त्रिनेत्र गणेश मंदिर से लौट रहे बच्चे पर Tiger का हमला, मिनटों में गले से पकड़कर जंगल में हुआ गायब

Written by

in

सवाई माधोपुरः अपने चाचा, दादी और गांव के अन्य लोगों के साथ त्रिनेत्र गणेश मंदिर से दर्शनों के बाद घर लौट रहे 7 साल के बच्चे पर बाघ द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अचानक जंगल से एक टाइगर आया और बच्चे को मुंह में दबोचकर ले गया। टाइगर जंगल में काफी देर तक बच्चे की गर्दन पर पंजा रखकर बैठा रहा।टाइगर के हमले की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने पैदल पहुंचकर घटना की जानकारी गणेश धाम चौकी पर दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं।

जानकारी देते कार्तिक के चाचा दीपक ने बताया कि वह, कार्तिक, कार्तिक की दादी और गांव के दो अन्य लोग सुबह त्रिनेत्र गणेश के दर्शन करने आए थे। मंदिर में दर्शन कर लौटते समय चढ़ाई पर अचानक टाइगर आया और भीड़ के बीच से कार्तिक को सिर से पकड़कर जंगल में ले गया। साथ में मौजूद लोगों ने कार्तिक को बचाने के लिए शोर मचाया, लेकिन प्रयास असफल रहे।

मंदिर खाली करवाती पुलिस।
मंदिर खाली करवाती पुलिस।

वनकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद टाइगर को भगाया और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक बच्चे की पहचान कार्तिक सुमन (7) पुत्र द्वारका माली निवासी गोहटा थाना देई खेड़ा (बूंदी) के रूप में हुई है। मुख्य वन संरक्षक ने त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले पैदल रास्ते में बाघ का मूवमेंट होने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, जिस इलाके में बच्चे पर टाइगर ने हमला किया है, वहां पिछले दो दिनों से टाइगर टी-120 का मूवमेंट था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बच्चे पर हमला टाइगर टी-120 ने किया होगा। रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश मंदिर ट्रस्ट की ओर से मृतक के परिवार को डेढ़ लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश मंदिर ट्रस्ट के प्रधान सेवक जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचे और परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *