बारातियों से भरी बस और ट्रक में हुई भीषण टक्कर, कई घायल, देखें दिल दहलाने वाली CCTV

Written by

in

राजसमंद: देलवाड़ा क्षेत्र के मजेरा चौराहा स्थित फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार एक कार को बचाने की कोशिश में मार्बल लदे ट्रक की बारातियों की बस से टक्कर हो गई। घटना के दौरान यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि बस खंडेल के पास, भीलवाड़ा जिले के राजाखेड़ा जा रही थी। घटना के दौरान बस में सवार 43 बाराती घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। घायलों को देलवाड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को उदयपुर रेफर किया गया। सभी घायलों को पांच एंबुलेंस की सहायता से अनंता चिकित्सालय ले जाया गया। हादसे के दौरान ट्रक चालक केबिन में फंस गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। नेगड़िया टोल प्लाजा से बुलवाई गई क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को अलग किया गया। वहीं हादसे के सीसीटीवी में नजर आया कि 5 लोग बस का शीशा तोड़ते हुए सड़क पर आ गिरे थे। टक्कर के बाद फोरलेन के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के दौरान करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। शाम सात बजे क्रेन की मदद से मार्ग को दोबारा सुचारु किया गया। सूचना पर नाथद्वारा डीएसपी दिनेश सुखवाल, देलवाड़ा तहसीलदार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, नायक समाज की यह बारात उदयपुर से राजाखेड़ा जा रही थी। दूल्हा कार में सवार था, जबकि अन्य बाराती बस से यात्रा कर रहे थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *