Punjab: Doctor से 2 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में 3 गिरफ्तार, Police ने किए अहम खुलासे, देखें वीडियो

बठिंडाः जिले में डाक्टर से दो करोड़ रुपयों की फिरौती मांगने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस साजिश को रचने वाले दो युवक विदेश में बैठकर डॉक्टर से दो करोड़ रुपए की फिरौती की मांग कर रहे थे। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी बठिंडा दीपक पारिक ने बताया कि बठिंडा के मौर मंडी कस्बा निवासी एक डॉक्टर को लगातार विदेशी नंबर से फोन आ रहे थे और दो करोड़ की फिरौती मांगी जा रही थी। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया गया था। पकड़े गए युवकों की पहचान मनिंदर सिंह उर्फ अमन निवासी मेहरो जिला शहीद भगत सिंह नगर, मनप्रीत सिंह उर्फ मनी गांव कोट रांझा जिला शहीद भगत सिंह नगर और जसकरण सिंह उर्फ लिखारी निवासी बहाबलपुर जिला होशियारपुर के रुप में हुई है। एसएसपी बठिंडा ने बताया कि इन तीनों युवकों को आई-20 कार के साथ गिरफ्तार किया गया है।

पूरी घटना में पुलिस ने दो साजिशकर्ताओं की पहचान की है, जिनमें से एक आईईएलटीएस कर विदेश गया था और डॉक्टर के परिवार से दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस ने गुप्त सूचना और टेक्निकल तकनीक के जरिए गिरफ्तार किए गए तीनों युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफतार युवकों के खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं है। सुरक्षा कारणों से डॉक्टर की पहचान गुप्त रखी गई है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *