Punjab News: ईद पर CM मान ने मेडिकल कॉलेज बनाने का किया एलान, देखें वीडियो

Written by

in

संगरूरः देश भर में आज ईद-उल-फितर का पवित्र त्योहार मनाया जा रहा है। वहीं इस अवसर पर आवाम को मुबारकबाद देने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मालेरकोटला की बड़ी ईदगाह पर पहुंचे। जहां सवा 9 बजे ईद की नमाज अदा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बार फिर मालरेकोटला के लिए मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द करने का एलान किया। केंद्र सरकार के सहयोग से यह मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा, जिसके लिए जमीन ले ली गई है। यहां एमबीबीएस की सौ पोस्टों का सेशन आरंभ किया जाएगा, जहां इलाके के नौजवान मेडिकल की शिक्षा हासिल कर सकेंगे। मेडिकल कॉलेज सहित ही मालेरकोटला के सिविल अस्पताल को भी अपग्रेड करने का भरोसा दिलाया।

मान ने कहा कि मालेरकोटला नया जिला स्थापित हुआ है। ऐसे में मालेरकोटला में जल्द ही जिला प्रबंधकीय परिसर, नया बस स्टैंड, गांवों की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। आसपास के गांवों में खेल मैदान स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि लड़कियों के लिए नए स्कूल की शानदार इमारत का निर्माण हो चुका है, जहां जल्द ही स्कूल को शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने इलाके के नौजवानों से अपील की कि गांवों में बंद पड़े बसों के रूट जल्द ही आरंभ किए जाएंगे। नौजवान इसके लिए अप्लाई करें, उन्हें परमिट दिए जाएंगे। साथ लगते हलका अमरगढ़ पर भी 150-200 करोड़ रुपये के विकास कार्य खर्च किए जाएंगे। उन्होंने मालेरकोटला के आवाम को ईद की बधाई दी।

गौरतलब हो कि कांग्रेस सरकार के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मालेरकोटला को जिला बनाए जाने के साथ ही मेडिकल कॉलेज के निर्माण का एलान किया था, लेकिन जमीनी विवाद के कारण मेडिकल कॉलेज का निर्माण आरंभ नहीं हुआ। सत्ता परिवर्तन के बाद आप सरकार ने भी इस एलान को दोहराया व पिछले लंबे समय से मेडिकल कॉलेज के निर्माण जल्द करवाने का भरोसा दिलाया जाता रहा। अब मुख्यमंत्री भगवंत मान ईद-उल-फितर के समागम दौरान मालेरकोटला पहुंचे तो फिर मेडिकल कॉलेज का वादा दोहराते हुए जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ करने का वादा किया। दावा किया कि मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन चयनित कर ली गई है व केंद्र सरकार के सहयोग से मेडिकल कॉलेज का निर्माण होगा। केंद्र सरकार 60 फीसद व राज्य सरकार 40 फीसदी योगदान देगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *