इस मामले में आप नेता पर FIR दर्ज

नूंह: हरियाणा की नूंह हिंसा के बाद सरकार ने कांग्रेस MLA मामन खान की सिक्योरिटी हटा दी है। मामन खान नूंह की फिरोजपुर झिरका सीट से विधायक हैं। नूंह हिंसा को लेकर उन पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। मामन खान का विधानसभा में दिया धमकी वाला पुराना वीडियो और एक ट्वीट को लेकर सरकार की उन पर नजर है। हिंसा के दौरान गुरुग्राम के प्रदीप शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेता जावेद अहमद समेत 150 लोगों पर हत्या की FIR दर्ज की है। यह केस गुरुग्राम के सोहना में दर्ज कराया गया है। हालांकि जावेद का कहना है कि ये केस गलत है, वे उस दिन इलाके में थे ही नहीं।

जावेद पर दर्ज FIR में पवन ने बताया 31 जुलाई की रात 10.30 बजे हम कार में नूंह से सोहना जा रहे थे। बीच में नूंह पुलिस ने मदद करते हुए हमें KMP हाईवे तक छोड़ा। हमें कहा कि आगे रास्ता साफ है, निकल जाओ। हम निरंकारी कॉलेज के पास पहुंचे तो वहां 150 लोग खड़े थे। उनके हाथ में पत्थर, लोहे की राड और पिस्टल थे। वहां जावेद भी था। उसके कहने पर उग्र भीड़ ने हम पर हमला कर दिया। हमारी कार पर पत्थर मारे। जिससे कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई।

मैं कार से नीचे उतरा तो जावेद ने कहा कि इन्हें मार दो। जो होगा, मैं संभाल लूंगा। ये सुनकर 20-25 लोगों ने हम पर अटैक कर दिया। उन्होंने प्रदीप और गनपत को पीटना शुरू कर दिया। मेरे सामने प्रदीप के सिर पर लोहे की राड मारी। जिससे वह नीचे गिर गया। गोलियां चलनी शुरू हुई तो पुलिस वहां आ गई। वे मुझे व गनपत को भीड़ से निकाल ले गए और प्रदीप को भीड़ सरिये से मारती रही। 
उसे नाजुक हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। नूंह हिंसा के कई दिन हो चुके हैं। 

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा- ” मुझे समय पर नूंह हिंसा की जानकारी नहीं दी गई। यहां तक कि हिंसा के कई घंटे बाद एक प्राइवेट व्यक्ति ने फोन पर बताया। पुलिस के बड़े अधिकारियों को इस हिंसा के बारे में पता नहीं था।” विज ने कहा, “नूंह SP वरुण सिंगला पहले से ही लंबी छुट्टी पर थे। जिले का अतिरिक्त प्रभार पलवल SP को सौंपा गया था, जबकि गृह विभाग एडिशनल चीफ सेक्रेटरी टीवीएसएन प्रसाद उस दिन जम्मू में वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा पर थे। CID सीधे मुख्यमंत्री को रिपोर्ट करती है। उसने गृह विभाग के साथ कोई खुफिया इनपुट साझा नहीं किया।”

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *