पटरी पर रील बनाना युवक को पड़ा महंगा, ट्रेन से कटकर हुई मौत, देखें वीडियो

बाराबंकी : रील बनाने के फैशन के कारण उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक किशोर की जान चली गई। बाराबंकी के जहाँगीराबाद कस्बे में नाई की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति मुन्ना के पुत्र फरमान की रेल पटरी पर रील बनाने के दौरान ट्रेन से टक्कर होने के कारण मौत हो गई। मृतक किशोर का शव काफी दूर जाकर गिरा। जानकारी के अनुसार बाराबंकी के जहाँगीराबाद कस्बे का एक 16 वर्षीय किशोर फरमान बारावफात की छुट्टी के दिन पास की ही रेल पटरी पर रील बनाने के लिए गया हुआ था।

इस पूरी घटना का वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में दिखता है कि फरमान बिना इधर उधर देखे सीधे पटरी की तरफ बढ़ता है और इतने ही देर में ट्रेन का इंजन उसे ठोकर मारकर आगे फेंक देता है। बताया गया है कि उसे दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन से टक्कर लगी, जिसके कारण उसकी तुरंत ही मौत हो गई। किशोर के साथ वीडियो बनाने गए युवक भी इस घटना के कारण डर गए और उन्होंने फरमान को टक्कर लगने के बाद शोर मचाया

जिससे पास पड़ोस के लोग वहाँ पर पहुँचे और पुलिस को सूचना दी जिन्होंने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक किशोर के घरवालों ने कहा है कि वह बारावफात का जुलूस देखने के लिए घर से निकला था और इस बीच वह पटरी पर कैसे पहुँच गया उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। पुलिस इस मामले में और जानकारियाँ निकालने के लिए मृतक फरहान के साथ उपस्थित अन्य लड़कों से पूछताछ कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *