भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, इन राज्‍यों में बारिश के आसार

नई दिल्‍ली: भारत में कई राज्‍य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। पंजाब, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, उत्‍तर प्रदेश से लेकर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश,राजस्थान, कर्नाटक जैसे प्रदेशों में तापमान सामान्‍य से ऊपर पहुंच गया है। मौसम के तल्‍ख तेवर को इसी से समझा जा सकता है कि आईएमडी की ओर से अलर्ट जारी होने के बाद राज्‍य सरकारों की तरफ से आमलोगों के लिए एडवायजरी सार्वजनिक की गई।

मौसम विभाग ने देश के पूर्वी और मध्‍य हिस्‍सों के साथ ही प्रायद्वीपीय भारत में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है। इससे बढ़ते तापमान से तप रहे ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्‍तीसगढ़, विदर्भ, बिहार जैसे राज्‍यों को राहत मिलने की उम्‍मीद है। गर्मी के कारण बंगाल से लेकर बिहार तक का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। ऐसे में लू जैसी स्थिति बन चुकी है। बारिश और तेज हवा चलने से मौसम के मिजाज में नरमी आने की संभावना है। IMD के पूर्वानुमान की मानें तो पूर्वोत्‍तर भारत में 7 दिनों तक मौसम का मिजाज बदल सकात है। सामान्‍य से तेज हवा चलने की संभावना के बीच बारिश और ओलावृष्टि होने के आसार हैं। यह क्रम अगले सात दिनों तक जारी रह सकता है। 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *