Bullet सवार युवती की दबंगईः कहासुनी पर Auto चालक का फोड़ा सिर, वीडियो वायरल

नई दिल्लीः दिल्ली के निहाल विहार इलाके से एक वीडियो सामने आया है। जिसमें बुलेट सवार एक युवती की दबंगई दिख रही है। मामूली कहासुनी होने पर युवती ने ऑटो चालक के साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं युवती ने ऑटो चालक का सिर फोड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस वीडियो की जांच करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि युवती ने पहले डंडे से ऑटो चालक को पीटा और फिर हाथ के कड़े से उसके सिर पर हमला किया, जिससे ऑटो चालक का सिर फट गया। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली के निहाल विहार इलाके का है। जिसमें दिख रहा है कि बुलेट सवार लड़की ऑटो चालक के साथ मारपीट कर रही है। बेसबॉल के डंडे से युवती ने ऑटो चालक को पीटा। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ राहगीरों ने लड़की को रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। युवती वहां मौजूद अन्य लोगों पर भी चिल्लाती है और वह ऑटो चालक को लगातार पीटती रहती है। ऑटो चालक लहूलुहान हालत में दिख रहा है। बताया जा रहा है कि ऑटो ड्राइवर अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौट रहा था। रास्ते में एक लड़की ने अपने बुलेट मोटरसाइकिल से ऑटो-ड्राइवर को हॉर्न दिया, लेकिन आगे रिक्शा होने के कारण ऑटो-ड्राइवर तुरंत रास्ता नहीं दे सका। इस पर गुस्से में आकर लड़की ने अपनी बुलेट साइड में खड़ी करके हमला कर दिया। वहीं वायरल वीडियो में प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लड़की ने ऑटो-ड्राइवर पर कई बार प्रहार किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया और उसके शरीर से खून बहने लगा। आसपास के लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया और लड़की को रोका। इसके बाद घायल ऑटो-ड्राइवर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि वीडियो में लड़की ड्राइवर पर नशे में धुत्त होने के आरोप लगा रही है, जबकि मौजूद लोग कह रहे है कि वह उसे 20 साल से जानते है, लेकिन आज तक ड्राइवर ने नशा नहीं किया है। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लड़की की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *