विधानसभा में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, हाथों में Poster लिए बेल तक पहुंचे MLAs

लखनऊ: यूपी में विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा हंगामा किया जा रहा है। दरअसल, विपक्ष के विधायक पोस्टर लेकर बेल तक पहुंच गए। इससे पहले यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने समाजवादी पार्टी के नेता माता प्रसाद पांडे का स्वागत किया, जिन्हें सदन में नेता प्रतिपक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। सपा विधायक कानून व्यवस्था, बाढ़ और बिजली के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे थे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी के नेता माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि राज्य बहुत गंभीर मुद्दों का सामना कर रहा है। पूरा सूबा बाढ़ का सामना कर रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

भ्रष्टाचार का बोलबाला है। इस पर विधानसभा स्पीकर सतीश महाना ने कहा कि हम सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे। आप नेता प्रतिपक्ष हैं। आपके पास नोटिस देने का अधिकार है। सरकार सभी मुद्दों पर जवाब देने के लिए तैयार है। वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 4 नए मंत्रियों का परिचय कराया। उन्होंने कहा, “पंचायती राज और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री के रूप में ओम प्रकाश राजभर, प्रदेश सरकार में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री के रूप में अनिल कुमार, प्रदेश सरकार में कारागार मंत्री के रूप में दरा सिंह चौहान और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में सुनील शर्मा को मंत्रीमंडल में शामिल किया गया है।”

वहीं नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने कहा, “मैं विधानसभा में इस सरकार द्वारा उपेक्षित वंचित लोगों के मुद्दों को उठाने की पूरी कोशिश करूंगा। हम सभी मुद्दों को उठाएंगे चाहे वह बिजली का मामला हो, कानून व्यवस्था का मामला हो या शासन का। हमने अनुरोध किया था कि सत्र को 5 दिन और बढ़ा दिया जाए। अब सरकार तय करती है कि यह कितने दिन का होगा। हम इसे आगे भी जारी रखने की कोशिश करेंगे ताकि सभी समस्याओं पर चर्चा हो सके।” बता दें कि आज विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।”

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *