18 वर्षीय युवक का कत्ल, शरीर पर गहरे घाव के निशान

Written by

in

पानीपतः हरियाणा के पानीपत में युवक का शव आज सुबह इसराना में बलाना रोड स्थित खेतों से बरामद हुआ। परिवार का कहना है कि बेटे का कत्ल किया गया है। मृतक की पहचान 18 वर्षीय आर्यन के रूप में हुई है। इस घटना को लेकर इलाका निवासियों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। दरअसल, युवक बीते दिन लापता हो गया था। बताया जा रहा है कि युवक को 26 मार्च की सुबह चचेरा भाई घर से बुलाकर ले गया था। मां ने फोन किया तो चचेरे भाई ने उससे फोन पर अभद्र व्यवहार किया। जिसके बाद परिवार ने थाने में शिकायत दी थी। वहीं आज युवक का खेतों से शव बरामद हुआ। युवक के चेहरे, गले समेत 15 से ज्यादा जगह तेजधार हथियार से काटा गया है।

उसका अंगूठा लटका हुआ था और हड्‌डी बाहर आ गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस को दी गई शिकायत में आशा ने बताया था कि वह मांडी गांव की रहने वाली है। उसका बेटा आर्यन 26 मार्च की सुबह करीब 10 बजे घर से गया था। उसे घर से परिवार के ही राजेश का बेटा निशु बुलाकर ले गया था। उसने कहा था कि कुछ खाने चलते हैं। रास्ते में निशु ने नमकीन और कोल्ड ड्रिंक भी ली।

शाम 9 बजे तक भी वह घर नहीं लौटा। इसके बाद मां ने निशु को फोन किया। निशु ने उससे अभद्र व्यवहार किया। साथ ही आर्यन के बारे में बताने से मना कर दिया। इसके बाद निशु ने फोन काट दिया और दोबारा बात नहीं की। अनहोनी की आशंका के चलते वह तुरंत थाने पहुंची और शिकायत दी। रातभर में आर्यन के आने का इंतजार करते रहे। आर्यन के ताऊ तकदीर ने बताया कि परिवार के लोगों ने गांव के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। तब पता चला कि जब आर्यन निकला तो गांव के मोड़ पर बाइक पर 2 नकाबपोश युवक खड़े थे। आर्यन को देखकर वह आगे निकल गए। आर्यन खेतों की तरफ चला गया। वहां पहले ही 2 बंदे आर्यन को मारने के लिए बैठे थे।

उन्होंने आर्यन को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। आर्यन बचने के लिए खेतों की तरफ भागा। इसके बाद उसकी चाकू से हत्या कर दी। इनकी आपस में कोई लड़ाई नहीं थी। वह ढूंढते हुए उसे एक किलोमीटर दूर खेतों में पहुंचे। वहां आर्यन का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। परिवार के मुताबिक आर्यन 2 भाइयों में बड़ा था। 10वीं के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। आर्यन के पिता की काफी समय पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उसका चचेरा भाई निशु 2 भाइयों में छोटा था। उसने हाल ही में 10वीं क्लास के पेपर दिए थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *