड़ा अस्पताल

    मैच के दोरान लहुलूहान हुआ खिलाड़ी, ले जाना पड़ा अस्पताल

    नई दिल्ली: लंका प्रीमियर लीग में 7 दिसंबर को खेले गए मैच में श्रीलंकाई क्रिकेटर के साथ हादसा हो गया । श्रीलंकाई के क्रिकेटर चामिका करूणारत्ने के साथ मैदान पर हादसा हो गया। जिसके चलते उन्हें मैच के बीच में अस्पताल जाना पड़ा। इस मैच में चामिका कैच लपकने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन, कैच पकड़ते समय वह इतनी बुरी तरह से जख्मी हुए, जिसके चलते उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल जाकर पता चला कि, कैच के चक्कर में उनके आगे के 4 दांत टूट गए हैं। 

    दरअसल, गॉल ग्लैडिएटर्स और कैंडी फाल्कन के बीच में मैच खेला जा रहा था। इस मैच में चामिका करूणारत्ने कैंडी फाल्कन की टीम का हिस्सा थे।  गॉल ग्लैडिएटर्स ने पहले बल्लेबाजी की। गॉल ग्लैडिएटर्स की पारी का चौथा ओवर ब्रेथवेट डालने आए। उनकी पहली ही गेंद पर स्ट्राइक पर खड़े नुवाइंडु फर्नांडो ने शॉट खेला और बॉल हवा में चली गई। इसी कैच को लपकने में चामिका चोटिल हो गए। 

    जानकारी के अनुसार, चामिका को तत्काल सर्जरी के लिए गॉल ले जाया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, वो लंका प्रीमियर लीग के कैंडी स्टेज से टीम के लिए उपलब्ध हो सकंगे।

  • IND vs BAN वनडे मैचः  बांग्लादेश के हाथों 1 विकेट से हारा इंडिया

    IND vs BAN वनडे मैचः  बांग्लादेश के हाथों 1 विकेट से हारा इंडिया

    नई दिल्ली। शेरे बांग्ला स्टेडियम में आज खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया को बांग्लादेश के हाथों 1 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है. इसी के साथ ही मेजबान टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. इस रोमांचक मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 41.2 ओवर में 186 रनों पर ढेर हो गई थी और बांग्लादेश को जीत के लिए 187 रनों का लक्ष्य मिल गया. जवाब में बांग्लादेश की टीम ने 46 ओवर में 187 रन बनाते हुए ये मैच अपने नाम कर लिया है. बांग्लादेश ने आखिरी विकेट के लिए 51 रनों की पार्टनरशिप करते हुए मैच का पासा पलट दिया. बांग्लादेश के ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज ने 39 गेंदों पर 38 रन ठोकते हुए टीम इंडिया के मुंह से जीत छीन ली. भारत और बांग्लादेश के बीच अब दूसरा वनडे मैच बुधवार 7 दिसंबर को सुबह 11:30 बजे से खेला जाएगा।

    शाकिब अल हसन (36 रन पर पांच विकेट) के पांच विकेट से बांग्लादेश ने लोकेश राहुल (73) के जुझारू अर्धशतक के बावजूद भारत को पहले वनडे मैच में 186 रन पर ढेर कर दिया. राहुल ने 70 गेंद में पांच चौकों और चार छक्कों की मदद से 73 रन की पारी खेली लेकिन भारत के अन्य बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए जूझना पड़ा. उनके अलावा कप्तान रोहित शर्मा (27) और श्रेयस अय्यर (24) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए. शाकिब के अलावा इबादत हुसैन ने भी 47 रन देकर चार विकेट चटकाए जिससे भारतीय टीम 41.2 ओवर में पवेलियन लौट गई।

    टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद मुस्ताफिजुर रहमान ने पहला ओवर मेडन फेंका. रोहित ने हसन महमूद पर चौके के साथ भारत का बाउंड्री का खाता खोला. बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने चौथे ओवर में ही स्पिनर को गेंद थमा दी. ऑफ स्पिनर मेहदी हसन मिराज ने प्रभावी शुरुआत करते हुए सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (07) को बोल्ड किया. मेहदी हसन की गेंद को रिवर्स स्विप करने की कोशिश में धवन विकेटों पर खेल गए।

    रोहित ने महमूद पर डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से पारी का पहला छक्का जड़ा. भारतीय कप्तान ने मेहदी हसन पर भी स्वीप से डीप स्क्वायर लेग पर चौका मारा. विराट कोहली ने भी मेहदी हसन की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए. लिटन ने इसके बाद गेंदबाजी में बदलाव करते हुए अनुभवी शाकिब को गेंद थमाई. शाकिब ने अपने कप्तान को निराश नहीं करते हुए रोहित को बोल्ड कर दिया. दो गेंद बाएं हाथ के स्पिनर शाकिब की गेंद पर लिटन ने कोहली (09) का शानदार कैच लपककर भारत को तीसरा झटका दिया, जिससे 11वें ओवर में भारत का स्कोर तीन विकेट पर 49 रन हो गया।

    राहुल और श्रेयस ने इसके बाद पारी को संवारने की कोशिश की. इबादत ने हालांकि शॉर्ट पिच गेंद पर श्रेयस को विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम के हाथों कैच कराके चौथे विकेट की 43 रन की साझेदारी का अंत किया. राहुल ने इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर (19) के साथ 60 रन की साझेदारी की. राहुल के अर्धशतक पूरा करने के बाद वॉशिंगटन ने शाकिब की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में इबादत को कैच थमाया।

    इबादत ने अगले ओवर में शाहबाज अहमद (00) को पवेलियन भेजा जबकि शाकिब ने शार्दुल ठाकुर (02) और दीपक चाहर (00) की पारी का अंत किया जिससे भारत का स्कोर आठ विकेट पर 156 रन हो गया. राहुल ने इसके बाद इबादत की शॉर्ट गेंद को फाइन लेग पर अनामुल हक के हाथों में खेला और फिर इस तेज गेंदबाज ने मोहम्मद सिराज (09) को आउट करके भारत की पारी का अंत किया।

  • IPL 2023 Auction: इस दिन होगी 991 खिलाड़ियों की नीलामी

    IPL 2023 Auction: इस दिन होगी 991 खिलाड़ियों की नीलामी

    नई दिल्लीः इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का बिगुल बज गया है। इस बार मिनी ऑक्शन के लिए 714 भारतीयों सहित कुल 991 क्रिकेटर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है। यह नीलामी कोच्चि में 23 दिसंबर को आयोजित होगी। अगले आईपीएल में खेलने के लिए नीलामी में भारत समेत 14 देशों के खिलाड़ी शामिल होंगे।

    क्या कहा बीसीसीआई सचिव जय शाह ने?

    इस बात की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दी है। इस बयान में सचिव जय शाह ने बताया है कि इस बार मिनी ऑक्शन में 87 खिलाड़ियों की बोली लग सकती है। इनमें विदेशी प्लेयर्स की संख्या 30 रहेगी। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने जारी बयान में कहा, ‘यदि अगले सीजन में फ्रेंचाइजीज को अपनी स्क्वॉड में अधिकतम 25 खिलाड़ियों को रखने की अनुमति ही रहती है, तो फिर मिनी ऑक्शन में कुल 87 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी। इनमें 30 विदेशी प्लेयर शामिल रहेंगे।’ बता दें कि अब तक हर एक टीम में अधिकतम 25 प्लेयर रखने की ही अनुमति है। इसमें अधिकतम 8 विदेशी रह सकते हैं।

    ऑस्ट्रेलिया के 57 क्रिकेटर होंगे शामिल

    इस मिनी ऑक्शन में 277 विदेशी खिलाड़ी शामिल होंगे। इन सभी खिलाड़ियों की लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज्यादा 57 क्रिकेटर शामिल होंगे। इसके बाद साउथ अफ्रीका के 52 खिलाड़ी रहेंगे। जबकि वेस्टइंडीज के 33, इंग्लैंड के 31, न्यूजीलैंड के 27, श्रीलंका के 23, अफगानिस्तान के 14, आयरलैंड के 8, नीदरलैंड के 7, बांग्लादेश के 6, यूएई के 6, जिम्बाब्वे के 6, नामीबिया के 5 और स्कॉटलैंड के 2 खिलाड़ी भी शामिल हैं।

    इस नीलामी में 786 अनकैप्ड प्लेयर रहेंगे

    मिनी ऑक्शन में शामिल कुल खिलाड़ियों में 185 कैप्ड (नेशनल टीम में खेल चुके) और 786 अनकैप्ड प्लेयर रहेंगे। जबकि एसोसिएट देशों के 20 खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में 604 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी हैं, जिसमें से 91 इससे पहले भी आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं।

    हैदराबाद के पास पर्स में सबसे ज्यादा पैसे

    सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने कप्तान केन विलियमसन और निकोलस पूरन की ही छुट्टी कर दी। वहीं, जेसन होल्डर को लखनऊ, जबकि मयंक अग्रवाल को पंजाब किंग्स ने रिलीज कर दिया। इसके पीछे की वजह खराब प्रदर्शन के साथ-साथ इन खिलाड़ियों का प्राइस भी था। विलियमसन और पूरन को रिलीज करने के चलते सनराइजर्स के पर्स में 24.75 करोड़ रुपये आ गए। अब देखा जाए तो सनराइजर्स हैदराबाद के पास पर्स में सबसे ज्यादा 42.25 करोड़ रुपये आ चुके हैं।

  • लाइव कमेंट्री दौरान Ricky Ponting की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती 

    लाइव कमेंट्री दौरान Ricky Ponting की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती 

    नई दिल्लीः पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग को अचानक तबीयत खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज टेस्ट मैच में कमेंट्री कर रहे थे। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। बता दें कि इस समय वेस्टइंडीज टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मैच 30 नवंबर से पर्थ में खेला जा रहा है। इसी मैच में रिकी पोंटिंग कमेंट्री कर रहे हैं।

    पोंटिंग के साथ यह घटना तीसरे दिन (2 नवंबर) को हुई। इसी दौरान रिकी पोंटिंग की अचानक तबीतय खराब हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है। इसके बाद तुरंत ही पोंटिंग को पर्थ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि टेस्ट मैच के तीसरे दिन लंच टाइम के बाद रिकी पोंटिंग तीसरे सेशन में कमेंट्री के लिए नहीं आ सके थे। इसी दौरान उन्हें चक्कर आने की शिकायत हुई और कुछ बैचेनी महसूस हुई। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। ऑस्ट्रेलियाई अखबार डेली टेलीग्राफ ने पोंटिंग के सहयोगियों के हवाले से बताया है कि पूर्व चैम्पियन और कमेंटेटर पोंटिंग की हालत स्थिर है।

  • पाकिस्तान पहुंची इंग्लैंड टीम के 14 खिलाड़ियों पर वायरस अटैक!

    पाकिस्तान पहुंची इंग्लैंड टीम के 14 खिलाड़ियों पर वायरस अटैक!

    नई दिल्लीः पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच 1 दिसंबर से रावलपिंडी में 3 टेस्ट की सीरीज का पहला मैच खेला जाना है। उससे पहले ही इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खेमे में वायरस का अटैक हो गया है। इससे 14 खिलाड़ियों की तबीयत खराब हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कप्तान बेन स्टोक्स, मोईन अली जैसे खिलाड़ियों की हालत ठीक नहीं हैं और उनके पहले टेस्ट में हिस्सा लेने लायक स्थिति नहीं है। इंग्लैंड के सिर्फ 5 खिलाड़ी ही ऐसे हैं, जो इस वायरस के अटैक से बचे हैं और उनकी तबीयत ठीक है। इनमें जैक क्राउली, किटॉन जेनिंग्स, हैरी ब्रूक, जो रूट और ऑली पोप शामिल हैं। इंग्लैंड ने एक दिन पहले ही पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले रावलपिंडी टेस्ट के लिए प्लेइंग-XI का ऐलान कर दिया था।

    बता दें इंग्लैंड ने मंगलवार को ही अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया था और उसमें से 7 खिलाड़ी अब इस वायरस की चपेट में आ गए हैं। इसमें बेन डकेट, बेन स्टोक्स, लियाम लिविंगस्टन, बेन फोक्स, ऑली रॉबिनसन, जैक लीच और जेम्स एंडरसन शामिल हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि यह कोरोना से संबंधित बीमारी नहीं है। खिलाड़ियों ने उल्टी और दस्त की शिकायत की है। उम्मीद है कि अगले 24 घंटे में वायरस का असर कम हो जाएगा। हालांकि, रावलपिंडी टेस्ट वीरवार से शुरू होना है। ऐसे में इंग्लैंड उसी प्लेइंग-XI के साथ उतरेगा, जिसका उसने एक दिन पहले ऐलान किया था, उसकी संभावना बेहद कम नजर आ रही है। रूट के अलावा, केवल जैक क्राउली, ओली पोप और हैरी ब्रुक, जिनका नाम पहले टेस्ट की प्लेइंग-XI में था और किटॉन जेनिंग्स ने ही बुधवार को अभ्यास किया। बाकी खिलाड़ियों ने होटल में आराम किया।

    टीम के प्रवक्ता डैनी रेयूबेन ने खिलाड़ियों की बीमारी के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी और इंग्लैंड के कितने खिलाड़ी अस्वस्थ हैं, इसके बारे में भी नहीं बताया। लेकिन एक बयान में उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी अस्वस्थ हैं, उन्हें आराम करने के लिये होटल में रूकने की सलाह दी गई है। स्टोक्स की अनुपस्थिति में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को श्रृंखला के लिए ट्राफी अनावरण का कार्यक्रम भी एक दिन के लिए स्थगित करना पड़ा, जो अब शुरूआती टेस्ट के टॉस से पहले गुरूवार को कराया जाएगा। इंग्लैंड ने 3 टेस्ट की सीरीज के पहले मैच के लिए टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन डेब्यू करेंगे जबकि बेन डकेट जैक क्राउली के साथ पारी का आगाज करेंगे। हालांकि, उनकी तबीयत भी खराब है।

    बता दें कि इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीम इस्लामाबाद के सेरेना होटल में ठहरी हैं। इस दौरे को लेकर इंग्लिश टीम कितना एहतियात बरत रही है, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वो अपने साथ शेफ लेकर आई है। इसके बावजूद खिलाड़ियों की तबीयत बिगड़ गई. इससे पहले, भी जब इंग्लैंड की टीम टी20 विश्व कप से पहले पाकिस्तान दौरे पर टी20 सीरीज खेलने के लिए आई थी। तब भी कई खिलाड़ियों की तबीयत खराब हो गई थी। उस वक्त मोईन अली ने पाकिस्तान में उन्हें जो खाना मिला, उसे खराब बताया था। इसी कारण से इंग्लैंड टीम पर्सनल शेफ लेकर पाकिस्ताान दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची। इतनी एहतियात बरतने के बावजूद आधे से ज्यादा इंग्लिश टीम बीमार हो गई। ऐसे में पहले टेस्ट पर अब खतरा मंडराने लगा है।