Category: Himachal>Una

  • नया कोरोना वैरिएंट मिलने पर WHO का आया बयान- कहा ये तेजी से हो सकता है म्यूटेट

    नया कोरोना वैरिएंट मिलने पर WHO का आया बयान- कहा ये तेजी से हो सकता है म्यूटेट

    इजराइलः अमेरिका की टॉप डिजीज कंट्रोल एजेंसी (CDC) कोरोना के तेजी से म्यूटेट करने वाले एक वैरिएंट को ट्रैक कर रही है। न्यूज एजेंसी ‘रॉयटर्स’ के मुताबिक इस वैरिएंट का नाम BA.2.86 बताया जा रहा है। इसे अब तक अमेरिका इजराइल और डेनमार्क में डिटेक्ट किया गया है। अमेरिका ने बताया है कि CDC इसके बारे में ज्यादा जानकारी इकट्ठा कर रही है।

    वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ ने भी इसके बारे में जानकारी दी है। डब्ल्यूएचओ ने बताया है कि नए वैरिएंट में तेजी से म्यूटेट करने की क्षमता है, इसके चलते इसे मॉनिटर किया जा रहा है। फिलहाल डब्ल्यूएचओ 3 वैरिएंट्स को ट्रैक कर रहा है। वहीं, 7 वैरिएंट्स को मॉनिटरिंग पर रखा गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नए वैरिएंट के बारे में जानकारी दी है। इसमें बताया गया है कि वो इस समझने के लिए ज्यादा जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि कोरोना वायरस का सर्कुलेट और इवॉल्व होना जारी है।

    ऐसे में इस पर नजर बनाए रखना और इसकी रिपोर्टिंग जरूरी है। डॉक्टर एस वैसली लोंग ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि ये कोरोना से इन्फेक्शन के बाद मिली इम्यूनिटी को चकमा दे सकता है।दुनियाभर में कोरोना के नए मामलों में 80% की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने यह जानकारी दी। वीकली अपडेट के दौरान WHO ने बताया कि 10 जुलाई से 6 अगस्त के बीच कोरोना के 15 लाख नए मामले सामने आए। ये पिछले 28 दिनों की तुलना में 80% ज्यादा हैं। हालांकि, इस दौरान कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 57% कम हुआ।

    12 जून से 9 जुलाई के बीच दुनियाभर में 7 लाख 94 हजार कोविड केस आए थे, जबकि 10 जुलाई से 6 अगस्त के बीच नए कोविड केस का आंकड़ा बढ़कर 15 लाख हो गया। डब्ल्यूएचओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि सही आंकड़ा इससे भी ज्यादा हो सकता है, क्योंकि कोरोना के समय सभी देशों में टेस्टिंग और मॉनिटरिंग ज्यादा हो रही थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। कम टेस्टिंग की वजह से भी कोरोना के दर्ज मामले कम हो सकते हैं।

    पिछले हफ्ते डब्ल्यूएचओ ने ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट EG.5 या एरीस के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसे ‘वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट’ घोषित किया था। जुलाई के मध्य में मिले कोरोना के मामलों में से 17% केस इसी वैरिएंट के थे। ये जून की तुलना में 7.6% ज्यादा थे। एरीस वैरिएंट का केस 31 जुलाई को ब्रिटेन में सामने आया था। इस वैरिएंट के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका, चीन और ब्रिटेन में ही मिल रहे हैं।

  • आधे घंटे में 3 बार लगे भूकंप के तेज झटकों से कांपी धरती, एक की मौत

    आधे घंटे में 3 बार लगे भूकंप के तेज झटकों से कांपी धरती, एक की मौत

    बोगोटा: कोलंब‍िया की राजधानी बोगोटा वीरवार को आए 6.3 तीव्रता के जोरदार भूकंप से ह‍िल उठी। भूकंप आने के बाद सायरन बजने लगा और थोड़ी देर बाद लोगों में इसको लेकर दहशत फैल गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, आधे घंटे में तीन बार भूकंप के झटके लगे। बताया जा रहा है कि पहले रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.3 थी। 15 मिनट के अंदर 5.7 तीव्रता का झटका भी आया। इसके कुछ ही देर बाद 4.8 तीव्रता का तीसरा भूकंप भी महसूस किया गया। इस दौरान एक मह‍िला ने तो 10वीं इमारत से छलांग दी, ज‍िससे उसकी मौत हो गई है। हालांक‍ि भूकंप की वजह से क‍िसी की मौत होने या जानमाल के नुकसान की बात सामने नहीं आई है।

    भूकंप स्थानीय समयानुसार गुरुवार दोपहर 12:04 बजे (1704 GMT) आया, ज‍िसका केंद्र बोगोटा से 40 किलोमीटर (25 मील) दक्षिण-पूर्व में देश के केंद्र में स्‍थ‍ित‍ एल कैल्वारियो शहर रहा। समाचार एजेंसी के मुताब‍िक, अधिकारियों ने कहा क‍ि वीरवार देर रात को भूकंप की वजह से क‍िसी प्रकार की कोई बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। वहीं, मेयर के अनुसार भूकंप के दौरान लिफ्ट में लोगों के फंसे होने और अन्य छोटी घटनाओं की खबरें प्राप्‍त हुईं थीं। भूकंप की तीव्रता आंकने को लेकर कोलंबियाई और अमेर‍िकी भूवैज्ञान‍िकों के अलग-अलग दावे क‍िए गए हैं। कोलंबियाई भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (CGS) ने भूकंप की तीव्रता 6.1 बताई, जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने इसकी तीव्रता 6.3 बताई है।

    भूकंप का केंद्र एल कैल्वारियो शहर रहा। कालंबि‍याई एजेंसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि इसके बाद 5.9 तीव्रता का झटका आया। न्यूज एजेंसी के पत्रकारों का कहना है कि इस भूकंप के तेज झटके से इमारतें हिल गईं और सायरन बजने लगे। भूकंप के झटकों से दहशत में आए हजारों लोग घबराहट में राजधानी की सड़कों पर आ गए और अपने प्रियजनों को फोन करते हुए नजर आए।

  • सोना तस्करी करते 4 गिरफ्तार, 155 किलो गोल्ड जब्त

    सोना तस्करी करते 4 गिरफ्तार, 155 किलो गोल्ड जब्त

    नई दिल्ली : नेपाल पुलिस ने गोल्ड तस्करी के आरोप में चीन के 4 नागरिकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 18 जुलाई को काठमांडू पुलिस ने 155 किलोग्राम गोल्ड यानी सोना जब्त किया था। इसकी सूचना पुलिस को एक मुखबिर से मिली थी। इस मामले की जांच तभी से जारी थी। नेपाल पुलिस और यहां की प्रीमियम जांच एजेंसी सेंट्रल इन्वेस्टिेगेशन ब्यूरो इस मामले की जांच कर रही हैं। बुधवार तड़के उन्होंने कुछ घरों की तलाशी ली थी। नेपाल पुलिस और यहां की प्रीमियम जांच एजेंसी सेंट्रल इन्वेस्टिेगेशन ब्यूरो ने मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात काठमांडू के कुछ इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया।

    इस दौरान चार चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि ये तमाम चीनी नागरिक काठमांडू इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गोल्ड स्मगलिंग नेटवर्क में शामिल हैं। काठमांडू पुलिस ने कहा गिरफ्तार चीनी नागरिकों में एक महिला भी शामिल है। इसी मामले में 17 लोगों को पहले भी गिरफ्तार किया गया था। ये सभी नेपाल के नागरिक है। आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

  • लोगों से भरी नाव समंदर में समाई, 60 से अधिक की मौत की आंशका

    लोगों से भरी नाव समंदर में समाई, 60 से अधिक की मौत की आंशका

    केप वर्डे: अफ्रीकी देश के केप वर्डे के पास एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हुआ है। अल जजीरा ने इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (आईओएम) अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि केप वर्डे के पास एक नाव पलटने से 60 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है, वहीं 38 अन्य को बचा लिया गया है। आईओएम ने बुधवार को कहा, ‘ऐसा माना जाता है कि यह नाव जुलाई में सेनेगल से रवाना हुई थी जो प्रविसियों से भरी हुई थी।’ पश्चिम अफ्रीकी तट से लगभग 620 किमी (385 मील) दूर एक द्वीप राष्ट्र केप वर्डे में मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मछली पकड़ने वाली नाव एक महीने पहले सेनेगल से रवाना हुई थी। 

    अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, सेनेगल के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार देर रात कहा कि गिनी-बिसाऊ के एक नागरिक सहित 38 लोगों को नाव से बचाया गया। तट रक्षक ने कहा कि जीवित बचे लोगों और मृतकों की कुल संख्या 48 थी। स्थानीय मुर्दाघर में 7 शव मिले हैं। केप वर्डे के स्वास्थ्य मंत्री फिलोमेना गोंकाल्वेस के हवाले से कहा गया कि हमें जीवित लोगों का स्वागत करना चाहिए और मृतकों को सम्मान के साथ दफनाना चाहिए।’ रिपोर्ट्स के मुताबिक यह एक बड़ी मछली पकड़ने वाली नाव थी, जिसे पिरोग कहा जाता था, जो 10 जुलाई को 100 से अधिक शरणार्थियों और प्रवासियों के साथ सेनेगल से रवाना हुई थी।

    केप वर्डे में गरीबी और युद्ध से भाग रहे हजारों शरणार्थी और प्रवासी हर साल खतरनाक यात्रा करने के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं। अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, वे अक्सर तस्करों द्वारा आपूर्ति की गई मामूली नावों या मोटर चालित डोंगियों में यात्रा करते हैं, जो यात्रा के लिए शुल्क लेते हैं। जनवरी में, केप वर्डे में बचाव दल ने डोंगी में बह रहे लगभग 90 शरणार्थियों और प्रवासियों को बचाया, जबकि नाव पर सवार दो अन्य की मौत हो गई। अल जज़ीरा के अनुसार, वे सेनेगल, गाम्बिया, गिनी-बिसाऊ और सिएरा लियोन से थे।

  • पंजाब के इस जिले में कट्टरपंथियों की भीड़ ने चर्च पर किया हमला, लगाई आग, देखें वीडियो

    पंजाब के इस जिले में कट्टरपंथियों की भीड़ ने चर्च पर किया हमला, लगाई आग, देखें वीडियो

    फैसलाबादः पाकिस्तान के फैसलाबाद जिले में कट्टरपंथियों की भीड़ ने एक चर्च में हमला किया है। बेअदबी के आरोपों पर गुस्साए लोगों ने इस चर्च में जमकर तोड़फोड़ मचाई है। फैसलाबाद में अल्पसंख्यक समुदाय के उत्पीड़न के इस चौंकाने वाले घटनाक्रम में चर्च में तोड़फोड़ की गई और फिर उसमें आग लगा दी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कट्टरपंथियों ने पंजाब प्रांत के फैसलाबाद जिले में जरनवाला रोड पर बने इस चर्च को भारी नुकसान पहुंचाया है।

    ये हिंसक वारदात एक ईसाई व्यक्ति पर बेअदबी का आरोप लगाए जाने के बाद हुई। घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ऐसी खबरें हैं कि चर्च के आसपास के इलाके में स्थानीय लोगों द्वारा ईसाइयों के घरों में भी तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस हालात नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है।

    2017 की जनगणना के मुताबिक पाकिस्तान में 1.27 फीसदी आबादी इसाई धर्म के मानने वाले लोगों की है। सरकारी आकड़ों के मुताबिक देश में अब मात्र 26 लाख मुस्लिम बचे हैं। स्थानीय बिशप ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा, ‘हमारे पास शब्द नहीं है। हम सब दुखी हैं। पवित्र कुरान की अवमानना का झूठा आरोप लगाकर ईसाइयों को प्रताड़ित और परेशान किया गया है। हम कानून प्रवर्तन और न्याय देने वालों से न्याय और कार्रवाई की मांग करते हैं और सभी नागरिकों की सुरक्षा के लिए तुरंत हस्तक्षेप करें और अल्पसंख्यकों की रक्षा करें।’

  • स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान 2 लोगों की मौत, 85 घायल

    स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान 2 लोगों की मौत, 85 घायल

    इस्लामाबाद: पाकिस्तान के दक्षिणी बंदरगाह शहर कराची में सोमवार को 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाने के दौरान निवासियों द्वारा की गई गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं में 2 लोगों की मौत हो गई और 85 अन्य घायल हो गए। पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने यह जानकारी दी। पुलिस ने मीडिया को बताया कि मारे गए लोगों में एक पुरुष और एक महिला शामिल है। अज्ञात निवासियों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान हवा में गोलियां चलाई गईं।

    पुलिस ने कहा कि महिला मोटरसाइकिल पर जा रही थी तब उसे गोली लगी, जबकि पुरुष को गोली तब लगी जब वह अपने घर की छत पर सो रहा था। घायल लोगों का इलाज शहर के 3 बड़े अस्पतालों में चल रहा है और जिन लोगों के सिर में गोली लगी है उनमें से कुछ की हालत गंभीर है। पुलिस ने शहर में हवा में गोलियां चलाने पर प्रतिबंध लगा दिया और जनता को आदेश का पालन न करने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

  • वायुसेना का MI-171 हेलिकॉप्टर हुआ क्रैश, 26 सुरक्षाबलों की मौत, 8 घायल

    वायुसेना का MI-171 हेलिकॉप्टर हुआ क्रैश, 26 सुरक्षाबलों की मौत, 8 घायल

    नाइजीरियाः वायुसेना का एक MI-171 हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया जिससे 26 लोगों की मौत हो गई वहीं 8 घायल हो गए। वायु सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि घायलों को बचाने वाला एक हेलीकॉप्टर सोमवार सुबह उस क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जहां सेना आपराधिक समूहों से लड़ रही थी।

    AFP के मुताबिक इस क्रैश में नाइजीरियाई सुरक्षा बल के 26 लोगों की जान चली गई और 8 लोगों के घायल हो गए। वायुसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि MI-171 हेलिकॉप्टर ने सोमवार को जुनगेरु से उड़ान भरी थी। बताया जा रहा है कि सेना का यह हेलिकॉप्टर लुटेरों से हो रही मुठभेड़ के बीच घायलों के रेस्क्यू में लगा था। इसी दौरान क्रैश हो गया।

    एएफपी ने दो अधिकारियों के हवाले से बताया कि इस क्रैश में 3 अधिकारियों सहित 23 सैनिकों और 3 JTF (जॉइंट टास्क फोर्स) के कर्मचारियों की मौत हुई है।  क्रैश होने से पहले हेलिकॉप्टर 11 मृत और 7 घायल लोगों को लेकर जा रहा था, जिसके बाद उससे संपर्क टूट गया था। एक अधिकारी ने बताया कि लुटेरों की तरफ से की गई फायरिंग की वजह से हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ।

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने जुनगेरु से कडूना के लिए उड़ान भरी थी। जो बाद में चकूबा गांव के नजदीक क्रैश पाया गया। जानकारी के मुताबिक हेलिकॉप्टर में सवार लोगों के रेस्क्यू के लिए कोशिश की जा रही है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

  • इस जगह पानी की जगह होती है शराब की बरसात 

    इस जगह पानी की जगह होती है शराब की बरसात 

    नासाः धरती से आसमान देखने पर यह बेहद खूबसूरत नजर आता है। यह आसमान जितना खूबसूरत है, उतना ही रहस्यमयी भी है। यह बात तो हम सभी जानते हैं कि धरती पर आसमान से पानी की बारिश होती है, लेकिन इस आसमान यानी स्पेस के एक कोने ऐसा भी ग्रह है, जहां शराब की बारिश होती है। अंतरराष्ट्रीय स्पेस एजेंसी नासा (NASA) ने अनुसार शराब की बरसात करने वाले ग्रह पर अल्कोहल सूक्ष्म आणविक रूप में पाया जाता है। हालांकि, यह शराब किसी भी तरह से पीने लायक नहीं है, क्योंकि यह स्पेस में प्रोपेनॉल के फॉर्म में पाया जाता है।

    पीने लायक नहीं है यहां की शराब

    अगर इसे आप धरती पर लाकर पीने लायक बनाने की सोच रहे हैं तो यह ख्याल अपने दिलोदिमाग से तुरंत बाहर निकाल दें। क्योंकि यह ग्रह पृथ्वी से इतनी दूर है कि ऐसा कर पाना किसी भी तरह से संभव नहीं है। इसके अलावा यहां कि शराब आपके पीने के लिए नहीं बनी है। वैज्ञानिकों के मुताबिक यह अल्कोहल की बरसात वाला क्षेत्र सैगिटेरियस B2 में पाया गया है। इसी क्षेत्र में बाहरी आकाशगंगा का एक बड़ा ब्लैकहोल भी मौजूद है। यह क्षेत्र हमारी धरती से करीब 170 प्रकाशवर्ष दूर है। इसकी खोज करने में अटाकामा लार्ज मिलिमीटर / सबमिलिमीटर एरे टेलीस्कोप ने वैज्ञानिकों की मदद की है। हालांकि, इस खोज को साल 2016 में अंजाम दिया गया था।

    नासा लगातार रखती है नजर

    साल 2016 से ही वैज्ञानिक इस पर नजर बनाए हुए हैं और यहां पर होने वाली हर गतिविधियों को नासा (NASA) लगातार नोट कर रहा है। यूनिवर्सिटी ऑफ वर्जीनिया के एस्ट्रोकेमिस्ट रॉब गैरोड इस क्षेत्र को बेहद यूनिक मानते हैं और इसकी संरचना को वह बेहद शक्तिशाली बताते हैं। रिसर्चर्स द्वारा इस क्षेत्र में शोध का काम लगातार जारी है, जो इस ग्रह की विशिष्ट संरचना को समझने में मदद करेगा और भविष्य में कई अन्य रहस्यों से पर्दा उठाएगा।

  • जंगलों में लगी 100 साल के इतिहास की सबसे भीषण आग, देखें वीडियो

    जंगलों में लगी 100 साल के इतिहास की सबसे भीषण आग, देखें वीडियो

    चपेट में आए कई शहर, 93 लोगों की मौत

    हवाईः अमेरिका के हवाई द्वीप के जंगलों में आग का तांडव देखने को मिल रहा है। आग इतनी ज्यादा है कि उसने कई शहरों को चपेट में ले लिया। हवाई स्थित माउई के सुरम्य शहर में लगी आग से अब तक 93 लोगों की मौत हो गई है। जंगलों में लगी आग अमेरिकी इतिहास में सदी की सबसे घातक आग की घटना बन गई है।

    माउई में कम से कम दो अन्य जगहों पर भी आग की लपटें पहुंच गई हैं। हालांकि, इससे अब तक किसी के मरने की सूचना नहीं है। दक्षिण माउई के किहेई और पहाड़ी क्षेत्र में ये आग लगी है। पश्चिमी माउई के एक तटीय इलाके कानापाली में शुक्रवार शाम चौथी बार आग लगी, लेकिन कर्मचारियों ने इसे सूझबूझ से बुझा लिया।

    हवाई द्वीप का लाहैना शहर पूरी तरह तबाह हो चुका है। हजारों गाड़ियां राख बन चुकी है, मकान खंडहर है और कई लोगों की जिंगदियां खत्म हो गई हैं। शहर की हजारों इमारतें आग की चपेट में आई हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई कई वीडियो पर हवाई के शहरों का बुरा हाल दिख रहा है।  लाहैना शहर के अधिकांश हिस्से वीरान हो चुके हैं। इमारतें हो या कारें सब राख हैं। हजारों लोग मिल नहीं रहे हैं और खोजी कुत्तों द्वारा उनकी तलाश कर रहे हैं।

    नए आंकड़े ने उत्तरी कैलिफोर्निया में 2018 कैंप फायर में मारे गए लोगों की संख्या को भी पार कर लिया है। उस हादसे में 85 लोग मारे गए थे। ऐसा आलम एक सदी पहले, 1918 में सूखाग्रस्त उत्तरी मिनेसोटा में लगी आग के दौरान देखा गया था। आग कई इलाकों में फैल गई थी, जिसमें हजारों घर नष्ट हो गए थे और सैकड़ों लोग मारे गए थे।

  • इंजीनियरों को लेकर जा रहे काफिले पर हुआ हमला,  कई लोगों की मौत, देखें वीडियो

    इंजीनियरों को लेकर जा रहे काफिले पर हुआ हमला, कई लोगों की मौत, देखें वीडियो

     हाईअलर्ट, अगले आदेश तक लोगों को घरों में रहने के आदेश जारी

    बलूचिस्तान: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में चीनी इंजीनियरों को लेकर जा रहे काफिले पर हमला हुआ है। इस हमले में कई लोगों की मौत हुई है, जबकि पाकिस्तान के दो सुरक्षा कर्मचारी घायल हो गए। यह हमला रविवार को ग्वादर के फकीर ब्रिज पर हुआ। पाकिस्तान की ओर से इस हमले की पुष्टि की गई है। इसकी जिम्मेदारी बलूच लिब्रेशन आर्मी ने ली है। दावा किया है कि हमले में 4 चीनी नागरिकों और 9 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई है। जानकारी के मुताबिक, ग्वादर में चीनी इंजीनियरों को लेकर जा रहे 7 वाहनों के काफिले पर फकीर ब्रिज पर हमला हुआ।जिसके बाद दोनों ओर से लगातार विस्फोट और गोलीबारी हुई। इस हमले के बाद ग्वादर को पूरी तरह अलर्ट पर कर दिया गया और किसी भी वाहन को शहर से निकलने और घुसने पर रोक लगा दी गई।


    ‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ के मुताबिक, सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो अलगाववादियों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग भागने में कामयाब रहे। उन्हें पकड़ने के लिए पाकिस्तान आर्मी सर्च ऑपरेशन चला रही है। इस हमले के बीच पाकिस्तान में चीनी वाणिज्य दूतावासों ने बलूचिस्तान और सिंध में अपने नागरिकों को अगले आदेश तक अपने घरों के अंदर ही रहने के आदेश जारी किए हैं।

    वहीं बलूच लिब्रेशन आर्मी की मजीद ब्रिगेड (सुसाइड स्क्वॉयड) ने चीनी इंजीनियर्स के काफिले पर हमले की जिम्मेदारी ली है। बीएलए ने दावा किया है कि हमला अभी भी जारी है और आगे की जानकारी बाद में जारी की जाएगी। चीनी इंजीनियरों के काफिले पर हमले के बाद ग्वादर में धमाकों का सिलसिला जारी है। बंदरगाह को चारों ओर से घेर लिया गया है क्योंकि सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। ‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ के मुताबिक, बंदरगाह शहर ग्वादर में विस्फोटों और गोलियों की आवाज सुनी जा सकती है, जहां सभी सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। चीनी इंजीनियरों के काफिले पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे हमला शुरू हुआ था, जोकि करीब दो तक जारी रहा। इस हमले और मुठभेड़ के कई वीडियो भी सामने आए हैं।