प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, पुलिस को गुमराह करने के लिए सांप का लिया सहारा

Written by

in

मेरठः जिले में सौरभ हत्याकांड जैसी वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले मेें पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर सोते वक्त पति का गला घोंटा, फिर शव के नीचे सांप को दबा दिया। सांप ने युवक को 10 बार डसा। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जब मौत की वजह दम घुटने से बताई गई तो पुलिस को पत्नी पर शक हुआ जिसके बाद सख्ती से पूछने पर दोनों ने आरोप कबूला जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

घरवालों ने बताया कि अमित कश्यप उर्फ मिक्की (25) की शादी 8 साल पहले मुजफ्फरनगर की रविता से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे- एक बेटा और दो बेटियां हैं। अमित रोजाना की तरह शनिवार को काम करके रात 10 बजे घर लौटा। खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। उसकी पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। अमित आमतौर पर सुबह ही जल्द ही जाग जाता था। जब वह नहीं उठा, तो करीब साढ़े 5 बजे घरवाले उसे कमरे में जगाने पहुंचे।

वहां देखा कि उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। बार-बार आवाज लगाने के बाद भी वह नहीं उठा। घरवालों ने उसे हिलाया, तो शरीर के नीचे सांप बैठा मिला। इस पर घरवालों ने घबराकर शोर मचा दिया। साथ ही सांप को हटाने की कोशिश भी की, लेकिन सांप अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ। इसके बाद घरवालों ने महमूदपुर सिखेड़ा से सपेरे को बुलवाया। वह सांप को पकड़कर अपने साथ ले गया।

घरवाले अमित को डॉक्टर के पास लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसके शरीर पर 10 जगह सांप के काटने के निशान मिले। इन्हें देखकर परिजन को लगा कि अमित की मौत सांप के काटने से हुई है। घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार को अमित की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई। इसमें पता चला कि अमित की मौत सांप के डसने से नहीं, बल्कि दम घुटने से हुई है। इसके बाद शक के आधार पर पुलिस ने पहले अमित की पत्नी रविता को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने बॉयफ्रेंड अमरदीप का नाम बताया। शुरुआत में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब सख्ती से पूछताछ हुई तो दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया।

प्रेमी अमरदीप ने पुलिस को बताया कि वह मेरा दोस्त था। मैं अक्सर उसके घर आता-जाता था। करीब एक साल पहले उसकी पत्नी रविता से मेरा अफेयर शुरू हो गया। जब अमित को इसकी भनक लगी तो हमने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। वारदात वाले दिन रविता, अमित के साथ सहारनपुर में मां शाकुंभरी देवी के दर्शन के लिए गई थी। लौटते वक्त उसने मुझे फोन किया और कहा कि सांप की व्यवस्था कर लो, आज रात को अमित की हत्या करनी है। मैंने महमूदपुर सिखेड़ा गांव के एक सपेरे से एक वाइपर सांप एक हजार रुपए में खरीदा।

प्रेमी अमरदीप ने बताया कि शाकुंभरी दर्शन से लौटने के बाद रात में अमित और रविता के बीच झगड़ा हुआ। यह बात रविता ने मुझे फोन पर बताई थी। शनिवार (12 अप्रैल) रात जब घर के सभी लोग सो गए तो रविता ने मुझे फोन कर बुलाया। हमने मिलकर सोते समय अमित की गला घोंटकर हत्या कर दी।

इसके बाद बिस्तर पर लाश के नीचे सांप को रख दिया। उसकी पूंछ अमित की कमर के नीचे दबा दी, ताकि सांप भाग न सके और अमित की लाश को डस ले, जिससे लगे कि मौत सांप के डसने से हुई है। वारदात के बाद मैं वहां से भाग गया और रविता सोने चली गई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *