Category: Panchkula
-

Toll Plaza पर एक साथ टकराई 6 गाड़ियां, जांच में जुटी पुलिस, देखें वीडियो
पंचकूला: चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर एक साथ कई गाड़ियां टकरा गई। इस दौरान 6 गाड़ियां एक साथ टकराई। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस भी मौके पर पहुंची है और जांच में जुटी है। पुलिस पता करने की कोशिश कर रही है कि आखिर ये हादसा कैसे हुआ। -

मंदिर में चोरों ने दिया चोरी की घटना को अंजाम, 40 हजार रुपये नगद लेकर हुए फरार, देखें वीडियो
पंचकूला: पिंजौर बिटना रोड स्थित श्री परशुराम मंदिर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जानकारी देते हुए मंदिर के पंडित अश्विनी नौटियाल ने बताया कि प्रति रोज की भांति वह सुबह मंदिर पहुंचे। मंदिर खोलने लगे तो देखा की मुख्य गेट का ताला पहले ही खुला हुआ था। उसके बाद वह अंदर गए तो उन्होंने देखा कि भगवान शिव के मंदिर में रखा हुआ दानपात्र खुला पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत सूचना मंदिर कमेटी के महासचिव विशाल गौतल शैली और कैशियर नवीन शर्मा को दी। सूचना पाकर मंदिर कमेटी के सदस्य मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि बीते दो महीने से अभी गलों को नहीं खोला गया था। हाल ही में परशुराम जयंती भी मनाई गई थी। इसमें भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे थे इसलिए दोनों गलों में 40 हजार रुपये की नगद राशि चोरी होने का अनुमान है।
वहीं चोरों ने नोट तो चोरी कर लिए पर सिक्कों को वही छोड़ दिया। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने तुरंत घटनाक्रम की सूचना स्थानीय पुलिस को दी मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंची और आगे की जांच की जा रही है।
-

Civil Hospital ICU में On Duty नर्सिंग ऑफिसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, देखें वीडियो
पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला सिविल अस्पताल में से एक बहुत चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां आईसीयू में ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग ऑफिसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृृतका की पहचान प्रीति बैनीवाल के रुप में हुई है। मृतका की पहचान प्रीति बैनीवाल के तौर पर हुई है यह हिसार के जुगलान गांव की रहने वाली थी और फिलहाल सेक्टर-31 पंचकूला में अपने परिवार के साथ रह रही थी।
बताया जा रहा है कि प्रीति बैनीवाल आईसीयू में बेसुध अवस्था में मिली। इसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। उसको तुंरत उपचार के लिए आईसीयू बेड पर शिफ्ट किया गया है परंतु डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए। मौके पर उसके हाथ में कैनुला लगा हुआ मिला है। इससे इंजेक्शन लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का।
घटना के बाद एक और चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि प्रीति का मोबाइल फोन मौके से गायब है जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के साथ जांच शुरु कर दी है। हर एंगल से मामले की जांच चल रही है। जानकारी के अनुसार, प्रीति बैनीवाल की नौकरी साल 2024 में लगी थी और उनकी पहली पोस्टिंग पंचकूला सिविल अस्पताल में हुई थी। उनका ज्यादातर कार्यकाल आईसीयू में ही बीता था। घटना वाले दिन वह दोपहर को 2 बजे ड्यूटी से घर की ओर निकली थी और रात को 8 बजे उसकी शिफ्ट खत्म होनी थी।
जब वह घर नहीं पहुंची तो अस्पताल प्रशासन ने परिवार को इस बारे में जानकारी दी। गौरतलब है कि प्रीति का भाई नितिन पंचकूला में स्थित हेल्थ विभाग मुख्यालय में कार्यरत है, जबकि दूसरा भाई आशीष चुनाव आयोग में सेवारत है। उनकी भाभी पंचायत विभाग में सचिव पद पर तैनात हैं। इस गंभीर घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने चुप्पी साध ली है। आईसीयू इंचार्ज ने इस मामले में कुछ भी कहने से मना कर दिया है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
-

Haryana News : डा. सुमिता मिश्रा ने अनाज मंडी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, देखें वीडियो
72 घंटे में भुगतान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
पंचकूलाः वित्त आयुक्त राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग हरियाणा डाॅ सुमिता मिश्रा ने आज बरवाला अनाजमंडी का निरीक्षण किया और रबी सीजन 2026-27 के लिए गेहूं की खरीद व उठान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में किसानों और आढ़तियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डाॅ. सुमिता मिश्रा के साथ उपायुक्त सतपाल शर्मा, एसडीएम कालका सयंम गर्ग, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक जतिन मित्तल, बरवाला मंडी के सचिव सुरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
मिश्रा ने गेट पास और बायोमैट्रिक प्रणाली की जांच की तथा गेहूं की बोरियों का वजन भी चेक किया, जो संतोषजनक पाया गया। उन्होंने अधिकारियों से मंडी में गेहूं की आवक, खरीद और उठान की स्थिति की जानकारी ली तथा किसानों और आढ़तियों से सीधे संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया।
मिश्रा ने मंडी में किसानों और मजदूरों के लिए संचातिल अटल कैंटीन का निरीक्षण किया और वहां मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने अपने प्रशासनिक दायित्व को पूरा करने के साथ साथ एक आम नागरिक की तरह कैंटीन में भोजन ग्रहण किया और भुगतान भी किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता के लिए कैंटीन संचालकों की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए डाॅ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि अब तक मंडी में 1 लाख 56 हजार क्विंटल की आवक हुई है जिसमें से 1 लाख 27 हजार क्विंटल की खरीद और 46 हजार 700 क्विंटल गेहूं का उठान हो चुका है। मंडी में फसल की खरीद और उठान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। मंडी में विभिन्न स्थानों पर बाॅयोमैट्रिक मशीने लगाई गई है ताकि किसान और आढ़ती अपनी सुविधा अनुसार अपना बाॅयोमैट्रिक सत्यापन कर सके। गेट पास के लिए विभिन्न मोबाईल प्वाईंटस स्थापित किए गए है ताकि भीड़ से बचा जा सके।
मंडी में किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है फिर भी उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए है कि किसानों को फसल खरीद के 72 घंटे के अंदर-अंदर उनके बैक अकाउंट में भुगतान सुनिश्चित किया जाए। बरवाला अनाजमंडी में हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग काॅरपोरेशन द्वारा फसल खरीद का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने खरीद एजेंसियों को उठान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए है और अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया है कि अगले सप्ताह तक उठान 80 प्रतिशत से अधिक हो जाएगा।
-

₹5000 के साथ हिस्ट्रीशीटर बदमाश अमन गिरफ्तार, अवैध कामों में था एक्टिव, देखें वीडियो
पंचकूला: पंचकूला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने इंचार्ज प्रवीण कुमार के नेतृत्व में ₹5000 के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश अमन उर्फ पकौडी को डेरा बस्सी बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अमन उर्फ पकौड़ी निवासी इंद्रा कॉलोनी सेक्टर-17 पंचकूला है। इसके खिलाफ पहले से ही करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियारों के खरीद-फरोख्त और अन्य आपराधिक गतिविधियों में एक्टिव था।
इस मामले में पहले थाना सेक्टर-14 पंचकूला में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत दर्ज एक मुकदमे में कृष पुत्र सुरजीत निवासी राजीव कॉलोनी के कब्जे से एक .315 बोर देसी कट्टा बरामद किया गया था। गहन जांच के दौरान यह साफ हुआ कि उक्त अवैध हथियार की सप्लाई अमन उर्फ पकौड़ी के द्वारा की गई थी। पुलिस ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है तथा अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि पंचकूला पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इनामी और हिस्ट्री शीटर अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अवैध हथियारों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियारों से संबंधित सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
-

2.02 करोड़ के ड्रग्स पुलिस ने किए नष्ट, 1342 नशीली गोलियां और कैप्सूल भी शामिल, देखें वीडियो
पंचकूला: हरियाणा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में सख्त कार्रवाई करते हुए पंचकूला पुलिस ने आज एक जरुरी कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज की निगरानी में लगभग रुपये 2,02,83,511 मूल्य के नशीले पदार्थों को विधिवत नष्ट किया गया है। ये सभी नशीले पदार्थ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 2022 से 2024 के बीच दर्ज 75 अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए थे।
इनका आज कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सुरक्षित तौर पर निपटारा किया गया है। नष्ट किए गए पदार्थों में 800 ग्राम हेरोइन, 10.3 किलोग्राम गांजा, 1.5 किलोग्राम चरस, 76.6 किलोग्राम चूरा पोस्त, 24.5 किलोग्राम अफीम के पौधे, 2.6 किलोग्राम अफीम तथा 1342 नशीली गोलियां और कैप्सूल शामिल हैं। इनका कुल मिलाकर अनुमानित बाजार मूल्य 2,02,83,511 आंका गया है।
यह पूरी प्रक्रिया सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए बागवाला स्थित हाईजीन फैक्ट्री में उच्च तापमान वाली विशेष भट्टी में किया गया है ताकि नशीले पदार्थों को दोबारा से नष्टकरण सुनिश्चित हो सके और इनके दोबारा उपयोग की कोई संभावना न रहे। इस दौरान डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता, डीसीपी स्टेट क्राइम रजनीश, एसीपी अजीत सिंह, एमएमजे ई/एएसआई टेकचंद, मौली चौकी सब-इंस्पेक्टर रामकरण सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और गांव के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे जिन्होंने पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर पारदर्शिता सुनिश्चित की। इस मौके पर पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण कदम है।
पंचकूला पुलिस भविष्य में भी ऐसी सख्ती और निरंतरता के साथ नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करती रहेगी। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशा तस्करी, अवैध बिक्री या पेडलर नेटवर्क की जानकारी मिले तो तुरंत मानस हेल्पलाइन 1933 या ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 और 7087081047 पर सूचना दें।
सूचना देने वाली की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा है तो परिवार उसे छिपाने के बजाय आगे आकर मदद लें क्योंकि पंचकूला पुलिस नशा एवं हिंसा मुक्त मेरा गांव मेरी शान अभियान के अंतर्गत उपचार परामर्श और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। यह कार्रवाई न सिर्फ कानून के सख्त पालन का उदाहरण है बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत संदेश भी देती है।
-

Haryana News: 4 ट्रैक्टर व 1 ट्रॉली सहित Punjab का आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो
पंचकूलाः हरियाणा की पंचकूला पुलिस के डिटेक्टिव स्टाफ ने इंस्पेक्टर निर्मल सिंह के नेतृत्व में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से चोरी की गई 4 ट्रैक्टर व 1 ट्रॉली बरामद की हैं। यह मामला थाना पिंजौर में दर्ज किया गया था, जिसमें शिकायतकर्ता राम करण ने बताया कि उसका ट्रैक्टर-ट्रॉली इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले को डिटेक्टिव स्टाफ पंचकूला को सौंपा गया। डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने लगभग 300 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर तथा गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 11 अप्रैल 2026 को आरोपी जगतार सिंह उर्फ गोरा निवासी जिला पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी से चोरीशुदा ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की। आगे की पूछताछ में आरोपी ने अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया, जिसके आधार पर पुलिस ने कुल 4 ट्रैक्टर व 1 ट्रॉली बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30-40 लाख रुपये है।
इसके अलावा आरोपी के खिलाफ पंजाब में पहले से ही दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामद किए गए वाहनों में स्वराज और सोनालिका कंपनियों के ट्रैक्टर शामिल हैं, जिन्हें पंचकूला के अलग-अलग स्थानों से चोरी किया गया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
एसीपी क्राइम अरविंद कम्बोज ने कहा कि, “पंचकूला पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सक्रिय है। इस मामले में टीम ने प्रोफेशनल तरीके से काम करते हुए चोरी के गिरोह का पर्दाफाश किया है। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।” वहीं डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि, “वाहन चोरी जैसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया गया। आमजन से अपील है कि अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”
-

Haryana News: 2 चरणों में होगी गणना, तैयारियां तेज, DC का आया बयान, देखें वीडियो
पंचकूला: हरियाणा में पंचकूला के मुख्य जनगणना अधिकारी सह उपायुक्त सतपाल शर्मा ने बताया कि जनगणना-2027 दो चरणों में की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी जिसके लिए जिला पंचकूला में 581 हाउस लिस्टिंग ब्लाॅकस बनाए गए हैं जिसमें 747 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। डीसी सतपाल शर्मा ने लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित प्रैसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर नगराधीश एवं अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी जागृति और जिला जनगणना समन्वयक मधु यादव भी उपस्थित थी।
सतपाल शर्मा ने बताया कि जिला पंचकूला में 10 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं जो कि सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक का प्रशिक्षण करवा रहे हैं। 22 अप्रैल 2026 तक सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक का प्रशिक्षण पूर्ण हो जाएगा। उन्होने बताया कि पहले चरण के तहत हरियाणा में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक करवाई जानी है। उपायुक्त ने बताया कि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। यह चरण पूरे देश में 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक करवाई जानी है जिसमें प्रत्येक नागरिक की जानकारी प्राप्त की जाएगी। जनगणना-2027 में सरकार द्वारा स्वं गणना की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है जो हरियाणा राज्य में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक उपलब्ध होगी।
उन्होने बताया कि कोई भी नागरिक वैबसाईट se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार की जानकारी भर सकता है। नागरिक जिस जगह पर रह रहे हैं उसी जगह की लोकेशन स्वं गणना पोर्टल पर भरें। जानकारी भरने के पश्चात एक 11 डिजिट का स्वं गणना आईडी नंबर जनरेट होगा। जब प्रगणक उनके घर पर आएंगे तब यह आईडी उनको प्रदान करनी होगी। इसके अतिरिक्त प्रगणक के आईडी कार्ड को QR कोड से स्कैन किया जा सकता है। उन्होने बताया कि स्वं गणना प्रपत्र में लगभग 33 प्रश्न शामिल होंगे जिनमें परिवार के सदस्यों का विवरण, मकान का प्रकार एवं स्थिति (ग्रामीण/शहरी), पेयजल, बिजली, स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं, शिक्षा एंव सामाजिक-आर्थिक जानकारी और मोबाईल नंबर भरना अनिवार्य है।
-

नगर-निगम चुनाव की तारीखों का कल हो सकता है ऐलान, आयोग करेगा Press Conference
पंचकूला: हरियाणा से नगर निगम चुनाव को लेकर एक अहम खबर सामने आई है। राज्य चुनाव आयोग जल्द ही चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। माना जा रहा है कि आयोग इसको लेकर पूरी तैयारी में जुटा हुआ है और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इसकी घोषणा करेगा। कल हो सकता है तारीखों का ऐलान जानकारी के मुताबिक, चुनाव आयोग सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। हालांकि, अगर किसी कारणवश सोमवार को घोषणा नहीं हो पाती है, तो बुधवार को यह प्रेस कॉन्फ्रेंस होने की संभावना है। कांग्रेस की कोर्ट जाने की तैयारी इधर, कांग्रेस पार्टी भी चुनाव से जुड़े मुद्दों को लेकर एक बार फिर अदालत का रुख करने की तैयारी कर रही है। पार्टी कुछ फैसलों को लेकर आपत्ति जता सकती है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद खत्म हुआ विवाद नगर निगम चुनाव की वार्डबंदी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। अब यह गतिरोध पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद खत्म हो गया है। कोर्ट ने इस मामले में स्पष्ट निर्देश दिए थे। 2011 जनगणना के आधार पर आरक्षण लागू हाईकोर्ट के आदेश के बाद शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने 10 अप्रैल को नई अधिसूचना जारी की। इस अधिसूचना में 2011 की जनगणना के आधार पर अनुसूचित जाति (SC) सीटों का आरक्षण तय किया गया है। चुनाव आयोग ने तेज की तैयारियां नई अधिसूचना जारी होने के बाद अब चुनाव आयोग ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। उम्मीद है कि जल्द ही चुनाव की पूरी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और तारीखों का ऐलान भी कर दिया जाएगा। -

हरियाणा महिला आयोग ने Singer Masoom Sharma को भेजा समन, इस दिन होना पड़ेगा पेश
पंचकूला: हरियाणा महिला आयोग ने मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को ऑफिशियल समन जारी करते हुए व्यक्तिगत रुप से पेश होने के आदेश दिया है। आयोग ने यह कार्रवाई देहरादून के एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान गायक द्वारा कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने के मामले में की है। आयोग को मिली जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के डीएवी कॉलेज देहरादून में आयोजित एक हालिया कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा ने ऐसी भाषा और आचरण का इस्तेमाल किया जो एक सार्वजनिक हस्ती के लिए शोभनीय नहीं था।

आयोग ने इसे महिलाओं की गरिमा, शालीनता और सम्मान के विरुद्ध मानते हुए मामले को गंभीरता से लिया है। हरियाणा राज्य महिला आयोग अधिनियम 2012 की धारा 10 (1)(F) और 10 (1)(H) के अंतर्गत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए आयोग ने गायक को 18 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे सेक्टर-2 पंचकूला स्थित महिला आयोग कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में साफ किया गया है कि यदि मासूम शर्मा दी हुई तारीख और समय पर नहीं आए तो आयोग अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत उनके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई कर सकता है। डिप्टी सुपरिडेंट द्वारा जारी किए गए इस नोटिस को अत्यंत महत्वपूर्ण श्रेणी में रखा गया है। फिलहाल इस पूरे मामले पर गायक मासूम शर्मा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।