पंजाब : नाइजेरियन कार चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मार 200 मीटर घसीटा, देखें वीडियो

खरड़ः रविवार दोपहर खरड़ फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक सवार मां-बेटे समेत 3 लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे के दौरान कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और मोटरसाइकिल को करीब 200 मीटर दूर तक घसीटता ले गया। इससे बाइक सवार दो महिलाएं और युवक गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो महिलाओं की टांग-बाजू टूट गई। जबकि युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायल फतेहगढ़ के गांव नानोवाला के रहने वाले बताए गए हैं। इनमें से एक घायल महिला की पहचान परमजीत कौर के रूप में बताई गई। आरोपी की गाड़ी में बीयर की कई बोतल और चिप्स के पैकेट भी पड़े मिले। लोगों ने आरोप लगाए कि चालक बीयर के नशे में ड्राइविंग कर रहा था, हालांकि इसकी पुष्टि आरोपी के मेडिकल में हो सकेगी। हादसा अपनी आंखों से होता देख मौके पर मौजूद घायलों के रिश्तेदार भूपिंदर सिंह ने बताया कि वह सभी एक साथ माथा टेकने जा रहे थे।

वह एक्टिवा पर सवार थे, जबकि उनका भतीजा और दोनों भाभी मोटरसाइकिल पर थी। उसी दौरान कार चालक ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मार दी। एक भाभी और भतीजा टक्कर लगने से उछलकर दूसरी ओर गिर गए, जबकि उनकी दूसरी भाभी गाड़ी के नीचे ही फंस गई, जिन्हें कड़ी मशक्कत से निकाला गया। महिला का सिर भी डिवाइडर से टकरा गया था। क्योंकि कार चालक बार-बार कार को डिवाइजर से भिड़ा रहा था। फ्लाईओवर पर मां-बेटे को लहूलुहान हालत में बेसुध पड़ा देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी, लेकिन आरोप हैं कि पुलिस हादसे के करीब एक घंटे बाद जाकर घटनास्थल पर पहुंची। इससे पहले ही लोगों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत अधिक गंभीर होने के चलते घायलों को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) रेफर करना पड़ा। फिलहाल घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

पुलिस उनके बयान रिकॉर्ड नहीं कर सकी है। बाइक को तेज रफ्तार में टक्कर मारने और उसे करीब 200 मीटर दूर तक घसीटने के चलते कार का अगला हिस्सा भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया। कार को नाइजीरियन मूल का एक व्यक्ति चला रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे घटनास्थल पर ही रोके रखा। फिर उसे पुलिसकर्मियों के सुपुर्द कर दिया। खरड़ थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी कार चालक को हिरासत में लिया गया है। आरोपी की पहचान नाइजीरिया के रहने वाले इलामीन मद्दोई के रूप में बताई गई है। थाना पुलिस आरोपी से फिलहाल उसका पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस हासिल करने के प्रयास में जुटी है। फिलहाल तक यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस है या वह बिना लाइसेंस के ड्राइविंग कर रहा था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *