पंजाबः ADC के रिटायर रीडर व भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज 

लुधियानाः भ्रष्टाचार के खिलाफ पंजाब सरकार द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत खन्ना में ADC के रिटायर्ड रीडर के खिलाफ रिश्वत का केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि अपनी ड्यूटी के दौरान रीडर ने जमीन के इंतकाल का काम कराने के बदले साढ़े 3 लाख रुपए लिए थे, लेकिन रिश्वत लेने के बाद भी काम नहीं किया गया था। थाना समराला में पुलिस ने गांव नागरा के रहने वाले गुरजीत सिंह की शिकायत पर भ्रष्टाचार रोको एक्ट के तहत रिटायर्ड रीडर यशपाल गोपाल मैंटा निवासी हरनाम नगर समराला के खिलाफ केस दर्ज किया। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

शिकायतकर्ता गुरजीत सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयानों में लिखवाया कि उनकी जमीन के इंतकाल संबंधी केस ADC की अदालत में चल था। उस समय यशपाल गोपाल रीडर था। गुरजीत सिंह ने राम गोपाल नामक व्यक्ति के माध्यम से यशपाल गोपाल के साथ केस के बारे में बात की। यशपाल ने केस हल करने के लिए 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता के पक्ष में करने के बदले साढ़े 3 लाख रुपए में बात तय हुई। जिसके बाद रीडर यशपाल गोपाल को 7 मई 2018 को डेढ़ लाख रुपए, 28 मई 2018 को एक लाख रुपए और 10 जून 2018 को एक लाख रुपए दिए गए। पूरी रकम राम गोपाल के सामने रीडर के घर दिए गए, लेकिन रिश्वत लेने के बाद भी शिकायतकर्ता का काम नहीं किया गया। न ही उसके पैसे वापस किए गए।

टालमटोल करते हुए यशपाल गोपाल 30 सितंबर 2019 को रिटायर हो गया था। गुरजीत सिंह ने इसकी शिकायत 23 नवंबर 2022 को एसएसपी खन्ना से की। जांच पड़ताल के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। डीएसपी वरियाम सिंह ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रेड कर रहे हैं। यशपाल गोपाल मैंटा ने रिटायरमेंट के बाद भाजपा जॉइन कर ली थी। वह भाजपा समराला मंडल अध्यक्ष और खन्ना इकाई का एग्जीक्यूटिव मेंबर भी रहा। भाजपा के जिलाध्यक्ष करणवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि पार्टी स्तर पर भी इसकी जांच होगी। अगर पुलिस ने भाजपा नेता यशपाल के साथ धक्का किया तो बर्दाश्त नहीं होगा। अगर यशपाल का कसूर हुआ तो पार्टी स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में वे एसएसपी खन्ना से मिलकर बात भी करेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *